शुक्रवार, 11 जुलाई 2025
हमारे सर और मैडम! जो सच्च में हमारे नहीं!!
* करणीदानसिंह राजपूत *
हम सुबह से शाम तक हर समारोह कार्यक्रम में या किसी समस्या पर जब ज्ञापन देते हैं बातचीत करते हैं तब बार बार हमारे विनती करते संबोधन के शब्द होते हैं सर जी मैडम जी। लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि ये दूसरे किसी राज्य से या दूसरे स्थान से आए सर और मैडम कभी हमारे नहीं होते। ये साल दो साल के लिए आते हैं और हम इनके आगे पीछे हाथ जोड़े आग्रह करते रहते हैं। सार्वजनिक आम जनता के लिए सरकारी योजनाओं के लागू करने का आग्रह भी सर मैडम और हाथ जोड़े करते हैं। ये शासन करने आते हैं और शासन ही करते हैं। लेकिन हम समारोह आदि में शिलान्यास में उदघाटन आदि में इनको मुख्य अतिथि विशिष्ट अतिथि या अध्यक्ष बनाते हैं। समारोह व कार्य का धन सार्वजनिक रूप से लोगों से जुटाया होता है तब इन सर या मैडम की जीहजूरी करना उचित नहीं। सार्वजनिक रूप में जो लोग स्वच्छ हैं, जिनका कार्य समाज सेवा है तो उनमें से अतिथि या अध्यक्ष बनाएं और शिलान्यास उद्घाटन आदि करवाएं। उनसे फीता कटवाएं पूजा करवाएं समारोह में पुरस्कार प्रशस्तिपत्र भेंट करवाएं तो अधिक अच्छा लगेगा।
* सभी ध्यान दें कि समारोह में फोटो में मुस्कुराते मधुर शब्दों में बातचीत करने वाले सर और मैडम अपने पद की सीट बैठे होते हैं तब इनका व्यवहार शब्द सभी सूखे रूखे और अधिकार भरे होते हैं। जब स्थानांतरण हो जाता है तब हमारे और हमारे इलाके से कोई संबंध नहीं रहता लेकिन जो हमारे आसपास हैं वे ही संपर्क में होते हैं और साथ भी देते हैं।०0०
11 जुलाई 2025.
करणीदानसिंह राजपूत
पत्रकार ( राजस्थान सरकार से अधि स्वीकृत लाईफटाईम)
सूरतगढ़ ( राजस्थान )
94143 81356
******
प्रकाशित कर सकते हैं। शेयर कर सकते हैं।
******
गुरुवार, 10 जुलाई 2025
गुरूपूर्णिमा पर गुरूजी गिरफ्तार.संस्थाओं में बिगड़े हालात.
* करणीदानसिंह राजपूत *
👌 शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय एसीबी टीम ने आज गुरू पूर्णिमा दिवस पर एम.डी.बी.एड. कॉलेज के प्रिंसिपल पंकज छाबड़ा को 10 हजार की घूस लेते गिरफ्तार किया।
प्रिंसिपल इससे पहले 18 हजार रू की घूस ऑनलाइन पर पहले ले चुका था। एसीबी की एडिशनल एस.पी. सुधा पालावत ने कार्रवाई की । यह समाचार असाधारण है जो बता रहा है कि गुरूओं का भी कितना पतन हो चुका है। निजी महाविद्यालयों विद्यालयों में अत्यधिक फीसों, पुस्तकों, ड्रेस और प्रतियोगिताओं आदि के तरीकों से बेईमानी की कमाई करना साधारण माना जाने लगा। हाजिरी पूरी करने के लिए हजारों रू लेना, उपस्थित नहीं होने की छूट से हजारों रू लेना भी आम हो गया है। लाखों रू. बेईमानी से लेने के बाद भी शिक्षा संस्थाओं के संचालक प्रिंसिपल मैनेजर आदि कहते रहते हैं कि खर्च ही मुश्किल से निकल पाता है।
* गुरू शराब नशा सेवन कर संस्थाओं में आने लगे। शराब पार्टियां संस्थाओं में करने लगे। अभद्रतापूर्ण व्यवहार करने लगे। गुरूओं के रंगरेलियां व्यभिचार आदि के विडिओ सोशल मीडिया पर आने लगे। छात्राओं से छेडख़ानी आदि की शिकायतें होने लगी।
* कोचिंग सेंटरों पर भी हालात बिगड़े हुए होते जा रहे हैं और वहां भी सुरक्षा नहीं।
* हालात ऐसे बिगड़ने की तो कोई भी सोच नहीं सकता।
** अभिभावकों के पास नौकरी और व्यवसाय में समय नहीं मिलता कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा पर हर समय ध्यान दे सकें। जहां पति पत्नी दोनों ही नौकरी करते हों वहां तो बच्चे पूरी तरह से असुरक्षित होते हैं। ऐसी हालत में तो छात्र छात्राओं को ही अपनी सुरक्षा करनी है।०0०
गुरू पूर्णिमा. 10 जुलाई 2025.
करणीदानसिंह राजपूत,
पत्रकार ( राजस्थान सरकार से अधि मान्यता लाईफटाईम)
सूरतगढ़ ( राजस्थान )
94143 81356
सूरतगढ़:प्लांड एरिया के अतिक्रमण कब हटाएंगे.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 10 जुलाई 2025.
भाजपा कार्यकर्ता बाबू सिंह की शिकायत के बाद हो रही जांच में पाना देवी का पट्टा सन् 2024 तो निरस्त कर दिया गया है लेकिन इससे पहले भी पट्टे जारी हुए हैं। आवासीय आरक्षित क्षेत्र में अनेक मकान अभी भी बिना पट्टों के बने हुए हैं। सवाल यह है कि क्या नगर पालिका पाना देवी के मकान पर कब्जा लेने के बाद में अन्य पट्टे भी निरस्त कर भूमि कब्जे में लेगी? जिनके पट्टे भी नहीं बने हैं उनको कब हटाएगी?
* बाबू सिंह की शिकायत में ईओ पूजा शर्मा और सहायक अभियंता मेजरसिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पाना देवी मामले में मुकदमा दर्ज कराने आदि के लिए लिखा गया था। दोनों अधिकारियों को सस्पेंड करने का भी लिखा गया था।
इसी दौरान अधिशासी अधिकारी पूजा शर्मा ने पाना देवी के नाम जारी पट्टे को अभियान में जारी होना बताते हुए निरस्त कर दिया। नगर पालिका ने निर्माण स्थल पर अपने कब्जे का बोर्ड भी लगा दिया।
* पाना देवी की के विरुद्ध शिकायत और जांच के दौरान यह बात भी जनता में उजागर हुई कि आरक्षित भूमि पर 2003 से भी पट्टे दे दिए गए हैं। उनका क्या होगा यह तो पता नहीं लेकिन स्थिति यह है कि 1988 में जो आवासीय क्षेत्र के लिए आरक्षित घोषित की गई थी वहां पर मकान बनने ही क्यों दिए गए? उनको अब तक तोड़ा क्यों नहीं गया?
*सन् 1998 से 2023 तक के मास्टर प्लान में क्या यह स्थान आवासीय योजना के तहत आरक्षित घोषित किया गया है या बदल दिया गया? यह भी जांच का विषय है? जिन लोगों के पास में उक्त मास्टर प्लान उपलब्ध है वे यह जगह देख सकते हैं। यह जगह उसमें आरक्षित दिखाई गई है या नहीं दिखाई गई?
* एक सवाल पैदा होता है कि बाबू सिंह ने केवल मात्र एक ही पट्टे की शिकायत क्यों की? बाबू सिंह को मालूम था कि वहां पर अनेक पट्टे दिए हुए हैं और अनेक अतिक्रमण भी हैं। अतिक्रमणों को हटाने के बारे में बाबू सिंह ने कुछ भी नहीं लिखा,लेकिन प्रशासन की ड्यूटी बन गई है कि उस आरक्षित स्थान को संपूर्ण खाली करवाए।
* बाबू सिंह की शिकायत के बाद चर्चाओं में एक पट्टा सन 2003 में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णा भाटिया के हस्ताक्षरों से मनोज सोमानी पुत्र रतनलाल सोमानी को जारी किया गया। मनोज सोमानी उस प्लॉट में रहता नहीं है। यह पट्टा पूरी तरह से जांच का विषय है वहां पर चार दिवारी बनी हुई है आसपास के किसी मकान का वर्णन नहीं है। केवल मात्र पट्टे का भूखंड 40 गुना 70 फुट लिखा गया। श्री गंगानगर सड़क पर दिखाया गया है जो आज नेशनल हाईवे है। इस आवासीय पट्टे में विशेषता भी है कि आगे व्यावसायिक दर ली गई है और पीछे आवासीय दर ली गई है जब मनोज सोमानी वह रहता नहीं है तो इसके रहने के शपथ पत्र किसने दिए? यह भी जांच का विषय है?
बाबू सिंह ने पानादेवी के भूखंड को करोड़ों का बताया हुआ है और पानादेवी के भूखंड के साईज से मनोज सोमानी का भूखंड बड़ा है। मनोज सोमानी का भूखंड उससे भी अधिक कीमत का है। मनोज सोमानी का भूखंड भी पानादेवी के भूखंड( अब निरस्त) की सड़क पर ही है। दोनों के बीच कुछ फुट की दूरी है।
* बाबू सिंह की शिकायत के बाद एक पट्टा और उजागर है जो बनवारी लाल मेघवाल के अध्यक्षता काल में जारी हुआ। बनवारी लाल मेघवाल का अध्यक्षता काल 2008 से 2013 तक था। यह पट्टा बूटासिंह के नाम से जारी हुआ।
👌शिकायतकर्ता बाबूसिंह खीची ने केवल पानादेवी के एक पट्टे की शिकायत की,लेकिन वहां प्लांड एरिया में अन्य कीमती भूखंडों के पट्टों व अतिक्रमणों की शिकायत नहीं करता। परसराम भाटिया के अध्यक्षता काल में पट्टों के घोटालों की जांच की भी शिकायत नहीं करता।
👌 परसराम भाटिया के अध्यक्षता काल में पट्टा घोटालों में नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा ने पट्टों के विवरण सहित स्वायत्त शासन निदेशालय में शिकायत की हुई है। विभाग द्वारा तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई।
ईओ पूजा शर्मा ने रिपोर्ट भेज दी। कुछ के गलत तथ्य भी भेजे। वह शिकायत शक्तिहीन होकर बीच में लटक रही है। फर्जी रिकॉर्ड से पट्टे लेने वालों में भाजपा के लोग भी हैं। कांग्रेस के परसराम भाटिया ने बड़ी उदारता से पट्टे दिए।
* नगरपालिका प्लांड भूमि से अतिक्रमण कब हटाएगी और गलत पट्टों को कब निरस्त करेगी? इसके लिए कोई दबाव नहीं है और न कोई नयी शिकायत है।०0०
*****
बुधवार, 9 जुलाई 2025
ये है संदीप कासनिया और ओपन दरबार
* करणीदानसिंह राजपूत *
पचास हजार की हार को थैली में बंद कर गुलगांठ लगाकर फेंक कर कासनिया ही भाजपा नेता बना लोगों की समस्याओं को सुन रहा है। रामप्रताप कासनिया को सन् 2023 के चुनाव में पचास हजार से अधिक वोटों से हरा दिया गया था। कासनिया ने मुंह से कुछ दिनों तक खुलेआम कहा कि चेताचूक हो गया। लेकिन यह आश्चर्य है कि यह हार भी अब चर्चा नहीं है।
रामप्रताप कासनिया ने लोगों की समस्याओं को सुनना शुरू किया और उन्हीं का अनुगमन करता हुआ पुत्र संदीप कासनिया भी आगे बढा।
कुछ लोगों के मुंह से निकलता है कि कौन है कासनिया। ये है कासनिया! और ये है संदीप कासनिया का ओपन दरबार। कोठी के बाहर गली में ओपन दरबार। कोठी में बैठ कर भी जनसुनवाई होती है जहां भाजपा के नेताओं के चित्र लगे हैं। जहां कमल चित्र भी है। रोजाना सुबह से शाम तक दो सौ से अधिक लोग बात करने पहुंचते हैं। जन सुनवाई में व्यक्ति गत समस्याएं भी होती है और पूरे गांव की समस्याएं भी होती हैं।
* सूरतगढ़ के वार्डों में और ग्रामीण इलाकों में भी कार्यक्रमों में भी संदीप कासनिया लोगों के बीच होते हैं। भाजपा के इस नेता तक पहुंच रहे हैं लोग और यह नेता भी पहुंच रहा है लोगों के बीच।
👌 9 जुलाई 2025.
करणीदानसिंह राजपूत,
पत्रकार ( राजस्थान सरकार से मान्यता आजीवन)
सूरतगढ़ ( राजस्थान )
94143 81356.
*******
मंगलवार, 8 जुलाई 2025
बरसाती पानी में कागजी नाव चलाते नेता नेतियां.
* करणीदानसिंह राजपूत *
बरसाती पानी में कागज की नाव बच्चे चलाते हैं जो कुछ दूर तक बहाव में चलकर डूब जाती है। बरसात से पहले जो नेता नेतियां चुप अपने अपने घरों में पड़े थे या किसी न किसी प्रकार का नाटक कर रहे थे, वे अब कागजी नाव चलाने के लिए बरसात में डूबते लोगों के बीच पहुंच कर जन हितैषी होने का नाटक करने में लग गए हैं। सभी नाटककारों को मालुम है कि उनकी नाव तो कुछ दूरी तक ही चलेगी। नाटककार मोहल्लों में नहीं जा रहे, क्योंकि वहां लोग खरी खरी सुना देंगे इसलिए नगरपालिका में घंटे आध घंटे का धरना प्रदर्शन का या एसडीएम एडीएम कलेक्टर से भेंट करने का नाटक करने में लगे हैं। बड़े नाटककार मंत्रियों से भी मिल रहे हैं। सभी के समाचार विडिओ भी सोशल मीडिया पर चल रहे हैं। यह नाटक ही उनको बरसाती मेंढक साबित कर रहा है।
* नेता नेतियां बरसात से पहले अपने अपने शहरों गांवों में देख लेते कि पानी निकासी की व्यवस्था है या नहीं है? मानसून की बरसात आने से पहले जिलाकलेक्टर का निर्देश होता है कि मई तक नाले नालियां साफ करवाएं। इस संदेश का पालन हुआ या नहीं, यह देखने के लिए ही नाले नालियों पर झांक लिया जाता। अब बरसात शुरू होने के बाद पानी की निकासी नहीं होने, घरों दुकानों में पानी घुसने के बाद,जल भराव वीआईपी लोगों के वार्डों में होने के बाद नाटक शुरू है। गरीबों की कच्ची बस्तियों और उनके मकानों के टूटने बिखरने पर कोई नहीं बोला। अब वीआईपी कहलाने वाले मोहल्लों में पानी भरा है तो मेंढक भी निकल पड़े हैं। वीआईपी लोगों ने अपने आवासों कोठियों के आगे सड़कों पर बड़े बड़े अतिक्रमण कर रखे हैं जो बरसाती पानी के निकास में बाधा बने हैं। अब वीआईपी परिवार घरों में कैद हैं। घरों के आगे पानी भरा है। बाहर निकल नहीं सकते। स्कूटी पानी में तैर रही है। नेता नेतियां वहां कागजी नाव चला रहे हैं। वैसे तो वीआईपी लोगों को कागज की नाव चलाने का खेल भी कर लेना चाहिए। लोगों के आवागमन में बाधा करने वाले अतिक्रमणों को सजाने संवारने वाले बड़े लोगों को शर्म भी नहीं आती। आवासों के आगे मोहल्लों में बरसाती पानी के पोखर तालाब झीलें बन रही है ये सब मौत का बुलावा है। अभी भी चेत जाएं। कागजी नावें चलाने का नाटक बंद करें। ०0०
8 जुलाई 2025.
करणीदानसिंह राजपूत,
पत्रकार,
( राजस्थान सरकार से अधिस्वीकृत)
सूरतगढ़ ( राजस्थान )
94143 81356.
*****
अनुरोध: प्रकाशित कर सकते हैं। शेयर कर सकते हैं। करणीदानसिंह राजपूत.
****
रायांवाली में निर्माण घोटाला:नयी जांच समिति.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 8 जुलाई 2025.
ग्राम पंचायत रायांवाली के गांव रायांवाली में निर्माण कार्यों में लाखों रूपयों के घोटालों व निर्माण की असलियत जांच के लिए सात जुलाई को नयी समिति का गठन किया गया है। दीपचंद शर्मा अतिरिक्त विकास अधिकारी श्रीगंगानगर और पंचायत समिति सूरतगढ़ के सहायक अभियंता हरिकृष्ण सिहाग व सहायक लेखाधिकारी अनिल जाखड़़ नयी समिति में हैं।
आरोप है कि विभिन्न निर्माण कार्यों में लाखों रूपये का घोटाला हुआ है। सरपंच अब प्रशासक और ग्राम विकास अधिकारी ने अनेक घोटाले किए हैं। एक सड़क का तो बिना निर्माण के ही निर्माण का बोर्ड लगा दिया जिसमें 8 लाख का बजट था। इंटरलोकिंग टाईल्स की सड़क दिखाई गई। जब लोगों के सामने घोटाला पकड़ में आया तब बचाव के लिए वहां सड़क बनाने की कार्यवाही शुरू की गई जो लोगों ने भ्रष्टाचार बचाव में लीपापोती माना और नयी शिकायत कर दी,जिसके कारण निर्माण पर रोक लग गई। इसके अलावा भी शिकायत है। पंचायत राज मंत्री को की गई शिकायत पर जांच शुरू हुई है।
* सड़क घोटाले पर एक विडिओ भी वायरल हुआ जो रायांवाली निवासी पत्रकार ने बनाया था। सड़क बनाई नहीं लेकिन वहां सड़क का शिलापट्ट लगा दिया। शिला पर कमलेश कंवर का नाम आदि सब लिखा हुआ है।
* ग्राम पंचायत की सरपंच कमलेश कंवर का बेटा विकास शेखावत ही कामकाज देखता है। विकास शेखावत सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा देहात मंडल राजियासर का अध्यक्ष है।
०0०
००००
रविवार, 6 जुलाई 2025
अंडरपास में पानी.सड़क धंसी.खतरा बना.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 6 जुलाई 2025.
बरसात का पानी अंडरपास में भरने के बाद चौधरी चरण सिंह चौक के पास अंडरपास से सटी सड़क करीब 100 फुट लंबाई में धंस गई। * इससे वहां चौक पर खोमचा रेहड़ी वाले और बसों के पास से आवागमन करने वालों के लिए खतरा बन गया है।
* अंडरपास चौधरी चरण सिंह चौक से राठी स्कूल की तरफ बना हुआ है। अंडरपास में पहले पानी टपकने और धार के रूप में टपकने से लगातार खतरा बना हुआ है। अब बरसात का पानी भरने के बाद सड़क धंसने से खतरा बढ गया है। अंडरपास का निर्माण अच्छा नहीं हुआ और पूर्ण बनने से पहले ही तत्कालीन विधायक राजेंद्र सिंह भादु ने लोकार्पण में जल्दबाजी की। उस समय लोकार्पण और अंडरपास पर सवाल उठे थे।
* अतिरिक्त जिलाकलेक्टर/ उपखंड अधिकारी को निरीक्षण और अंडरपास के लिए इंजीनियरिंग जांच करवानी चाहिए और सुरक्षित और असुरक्षित घोषित करना चाहिए।०0०
नगरपालिका सूरतगढ़ जुगाड़ से बना निकम्मा प्रशासन.शहर को क्या संभालेगा?
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 6 जुलाई 2025.
नगरपालिका सूरतगढ़ का प्रशासन जुगाड़ से बनाया हुआ निकम्मा प्रशासन है जो शहर को क्या संभालेगा? प्रदेश में भाजपा का राज है। नगरपालिका प्रशासन में सुधार नहीं है।
👌 रामप्रताप कासनिया पूर्व राज्य मंत्री की क्या मजबूरी है जो निकम्मे प्रशासन को चलता करने के बजाय सारे शहर पर थोप रखा है और यह आगे कितने दिन और थोपे हुए रखना है? पूर्व विधायक अशोक नागपाल भी शहर की दुर्दशा पर चुप हैं।
👌 भाजपा के जिलाध्यक्ष स.शरणपालसिंह मान तो कासनिया से ऊपर हैं तो वे अधिक जुम्मेवार हैं। नगरपालिका का यह जुगाड़ प्रशासन शहर को विकास में आगे बढाने के बजाय क्षत विक्षत कर रहा है। जिला बनाने की मांग है और नगरपालिका ही नहीं संभल रही। क्या कासनिया, नागपाल शरणपालसिंह के कोई व्यक्तिगत काम हो जाएंगे तो जुगाड़ प्रशासन को शहर नष्ट करने दिया जाता रहेगा। यहां स्पष्ट चेतावनी है कि कासनिया जी अब बहुत हो गया है और अब शहर इस जुगाड़ प्रशासन को आगे सहन नहीं करेगा।
👌रामप्रताप कासनिया, अशोक नागपाल और शरणपालसिंह मान शहर के हालात दुर्दशा और जुगाड़ प्रशासन का निकम्मापन अपने घरों से बाहर निकल कर देखें। यह जुगाड़ प्रशासन तो एक दिन भी चलने वाला नहीं है।
* नगरपालिका में जुगाड़ प्रशासन का मतलब कोई भी अधिकारी कर्मचारी अपनी ड्युटी नहीं कर रहा जिसका वेतन ले रहा है।
** नगरपालिका कार्यालय में दमकल और सफाई शाखा के कर्मचारियों को लगाया हुआ है जो मंत्रालयिक कार्य,लेखा कार्य के जानकार ही नहीं है। नगरपालिका से सेवा निवृत्त हुए कर्मचारियों को पेंशन नहीं दी जा रही।
इसमें वाल्मीकि सेवा निवृत्त सफाई कर्मचारी परिवार भी हैं। लेखाविभाग के कर्मचारी पेंशन के कागजात तैयार करना ही नहीं जानते तब पेंशन किसी को कैसे मिले।
* स्वायत्त शासन निदेशालय के आदेश हैं कि सफाई दमकल के कर्मचारियों को किसी अन्य कार्य पर नहीं लगाया जाए, लेकिन सूरतगढ़ में यह फर्जीवाड़े में चल रहा है और इस पर सभी भाजपा नेता नेतियां चुप हैं वे उच्च अधिकारियों व निदेशालय तक लिखित में अवगत नहीं कराते और भाजपा प्रदेश कार्यालय में शिकायत नहीं करते। डिजायर यानि सिफारिश कासनिया की चलती है और वे जुगाड़ खत्म नहीं करना चाहते तब अशोक नागपाल और शरणपालसिंह मान की ड्युटी बनती है कि वे कड़ा रुख अपनाते हुए शहर को सुधारने के लिए आगे कार्वाई करें। बिना किसी किंतु परंतु के नगरपालिका प्रशासन के समस्त जुगाड़ को यहां से स्थानांतरित करवाएं। अभी स्थानांतरण संभव नहीं तो सस्पेंड या एपीओ कराएं ०0०
शासन प्रशासन को अब भाषणी नेताओं का डर नहीं.
* करणीदानसिंह राजपूत *
देश काल की बात करें तो जनता सुखी नहीं संतुष्ट नहीं। शासन प्रशासन को कोई डर नहीं। सरकारें राजधानियों से लेकर ग्रामों तक अधिकारी कर्मचारी चलाते हैं जो आजकल किसी से डर नहीं रहे। सभी जगह उनकी मर्जी चल रही है और वे जैसा चाहे कर रहे हैं। वे कार्यालयों में आएं न आएं,कब आएं कब जाएं,किस फाईल को रोकें,महीनों तक निर्णय नहीं करें। सब उनकी मर्जी पर है। शनिवार रविवार का अवकाश होता है और शुक्रवार से ही अनेक अधिकारी गायब हो जाते हैं।
* रिश्वत के बिना काम नहीं हो रहे। न्याय कहीं दिखाई नहीं दे रहा। आखिर ये हालात दुर्दशा क्यों हो गई? पहले भय था अब क्यों नहीं है?
* पहले नेताओं का भय रहता था। प्रतिपक्ष के नेताओं से शासन प्रशासन भयभीत रहते थे और भय के कारण राज पर अंकुश रहता था।
* अब नेताओं का कोई भय नहीं है। नेता भाषणी हो गये हैं। भाषणी नेताओं से कोई नहीं डरता। ये भाषणों तक ही सीमित होते हैं। मंच मिला तो वहां पहुंचे, भाषण दिया, फोटो खिंचवाए और गायब।
👌भाषणी नेता कभी लिखित में शिकायत नहीं करते। इस कारण वे कमजोर होते हैं और कमजोर की कोई भी बात अधिकारी कर्मचारी नहीं मानते। इसलिए हर जगह दुर्दशा हो रही है। जनता ही हर ओर भटकती है। गरीब की पुकार पर नेता काम नहीं करते। नेता वहां भाषण देते हैं जहां प्रचार मिले। नेताओं की इस कमजोरी के कारण कार्यालयों में सही काम भी वर्षों तक नहीं होते। आठ दस साल तक भी नहीं होते।
* भाषणी नेताओं के कारण आंदोलन संघर्ष तक भटका कर खत्म करा दिए जाते हैं। भाषणी नेता अधिकारियों से मिल जाते हैं। वारे न्यारे कर जाते हैं। गरीब पीड़ित को मालुम नहीं पड़ता कि उसको कहां बेच दिया।
👌 अपने आसपास अपने शहर गांव में देखें। कितने भाषणी नेताओं से लोग घिरे हैं। भाषणी नेताओं को पहचान लें और जहां मंच लगे वहां भाषणी नेताओं को माईक न सौंपे।०0०
6 जुलाई 2025.
करणीदानसिंह राजपूत,
पत्रकार,( राजस्थान सरकार से अधिस्वीकृत लाईफटाईम)
सूरतगढ़ ( राजस्थान )
94143 81356
*****
प्रकाशित करें। शेयर करें।
****
सदस्यता लें
संदेश (Atom)



































