रविवार, 24 अगस्त 2025
शनिवार, 23 अगस्त 2025
सूरतगढ़ पालिकाध्यक्ष सामान्य या आरक्षित? भाजपा कांग्रेस में कौन भारी?
* करणीदानसिंह राजपूत *
राजस्थान की 309 नगर पालिकाओं में 52 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होंगे। इसी में अनुसूचित जाति महिलाओं के भी शामिल होंगे जो 17 पद होंगे। ये जो 52 पद अनुसूचित जाति के आरक्षित होंगे उनमें नये परिसीमन के कारण सूरतगढ़ भी होगा। लॉटरी में यह महिला के भी निकल सकता है।
सूरतगढ़ में इसके लिए कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में तैयारियां भी चल रही है।
*अगर जनता में से सीधा अध्यक्ष चुनाव होता है तो भाजपा कांग्रेस में टिकट मिलने की संभावनाएं इन चेहरों में हो सकती है।
भाजपा में ओमप्रकाश अठवाल वाल्मीकि,जगदीश प्रसाद मेघवाल,अमित कल्याणा वाल्मीकि दावेदार हो सकते हैं। इनमें ओमप्रकाश अठवाल और जगदीश मेघवाल वरिष्ठ हैं और पूर्व में दो दो बार पार्षद रह चुके हैं। जगदीश मेघवाल तो अध्यक्ष पद पर भी मनोनीत रह चुके हैं। भाजपा महिलाओं में पूर्व प्रधान बिरमादेवी नायक और जिला प्रमुख कविता रेगर दो चेहरे नजर आते हैं। इनके अलावा कोई नया चेहरा भी पूर्व राज्यमंत्री रामप्रताप कासनिया, जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह मान,पूर्व विधायक अशोक नागपाल और पूर्व पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा की सलाह से सामने आ सकता है।
कांग्रेस पार्टी में परसराम भाटिया और योगेश मेघवाल दावेदार हो सकते हैं। इनमें परसराम भाटिया अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। परसराम भाटिया पर अध्यक्ष पद पर रहते नगरपालिका में भ्रष्टाचार के अनेक आरोप हैं लेकिन विधायक डुंगरराम गेदर के अधिक नजदीक का टिकट में लाभ मिल सकता है। यह माना जा सकता है कि गेदर परसराम के होते किसी ओर के लिए सिफारिश नहीं करेंगे। गेदर भाटिया को प्रथम रखेंगे। योगेश पत्रकारिता के कारण जनता के संपर्क में प्रभावित करने वाले युवा चेहरों में है। स्वच्छ बेदाग चेहरे में पार्टी योगेश को प्रथम स्थान पर रख सकती है। कांग्रेस में महिला चेहरा कौन हो सकता है? इसमें भी विधायक द्वारा चयन को प्राथमिकता हो सकती है। कृष्णा भाटिया पूर्व में नगरपालिका अध्यक्ष रह चुकी हैं।कांग्रेस में वरिष्ठतम बलराम वर्मा और पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह भादु किसको आगे रखते हैं? इन दोनों की सलाह भी महत्व रखेगी,खासकर बलराम वर्मा की सलाह।
अभी ये संभावनाएं हैं। सही तस्वीर आरक्षण लॉटरी के बाद ही आ सकेगी।
👌 लेकिन यह निश्चित है कि भाजपा कांग्रेस के बीच तगड़ा घमासान होगा।०0०
गुरुवार, 21 अगस्त 2025
सूरतगढ़: पालिका चुनाव टिकटों के लिए अभी शुरुआती मौसम.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 21 अगस्त 2025.
नगर निकाय चुनाव नवंबर दिसंबर 2025 में कराए जाने की संभावना के तहत अब अनुभवी तो चुपचाप जुट गए हैं और वार्डों का चयन करने में,संपर्क करने में चेहरा दिखाने में और चुनावी रिश्ते बनाने में।
भारतीय जनता पार्टी,इंडियन नेशनल कांग्रेस के बीच ही मुख्य टक्कर होगी और आज की दशा में कांग्रेस भाजपा से कमजोर नहीं है। इन दोनों पार्टियों के अलावा बसपा, आप,माकपा आदि भी जुगाड़ बैठाऐगी मगर सत्ता समीकरण करने में निर्दलीय अहम भूमिका निभाऐंगे जिनके 45 वार्डों में 10 से 15 वार्डों में जीतने की उम्मीदें मजबूत है। माकपा बसपा और आप सभी की जो धरातलीय हालत है वह पांच सात पार्षदों तक रहने की आशा है। इनका फील्ड वर्क नहीं है।
बड़ी पार्टियों में पार्षदों की टिकटें कांग्रेस में बांटने का बड़ा अधिकार विधायक डुंगरराम गेदर के पास ही है अन्य में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह भादू,बलराम वर्मा भी प्रमुख नेताओं में होंगे।
कांग्रेस में पार्षद प्रत्याशियों के चयन में विवाद खींचातानी कम होगी लेकिन भाजपा में सब विवाद, खींचतान अधिक होने की संभावना है। भाजपा में अभी गुटबाजी के कारण कुछ तो एक दूसरे का नाम सुनने के लिए राजी नहीं और एक दूसरे का चेहरा देखना नहीं चाहते। यह सच्च सभी को मालुम भी है। यह हालात अब एकदम से उपजे हुए नहीं हैं। सन् 2019 में ओमप्रकाश कालवा मेघवाल कांग्रेस की तरफ से वार्ड नं 26 सामान्य सीट से लड़े और जीत गये। ऊपरी दबाव से जैसे सामान्य वार्ड से टिकट मिला वैसे ही अध्यक्ष बन गये। गंगाजल मील ने बनाया मगर भूमि के चक्कर में हुए भीतरी विवाद में कालवा ने भाजपा में प्रवेश कर लिया और कहने को भाजपा का बोर्ड बन गया। अभी निवृत बोर्ड भाजपा का रहा लेकिन यह जीता हुआ बोर्ड नहीं था। भाजपा के जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह मान को यह गंभीरता ध्यान में रखनी चाहिए। अभी भाजपा में जो खेल चल रहा है उससे किसी को आनंद मिले या नहीं लेकिन बोर्ड हाथ से निकल जाने के चांस पचास प्रतिशत से अधिक हैं।
भाजपा की प्रदेश और केंद्र में सरकारें होने के कारण दबदबा तो रहेगा।
भाजपा से जो चुनाव लड़ने के ईच्छुक हैं कमर कसे हैं या सोच रहे हैं उनको किसी न किसी से संपर्क तो रखना चाहिए। भाजपा में रामप्रताप कासनिया पूर्व राज्य मंत्री और संदीपकुमार कासनिया पिता पुत्र का खेमा है। ओमप्रकाश कालवा इनके साथ है। दूसरी ओर पूर्व विधायक अशोक नागपाल का खेमा है जिसे जिलाध्यक्ष का संरक्षण है। यह भी स्थिति है कि गौरव बलाना (नगरमंडल अध्यक्ष),काजल छाबड़़ापूर्व अध्यक्ष नगरपालिका आरती शर्मा,पूजा छाबड़़ा
राकेश बिश्नोईआदि कासनिया के साथ कहीं खड़े नजर नहीं आते। यहां केवल भाजपा ही नहीं है, बल्कि नगरपालिका चुनाव में संघ भी अपनी पावर में रहेगा। एक जो बात तेजी से उभर कर सामने आई है कि पिछड़े और अनुसूचित वर्ग के कार्यकर्ता कासनिया और नागपाल से दूर रहते बड़ा खेल रच सकते हैं और पार्षद चुनाव से आगे अध्यक्ष पद तक बड़ा खेल रचा सकते हैं।०0०
शनिवार, 16 अगस्त 2025
लवली सिडाना अध्यक्ष निर्वाचित:सूरतगढ़ केमिस्ट एसोसिएशन गठित
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 16 अगस्त 2025.
सूरतगढ़ के मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा 'सूरतगढ़ केमिस्ट एसोसिएशन' का गठन किया गया। सर्वसम्मति से अध्यक्ष नागपाल मेडिकल स्टोर के संचालक लवली सिडाना सहित कार्यकारिणी चुनी गई।
कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष धर्मपाल,मोनू कालड़ा,सचिव सुरेंद्र वर्मा, सहसचिव बंशी पारीक,कोषाध्यक्ष पवन मुंजाल,कानूनी सलाहकार विवेक सेतिया,खेल मंत्री राजेश झोरड़,प्रवक्ता विनोद जाखड़,पीआरओ रमेश ज्याणी,मिडिया प्रभारी विशाल दुआ को चुना गया। एसोसिएशन में संरक्षक हंसराज भांभू , पवन तावणिया,विनोद छाबड़ा,भागीरथ गोदारा,अशोक धमीजा,भजन लाल छाबड़ा को बनाया।
कार्यकारिणी में अमित बंसल,प्रेम कटारिया,सनी सिडाना, राजेंद्र बराड़,गौतम सैनी,राधे सारस्वत, सुभाष गेदर,मदन सुथार को सदस्य बनाया।
* स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त की संध्या में होटल गोल्डन इन में कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक नागपाल ने सभी को शुभकामनाएं देते बड़ा आग्रह किया कि एसोसिएशन बढते नशे को रोकने में कार्य कर समाज को युवाओं को नशा मुक्त बनाए और नशे से दूर रखे। एसोसिएशन ने शहर में नशे को जड़ से खत्म करने की शपथ ली। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न संगठनों व एसोसिएशनों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिले की केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ अमित सिहाग आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन सुभाष सिहाग ने किया।०0०
शुक्रवार, 15 अगस्त 2025
सूरतगढ़ में आपातकाल का विरोध करने वाले लोकतंत्र सेनानी समारोह में शामिल हुए.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 15 अगस्त 2025.
आपातकाल का सूरतगढ़ (राजस्थान) में विरोध कर लोकतंत्र की बहाली के लिए आंदोलन करने वाले लोकतंत्र सेनानियों ने आज स्वतंत्रता दिवस के जिला समारोह में भाग लिया।
सूरतगढ़ में आपातकाल के विरोध में राजस्थान की एकमात्र सभा हुई थी। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 की आधी रात में आपातकाल की घोषणा की और 26 जून को यहां रेलवे स्टेशन के सामने दोपहर बाद सरकार को चुनौती देने वाले भाषणों से सभा हुई। उसके बाद संघर्ष शुरू हुआ। उस संघर्ष में जेल जाने वाले लोकतंत्र सेनानियों
सरदार गुरनाम सिंह कम्बोज (93)
करणीदानसिंह राजपूत( 80)
मुरलीधर उपाध्यक्ष (75 ) ने एवं
वीरांगना लक्ष्मी ( हरिराम चीनिया ) और
गुड्डी ( पत्नी हनुमान पुरी) ने जिला समारोह मे भाग लिया। गुरनाम सिंह और मुरलीधर उपाध्याय ने आपातकाल व इंदिरा गांधी के विरोध में नारे लगाते हुए गिरफ्तारी दी थी और जेलों में बंद रखे गए।
करणीदानसिंह राजपूत को विरोध में लेख आदि लिखने के कारण निशाना बनाया गया। अखबार भारतजन पर सेंसर लगाया, खबरें काटी और रोकी जाने लगी। अखबार के विज्ञापन रोके गए और फिर अखबार जब्त भी किया गया। जार्ज फर्नांडिस के अखबार प्रतिपक्ष की रिपोर्टिंग से भी सरकार नाराज थी। फर्नांडिस पर डायनामाइट केस बनाया गया औरराष्ट्र द्रोह में मौत की सजा फांसी देने की ओर मामला चलाया जा रहा था लेकिन ले सभी आपातकाल समाप्ति के कारण बच गये। उसी केस के अभियुक्त के. विक्रम राव से करणीदानसिंह राजपूत सम्मानित भी हुए। करणीदानसिंह को श्रीगंगानगर में गिरफ्तार किया गया। आरोप लगाया गया कि पब्लिक पार्क में आपातकाल और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का विरोध करते भीड़ इकट्ठी कर रखी थी। 30 जुलाई 1975 से 3 दिसंबर 1975 तक गंगानगर जेल में बंद रहे।
हरिराम चीनिया को संगरिया में गिरफ्तार किया व श्रीगंगानगर जेल में बंद रखा गया था। हनुमानपुरी ने सूरतगढ़ में नारे लगाते गिरफ्तारी दी थी और बीकानेर जेल में बंद रखे गए थे। सूरतगढ़ के कुछ आपातकाल विरोधियों और उनकी वीरांगनाओं ने आजस्वतंत्रता दिवस जिला समारोह में शुरु से समापन तक भाग लिया। ये सभी आपातकाल विरोध की सभा से जुड़े थे।०0०
शानदार रहा:श्रीगंगानगर स्वतंत्रता दिवस समारोह 2025
*स्वतंत्रता सेनानियों व वीरांगनाओं को शाल ओढाकर सम्मानित किया गया। आपातकाल लोकतंत्र सेनानियों व वीरांगनाओं ने भी समारोह में भाग लिया।*
* करणीदानसिंह राजपूत *समारोह से रिपोर्ट.
श्रीगंगानगर, 15 अगस्त 2025.
स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2025) का मुख्य जिला समारोह शुक्रवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय के खेल प्रांगण में समारोहपूर्वक आयोजित हुआ। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने ध्वजारोहण किया। जिलाकलेक्टर साफा धारण किए हुए थी।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट में आरएसी, राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, बॉर्डर होमगार्ड, अरबन होमगार्ड, एनसीसी सीनियर छात्रा, एनसीसी सीनियर छात्र, हिन्दुस्तान स्काउट और भारत स्काउट गाईड की टुकड़ियों ने भाग लिया।
एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार ने राज्यपाल का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का पठन किया।
कार्यक्रम में सांसद श्री कुलदीप इंदौरा, श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद राय टाक, जिला प्रमुख श्रीमती कविता, गंगानगर विधायक श्री जयदीप बिहाणी, सादुलशहर विधायक श्री गुरवीरसिंह बराड, जिला कलक्टर, एसपी डॉ. अमृता दुहन सहित अन्य ने उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों व वीरांगनाओं का शॉल ओढाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने आर्कषक व्यायाम प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिहाणी चिल्ड्रन एकेडमी, बिरला पब्लिक स्कूल, टाइनी टॉटस के विद्यार्थियों ने देश भक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उल्लेखनीय कार्य करने वाले संस्थाओं, व्यक्तियों, कार्मिकों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
श्री जयदीप बिहाणी ने समारोह में पुलिस प्रशासन को 10 मोटरसाइकिल भेंट करते हुए वाहनों की चाबियां एसपी डॉ. अमृता दुहन को सौंपीं। साथ ही प्लास्टिक मुक्त श्रीगंगानगर अभियान की शुरूआत करते हुए श्री जयदीप बिहाणी ने कहा कि एक लाख थैले वितरित किए जाएंगे। समारोह में थैलों का वितरण प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना, जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, आरएए श्री कैलाश शर्मा, यूआईटी सचिव श्री अशोक असीजा, एसडीएम गंगानगर श्री गौतम नयन, नगरपरिषद आयुक्त श्री रविन्द्र यादव, प्रशिक्षु आईएएस अदिती यादव, डॉ. अजय सिंघला, श्री विजय कुमार, श्री हरीश मित्तल, श्री रघुवीर प्रसाद शर्मा, श्री रामेश्वरलाल, श्री ऋषभ जैन, श्रीमती कविता सिहाग, श्री वीआई परिहार, श्री विजय शर्मा, श्री राकेश दुलार, श्री संजय गर्ग, श्री गिरजेशकांत शर्मा, श्री शरणपाल सिंह मान, श्री रतनलाल गणेशगढिया, श्री लक्की दावड़ा, श्री सीताराम मौर्य, श्री श्याम धारीवाल, श्री मुकेश गोदारा, श्री क्रांति चुघ, डॉ. बृजमोहन सहारण, श्रीमती अंजू सैनी सहित अन्य उपस्थित रहे।
मार्चपास्ट में दक्ष टुकड़ियों में राजस्थान पुलिस महिला प्रथम, राजस्थान पुलिस पुरूष द्वितीय, आरएसी तृतीय, अदक्ष में एनसीसी सीनियर छात्रा प्रथम, एनसीसी सीनियर छात्र द्वितीय, हिन्दुस्तान गाइड तृतीय स्थान पर रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बिहाणी चिल्ड्रन एकेडमी प्रथम, टाइनी टॉटस द्वितीय, बिरला पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
---------
सूचना केन्द्र में किया ध्वजारोहण
श्रीगंगानगर, 15 अगस्त। सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2025) का पर्व समारोहपूर्वक मनाया गया। सहायक निदेशक श्री अनिल कुमार शाक्य ने प्रातः ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सहायक जनसम्पर्क अधिकारी श्री रामकुमार राजपुरोहित, श्रीमती ज्योति, श्री राजेश सोलंकी, श्री सुरेश, श्री राजवीर, श्री राजाराम सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।o0o


















































