मंगलवार, 9 दिसंबर 2025
पत्रकार कृष्ण सोनी'आजाद' का निधन.अंतिम संस्कार सम्पन्न.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 9 दिसंबर 2025.
साप्ताहिक समाचार पत्र 'सीमा की ललकार' के संपादक कृष्ण सोनी "आजाद" का करीब 76 वर्ष की उम्र में आज सुबह 5 बजे के करीब निधन हो गया। वे काफी समय से अस्वस्थ थे। राजस्थान सरकार के वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना में सम्मानित रहे। करीब 52 साल से पत्रकारिता क्षेत्र में थे।भ्रष्टाचार, अनाचार के विरुद्ध लेखन का ध्येय रहा और इसी कार्य में जीवनभर संघर्ष शील रहे।
सूरतगढ़ में शिवबाड़ी क्षेत्र में रामलीला मंच के पास निवास है। अपरान्ह 4 बजे के करीब अंतिम यात्रा मुख्य कल्याण भूमि को रवाना हुई जहां अंतिम संस्कार किया गया। चिता पर मुखाग्नि उनकी भतीजी शानू एवं भानजियों मंजु व माया द्वारा दी गयी। अंतिम संस्कार पर पत्रकारगण करणीदानसिंह राजपूत,सत्यपाल धम्मदीप,महेन्द्र सिंह जाटव,अशोक वर्मा, ओमप्रकाश शर्मा,विज्ञापन सेवा के संजय कटारिया,समाजसेवी रमेशचंद्र माथुर,विमलसिंह राजपूत,परिवारजन,मोहल्ला वासी मौजूद रहे।०0०
शिव नारायण. मनरेगा के जिला लोकपाल नियुक्त.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 9 दिसंबर 2025.
राजस्थान सरकार ने शिव नारायण पुत्र मदनलाल को महानरेगा में श्रीगंगानगर जिला लोकपाल नियुक्त किया है। राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने 8 दिसंबर 2025 को यह आदेश जारी किया। इनका कार्यकाल दो वर्ष का रहेगा। महा नरेगा में अभाव अभियोग सुनवाई का अधिकार जिला लोकपाल को होता है। मौके पर पहुंच कर निरीक्षण भी कर सकते हैं।
शिव नारायण ग्राम जोगीवाला तहसील सादुलशहर के निवासी हैं। छात्र समय से ही सक्रिय रहे हैं।
* इनसे पहले सूरतगढ़ के अनिल धानुका मनरेगा श्रीगंगानगर के मनरेगा जिलालोकपाल रहे हैं।०0०
सोमवार, 8 दिसंबर 2025
एपेक्स क्लब की ट्रैफिक गुमटी हटाई गई.
* करणीदानसिंह राजपूत *
महाराणा प्रताप चौक पर से आज 8 दिसंबर 2025 को दोपहर में एपेक्स क्लब की ट्रेफिक गुमटी को हटा दिया गया। अगर यह सही थी तो फिर हटाया क्यों गया?
कम चौड़ी सड़क पर गलत जगह पर क्लब की गुमटी लगाए जाने से पहले लिखा गया। चेताया गया कि गलत है। लेकिन क्लब का पद की धौंस दिमाग में रही और कोई परवाह नहीं की गई।
हमने लिखा था कि क्लब के अध्यक्ष और कार्यकारिणी दुर्घटना के जिम्मेदार होंगे,लेकिन कोई परवाह नहीं की गई। नाक का सवाल था कि मना करने के बावजूद लगाई गई। यह नाक का सवाल था तो फिर अब गुमटी हटाए जाने पर क्या कहा जाए?
इस गुमटी से ट्रैफिक सही आवागमन के बजाय दिन में पचासों बार जाम लगने लगे और सुरक्षा के बजाय दुर्घटना का खतरा मंडराने लगा। गुमटी के गलत होने से वाहन चालकों को गलत दिशा से गुजरने को मजबूर होना पड़ा जिसके फोटो विडिओ भी लगाए लेकिन फिर भी क्लब की बुद्धि पर कोई असर नहीं पड़ा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि किसकी मर्जी से यहां गुमटी लगवाई गई? क्लब जनता की सेवा सुविधाओं के लिए कार्य करते हैं लेकिन यहां गुमटी धौंस से लगाई गई। गुमटी लगाए जाने के बाद जब जाम लगे और अन्य मीडिया में भी समाचार लगे तब भी गुमटी हटा देते तो समझ लिया जाता कि भूल हो गई जिसमें सुधार कर लिया। लेकिन समाचार लगने के बाद भी गुमटी हटाई नहीं गई।
* हालात खराब से खराब बदतर हो गये और भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गौरव बलाना व व्यापारियों ने गुमटी हटाने के लिए पुलिस उप अधीक्षक से मांग की तब कुछ दिन बीतने के बाद हटाई गई। गुमटी हटाई जाने के बाद वाहनों कका आवागमन सुविधा जनक हुआ।
* एपेक्स क्लब कई वर्षों से लगातार यहां कोई काम नहीं करने से लोकप्रिय नहीं रहा है। अब लोकप्रियता तभी मिल सकेगी जब कोई अध्यक्ष कार्यकारिणी लगातार जनहित के काम करेंगे।०0०
सूरतगढ़.स्कूल जमीन की नयी रिट की तैयारी.
* करणी प्रेस इंडिया *
सूरतगढ़ 8 दिसंबर 2025.
जाखड़ावाली के विवेकानंद स्कुल को यहां बेशकीमती जमीन दिए जाने पर रोक लगाने के लिए राजस्थान उच्च न्यायालय में नयी याचिका लगाने की तैयारी चल रही है और यह कोई नया व्यक्ति तैयारी कर रहा है। पूर्व में काग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष परसराम भाटिया व अन्य ने रिट लगाई थी लेकिन फिर वापस लेली थी। अनेक नेताओं ने रिट वापस लिए जाने की कड़ी आलोचना की थी। रिट वापस लिए जाने पर खूब बयानबाजी हुई और खूब अखबार बाजी हुई। अब ताजा समाचार है कि कुछ दिनों से कागजात दस्तावेज आदि एकत्रित किए जा रहे हैं। स्कूल को भूमि आवंटन मंडी समिति हनुमानगढ़ की ओर से 1997 में किया गया था जो उपकारागृह के पास थी और अब नगरपालिका ने उस जमीन से बहुत अधिक कीमती जमीन देने का प्रस्ताव पारित कर सरकार को भिजवाया था। नयी जमीन अनाज मंडी और आवासन मंडल कालोनी के बीच में राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर शहर में है।नयी जमीन की कीमत करीब 100 करोड़ के लगभग बताई जा रही है। नगरपालिका को जमीन देनी है तो पहले आवंटन की भूमि के समतुल्य ही नयी जमीन दी जा सकती है। आरोप यह लगाया जा रहा है कि नगरपालिका प्रशासन द्वारा बड़े दस्तावेजी तथ्य छिपाकर फाईल डीएलबी को भिजवाई गई जो अब मंत्री स्तर पर विचाराधीन है और एक समिति कि रिपोर्ट होने पर है। समतुल्य जमीन के बजाय बेशकीमती जमीन दिया जाना लोगों को अखर रहा है इसलिए लोग विरोध कर रहे हैं। सूत्र के अनुसार यदि भूमि आवंटन स्वीकृत हो जाने के बाद भी समतुल्य से अधिक की जमीन से अधिक कीमती जमीन दिए जाने को उठाया जाएगा और भूमि लेने नहीं दी जाएगी। ०0०
नगरपालिका में जल्दी बड़ा प्रशासनिक बदलाव.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 8 दिसंबर 2025.
नगरपालिका प्रशासन के विरूद्ध लगातार हो रही भ्रष्टाचार, आदेश अवहेलना व विभिन्न शिकायतों के बाद चुस्ती फुर्ती के लिए बड़ा बदलाव होने वाला है।
* सूत्र अनुसार जिला प्रशासन को शीर्ष स्टाफ के विरुद्ध शिकायतें हो रही थी। नगरपालिका का शहर के प्रति जो दायित्व होता है उसकी जानबूझकर उपेक्षा होती रही। नगरपालिका प्रशासनिक स्टाफ ने अनेक दायित्व पूर्ण कार्य किए नहीं गये व लापरवाही बरती गई।
अधिकारियों ने अपनी ड्युटी ही नहीं निभाई।
सूत्र अनुसार किसी शिकायत पर जांच में यह बदलाव संभावित है और बदलाव में निलंबन, एपीओ या स्थानांतरण हो सकते हैं।०0०
शनिवार, 6 दिसंबर 2025
सामाजिक कार्यकर्ता को जान से मार डालने की धमकियां.मामला गंभीर. डिप्टी से मिले.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 6 दिसंबर 2025.
सामाजिक कार्यकर्ता लीलाधर फौजी को नशा गैंग के किशोरों व युवकों ने जान से मार डालने की धमकियां दी है। पुलिस सिटी थाने को 2 बार लिखित सूचना दी जाने के तीसरे दिन मामले की गंभीरता पर कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने
आज 6 दिसंबर शाम को एसडीएम कोर्ट के आगे बैठक की जिसमें यह निष्कर्ष निकाला कि सिटी थाना पुलिस इसे बहुत हलके में ले रही है। इसके बाद पुलिस उप अधीक्षक प्रतीक मील से मिले। लीलाधर फौजी भी साथ में मिले हैं।
* लीलाधर फौजी ने लड़कों की विडिओ बनाई थी। लीलाधर फौजी को धमकियां फोन से और घर पर दी गई। पुलिस सिटी थाने में 4 दिसंबर को दी गई शिकायत में फोन नं हैं तथा 5 दिसंबर को दी गई शिकायत में कुछ लड़कों के नाम भी हैं।०0०
०००
शुक्रवार, 5 दिसंबर 2025
सीएम ने दी 1,717 करोड़ रुपये के कार्यों की सौगात.रिपोर्ट.
* करणीदानसिंह राजपूत *
श्रीगंगानगर 05 दिसम्बर 2025.
- हमारी किसान हितैषी नीतियां प्रदेश के समृद्ध भविष्य के बीज
- महाराजा गंगा सिंह की दूरदर्शी सोच ने मरुस्थल को अन्न भंडार में बदला - मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा
- मुख्यमंत्री ने की गन्ने के वर्तमान समर्थन मूल्य में 15 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ोतरी की घोषणा
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार की किसान हितैषी नीतियां और योजनाएं प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के बीज हैं। किसानों की समृद्धि हमारा लक्ष्य है और राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना हमारा संकल्प है।
श्री शर्मा शुक्रवार को श्रीगंगानगर के साधुवाली में गंग नहर शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 100 वर्ष पूर्व 5 दिसंबर 1925 को महाराजा गंगा सिंह जी ने रेगिस्तान को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ गंग नहर का शिलान्यास किया था। उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए हमारी सरकार ने गंग नहर के पुनरुद्धार हेतु 1 हजार 717 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि यह अवसर मरुस्थल को अन्न भंडार में बदलने की दूरदर्शी सोच का पर्व है। यह राजस्थान के सुनहरे भविष्य के निर्माण का एक सुनहरा पल है।
अक्टूबर 2027 तक पूरे होंगे गंग नहर प्रणाली के पुनरुद्धार कार्य
श्री शर्मा ने कहा कि विकास विरासत के सम्मान के साथ ही, भविष्य के निर्माण का संकल्प है। इन विकास कार्यो से गंग नहर प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी, जिससे किसान भाइयों के जीवन में नई समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि 647 करोड़ रुपये से फिरोजपुर फीडर के पुनर्निर्माण से पानी की नियमित आपूर्ति में स्थिरता आएगी और पूरे नहर तंत्र की जीवन क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, 300 करोड़ रुपये से बीकानेर कैनाल के पुनरुद्धार से सीधे तौर पर लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। वहीं, प्रथम चरण में 695 करोड़ रुपये से गंग नहर प्रणाली के 3.14 लाख हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र का ऑटोमेशन भी होगा, जो कि राजस्थान की सिंचाई व्यवस्था का भविष्य है। इस ऑटोमेशन से पानी का वैज्ञानिक वितरण और रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसे काम संभव हो सकेंगे। 75 करोड़ रुपये से क्षतिग्रस्त नहरों एवं नकारा खालों का भी पुनर्निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को अक्टूबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
श्री शर्मा ने कहा कि नहरों से संबंधित विकास कार्य प्रदेश के सिंचाई क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। ये विकास कार्य किसानों की समृद्धि, युवाओं की उम्मीद और राजस्थान की प्रगति के लिए हमारी सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हमने किसानों की समस्याओं को नजदीक से देखा और समझा है। किसानों की मुस्कान हमारे लिए नीति-निर्माण की दिशा तथा उनकी समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। सिंचाई के लिए पानी, बिजली, कृषि बीमा, उत्पाद के लागत-मूल्य, आधुनिक तकनीक सहित हर क्षेत्र में प्रदेश सरकार किसानों के साथ है।
नहरी तंत्र के लिए किया 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी किसानों की ताकत को देश की प्रगति का आधार मानते हैं। राज्य सरकार भी किसानों के हित में प्रधानमंत्री के दिखाए गए मार्ग का अनुसरण कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई जल की कमी को पूरा करने के लिए कई ऐतिहासिक काम किए गए हैं। राम जल सेतु लिंक परियोजना में काम शुरू होने के साथ ही यमुना जल समझौते में डीपीआर बनाने का काम किया जा रहा है। प्रदेश में नहरी तंत्र के सुदृढ़ीकरण हेतु दो वर्षों में करीब 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इनमें करीब 1 हजार 400 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत तथा 3 हजार 265 करोड़ रुपये के लिए निविदा आमंत्रित की जा चुकी है। आई.जी.एन.पी. की नहरों के जीर्णाेद्धार एवं पक्के खालों के निर्माण के लिए 3 हजार 400 करोड़ का बजट दिया गया है। सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री सिंचाई टास्क-फोर्स का गठन किया गया है।
किसानों को 10 हजार करोड़ से अधिक की सम्मान निधि की हस्तांतरित
श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि की राशि को बढ़ाकर 9 हजार रुपये कर दिया है और इसे चरणबद्ध तरीके से 12 हजार रुपये तक बढ़ाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के 76 लाख से अधिक किसानों को अब तक किसान सम्मान निधि की 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों को 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ब्याज मुक्त अल्पकालीन फसली ऋण वितरित किया गया है। समर्थन मूल्य पर 33 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। पिछले वर्ष 125 रुपये और इस वर्ष 150 रुपये बोनस देकर गेहूं की खरीद पर 450 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि का भुगतान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम कुसुम योजना से किसानों को नया संबल तथा ऊर्जा मिली है। राजस्थान कुसुम-ए में पहले और कुसुम-सी में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है और श्रीगंगानगर के किसानों को भी हम दिन में बिजली देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य और केन्द्र की डबल इंजन की सरकार कृषि क्षेत्र में निरंतर दूरगामी निर्णय ले रही है, जिससे किसानों का आर्थिक सशक्तीकरण हो रहा है। केन्द्र सरकार ने हमारे अनुरोध पर महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत फार्म पॉण्ड श्रेणी में अब टांका निर्माण कार्य की अनुमति प्रदान की है।
श्रीगंगानगर जिले में हो रहे विकास कार्य
श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ श्रीगंगानगर जिले में विकास कार्य करवा रही है। उन्होंने कहा कि 185 करोड़ रुपये से कंवरसेन लिफ्ट नहर में क्षतिग्रस्त खालों का जीर्णाेद्धार, 60 करोड़ रुपये से भाखड़ा एवं गंगनहर परियोजना क्षेत्रों में खालों का निर्माण करवाया जा रहा है। इसी तरह 200 करोड़ रुपये से रायसिंह नगर, अनूपगढ़, घड़साना, रावला, श्रीविजयनगर के 44 हजार हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र में पक्के खालों का पुनर्निर्माण एवं 75 करोड़ रुपये से इंदिरा गांधी मुख्य नहर की बुर्जी संख्या 620 से 1,458 तक नहर के दोनों पटड़ों का सुदृढ़ीकरण भी करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर-कोटपूतली ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे की डीपीआर बनवाई जा रही है तथा 46 करोड़ रुपये से करणपुर-केसरीसिंहपुर वाया धनूर सड़क का चौड़ाईकरण कार्य भी करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने किसानों के साथ अन्याय किया तथा फिरोजपुर फीडर पर ध्यान नहीं दिया। हमारी सरकार ने गठन के साथ ही कृषक हित में काम करना शुरू कर दिया जिसका परिणाम धरातल पर दिख रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार जितने काम 5 साल में नहीं कर सकी, उससे अधिक काम हमने सिर्फ 2 साल में कर दिये हैं।
गन्ने की एमएसपी में वृ़िद्ध की घोषणा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गन्ने के वर्तमान समर्थन मूल्य को 15 रूपये बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गेती किस्म के गन्ने के लिये समर्थन मूल्य 401 रु. प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 416 रू. प्रति क्विंटल, मध्यम किस्म के लिये 391 रू. प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 406 रू. प्रति क्विंटल, पछेती किस्म के लिये 386 रु. प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 401 रु. प्रति क्विंटल की जाती है।
केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि गंग नहर के पुनरूद्धार कार्य, नहरी तंत्र को संगठित एवं सुदृढ़ करने के साथ ही किसानों की सुरक्षा का एक बड़ा प्रयास है। उन्होंने कहा कि पण्डित मदन मोहन मालवीय ने महाराजा गंगा सिंह को नहरी तंत्र विकसित करने का सुझाव दिया था। महाराजा गंगा सिंह ने वर्ष 1925 में गंग नहर की नींव रखी और ‘वैली ऑफ डेथ’ को ‘वैली ऑफ लाइफ’ में बदलने का काम किया।
जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को सिंचाई के लिए अंतिम खेत तक पानी उपलब्ध करवाने के लिए कृत्संकल्पित होकर कार्य कर रही है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से पेट्रोल व डीजल की कीमतों में सुधारों से श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिले के किसानों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को अन्य कई राज्यों की तुलना में अधिक एमएसपी मिल रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सभा स्थल पर जल संसाधन विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में विभिन्न प्रोजेक्ट मॉडल्स का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी, पंच गौरव के तहत एक जिला एक प्रजाति, राजीविका के उत्पाद एवं कृषि विपणन विभाग के उत्पादों की जानकारी ली। श्री शर्मा ने गाजर धुलाई की मशीन का निरीक्षण कर गाजर उत्पादन से संबंधित जानकारी भी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सभा स्थल के नजदीक गंगनहर का विधिवत पूजन किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंग नहर का गौरवशाली निर्माण करने वाले महाराजा स्व. श्री गंगा सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही, उन्होंने सादुलशहर में दो वर्षों में हुए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर राज्य किसान आयोग अध्यक्ष श्री सीआर चौधरी, राजस्थान माटी कला बोर्ड अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक, सादुलशहर विधायक श्री गुरवीर सिंह बराड़, श्रीगंगानगर श्री जयदीप बिहाणी, सुश्री सिद्धि कुमारी, श्री हरलाल सहारण, श्री गणेशराज बंसल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राजेन्द्र राठौड़, श्री कैलाश मेघवाल, श्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी, श्री बिहारीलाल बिश्नोई, श्री विजेंद्र पूनिया, श्री शरणपाल सिंह मान, श्री प्रमोद डेलू, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री निहालचंद, श्रीमती प्रियंका बैलान, श्री रामप्रताप कासनिया, श्री बलवीर लूथरा, श्रीमती संतोष बावरी, श्री संजीव बेनीवाल, श्री गुरदीप सिंह, श्री अमित सहू, श्री धर्मेन्द्र मोची, श्री अभिषेक मटोरिया, श्री रतनलाल गणेशगढ़िया, श्री वासुदेव चावला, श्री अनिल शुक्ला, श्री प्रदीप धेरड़, श्री सुरेंद्र गोदारा, श्री राम अवतार यादव, श्री आशुतोष गुप्ता, श्रीमती चेष्टा सरदाना, श्री विजेंद्र पाल सिंह, श्री बद्री विशाल शर्मा, श्री महेंद्र सोढ़ी, श्री आत्माराम तरड़, श्री पृथीपाल संधू सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
o0o
०0०
गुरुवार, 4 दिसंबर 2025
सूरतगढ़ स्टेशन समस्याएं.डीआरएम से सुधार की मांग.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 4 दिसंबर 2025.
अमृत स्टेशन सूरतगढ़ यात्री सुविधाओं को लेकर आज निरीक्षण करने यहां आए मंडल रेल प्रबंधकगौरव गोविल को ज्ञापन देकर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की गई।
बीकानेर डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल आज लूणकरणसर सूरतगढ़ अनूपगढ़ विजिट के दौरान सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे रेल विकास संघर्ष समिति द्वारा उनसे मुलाकात कर रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधाओं के बारे में विस्तार से वार्ता की गई।
मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर को को बताया की अमृत स्टेशन प्रोजेक्ट के तहत यात्री सुविधाओं का सूरतगढ़ स्टेशन पर विस्तार तो हुआ है लेकिन उसका प्रचार नहीं हुआ ना ही स्टेशन पर कौन सा ऑफिस कहां है किसी अधिकारी का नंबर नहीं लिखा हुआ। फुट ओवर ब्रिज पर प्लेटफार्म संख्या आने-जाने के लिए साइन बोर्ड नहीं लगे हुए हैं। सर्कुलेटिंग एरिया में राष्ट्रीय ध्वज जल्द लगाया जाए। शाम को व रात्रि में सफाई व्यवस्था पूरी तरीके से खराब है। स्टेशन प्लेटफार्मों पर आवारा पशुओं का आतंक है। प्रधानमंत्री एक देश एक उत्पादन पिछले 1 साल से बंद है। तत्काल टिकट विंडो को एक षड्यंत्र के तहत स्थान परिवर्तन किया जा रहे हैं, तत्काल टिकट व्यवस्था में धांधलेबाजी हो रही है। अमृत स्टेशन सूरतगढ़ पर कुली की व्यवस्था नहीं है जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफार्म टूटे हुए हैं उनका लेवल सही नहीं है। अमृत स्टेशन का सेकंड पार्ट द्वितीय प्रवेश द्वार का जल्द निर्माण शुरू किया जाए। प्रतीक्षालय में द्वितीय प्रवेश द्वार की तरफ लगी हुई एटीवीएम मशीनों को रात्रि के समय भी चलाया जाए क्योंकि शाम के समय 1500 से 2000 यात्री रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहते हैं। सर्कुलेटिंग एरिया वी प्रतीक्षालय में अमृत स्टेशन सूरतगढ़ पर यात्री सुविधाओं से संबंधित बोर्ड लगाने लोडिंग अनलोडिंग साइट माल गोदाम पर शीघ्र सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित यात्रियों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक को शीघ्र यात्री सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। संघर्ष समिति की तरफ से अध्यक्ष ललित किशोर शर्मा, संरक्षक रमेश चंद्र माथुर संयोजक दर्शन भगत परणामी अध्यक्ष राम प्रताप खोरवाल चौधरी दुलाराम डूडी सुभाष सोनी भंवर बारिया मुरलीधर पारीक योगेश स्वामी किशन लाल मेघवाल धर्मवीर सैनी कृष्ण स्वामी रतन पारीक किशन लाल सिंधी उमेश मुद्गल सतपाल गोदारा अधिकारियों में वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक भूपेश यादव वरिष्ठ मंडल परिचालक प्रबंधक जयप्रकाश वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर आदित्य लिखा सीनियर डीएमई व वरिष्ठ मंडल इंजीनियर देवकिशन स्टेशन अधीक्षक हरिशंकर त्यागी ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेंद्र बडगूजर सलविंदर सिंह अन्य अधिकारी मौजूद थे।०0०
***
सूरतगढ़. संयुक्त निदेशक अभियोजन का वार्षिक निरीक्षण व पौधारोपण
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 4 दिसंबर 2025.
संयुक्त निदेशक अभियोजन बीकानेर संभाग ओम प्रकाश आर्य ने आज सूरतगढ़ न्यायिक परिसर पहुंचकर अभियोजन अधिकारी व सहायक अभियोजन अधिकारियों के कार्यों का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बार संघ अध्यक्ष एवं अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इसके उपरांत न्यायालय परिसर में पौधारोपण किया गया, जिसमें संयुक्त निदेशक सहित अधिवक्ताओं ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
संयुक्त निदेशक ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि निदेशक रवि शर्मा के निर्देशन में अभियोजन विभाग के लिए भूमि एवं भवन की उपलब्धता हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बीकानेर संभागीय कार्यालय के लिए डी मार्ट के पास लगभग पौने बीघा भूमि दो माह पूर्व ही आवंटित हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि सूरतगढ़ में भी प्रस्तावित नये न्यायालय भवन के पास अभियोजन भवन के लिए भूमि आवंटन हेतु प्रक्रिया जारी है और शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है।
इस अवसर पर बार संघ अध्यक्ष राकेश झोरड़, अभियोजन अधिकारी दिलीप सिंह सारण, सुरेंद्र कुलड़िया, मधुबाला, सुरेश सारस्वत, राकेश बिश्नोई, अधिवक्ता विष्णु शर्मा, रामकुमार सहारण, अमित कपूर, कैलाश वर्मा, सहदेव जोशी, शिव बिश्नोई, संजय सोढ़ा, वेद वर्मा,नितिन पुण्यानी, राजकुमार सैन, विजय प्रजापति,अनिल डाबी, सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।०0०
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ (Atom)






















































