रविवार, 20 फ़रवरी 2022
सूरतगढ़ में रविवार को सड़कों पर कचरा: शर्मनाक है शहीद भगतसिंह चौक पर कचरा फेंकना
* करणीदानसिंहराजपूत *
सूरतगढ़ 20 फरवरी 2022.
सूरतगढ़ की सड़कें रविवार शाम को देखी जाएं तो उड़ती हुई प्लास्टिक की थैलियां पैकिंग के गत्ते और विभिन्न प्रकार का कचरा दिखाई पड़ता है। रविवार को कुछ दुकानें खुलती है लेकिन कचरा बंद दुकानों के आगे भी दिखाई पड़ जाता है। यह कचरा शहर की शोभा नहीं बढाता बल्कि यह प्रमाणित करता है कि यहां के दुकानदार कितने सभ्य हैं जो दुकान को साफ करते हैं और कचरा सड़क के बीच में डालते हैं।
मैं आज शाम को सुभाष चौक से महाराणा प्रताप चौक,वहां से बीकानेर रोड पुलिस स्टेशन के आगे तक गया और आया। उसके बाद महाराणा प्रताप चौक से शहीद भगत सिंह के चौराहे तक गया। करनाणी धर्मशाला के आगे गया। सड़कों पर जहां नजरें गई वहां यह हालात थे जो मैंने ऊपर लिखे हैं। शर्मनाक दृश्य यह है कि शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के पास में भी लोग कचरा फेंकते हैं।०0०
शनिवार, 19 फ़रवरी 2022
मानव जन्म अनमोल रे - बोतल में ना रोल रे, कीकरवाली में नशामुक्ति कार्यशाला
श्रीगंगानगर, 18 फरवरी 2022.
"नौजवान, नशामुक्त समाज की रचना करने में अग्रणी भूमिका का निर्वहन करें। "
जिला पुलिस प्रशासन श्रीगंगानगर द्वारा संचालित नशामुक्ति परामर्श एवम् उपचार केंद्र इस नेक कार्य में आपका सहयोग करने को सहर्ष तैयार है। समाज के अग्रिम पंक्ति में खड़े समाजसेवी संगठन व सामाजिक कार्यकर्ता भी इस यज्ञ में अपने सहयोग की आहुति डालें। देश की आजादी में शिक्षकों का बहुत बड़ा रोल रहा है।
ये उदगार पुलिस थाना मुकलावा की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कीकरवाली में आयोजित नशामुक्ति जनजागृति कार्यशाला व नशामुक्ति शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए नशामुक्ति विशेषज्ञ डॉ. रविकांत गोयल ने कहे।
डॉ. गोयल ने नशेडियों के लक्षण, नशीले पदार्थाें के दुष्परिणाम, नशीले पदार्थाें से बचने के उपाय से अवगत करवाते हुए नशामुक्त जीवन जीने का आह्वान किया।
शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि मुनीश कुमार लड्ढा ने कहा कि मानव जन्म अनमोल रे-बोतल में ना रोल रे। अब जो मिला है फिर ना मिलेगा- कभी नहीं -कभी नहीं -कभी नहीं। विद्यालयों व महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थी स्वयं नशे के जाल में फंसने से बचे ओर जो लोग किसी भी कारण से नशे की चपेट में आ चुके हैं, उनको नशे रूपी दल - दल से बाहर निकालने में अपनी युवा शक्ति का सही उपयोग करें।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डी. एस. पी. ( रायसिंहनगर ) अन्नु बिश्नोई ने कहा कि विद्यार्थी गांव को नशामुक्त बनाने को अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं। यदि गांव नशे से बचे रहेंगे तो ही खेतो में अनाज उपजेगा। नहीं तो आने वाली पीढ़ियों के नशेड़ी नौजवान देश को अनाज के स्थान पर भूख और बर्बादी देंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंचायत समिति प्रधान सुनीता गोदारा ने कहा कि ग्रामीण युवा दिखावे की जिंदगी जीने की ओर अग्रसर होते दिखाई पड़ने लगे हैं, जो कि चिंता का विषय है। कीकरवाली ग्राम पंचायत सरपंच धनराज गेदर ने कहा कि नशामुक्ति जनजागृति कार्यशालाओं से जो वातावरण निर्मित हो रहा है, उसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। आज छोटे - छोटे बच्चे अपने अभिभावकों का नशा छुड़वाने में प्रभावी भूमिका अदा करते दिखाई पड़ने लगे हैं।
तहसीलदार अमर सिंह भनखड़ ने ग्रामीणों से आहवान किया कि जो अवैध रूप से नशा बेचते हैं, उनकी सूचनाएं सी एल जी सदस्यों और थानाधिकारियों के माध्यम से साझा करें ताकि पुलिस प्रशासन उनके विरुद्ध कार्यवाही कर सके। नशा चेतनता समाप्त करता है। पहले खुद से नशा छोड़ने की शुरुआत करे। विद्यालय प्रधानाचार्य अमरीश कुमार ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है, इसे नशे में न गवाएं। नशा करने वाला व्यक्ति अपने साथ-साथ परिवार का जीवन भी बर्बाद कर देता है। विद्यार्थी नशे व अन्य बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य को उज्ज्वल कर सकते हैं। नशामुक्त समाज की रचना करने में सहयोगी बनें।
सेवानिवृत जिला शिक्षा अधिकारी ( माध्यमिक) शिव शंकर बिश्नोई ने कहा कि श्रीगंगानगर जिले में आई.पी. एस. श्री सुधीर प्रताप सिंह ने नशामुक्त श्रीगंगानगर की सोच के साथ इस जिले में नशामुक्ति अभियान शुरू किया था, जो आज फिर मंशा नशामुक्ति अभियान के सशक्त इरादो के साथ पूरे बीकानेर संभाग में शुरू किया गया है।
श्रीगंगानगर जिला कलक्टर श्रीमती रुक्मणि रियार सिहाग और जिला पुलिस अधीक्षक श्री आनंद शर्मा इस दिशा में विशेष रूप से प्रयासरत हैं।
थानाधिकारी मुकलावा मलकीत सिंह ने कहा कि नशामुक्ति अभियान पुलिस प्रशासन द्वारा चिकित्सा विभाग व शिक्षा विभाग के सहयोग से चलाया जा रहा है, जिसके सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं। युवा व जागरूक लोग इस अभियान के सहयोगी बनें। कार्यक्रम में विक्रम ज्याणी ने नाटक के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रविकांत गोयल ने नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों की जांच की व उन्हें उचित परामर्श दिया।०0०
--------
शुक्रवार, 18 फ़रवरी 2022
पीपुल्स फोर एनीमल्स सूरतगढ़ द्वारा मुखराम स्वामी का सम्मान:गौशाला वास्ते भूमि दान
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 18 फरवरी 2022.
रघुनाथपुरा गांव की श्रीकृष्ण गौशाला के लिए 50 बीघा भूमि भूमि दान करने वाले मुखराम स्वामी का पीपुल्स फार एनीमल की ओर से आज सम्मान किया गया।
स्वामी को माला पहनाकर शॉल ओढाई गई व श्रीफल प्रदान किया गया।
संस्था की ओर से संरक्षक प्रेमसिंह सूर्यवंशी, जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह जाटव,तहसील अध्यक्ष राकेश गौतम,तहसील सचिव चमकौर सिंह, नगर अध्यक्ष पार्षद हंसराज स्वामी, राजस्थानी साहित्यकार मनोज कुमार स्वामी आदि ने सम्मान किया।
मुखराम स्वामी ने यह 50 बीघा भूमि गौशाला के लिए दान करने पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए बताया कि जब वे छठी कक्षा में सेठ रामदयाल राठी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश लेने गए तो उन्होंने वहां विद्यालय पर सेठ रामदयाल राठी का नाम लिखा देखा तो जिज्ञासावस अपने गुरुजन से पूछा कि इनका नाम यहां पर कैसे लिखा हुआ है?
तब अध्यापक ने बताया कि यह विद्यालय इनके द्वारा भूमि सहित भवन बना कर दान में दिया गया था। उस समय मन में यह बात बैठ गई।
उस समय किशोरावस्था में मन में बैठी बात सेवानिवृत्त होने के बाद गौशाला के लिए भूमि दान करने के लिए उठने लगी। आखिर मन में उठी बात गौशाला के लिए भूमि दान के साथ पूरा हुई।
मुखराम स्वामी के इस कार्य को गायों की रक्षा के लिए श्रेष्ठ मानते हुए पीपुल्स फोर एनीमल्स ने सम्मानित करने का निर्णय लिया।
पीपुल्स फोर एनीमल्स के तहसील अध्यक्ष राकेश गौतम ने स्वामी का आभार प्रगट किया। गौतम ने आह्वान किया कि लोगों को प्रत्येक जीव के प्रति अपनी दया दिखाने के लिए आगे आना चाहिए।०0०
बुधवार, 16 फ़रवरी 2022
ऑल इंडिया राहुल गांधी कांग्रेस कमेटी सूरतगढ़ तहसील की कार्यकारिणी घोषित
सूरतगढ़ 16 फरवरी 2022.
ऑल इंडिया राहुल गांधी कांग्रेस कमेटी सूरतगढ़ तहसील के अध्यक्ष मोहम्मद अली राठ ( पूर्व सरपंच 13 एस.डी.) ने अपनी तहसील कार्यकारिणी गठित की है।
इसमें पदों के भरमार है।
तहसील महामंत्री 22 तहसील उपाध्यक्ष 24 तहसील सचिव 16 तहसील संगठन मंत्री 4 तहसील सहायक सचिव 5 तहसील संयुक्त सचिव 5 तहसील संयुक्त सह सचिव 3 तहसील प्रचार मंत्री 3 तहसील कार्यकारिणी सदस्य 4 कुल 86 बनाए गए हैं।
मोहम्मद अली ने बताया कि सभी को मनोनयन पत्र जारी कर दिए गए हैं। यह ब्लाक कार्यकारिणी की पहली सूची है सभी सदस्यों को पार्टी के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई जाती है।०0०
श्रीगंगानगर जिले में सुरक्षा जवानों का चयन व प्रशिक्षण इन स्थानों पर होगा
श्रीगंगानगर, 15 फरवरी 2022.
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मोहम्मद जुनैद ने जिले के विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि एसआईएसईलि. देहरादून द्वारा सुरक्षा के लिये बेरोजगार युवाओं का चयन व प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जायेगा।
कार्यक्रम के अुनसार अनूपगढ़ में 18 फरवरी को, घडसाना में 21 को, करणपुर में 22 को, पदमपुर में 23 को, रायसिंहनगर में 24 को, सादुलशहर में 25 को, गंगानगर में 28 फरवरी को, सूरतगढ़ में 1 मार्च को तथा विजयनगर में 2 मार्च को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रस्तावित तिथि को डिप्टी कमाण्डेंट आरटीए देहरादून को पंचायत समिति का हॉल प्रशिक्षण के लिये उपलब्ध करवाया जाये तथा राजस्थान सरकार द्वारा जारी कोविड-19 की पालना भी सुनिश्चित की जाये।
उल्लेखनीय है कि इच्छुक युवा अपने समस्त दस्तावेज, एक पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड की फोटो कॉपी के साथ चयन व प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे। अधिक जानकारी के लिये मोबाईल नम्बर 7456026599 तथा 9917529293 व 8318020726 पर संपर्क कर सकते है।
--------०0०
मंगलवार, 15 फ़रवरी 2022
खाद्य सामग्री के 11 नमूने फेल, सभी को भेजे नोटिस
- जनवरी में लिए 74 में से 43 की आई रिपोर्ट
- आज कार्रवाई में घी के 146 डब्बे किए सिल्ड
हनुमानगढ़ 15 फरवरी, 2022
राज्य सरकार के निर्देशानुसार शुद्ध के लिये युद्ध अभियान के तहत मंगलवार को भी जिले में खाद्य सामग्री बनाने व बेचान करने वाले संस्थानों पर निरीक्षण की कार्यवाही की गई एवं पांच सैम्पल भरे गए। इसके अलावा जनवरी 2022 से अब तक लिए गए कुल सैम्पलों में से 11 नमूने फेल हो गए हैं, जिन्हें नोटिस दिए जा चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में जनवरी 2022 से शुद्ध के लिए युद्ध अभियान अनवरत: जारी है। करीब डेढ़ माह में 74 सैम्पल लिए गए, जिनमें से 43 सैम्पल की रिपोर्ट विभाग को प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें से 11 नमूने फेल पाए गए हैं। इन सभी खाद्य विक्रेताओं को नोटिस दिए चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले में मंगलवार को हनुमानगढ़ में शुद्ध के लिए युद्ध अभियान जारी रहा। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए जिले में खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय करने वाले संस्थानों पर निरीक्षण की कार्यवाही की गई। निरीक्षण दल में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीतसिंह यादव, डेयरी से सीनियर टैक्नीशियन दिलीप सिंह ने खाद्य सामग्री को बनाने एवं बेचान करने वाले संस्थानों की जांच की एवं सैम्पल एकत्र किए। डॉ. शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को आज 5 केएनजे स्थित दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति मक्कासर से मिश्रित दूध, मक्कासर से दुग्ध उत्पादक समिति विक्रेता से मिश्रित दूध, आरके एण्ड संस से पनीर, कामधेनु डेयरी से घी एवं श्वेता एजेंसी से साक्षी ब्राण्ड के घी का सैम्पल लिया गया। उन्होंने बताया कि श्वेता एजेंसी से प्राप्त सैम्पल लेने के बाद मिलावट का संदेह होने पर वहां घी के 146 डब्बों को सील किया गया। सैम्पल को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भिजवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में अगर कहीं पर मिलावटी खाद्य पदार्थ तैयार अथवा बेचान किया जाता है, तो उसकी सूचना मोबाइल नम्बर 75972-22000 अथवा वट्र्सअप पर दी जाए। ०0०
जिला कलेक्टर ने सूरतगढ़ की टीसी को पुख्ता की 14 फाईलों पर स्वीकृति दी.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 15 फरवरी 2022.
नगरपालिका पेराफेरी में राजस्व तहसील क्षेत्र की भूमि आने पर अस्थायी कास्त की सैंकड़ों फाईलों को निरस्त कर दिया गया।
महावीर प्रसाद तिवाड़ी ने इसके लिए दो तीन साल से धरना मांगे आदि कर संघर्ष चला रखा था।
अब कुछ और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कई दिन से धरना दे रखा था। इससे पहले सरकार से पुख्ता आवंटन का एक आदेश भी करवाया।
इस संघर्ष से मांग ने अधिक जोर पकड़ा।
आज तिवाड़ी आदि जिला कलेक्टर रूक्मिणी रियार से मिले।
जिला कलेक्टर ने उनको कहा कि 14 फाईलों पर उन्होंने स्वीकृति जारी कर दी है। सात फाईलों पर स्वीकृति और जारी होने वाली है। इसके अलावा फाईलें तहसीलदार के पास जांच और कमियां दूर करने आदि के लिए भिजवा दी है।
कलेक्टर ने कहा कि काम हो रहा है तथा वे सीधे ही मिल सकते हैं। इसके लिए धरने आदि की आवश्यकता नहीं है। तिवाड़ी ने बताया कि 16 फरवरी को तहसील के आगे धरना स्थल पर सुबह 11 बजे एक बैठक कर इस बाबत निर्णय किया जाएगा और उसके अनुरूप आगे कार्यक्रम होगा।०0०
सोमवार, 14 फ़रवरी 2022
अंकुर लड़ोइया भारत विकास परिषद सूरतगढ़ के अध्यक्ष चुने गए: सचिव,कोषाध्यक्ष भी चुने गए.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 14 फरवरी 2022.
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष पद पर अंकुर लड़ोइया को अध्यक्ष चुना गया।
यह निर्वाचन साधारण बैठक में 13 फरवरी को हुआ। भारत विकास परिषद समाज सेवा में अग्रणीय संस्थाओं मे है।
भारत विकास परिषद शाखा सूरतगढ़ की बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष व निर्वाचन अधिकारी श्री मोटाराम चाचाण के नेतृत्व में चुनाव संपन्न किया गया जिसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष श्री अंकुर लडोईया सचिव श्री शिव शंकर सोमानी और कोषाध्यक्ष श्री अशोक मोदी को चुना
गया ।
बैठक में परिषद के संरक्षक डॉक्टर के एल बंसल,घनश्याम शर्मा, राजेंद्र सारस्वत,जय किशन अरोड़ा,रमेश आसवानी, अशोक मखीजा,संजीव मदान एवं संजय सोढा आदि मौजूद थे।०0०
रविवार, 13 फ़रवरी 2022
महावीर इंटरनेशनल का रक्तदान शिविर:ईओ विजयप्रतापसिंह राठौड़ ने रक्तदान कर शुभारंभ किया
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 13 फरवरी 2022.
महावीर इंटरनेशनल केंद्र के 178 वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में तपोवन ब्लड बैंक श्रीगंगानगर की मोबाइल टीम ने 101 यूनिट रक्त संग्रह किया। नगरपालिका सूरतगढ़ के अधिशासी अधिकारी श्री विजय प्रताप सिंह ने रिबन काटकर एवं स्वयं रक्तदान कर शिविर का उद्घाटन किया।
तपोवन के डॉक्टर माया शंकर के नेतृत्व में टेक्निकल स्टाफ कन्हैया लाल, विनोद बांगड़वा, दीपक शर्मा व नर्सिंगकर्मी कांता रोलन द्वारा रक्त संग्रह किया गया।
संजय बैद, नीतू बैद, निखिल बैद, अखिल बैद,अजय बैद एवं श्रीमती सुरेश छाबड़ा, सनी रमन छाबड़ा, पूनम छाबड़ा ने परिवार के रूप में, एवं सोहन लाल ढ़ाका व श्रीमती नानकौर, चन्द्र सिंह चौधरी व श्रीमती पिंकेश ने पति-पत्नी के रूप में तथा राजीव मूंधड़ा व प्रशांत मूंधड़ा, बृजमोहन प्रजापत व विजय कुमार, चन्द्रेश सेठिया व पवन सेठिया, महावीर राठी व विकास राठी ने पिता पुत्र के रूप में रक्तदान किया।
शिविर में सेवानिवृत्त इंजीनियर रमेश चंद्र माथुर सहित रोवर लीडर तुषार कामरा व सुनील पूनिया के नेतृत्व में राजकीय महाविद्यालय सूरतगढ़ के रोवर व रेंजर टीम के सदस्य राहुल, विरेंद्र घोड़ेला, मुकेश कुमार, कमल किशोर, विक्रम कुमार, हरविंद्र कौर, काजल व श्रवण कुमार सहित संस्था के सदस्यों ने अपनी सेवाएं दी।
इस शिविर के परियोजना निदेशक वीर चन्द्र सिंह चौधरी व वीर सोहनलाल ढ़ाका थे।
संस्था की ओर से सभी रक्त पदाताओं को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया ।
संस्था सचिव राजेश वर्मा ने सभी रक्तदाताओं व रक्त संग्रह टीम का आभार व्यक्त किया। ०0०
सदस्यता लें
संदेश (Atom)