सोमवार, 28 फ़रवरी 2022

सूरतगढ़ सीट: राहुल लेघा भाजपा में नये चेहरे की खोज पर खरा उतर सकते हैं:पहली खबर।

 

* करणीदानसिंह राजपूत *


सूरतगढ़ सीट पर बुजुर्गों की कई साल की राजनीति के चलते पिछले दो-तीन साल से लगातार मांग उठ रही है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में नया चेहरा हो युवा चेहरा हो।

इस मांग को पूरा करने के लिए पारिवारिक राजनैतिक पृष्ठभूमि और इलाके की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले लेघा परिवार से भारतीय जनता पार्टी की ओर से टिकट मांगेंगे राहुल लेघा सुपुत्र महावीर लेघा। 26 वर्षीय राहुल लेघा इस समय पंचायत समिति सूरतगढ़ के रघुनाथपुरा गुडली इलाके से डायरेक्टर हैं।

राहुल लेघा के दादा चंदू राम लेघा पंचायत समिति सूरतगढ़ में योग्य और प्रसिद्ध प्रधान रह चुके हैं।


*भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार युवा चेहरे राहुल लेघा के बारे में पहले बात करें।*


 राहुल लेघा भारतीय जनता पार्टी के अग्रिम संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य रहते महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय उदयपुर से 2014-15 में छात्र संघ अध्यक्ष रहे।

उच्च शिक्षित राहुल लेघा माइनिंग में बीटेक करने के बाद हिंदुस्तान जिंक में जिंक में  2015 से 2019 तक सर्विस में रहे। क्षेत्रीय राजनीति में प्रवेश करने के लिए 2019 में नौकरी छोड़ कर इलाके में युवाओं की टीम के संग राजनीति और सामाजिक कार्यों में उत्तरे। पंचायत समिति सूरतगढ़ के 2022 के चुनाव में एक महत्वपूर्ण इच्छा को लेकर चुनाव लड़ा और डायरेक्टर चुने गए। राहुल लेघा इलाके के विकास को लेकर बहुत बड़े सपने संजोए हुए हैं और वे सपने विधानसभा क्षेत्र तक पूरे करने के इरादे हैं।


* हम आते हैं परिवार की राजनीति और वर्तमान स्थिति पर*


चंदू राम लेघा इस समय करीब 72 साल की उम्र में भी राजनीतिक लोकप्रियता प्राप्त किए हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी में एक विशिष्ट पहचान रखते हैं। यह पहचान उनके विगत पदों और कार्यों के कारण स्थाई बनी हुई है। इनके पौत्र राहुल लेघा सूरतगढ़ पंचायत समिति के डायरेक्टर चुने गए। इन्हीं के 1 पुत्र राजेंद्र लेघा नगर पालिका श्रीबिजयनगर के अध्यक्ष हैं। 

 एक पुत्र धनराज लेघा जोधपुर हाईकोर्ट में वकालत करते हुए वापस ग्रामीण क्षेत्र में लौटे और रघुनाथपुरा गांव में श्री कृष्ण गौशाला में अध्यक्ष के रूप में गौ सेवा में लगे हैं। चंदूराम लेघा की एक खासियत रही है। उन्होंने गौ सेवा के लिए भी दान देने में कमी नहीं रखी। गौशाला निर्माण के वक्त 21 लाख रुपए दान दिए। अब 6 फरवरी 2022 को 11लाख रुपए फिर दान दिए। इलाके में गोवंश रक्षक के रूप में भी एक ख्याति बनी हुई है।


* राहुल की भाजपा टिकट की दावेदारी में दादा की राजनीति और इलाके की सेवा *


राहुल लेघा भाजपा की टिकट के लिए जो प्रबल दावेदारी कर रहे हैं,उसमें पारिवारिक जनसेवा और राजनीतिक पहचान बहुत महत्वपूर्ण स्थान रखती है। 

दादा चंदू राम जी लेघा (सुपुत्र भारूराम जी लेघा) का जन्म 4 अप्रैल 1949 को हुआ। हायर सेकेंडरी करने के साथ ही वे अपने ग्रामीण क्षेत्र में में कार्य में आगे निकले। 1973 से 1982 तक रघुनाथपुरा ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष पद पर रहे। 1989 में तिलहन उत्पादक सहकारी समिति रघुनाथपुरा के अध्यक्ष रहे और 1992 में तिलम संघ बीकानेर के अध्यक्ष रहे। 

1982 से 1988 तक गोविंद सर ग्राम पंचायत के उपसरपंच रहे और 1981 से 92 तक यहां सरपंच रहे। 

1989 से 3 वर्ष तक कृषि उपज मंडी समिति सूरतगढ़ के अध्यक्ष भी रहे। 

**1995 से 2000 तक पंचायत समिति सूरतगढ़ के प्रधान रहे। यह प्रधानगी इलाके में सादगी के रूप में कार्य के रूप में प्रसिद्ध रही। आज तक लोग चंदू राम लेघा के प्रधान कार्य काल का गौरवपूर्ण वर्णन करते हैं। 

चंदू राम लेघा 20 सूत्री समिति,जिला अंधता निवारण समिति,जिला साक्षरता समिति के सदस्य रहे। सिंचित क्षेत्र विकास समिति बीकानेर के सदस्य रहे।

* इन सेवाओं के साथ में भारतीय जनता पार्टी के एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता और नेता के रूप में भी हर समय आगे रहे। 2002 से 2004 तक भारतीय जनता पार्टी सूरतगढ़ के देहात मंडल के अध्यक्ष रहे। 2006 से 2008 तक कृषि उपज मंडी समिति के सदस्य रहे।2000 से पिछले कई सालों तक भाजपा श्रीगंगानगर जिला कार्यसमिति के सदस्य भी रहे। 

सूरतगढ़ क्षेत्र में राजनैतिक व  सामाजिक सेवा में इस परिवार की अग्रणी पहचान है। यह पहचान सेवा जानकारी और प्रसिद्धि सभी मिलाकर नये चेहरे युवा चेहरे राहुल लेघा की दावेदारी को मजबूत करते हैं। भाजपा में  और इलाके में नया चेहरा और युवा चेहरा की मांग को भी पूरा करते हैं।०0०

👌 2023 में सूरतगढ़ सीट पर भाजपा और बसपा की टक्कर कांग्रेस के डूंगर राम गेदर से होगी यह माना जा रहा है। कांग्रेस डूंगर राम गेदर को टिकट देगी। इसकी 99 प्रतिशत संभावना है। गेदर कांग्रेस के नये चेहरे के रूप में उतारे जाएंगे।०0०



दि. 28 फरवरी 2022.

रिपोर्ट; करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार ( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ ( राजस्थान )

94143 81356.

*****












अमरीका ने अपने नागरिकों को रूस छोड़ने का कहा- युद्ध रूस में पहुचने का संकेत माना जाए?

 

* करणीदानसिंह राजपूत *


* युक्रेन पर रूस के आक्रमण से चले युद्ध के चौथे दिन अमेरिका ने अपने नागरिकों को रूस छोड़ने की सलाह जारी की है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि युद्ध खत्म होने की संभावना न के बराबर है और यह रूस के भीतर भी पहुंच सकता है। 

रूस महाशक्ति और युक्रेन उसके आगे कुछ भी नहीं होते हुए भी युद्ध में सामने डटा है। रूस इन चार दिन की लड़ाई में युक्रेन की राजधानी को अपने कब्जे में नहीं ले पाया। रूस ने युक्रेन की सेना को तख्ता पलट देने तक कह दिया लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बल्कि युक्रेन के जवान ही नहीं बुड्ढे तक सैनिक बन कर खड़े हो गए। वहां की युवतियां और पचास साल से ऊपर की औरतों ने भी हथियार उठा लिए। रूस को लग रहा थि कि युक्रेन का राष्ट्रपति देश छोड़कर भाग जाएगा लेकिन उल्टा हो गया। वहां का राष्ट्रपति भागने के बजाय खुद सैनिक वर्दी में रूस को ललकार उठा। उसके आह्वान पर लोगों ने हथियार उठा लिए। इस तस्वीर से विश्व को भी सीख मिली है वहीं वातावरण भी बदलाव पर है। 

इस बदलाव से ऐसा लग रहा है कि एक दो दिन में युक्रेन को हथियार सहायता व और सहयोग मिलना बढ़ेगा। उससे युद्ध भड़कता हुआ रूस तक पहुंच सकता है। अमेरिका ने संभावना मानते हुए ही अपने नागरिकों को रूस छोड़ने की एडवाइजरी जारी की है जो साधारण नहीं मानी जा सकती। भविष्य में कुछ भी हो सकता है और यह भविष्य दो चार दिन का ही मानना चाहिए। रूस की चिंताओं पर भी नजर डालें। रूस ने अपने सभी चिकित्सालयों को हाई अलर्ट पर कर दिया है और माना भी है कि युद्ध में उसके सैनिक हताहत हुए हैं। रूस ने यह भी कहा है कि उसकी सेना बहादुरी से लड़ रही है। रूस की सेना शक्तिशाली है और इन शब्दों की जरूरत आखिर कैसे आ पड़ी। यह इसलिए कहना पड़ा है कि चार दिन में युक्रेन से हथियार नीचे नहीं गिरवा पाए बल्कि वहां आम जनता ने हथियार उठा लिए। ऐसे में युक्रेन पर कब्जा करना बहुत मुश्किल है तथा हर दिन रूस की मुसीबतें भी बढ़ती जाएगी। रूस की मुसीबतें भी बढनी शुरू हो चुकी है। ०0०

शनिवार, 26 फ़रवरी 2022

चंद्रवीर रमण चीफ विजिलेंस ऑफिसर रेलवे बोर्ड

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

श्रीगंगानगर, 26 फ़रवरी 2022.

श्री चंद्र वीर रमण (आईआरएसएस, 1986) ने गुरुवार 24 फरवरी को प्रधान कार्यकारी निदेशक/सतर्कता और मुख्य सतर्कता अधिकारी, रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) का पदभार ग्रहण किया। श्री चंद्रवीर रमण ने बी,टेक आईआईटी, खड़गपुर से किया है। अपने 30 साल के कार्यकाल में श्री चंद्रवीर रमण ने मंडलों, जोनल स्तर से लेकर रेलवे बोर्ड तक विभिन्न पदों पर काम किया है। इससे पहले वह रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला में प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे।

श्री चंद्रवीर रमण को मंडल रेल प्रबंधक और क्षेत्रीय रेलवे स्तर पर सतर्कता अधिकारी के रूप में कार्य करने के लिए प्रशासन और सतर्कता का समृद्ध अनुभव है। श्री चंद्र वीर रमण ने संयुक्त राज्य अमेरिका, सिंगापुर, मलेशिया, फ्रांस और इटली सहित भारत और विदेशों में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लिया है।०0०

-------





पल्स पोलियो अभियान में 27 फरवरी को दवा पिलाई जायेगी

 

श्रीगंगानगर, 25 फरवरी 2022.

 जिला कलक्टर श्रीमती रुक्मणि रियार सिहाग ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को 27 फरवरी 2022 को विभिन्न टीकाकरण केन्द्रों पर पोलियो की खुराक पिलाई जायेगी। 

जिला कलक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पल्स पोलियो अभियान के तहत कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित नहीं रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपने माइक्रो प्लान के अनुसार बच्चों को खुराक पिलाएं। गांव और ढाणियों के साथ-साथ दूरदराज के क्षेत्रों के लिए भी गठित टीमों द्वारा प्रत्येक बच्चे तक पहुंचते हुए दवा पिलाने के लिए निर्देशित किया।

अभियान के पहले दिन 27 फरवरी को स्कूल खुले रहें, इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि माइग्रेट लेबर को ध्यान में रखते हुए पोलियो दवा पिलाने की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि कोई भी बच्चा और घर अभियान से वंचित ना रह जाये।

सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा ने बताया कि जिले में 0-5 वर्ष तक के 2,89,823 बच्चे हैं। जिले में कुल 2335 बूथों पर पोलियो दवा पिलाई जाएगी। 27 फरवरी से तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद 28 फरवरी और 1 मार्च घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। अभियान के लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

-------






ना नशा करेंगे ना करने देंगे: नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम व रैली का आयोजन

 



श्रीगंगानगर, 25 फरवरी 2022.


 राजकीय कन्या महाविद्यालय श्रीगंगानगर की प्राथमिक उपचार एवं नशा, मधपान तंबाकू निषेध समिति एवं एन एस एस (स्वयंसेवक) व रेंजनिंग के संयुक्त तत्वाधान में महाविद्यालय में सप्ताह भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 

प्राचार्य डॉ. आशा शर्मा ने युवाओं से नशे की लत से दूर रहने का आह्वान किया और इन कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। 

समिति प्रभारी श्रीमती रेखा बेरवाल ने विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके तहत नशा व तंबाकू निषेध विषय पर पोस्टर, नारा लेखन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता करवाई गई।


 नारा लेखन में प्रथम पुरस्कार रेनू पुत्री मदनलाल, द्वितीय पुरस्कार गीता पुत्री ईश्वर राम व द्वितीय पुरस्कार अलका व तृतीय प्राइस द्रोपती पुत्री कृपाराम ने प्राप्त किया।


 पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ज्योति पुत्री महेश्वरी प्रसाद, द्वितीय पुरस्कार अलका पुत्री प्रेम कुमार, तृतीय पुरस्कार स्नेहा सुंडा पुत्री सुख करण व सांत्वना पुरस्कार मनप्रीत कौर पुत्री शेर सिंह ने प्राप्त किया।


इसके अलावा महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के प्रति जागरूकता एवं शपथ के लिए हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया, जिसमें सभी छात्राओं व महाविद्यालय स्टाफ ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। 


नशा मुक्ति अभियान के अंतिम पड़ाव पर आज महाविद्यालय की छात्राओं व समस्त स्टाफ ने शहर में नशा विरोधी जागरूकता के लिए विभिन्न मार्गों पर एक रैली निकाली, छात्राओं ने बैनर व विभिन्न पोस्टरों पर लिखे नारों एवं संदेशों के द्वारा नशा जागरूकता हेतु सराहनीय प्रयास किया। 

इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. डीपी सिंह, डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. बबीता काजल, डॉ. आशा अरोड़ा, डॉ. नवनीत, गुरप्रीत, डॉ. श्याम लाल, डॉ. पूनम बजाज, डॉ. गरिमा यादव, डॉ. संतोष मीणा, डॉ. अल्पना व बहुत अधिक संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। 







---------



शुक्रवार, 25 फ़रवरी 2022

खाद्य सामग्री के 16 नमूने फेल, सभी को नोटिस:90 नमूनों में से 60 की जांच रिपोर्ट आई.

 



हनुमानगढ़ 25 फरवरी, 2022
राज्य सरकार के निर्देशानुसार शुद्ध के लिये युद्ध अभियान के तहत गुरुवार व शुक्रवार को भी जिले में खाद्य सामग्री बनाने व बेचान करने वाले संस्थानों पर निरीक्षण की कार्यवाही की गई एवं पांच सैम्पल भरे गए। इसके अलावा, जनवरी 2022 से अब तक लिए गए 99 सैम्पलों में से 16 नमूने फेल हो गए हैं, जिन्हें नोटिस दिए जा चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में जनवरी 2022 से शुद्ध के लिए युद्ध अभियान अनवरत: जारी है। करीब पौने दो माह में 99 सैम्पल लिए गए, जिनमें से 60 सैम्पल की रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें से 16 नमूने फेल पाए गए हैं। इनमें  14 नमूने सब स्टैण्डर्ड, एक नमूना मिस्ब्राण्ड व एक नमूना अनसेफ फूड पनीर का होना पाया गया। इन सभी खाद्य विक्रेताओं को एफएसएसएआई एक्ट की धारा 46 (4) के अंतर्गत नोटिस दिए चुके हैं। 





उन्होंने बताया कि जिले में गुरुवार व शुक्रवार को हनुमानगढ़ में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान जारी रहा। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए जिले में खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय करने वाले संस्थानों पर निरीक्षण की कार्यवाही की गई। निरीक्षण दल में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीतसिंह यादव, डेयरी से सीनियर टैक्नीशियन दिलीप सिंह ने खाद्य सामग्री को बनाने एवं बेचान करने वाले संस्थानों की जांच की एवं सैम्पल एकत्र किए। डॉ. शर्मा ने बताया कि गुरुवार को मै. आरएन ट्रेडर्स कम्पनी से पतंजलि ब्राण्ड फोर्टीफाइड रिफाइण्ड ऑयल, मै. महालक्ष्मी साईस इंटरप्राइजेज से भटनेर फ्रेश ब्राण्ड के मिर्च पाउडर का सैम्पल लिया गया। इसी तरह, शुक्रवार केा मै. जम्भेश्वर दुग्ध उत्पादक समिति से मिक्स दूध, मै. चाइया एग्रो फूड प्रोसेसिंग से सरसों का तेल व मै. दलीप सिंह से रसगुल्ला का सैम्पल संग्रहित किया गया। सभी सैम्पर्स को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भिजवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में अगर कहीं पर मिलावटी खाद्य पदार्थ तैयार अथवा बेचान किया जाता है, तो उसकी सूचना मोबाइल नम्बर 75972-22000 अथवा वाट्सएप पर दी जाए।०0०





नशामुक्ति जनजागृति-ढाबां झल्लार ( सूरतगढ़) में कार्यशाला का आयोजन.

 




सूरतगढ़/श्रीगंगानगर, 25 फरवरी 2022.


 जिला कलक्टर श्रीमती रूक्मणि रियार सिहाग एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री आनन्द शर्मा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा मुक्ति महाअभियान ‘मंशा‘ के अन्तर्गत  पुलिस थाना सूरतगढ सदर द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ढाबांझल्लार में नशामुक्ति जनजागृति कार्यशाला का आयोजन किया गया।





कार्यक्रम में नशामुक्ति विशेषज्ञ डॉ. रविकान्त गोयल ने कहा कि नशे की एक लत व्यक्ति से उसका तन-मन-धन, सामाजिक प्रतिष्ठा छीन लेती है तथा बदले में दुख-दर्द, तकलीफंे मुसीबतें प्रदान करती है। दिहाड़ी मजदूरी करने वाले अनेक लोग नशे में अपनी सारी कमाई बर्बाद कर देते है तथा घर जाकर परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौच इत्यादि करते है, जिससे उनके घर में गरीबी, लाचारी अभाव इत्यादि समस्यायें डेरा डाल लेती है। बच्चे छोटी-छोटी वस्तुओं के लिए तरसते है। 

डॉ. गोयल ने बताया कि ऐसे व्यक्ति जब उनसे ईलाज लेकर नशा छोड़ देते है तो उनके जीवन में सुखद परिवर्तन स्पष्ट दृष्टिगोचर होने लगते हैं, बच्चों की आवश्यकताओं की पूर्ति होने लगती है, प्रेम एवं उल्लास का वातावरण बन जाता है तथा सुन्दर भविष्य की आशा के दीप टिमटिमाने लगते है। डॉ. गोयल ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाकर नशे से बचने के उपाय बताये तथा जीवन भर नशा न करने की शपथ दिलवाई।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्री श्योपतराम एएसआई पुलिसथाना सूरतगढ़ सदर ने कहा कि नशा सभ्य समाज पर एक कंलक है, जिसे हमें जड़ से उखाड़ना है, जिसके लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज की जागरूकता एवं सहभागिता अत्यन्त आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही इस भयावह समस्या पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने समाज को प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाजसेवी श्री विजय किरोड़ीवाल ने कहा कि नशे का मार्ग व्यक्ति को पतन की ओर ले जाता है, नशा व्यक्ति से उसकी अच्छाईयों को छीनकर उसमें बुराईयां भर देता है। नशे को मिटाकर ही इसके दुष्परिणामों से बचा जा सकता है। कार्यक्रम में शाला प्रधानाचार्य श्री मुकेश वर्मा ने कहा कि नशा चाहे ज्यादातर पुरूष ही करे लेकिन उसका प्रकोप न केवल परिवार पर बल्कि पूरे समाज पर पड़ता है। ०0०






----------


बुधवार, 23 फ़रवरी 2022

राजस्थान में पुरानी पेंशन बहाली:बजट घोषणा पर अशोक गहलोत सरकार जिंदाबाद के नारे

 

 * करणी दान सिंह राजपूत 


सूरतगढ़ 23 फरवरी 2022 

राजस्थान सरकार के 2022 -23 के बजट में मुख्यमंत्री वित्त मंत्री अशोक गहलोत द्वारा बजट में पुरानी पेंशन नियम बहाल किए जाने की घोषणा पर यहां राज्य कर्मचारियों की ओर से जुलूस निकाला व नारे लगाए गए।

 








राजस्थान के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के जुलूस में महिला कर्मचारी भी शामिल थी। यह जुलूस गुरुद्वारा गुरू सिंह सभा से रवाना हुआ। 

जुलूस अशोक गहलोत जिंदाबाद राजस्थान सरकार जिंदाबाद कर्मचारी एकता जिंदाबाद के नारे लगाता हुआ बाजारों में से निकला।

 कर्मचारियों ने भगत सिंह चौक पर पहुंचकर वहां पर मोमबत्तियां जलाई और नारे लगाए। उसके बाद महाराणा प्रताप चौक पर पहुंचे मोमबत्तिया जलाई और नारे लगाए।

उसके बाद सुभाष चौक पर पहुंचकर मोमबत्तियां लगाई और नारे लगाए।

कर्मचारी तिरंगा झंडा लिए हुए नारे लगाते हुए ढोल और नगाड़ों के साथ बाजारों में से निकले। सुभाष चौक पर कर्मचारियों ने नारों के साथ में आतिशबाजी भी की कर्मचारी नेताओं ने अपने वक्तव्य में अशोक गहलोत सरकार की प्रशंसा की लेकिन साथ में चेतावनी भी दी कि यह केवल भाषण ही नहीं रहे यह जब लागू होगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। 

कर्मचारियों ने खुशी में गुलाल खेला। सिर पर पेंशन वाली पट्टियां भी लगाई हुई थी।०0०






मंगलवार, 22 फ़रवरी 2022

विधायक रामप्रताप कासनिया द्वारा सूरतगढ़ ट्रॉमा सेंटर उपकरणों के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा

 


* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 22 फरवरी 2022.


भारतीय जनता पार्टी विधायक सूरतगढ़ रामप्रताप कासनिया ने अपने कोटे से ट्रॉमा सेंटर उपकरणों के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की है जिसकी सराहना हो रही है।


 कासनिया ने विधानसभा में बजट प्रस्तुत होने से पूर्व शहर की प्रमुख संस्थाएं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और गुरुशरण छाबड़ा राजकीय महाविद्यालय का अवलोकन किया।


 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ विजय प्रकाश भादू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ट्रॉमा सेंटर के बारे में संपूर्ण स्थिति से अवगत कराया और जो उपकरण ट्रॉमा सेंटर में चाहिए उनकी एक सूची कासनिया जी को दी।

राष्ट्रीय उच्च मार्ग 62 पर आए दिन दुर्घटनाओं का तांता लगा रहता है इसलिए सूरतगढ़ के ट्रॉमा सेंटर में उपकरणों की कमी नहीं रहनी चाहिए। इस स्थिति को समझते हुए विधायक रामप्रताप कासनिया ने तुरंत 15 लाख रुपए ट्रॉमा सेंटर के उपकरणों के लिए देने की घोषणा की। विधायक कासनिया की इस घोषणा का सूरतगढ़ में स्वागत किया गया है।



मानव सेवा समिति के अध्यक्ष देवचंद दहिया और अन्य पदाधिकारियों ने इस घोषणा का स्वागत किया है।भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने भी इसे बहुत महत्वपूर्ण घोषणा मानते हुए विधायक जी का श्रेष्ठ कार्य बताया है। 


 गुरुशरण छाबड़ा राजकीय महाविद्यालय का भी अवलोकन किया। जहां चार दिवारी टूटी पड़ी और बहुत सी कमियां नजर आई जिसके लिए भी कार्यवाही करने का कहा है। 


रामप्रताप कासनिया बजट प्रस्तुत होने के बाद राज्य विधानसभा में सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र से संबंधित समस्याएं और विकास के बारे में अपनी राय भाषण के माध्यम से सरकार को प्रस्तुत करेंगे।०0०

******






सोमवार, 21 फ़रवरी 2022

सूरतगढ़ में मौत का खेल युवाओं का खतरनाक गेम

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 21 फरवरी 2022.

* जीप का हॉर्न और तेज लाइट *

राह चलते लोग पीठ के पीछे जीप के हॉर्न की अचानक तेज आवाज सुनकर उछल पड़ते हैं,जीप की टक्कर से बचने। उनको लगता है जीप की टक्कर लगने वाली है।

लोग जिनमें बुड्ढे बच्चे महिलाएं होती है उनकी हालत तो मरने जैसी हो जाती है।

सड़कों गलियों में पैदल चलते हुए लोग अपने पीछे अचानक जीप का  हॉर्न सुनते ही उछल पड़ते हैं चोटिल भी होते हैं। बुड्ढे लोग अचानक घूम नहीं पाते। महिलाएं और बच्चे क्या स्थिति होती होगी अनुमान लगाएं। 

सूरतगढ़ में सैकड़ों  मोटरसाइकिल वालों ने साधारण हॉर्न हटा कर जीप के हॉर्न लगा रखे हैं। पैदल के पीछे जब अचानक ही जीप का हॉर्न बजता है तब उछल पड़ते हैं। खतरनाक है यह गेम जो सूरतगढ़ के युवा खेल रहे हैं।

यह सब कुछ सभी सरकारी गैर सरकारी लोग देख भी रहे हैं। क्या यह मजाक है और अगर यह मजाक है तो कितना महंगा मजाक खेल है जो कभी किसी की जान ले लेगा और दुर्घटना हुई तो एक साथ ज्यादा दुर्घटनाएं भी हो सकती है। ये पुलिस थाने के आगे से भी निकलते हैं ये महाराणा प्रताप चौक से भी निकलते हैं।

कौन सीज करेगा और कौन इनको पकड़ेगा?०0०











यह ब्लॉग खोजें