रेलवे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रेलवे लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

सूरतगढ़ : होटल निर्माण की जांच जरूरी.सुरक्षा दृष्टि से जांच जरूरी.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 31जुलाई 2026.एक होटल का निर्माण रेलवे चारदीवारी से चिपते हुए चल रहा है। होटल निर्माता ने रेलवे सीमा की तरफ खिड़कियां बनाई है। पड़ोसी की दीवार की तरफ खिड़कियां रोशनदान द्वार आदि नहीं रखे जा सकते। यहां होटल की किसी भी खिड़की में से रेलवे मुख्य द्वार व परिसर पर नजर और निशाना रखा जा सकता है। सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी गड़बड़ है। 




होटल निर्माता को इसकी स्वीकृति हो नहीं सकती। यदि निर्माता ने बिना स्वीकृति के रेलवे सीमा की तरफ होटल की खिड़कियां रखी है तो वह जिम्मेदार है।

नगरीय सीमा में नगरपालिका के स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही निर्माण किया जा सकता है। यहां नगरपालिका तुरंत ही निरीक्षण और जांच कर सकती है और निर्माण अवैध पाया जाता है तो निर्माण रूकवाया और निर्माण को सीज भी किया जा सकता है। ०0०


रविवार, 3 मई 2026

श्रीगंगानगर-बठिंडा ट्रेक पर इसी माह इलेक्ट्रिक ट्रेनें चलाना प्रस्तावित

 


श्रीगंगानगर, 3 मई 2026.

 क्षेत्रवासियों के लिए रेलवे से जुड़ी अच्छी खबर सामने आई। जिसमें बठिंडा-श्रीगंगानगर ट्रैक पर चालू माह से इलेक्ट्रिक ट्रेक्शन वाली रेलगाडिय़ां चलनी शुरू हो जाएंगी। 

जेडआरयूसीसी के पूर्व सदस्य भीम शर्मा के अनुसार लगभग 127 किमी लंबे इस इस रेलमार्ग के बाद हमारा संपूर्ण इलाका इलेक्ट्रिफाई हो जाएगा। श्रीगंगानगर से अन्य दिशाओं में इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनें पहले से चल रही है।

 उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय से फोन पर बात करने के बाद भीम शर्मा ने बताया कि इस सेक्शन पर बल्लूआना में निर्माणाधीन टीएसएस (ट्रैक्शन सब स्टेशन) का कार्य उन्नत चरण में है। बठिंडा-श्रीगंगानगर सेक्शन पर इलैक्ट्रिक लाईनें बिछाने का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है और इसका ट्रायल भी पूरी तरह से सफल रहा है। 

उन्होंने बताया कि यह सुविधा शुरू होने से श्रीगंगानगर से अबोहर होते हुए दिल्ली, हरिद्वार की ओर जाने वाली गाडिय़ों का बठिंडा में इंजन बदलने की समस्या समाप्त हो जाएगी। वहीं भविष्य में बठिंडा-श्रीगंगानगर के बीच ईएमयू पैसेजर गाडिय़ां चलने का रास्ता भी साफ हो जाएगा। ईएमयू ट्रेनों से लोको रिवर्सल की बड़ी समस्या से रेलवे को छुटकारा मिल जाएगा।०0०











शनिवार, 31 जनवरी 2026

सूरतगढ़ स्टेशन पर यात्रियों व रेल संपत्ति की चोरी की घटनाएं बढी.

* करणी प्रेस इंडिया *

सूरतगढ़ 31 जनवरी 2026.

नागरिक संघर्ष समिति रेल की ओर से आज रेलवे स्टेशन पर धरना और प्रदर्शन करते हुए यात्रियों व रेल संपत्ति की चोरी की निरंतर घटनाओं पर महाप्रबंधक के नाम एक ज्ञापन दिया गया। सुरक्षा स्टाफ आरपीएफ और रेलवे पुलिस की गश्त नहीं होने का उल्लेख किया गयाः

नागरिक संघर्ष समिति रेल के इस धरना प्रदर्शन में सूरतगढ़ के अनेक व्यापारिक संगठन वकील गणमान्य समाजसेवी आदि लोगों ने भाग लिया। नागरिक रेल संघर्ष समिति के संयोजक लक्ष्मण शर्मा, सचिव मदन ओझा के अलावा अनेक सदस्य इस धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।

 सूरतगढ़ के किरयाना खुदरा व्यापार संघ के अध्यक्ष किशोर गाबा, थोक सब्जी फल मंडी के अध्यक्ष घनश्याम भठेजा संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष घनश्याम आहूजा,वस्त्र विक्रेता संघ के अध्यक्ष राजकुमार छाबड़ा,

 एडवोकेट राम प्रताप तिवारी, एडवोकेट मनीष अग्रवाल,एडवोकेट कुलविंदर सिंह,मदन शर्मा,इंद्रसेन गोदारा, सत्यनारायण सारस्वत, दीनबंधु राठी, रतन सोनी, पवन कुमार तावणिया, राहुल  सहारण, दीपकसीला, बरकत अली, हुसैन मोहम्मद, इब्राहिम तेली, विजय कुमार, मदन सिंह पडि़हार, श्योनारायण गोदारा, मुकुल बोहरा, रामलाल, रूप राम उपाध्याय,डॉ राजाराम बेनीवाल,सत्यनारायण तावणिया, राधेश्याम, राकेश नायक, विनोद, गुरजीत, राकेश गगनेजा, ज्ञान बजाज, धर्मपाल गजरा,रिटायर्ड थानेदार विष्णु शर्मा, पवन मुंदड़ा आदि लोग इस धरना प्रदर्शन में शामिल हुए।०0०





बुधवार, 28 जनवरी 2026

रेलवे का अतिक्रमण हटाने का मांगपत्र एसडीएम को.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 28 जनवरी 2026.

रेल विकास संघर्ष समिति व शहर के प्रबुद्ध नागरिकों का एक प्रतिनिधि मंडल आज उपखंड अधिकारी व नगर पालिका प्रशासक भारत जयप्रकाश मीना से मिला और रेलवे द्वारा स्थानीय नगर पालिका की भूमि पर किए गए  अतिक्रमण को मुक्त करने की मांग की। पूर्व सूचना के तहत आज शहर के नागरिक व संघर्ष समिति के पदाधिकारी उपखंड मजिस्ट्रेट कार्यालय के आगे एकत्रित हुए।  उपखंड मजिस्ट्रेट को बताया कि रेलवे द्वारा काफी वर्षों से नगर पालिका की भूमि पर अवैध कब्जा किया हुआ है।रेलवे द्वारा बिना सूचना के रोके गये आम रास्ते के प्रकरण में तहसीलदार सूरतगढ़ व नगर पालिका की जो रिपोर्ट  एसडीएम कोर्ट को सबमिट की गई उसमें स्पष्ट रूप से इस बात का उल्लेख किया गया है कि जिस दीवार को बनाया गया उस दीवार से रेलवे की तरफ 100 फीट से भी ज्यादा जगह रेलवे द्वारा अनाधिकृत रूप से खसरा नंबर 160 जो कि राजस्व रिकॉर्ड में आबादी भूमि के नाम से दर्ज है, दाब रखी है।

 उपखंड प्रशासन को अवगत करवाया गया कि रेलवे का अतिक्रमण हटवाया जाए तथा  मांग की गई की रेलवे से उक्त भूमि का बाजार की रेट पर तथा जो निर्माण किए गए उनके साइज के हिसाब से आज तक का किराया वसूल किया जाए। शहर की करोड़ों रुपए की भूमि है तथा इससे नगर पालिका की आय होगी। भूमि सार्वजनिक कार्य के लिए इस्तेमाल की जा सकती है।



 संयोजक रमेश चंद्र माथुर अध्यक्ष मास्टर रामप्रताप  वरिष्ठ उपाध्यक्ष साहब राम स्वामी भंवर बारिया दुलाराम डूडी मुरलीधर पारीक अशोक मखीजा राहुल शर्मा धर्मवीर सैनी सुशील जैन किशन लाल सिंधी उमेश मुद्गल प्रेम कुमार सिंधी  ललित किशोर शर्मा सहित शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।०0०





मंगलवार, 23 दिसंबर 2025

सूरतगढ़ स्टेशन:पीएम की एक योजना में अधिकारी पर भ्रष्टाचार का आरोप.

 


* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 23 दिसंबर 2025.

अमृत योजना वाले सूरतगढ़ स्टेशन पर पीएम की एक देश एक उत्पादन योजना के संचालन में भ्रष्टाचार होने में कार्यवाहक सीएमआई को निलंबित करने की मांग डीआरएम से की गई है और यह मांगपत्र यहां स्टेशन अधीक्षक हरिशंकर त्यागी को सौंपा गया। रेल विकास संघर्ष समिति के  कार्यकर्ता पीएम योजना पर कार्य नहीं होने से क्रोधित थे और अध्यक्ष एडवोकेट ललित शर्मा ने स्टेशन अधीक्षक हरिशंकर त्यागी के समक्ष खुले रूप में कार्यवाहक सीएमआई पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। बड़ी गंभीर हालत बताई गई कि यह योजना एक साल से बंद की हुई है।

 समिति ने स्टेशन अधीक्षक हरिशंकर त्यागी के मार्फत मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन भेज कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

अमृत स्टेशन सूरतगढ़ के  प्लेटफार्म नंबर एक पर 'एक देश एक उत्पादन' योजना कक्ष स्थापित है मगर बंद है।

रेल मंत्रालय में भारत सरकार की यह महत्वपूर्ण योजना स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूरे देश में  लागू की गई और सूरतगढ़ स्टेशन पर भी लागू की गई।

  इस योजना को लागू करने के पीछे स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देकर पूरे देश में स्वदेशी वस्तुओं का एक स्थान से दूसरे स्थान पर प्रचार करना छोटे लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देना उद्देश्य है। 

*केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव पिछले 6 महीने 4 बार राजस्थान के दौरे पर रहेते हुए राजस्थान रेलवे स्टेशनों पर चल रहे प्रोजेक्ट व निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया वह निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस योजना का तीव्र गति से प्रचार हो वह आमजन को इसका लाभ मिले इस उद्देश्य को लेकर वह एक देश एक उत्पादन पर जाकर ऑनलाइन पेमेंट व निरीक्षण करते हुए देखे गए हैं।

* उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ जिस भी रेलवे स्टेशन निरीक्षण करते हैं वे इस योजना का निरीक्षण करते हैं लेकिन बड़ी विडंबना है कि सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर यह बंद है।

 SIG कमेटी की लगातार बैठक हो रही है,

बीकानेर के रेलवे अधिकारी उसमें उपस्थित रहते हैं,एवं स्टेशन का निरीक्षण करते हैं परंतु यहां एक स्टेशन एक उत्पादन पिछले 1 साल से बंद है यह उनके संज्ञान में नहीं आया। संघर्ष समिति ने आरोप लगाया की सूरतगढ़ में कार्यवाहक वाणिज्यिक निरीक्षक द्वारा एक ठेकेदारी फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करके इस योजना को फेल करने की मंशा से व कैंटीन ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए इसे 1 साल से बंद रखा तथा उच्च अधिकारियों को बहाना बनाकर गुमराह किया।

** संघर्ष समिति ने चेताया कि जल्द  ही कार्यवाहक वाणिज्यिक निरीक्षक रोहित कुमार को निलंबित नहीं किया गया तो आने वाली 28 दिसंबर 2025 रविवार रेलवे स्टेशन पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।  केंद्रीय योजना को लागू करवाने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों की है, उन्होंने इस मामले में बचाव किया तो संघर्ष समिति उनके खिलाफ भी उनके उच्च अधिकारियों को लिखित में शिकायत देगी। सरकार चाहे किसी पार्टी की हो योजना बनाने का उद्देश्य जनहित को लाभ देने का होता है। 

* स्टेशन अधीक्षक ने स्थिति देखते हुए समिति सदस्यों को कहा कि उक्त मांग पत्र तुरंत ही मंडल प्रबंधक को भिजवा दिया जाएगा।

* आज मांग पत्र देने वालों में भाजपा के पूर्व विधायक अशोक नागपाल पूर्व जिला परिषद सदस्य व भाजपा नेता नरेंद्र घिंटाला,संरक्षक रमेश चंद्र माथुर, अध्यक्ष राम प्रताप खोरवाल,दुलाराम ड्डडी, भवानी शंकर भोजक,किशन लाल सिंधी, श्याम सोमानी भंवर बारिया अमरचंद नायक, सुशील जैन, राहुल शर्मा, हेमंत चांडक रामस्वरूप, धर्मपाल, नरेंद्र ओझा, गिरधारी लाल,जय किशन, किशन स्वामी,श्रीनिवास सहित पदाधिकारी व शहर के गणमान्य उपस्थित थे।०0०




रविवार, 21 दिसंबर 2025

रेलवे कैंटीनों में चोरी.RPF,GRP में कौन जिम्मेदार.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 21 दिसंबर 2025.

सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन प्लेटफार्मों पर कैंटीनों में रात को चोरी हो गयी। सभी प्लेफार्मों पर चोरी होना मामूली घटना नहीं है।

रेलें चल रही थी और स्टेशन जाग रहा था। सभी ब्रांचे अपनी ड्युटी पर थी पर सुरक्षा व्यवस्था लापरवाही में थी। सुरक्षा में रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की गश्त व्यवस्था में लापरवाही रही। हर रोज दिन रात लापरवाही रहती है। चोरियां सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई जिससे चोर पकड़े जाएंगे, लेकिन चस वक्त सुरक्षा व्यवस्था में ड्युटी किनकी थी,यह भी जांच और लापरवाही पर विभागीय कार्यवाही होनी जरूरी है। यह जांच और विभागीय कार्यवाही इसलिए आवश्यक है कि कुछ महीनों से चोरियां शुरू हुई है और शिकायतों ज्ञापनों के बाद भी आरपीएफ और जीआरपी की ड्युटी में खामी रही है। सीसीटीवी फुटेज में दोनों ब्रांचों की गश्त को भी जांचा जाए कि प्लेफार्मों पर कब कितनी गश्त हुई? रेलवे प्लेफार्मों पर रोशनी भी नहीं है जिसकी मांग और शिकायतें यहां की रेल यात्री युनियनें लगातार करती रही है। यहां नियुक्त यात्री सुविधा प्रबंधक भी हर अव्यवस्था के जिम्मेदार हैं। सुविधा प्रबंधक ने किस किस असुविधा असुरक्षा के दूर करने के लिए क्या किया और उच्च अधिकारियों को सूचित किया?०0०




रविवार, 23 नवंबर 2025

सूरतगढ़ स्टेशन दीवार पर मालिश कराने के पोस्टर.

 

सूरतगढ़ 23 नवंबर 2025.

रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार की दीवार पर चिपके गंदे पोस्टर हजारों यात्री स्त्री पुरूष लड़के लड़कियां देखते हैं मगर स्टेशन मैनेजर और जीआरपी आरपीएफ स्टाफ को नजर नहीं आते। स्टेशन मैनेजर, जीआरपी और आरपीएफ स्टाफ की अनदेखी और कार्वाई नहीं किए जाने के कारण लोग पोस्टर चिपका कर गंदा कुरूप बनाते रहते हैं। मसाज तेल मालिश के पोस्टर भी चिपकाने तक की हिम्मत लोग कर लेते हैं। रेलवे परिसर एकदम साफ रहना चाहिए। दीवारें भी साफ होनी चाहिए।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमृत स्टेशन योजना के तहत सूरतगढ़ स्टेशन को सुंदर रूप देने के लिए अब तक 20 करोड़ रूपये से अधिक राशि खर्च हो चुकी है। स्टेशन परिसर को गंदा कुरूप बनाने वाले पोस्टरों पर विज्ञापन देने वाली संस्थाओं व्यक्तियों के मोबाइल फोन नंबर भी हैं। सुरक्षा विभाग के कर्मचारी अधिकारी इन पर चेतावनी देकर मुकदमा कार्वाई करे तो सुधार हो सकता है।०0०






 

शनिवार, 28 जून 2025

अनूपगढ़ श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ सूरतगढ़.रेलवे रिपोर्ट.


* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 28 जून 2025.
रेलमंत्री हनुमानगढ़ वाशिंग लाइन का ट्रेनों के विस्तार के साथ करेंगे वर्चुअल लोकार्पण, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री निहालचंद ने की मुलाकात
श्रीगंगानगर और सूरतगढ से अनूपगढ़ की सीधी कनेक्टिविटी के लिए बाईपास ट्रैक को स्वीकृति, वाया हनुमानगढ़ दिल्ली इंटरसिटी ट्रेन भी जल्द चलेगी.



👌 पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री निहालचंद ने दिल्ली में रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के बीच अनूपगढ़, सूरतगढ़, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, दादर,पुरी,दिल्ली से संबंधित रेलों के बारे में वार्ता  की जिसके बड़े परिणाम हमारे क्षेत्र में लोगों को मिलेंगे।
* श्री निहालचंद ने हनुमानगढ़ में वाशिंग लाइन की सौगात देने के लिए रेलमंत्री का आभार जताया। इस पर रेलमंत्री श्री वैष्णव की ओर से कहा गया कि वे जल्द ही इस वाशिंग लाइन का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।
👌श्री वैष्णव ने बताया कि लालगढ़- दादर- लालगढ़ दैनिक गाड़ी संख्या 14707/14708 के हनुमानगढ़ जंक्शन तथा गाड़ी संख्या 12489/12490 लालगढ़-दादर-लालगढ़ द्वि साप्ताहिक तथा लालगढ़-पुरी-लालगढ़ साप्ताहिक गाड़ी संख्या 20471/20472  के श्री गंगानगर तक विस्तार को स्वीकृत कर दिया गया है। हनुमानगढ़ वाशिंग लाइन के लोकार्पण के साथ ही इन ट्रेनों का विस्तार हो जाएगा।
       👌 इस मौके पर श्री निहालचंद ने श्री गंगानगर से वाया हनुमानगढ़-सादुलपुर इंटरसिटी नई ट्रेन की मांग के अलावा गाड़ी संख्या 14701/14702 श्री गंगानगर-बांद्रा टर्मिनस श्री गंगानगर ट्रेन के समय में सुधार की मांग रखते हुए कहा कि यह ट्रेन प्रातः 6.15 बजे बांद्रा पहुंचने के बाद रात्रि 9 बजे वापसी करती है जबकि एलएचबी रैक वाली इस ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण श्रीगंगानगर में होता है। बांद्रा से यह प्लेटफार्म रिटर्न ट्रेन के नाते दिन में ही रवाना हो जानी चाहिए, जिससे यात्री सही समय पर अपने गंतव्य पर पहुंच सके। उन्होंने बठिंडा-दिल्ली-बठिंडा किसान एक्सप्रेस का भी विस्तार करने की मांग की। इसके साथ ही गाड़ी संख्या 54703/54704 जयपुर-बठिंडा-जयपुर के ठहराव भी मांगे।
      👌 श्री निहालचंद ने रेलमंत्री के समक्ष एक बड़ी मांग श्री सूरतगढ़ से अनूपगढ़ की सीधी रेल कनेक्टिविटी के लिए रघुनाथगढ़ से जैतसर के मध्य नई बायपास ट्रैक बिछाने की मांग की जिस पर मंत्री जी ने मौके पर ही स्वीकृति प्रदान कर दी। जल्द ही यह बायपास बनेगा। इस बायपास के बनने से इलाके की जनता को बड़ा लाभ होगा। o0




****

शुक्रवार, 27 जून 2025

वर्षा से स्टेशन दीवारें पानी का नल बनी.

 





* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 27 जून 2025.

उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर डिवीजन के सूरतगढ़ स्टेशन के अमृत स्टेशन योजना निर्माण में घटियापन होने का प्रमाण 26 जून की बरसात ने उजागर कर दिया। पार्सल रूम की दीवारों में से नल की धार की तरह पानी बहा। पानी छत में से दीवारों में घुसा। दीवारें सही मसाले से चिनाई होती तो ईंटों में थोथ नहीं रहती। यह विडिओ वायरल हो रहा है और घटिया निर्माण के सबूत दिखाई दे रहे हैं।

* रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट ललित शर्मा ने बताया कि 26 जून को बरसात में  पार्सल रूम की दीवारों में से पानी की धाराएं निकली जो घटिया निर्माण का पक्का सबूत है। शर्मा ने कहा कि घटिया निर्माण होने की शिकायतें उच्च अधिकारियों को कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्वाई नहीं हुई। शर्मा ने बताया कि   बरसात में शैडों में से भी जगह जगह से पानी टपक रहा था। रेल फुट ओवरब्रिज की शैड भी चू रही थी।०0०



सोमवार, 23 जून 2025

रेल स्टेशन को गंदा बनाने पर मुकदमा हो.

  





* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 23 जून 2025.

अमृत स्टेशन योजना से सुंदर बनाए रेलवे स्टेशन पर पोस्टर चिपका कर गंदा करने वाले लोगों पर रेलवे पुलिस को मुकदमें बनाकर कार्वाई करनी चाहिए ताकि सीख मिल सके और यह काम रुक सके। रेलवे स्टेशन का मुख्य द्वार पर यात्रियों की आते जाते आवश्यक रूप से नजर पड़ती है। उसे पोस्टरों के चिपके होने से कुरूपता दिखाई देती है। कुछ दिन पहले ही नव निर्माण हुआ और लोग गंदा करने लगे। ०0०





****

रविवार, 22 जून 2025

जीआरपी प्रमुखों का छठा अखिल भारतीय सम्मेलन संपन्न

 


* करणीदानसिंह राजपूत *
यात्री शिकायतों के समाधान पर ध्यान केंद्रित करने के लिए एकजुट हुए रेलवे के पुलिस अधिकारी नन्हे फरिश्ते, आहट, और मेरी सहेली अभियानों को किया गया मजबूत
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के समन्वय में रेल मंत्रालय के साथ राजकीय रेलवे पुलिस प्रमुखों का 6वां अखिल भारतीय सम्मेलन नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम यात्री सुरक्षा, अपराध कम करने की रणनीतियों और बेहतर रेलवे सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण जनशक्ति आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा बलों का नेतृत्व करने वालों को एक मंच पर लाया।


सुरक्षा ढांचे का आधुनिकीकरण

 सम्मेलन की शुरुआत रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार के उद्बोधन के साथ हुई, जिन्होंने यात्री शिकायतों और मामलों के दर्ज करने पर विशेष ध्यान देने के साथ देश भर में लाखों रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जीआरपी और आरपीएफ के बीच सहयोगात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते, ऑपरेशन आहट और मेरी सहेली जैसी विभिन्न पहलों के माध्यम से रेलवे में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ के प्रयासों की भी सराहना की। अपने स्वागत भाषण में, डीजी आरपीएफ श्री मनोज यादव ने उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए, विशेष रूप से बढ़ते यात्री अपराधों को संभालने में सुरक्षा ढांचे के आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया।

रेलवे पुलिसिंग को नया स्वरूप देते नए आपराधिक कानून

  चर्चाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रेल मदद पोर्टल पर दर्ज यात्री शिकायतों और वास्तविक रूप से दर्ज किए जा रहे मामलों के तुलनात्मक विश्लेषण के इर्द-गिर्द केंद्रित रही। जिसमें रेलवे में होने वाले बड़े अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। नए आपराधिक कानूनों का कार्यान्वयन एक प्रमुख केंद्र बिंदु था, जिसमें जीरो एफआईआर के कुशल प्रबंधन और राज्यों में तेजी से अपराध रिपोर्टिंग, सुव्यवस्थित साक्ष्य प्रबंधन और प्रभावी जांच को सुविधाजनक बनाने के लिए ई-एफआईआर सिस्टम के एकीकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।

जीआरपी कार्यबल और ढांचा

 एक अन्य प्रमुख फोकस क्षेत्र रेलवे के विभिन्न ढांचे और मैनपॉवर से संबंधित मामलों पर चर्चा थी। प्रतिभागियों ने जीआरपी के मैनपॉवर और ढांचागत आवश्यकताओं को निर्धारित करने के लिए एक समान बेंचमार्क बनाने का पता लगाया, जिसमें विविध भौगोलिक स्थितियों और रेलवे संचालन की जटिलताओं को ध्यान में रखा गया। एक समयबद्ध तरीके से इन बेंचमार्क को निर्धारित करने के लिए एक समिति नामित की गई है। इस सत्र में भारत के व्यापक रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा मांगों को पूरा करने के लिए एक संरचित, स्केलेबल ढांचे की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
 अपने समापन भाषण में, डीजी आरपीएफ मनोज यादव ने सम्मेलन की सहयोगात्मक भावना की सराहना करते हुए कहा कि ‘‘इस सम्मेलन ने रेलवे सुरक्षा को मजबूत करने के हमारे सामूहिक संकल्प की पुष्टि की है। मैनपॉवर की चुनौतियों का समाधान करके, हमारी प्रणालियों का आधुनिकीकरण करके और हमारी अपराध प्रतिक्रिया तंत्र में सुधार करके, हम लाखों यात्रियों के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में निर्णायक कदम उठा रहे हैं। इस यात्रा में राज्यों के जीआरपी की भूमिका और भारतीय रेलवे के साथ उनकी साझेदारी महत्वपूर्ण है और हमें मिलकर रेलवे सुरक्षा के लिए नए बेंचमार्क स्थापित करते रहना चाहिए।’’
 सम्मेलन एक भविष्य के लिए दृष्टिगत विचार के साथ संपन्न हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने कार्रवाई योग्य समाधानों पर सहमति व्यक्त की, जिसमें उन्नत प्रौद्योगिकी को अपनाना, हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय और यात्री सुरक्षा पर सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता के रूप में एक मजबूत ध्यान शामिल है। (नई दिल्ली, 22 जून 2025. वि.)






शनिवार, 14 जून 2025

वर्षा में सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन का द्वितीय द्वार.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 14 जून 2025.

सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन का द्वितीय द्वार यानि सूर्योदय नगरी क्षेत्र शहर की आधी आबादी का द्वार बरसात के पानी से दूर तक लबालब। 

*हर बरसात में यह दुर्दशा होती है। लेकिन यात्रियों के लिए काम कर रही युनियनें,रेल युनियनें, जनप्रतिनिधि,विभिन्न संगठन सभी रेलवे को नहीं बता रहे।

* 14 जून 3025.शाम की बरसात से द्वितीय द्वार। इधर से गाड़ियों में सवार नहीं हो सकते और गाडिय़ों से उतर कर अपने घरों को भी नहीं जा सकते।०0०





***

बुधवार, 11 जून 2025

सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन. 2 लिफ्टों का निर्माण गति पर.



* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 11 जून 2025.

उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के सूरतगढ़ स्टेशन पर प्लेटफार्म नं 1 और प्लेटफार्म नं 2,3* संयुक्त) पर लिफ्टों का निर्माण गति पर है। इनका निर्माण बहुत पहले पूर्ण होकर यात्रियों के लिए शुरू होना था। सूरतगढ़ रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट ललित शर्मा के लगातार पत्र और रेलमंत्री से मिलने से यह कार्य शुरू हो पाया था। ०0०

करणीदानसिंह राजपूत.

राजस्थान सरकार से अधिस्वीकृत लाईफटाईम पत्रकार.

सूरतगढ़ ( राजस्थान )

94143 81356

******





००००००


शुक्रवार, 16 मई 2025

उपखंड कार्यालय में धरना. रेलवे द्वारा बंद रास्ता खुलवाने की मांग.

 

सूरतगढ़ 16 मई 2025.

 एसडीएम कोर्ट के पास से रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार टिकट खिड़की तक आने जाने के पुराने रास्ते को रेलवे द्वारा बंद कर दिए जाने पर वापस खुलवाने की मांग को लेकर आज लोगों ने उपखंड अधिकारी कार्यालय में धरना लगा दिया।

 *मुख्य बाजार व विभिन्न मोहल्लों को  उपखंड अधिकारी कार्यालय के पास से रेलवे की तरफ जाने वाले पिछले 35 वर्षों से चल रहे आमरास्ते को बिना सूचना दिए रेलवे ने पिछले 6 माह पहले अचानक बंद कर दिया।

* रेल विकास संघर्ष समिति इसको पुनः खुलवाने के लिए मांग कर रही है।

 * 15 दिन पहले स्थानीय उपखंड प्रशासन से वार्ता होने के बावजूद आज तक उक्त रास्ते को नहीं खोला गया। इसके विरोध स्वरूप आज समिति के लोग उपखंड अधिकारी कार्यालय पर स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहुंचे। उपखंड अधिकारी की अनुपस्थिति को देख संघर्ष समिति में आक्रोश उत्पन्न हुआ व नारेबाजी करते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय के अंदर धरने पर बैठ गए। उपखंड अधिकारी के पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने उनके समक्ष रोष प्रगट किया।

 उपखंड अधिकारी को बताया कि आमजन व रेल यात्री परेशान हो रहे हैं। रेलवे के पास उक्त भूमि का स्वामित्व नहीं है। नगर पालिका राजस्व रेलवे की तीनों की संयुक्त भूमि उक्त खसरे में दर्ज कहां से लेकर कहां तक किसकी भूमि है इसकी कोई माप और चिन्हित नहीं है।

* उपखंड अधिकारी ने बताया कि रेलवे को 15 दिन का नोटिस दिया गया था। रेलवे की ओर से आज दिनांक तक संतुष्टि पूर्वक कोई जवाब नहीं मिला। आज रेल प्रशासन को अंतिम नोटिस 7 दिन का दिया जाएगा और 7 दिन में उक्त रास्ते को नहीं खोला गया तो प्रशासन एक तरफा कार्रवाई करेगा।

* साथ ही तहसीलदार को निर्देशित किया जाएगा की रेलवे राजस्व व नगर पालिका की भूमि की पेमाईस 3 दिन में की जाए।

* संघर्ष समिति ने प्रशासन को चेताया की 7 दिन बाद में अगर रास्ता नहीं खोला गया तो उपखंड अधिकारी कार्यालय के ऊपर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

* प्रदर्शन में अध्यक्ष राम प्रताप खोरवाल,हनुमान सिंह सिसोदिया,भंवर विक्रांत,परसराम भाटिया, दुल्लाराम डूडी, रतन पारीक, सुभाष सोनी, भरत राजपुरोहित,कृष्ण स्वामी मुरलीधर पारीक, खूबचंद नायक,रामप्रवेश डाबला,राम प्रताप मेघवाल, लीलाधर फौजी, विमल सिंह राजपूत, सुरेंद्र कोठारी, श्याम सोमानी,योगेश स्वामी, धर्मपाल बारूपाल,उमेश मुद्गल, एडवोकेट श्याम सुंदर चांडक, गोपाल सिंधी, धर्मवीर सैनी, ललित किशोर शर्मा व अन्य उपस्थित थे। ( वि)






०0०


शनिवार, 8 मार्च 2025

रेलवे इंजीनियरिंग की लापरवाही: बंद किया रास्ता.टिकट खिड़की का रास्ता

 



* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 8 मार्च 2025.

सूरतगढ़ अमृत योजना का सुंदर बनाया जा रहा बीकानेर डिवीजन का प्रसिद्ध स्टेशन जिसका एक टिकट खिडक़ी तक पहुचने का रास्ता इंजीनियरिंग की लापरवाही से बंद कर दिया गया। रेलवे के यात्रियों के लिए यह रास्ता बहुत पुराना था। गंदे पानी की निकासी के लिए एक नाला चालू हालत में था जिसकी ऊंचाई कम थी और ऊपर से सड़क थी। रेलवे इंजीनियर ने पुराने नाले से काफी ऊंचे परिधि के 2 पाईप की लाईन  बनाई है। यह ऊंचाई करीब 4 फीट है। पाईप ही डालने थे तो पुराने नाले की ऊंचाई जितने 4 पाईप की पाईपलाईन डाल देते तो ऊपर से दोंनो ओर ढलान लिए सड़क भी बन जाती और कोई परेशानी भी नहीं होती। अब जनता की मांग हो रही है। अभी भी सुधार किया जा सकता है। लोगों को पहले बताया जाता तो सही समाधान होता व कोई परेशानी भी नहीं होती। रेलवे अधिकारियों को किसी आंदोलन से पहले ही तुरंत निरीक्षण कर सुधार करना चाहिए ताकि रेलवे को भी कोई नुकसान न हो व लोग गाड़ी तक पहुंचते रहें। अभी यह रास्ता बंद हो गया है। इस क्षेत्र के लोग रेलवे के बजाए बसों से यात्रा करने को मजबूर हो गये हैं।०0०





यह ब्लॉग खोजें