जिलाश्रीगंगानगर:पंचायत समितियों व जिलापरिषद मतगणना टेबलें व स्थान.विवरण.
* करणीदानसिंह राजपूत *
श्रीगंगानगर/ सूरतगढ़ 17 नवम्बर 2026.
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना डाॅ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय और राजकीय विधि महाविद्यालय श्रीगंगानगर में 20 नवम्बर 2026 को प्रातः 8 बजे से आरम्भ होगी। दो पारियों में होने वाली मतगणना के तहत पहली पारी में पंचायत समिति सदस्य और दूसरी पारी में जिला परिषद सदस्य चुनाव की मतगणना होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव ने बताया कि पहली पारी में पंचायत समिति क्षेत्र के अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ता और गणन अभिकर्ता को वार्ड वार मतगणना कक्ष में प्रवेश दिया जायेगा जबकि दूसरी पारी में पंचायत समिति सदस्य की मतगणना के तुरन्त बाद जिला परिषद क्षेत्र के अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ता और गणन अभिकर्ता को वार्ड वार प्रवेश दिया जायेगा।
मतगणना के लिये संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। जिला परिषद सदस्यों की मतगणना हेतु नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी भी लगाये गये हैं।
सादुलशहर, श्रीगंगानगर उत्तर, श्रीगंगानगर दक्षिण, श्रीकरणपुर, सूरतगढ़, राजियासर और पदमपुर पंचायत समिति की मतगणना डाॅ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय श्रीगंगानगर में होगी। सादुलशहर पंचायत समिति की मतगणना इस महाविद्यालय के जूलाॅजी मेन हाॅल में होगी।
👍 मतगणना हेतु 15 टेबल लगाई जायेगी। इसी तरह मेन हाॅल में होने वाली श्रीगंगानगर उत्तर व श्रीगंगानगर दक्षिण पंचायत समिति की मतगणना के लिये 10-10 टेबल, बाॅटनी लैब साइंस ब्लाॅक ग्राउंड फ्लोर में होने वाली श्रीकरणपुर पंचायत समिति की मतगणना के लिये 10 टेबल, रूम नम्बर ए-9 में होने वाली सूरतगढ़ पंचायत समिति की मतगणना के लिये 15 टेबल, रूम नम्बर ए-11 में होने वाली राजियासर पंचायत समिति की मतगणना के लिये 10 टेबल, जूलाॅजी लैब द्वितीय साइंस ब्लाॅक प्रथम तल में होने वाली पदमपुर पंचायत समिति की मतगणना के लिये 10 टेबल लगाई जायेगी।
इसी तरह श्रीबिजयनगर, रायसिंहनगर, अनूपगढ़ और घडसाना पंचायत समिति की मतगणना राजकीय विधि महाविद्यालय श्रीगंगानगर में होगी। इस महाविद्यालय के रूम नम्बर ए-6 में होने वाली श्रीबिजयनगर पंचायत समिति की मतगणना के लिये 12 टेबल, आर-11 में होने वाली रायसिंहनगर पंचायत समिति की मतगणना के लिये 10 टेबल, हाॅल में होने वाली अनूपगढ़ पंचायत समिति की मतगणना के लिये 11 टेबल, आर-3 में होने वाली घड़साना पंचायत समिति की मतगणना के लिये 10 टेबल लगाई जायेगी।०0०