रविवार, 21 जून 2026

संघर्ष का पथ ही है असली जनपथ



संघर्ष का पथ ही है असली जनपथ
हीरा रतन जननी जनक दे गए संदेश
तूं चलते जाना निर्भय
बिना रूकेे बिना झुके
विचलित करने को
राह बदलने को
भटकाने को
बीच राह में
मखमली चट्टाईयों के
मोड़ बनाऐ होंगे
मगर,तूं कांटों भरे कंकड़ीले पथ पर
सीधे बढ़ते जाना
जो पहुंचाएगा
जन जन के बीच

संघर्ष का पथ ही है असली जनपथ
हीरा रतन जननी जनक दे गए संदेश

जन जन के दुख पीड़ाओं को
झेलना तूं
कभी इनकार न करना
तेरा नाम दान सार्थक करना,

संघर्ष का पथ ही है असली जनपथ
हीरा रतन जननी जनक दे गए संदेश

तूं पाए जो संघर्ष का फल
और जो मिले पुण्य प्रताप
उसे कभी अपना मत कहना
उसे दान करते रहना
तूं मालिक मत बनना
उसकी मालिक जनता को
अर्पण करते चलना

संघर्ष का पथ ही है असली जनपथ
हीरा रतन जननी जनक दे गए संदेश

सत्ता के ऊंचे ऊंचे पद
विशाल अट्टालिकाएं
लोभ लालच मोह के
फंदों में राजनेता
धनपति जनपथ से
भटकाने को ना जाने कैसे कैसे
स्वांग भरेंगे,मीठे बोलेंगे।
तूं सबको छोड़ता
आगे बढ़ते रहना


संघर्ष का पथ ही है असली जनपथ
हीरा रतन जननी जनक दे गए संदेश

 ये देश हमारा गौरवशाली
 इसको बनाने में
तेरे से पहले असंख्य दे गए कुर्बानी
किसी ने आह तक नहीं की
फांसी का फंदा चूमा हंसते
गोली सीने में खाई
या झेली यातनाएं काला पानी
तूं कांटों वाले कंकड़ीले राह
पर चलने का एहसान मत जता देना।

संघर्ष का पथ ही है असली जनपथ
हीरा रतन जननी जनक दे गए संदेश

सत्यम् शिवम् सुंदरम् को
अपने भीतर रखते
सत्यमेव जयते को
सदा याद करते
तूं चलते जाना निर्भय
बिना रूकेे बिना झुके
बस बोलते जाना
उदघोष करते जाना
सत्यम् शिवम् सुंदरम्
सत्यम् शिवम् सुंदरम्
सत्यमेव जयते
सत्यमेव जयते

़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़

जननी माँ हीरा जनक पिता रतनसिंह  जी को समर्पित।
़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़

कविता-   

  
करणीदानसिंह राजपूत,


राजस्थान सरकार द्वारा अधिस्वीकृत पत्रकार,
 
23 करनाणी धर्मशाला,
सूरतगढ़. मो.       94143 81356

^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
8-1-2015.
update  18-10-2016.
up date 21-3-2017.
up date 21-6-2026.

शनिवार, 20 जून 2026

योग दिवस पर नेता:कविता


योग दिवस पर अनेक नेता
कसमसा रहे थे।
अपने तम्बूरे से पेट पर
हाथ फिरा फिरा
मन की बात
अपने ही मन से
कर रहे थे।
खाली पेट
कैसे करें योग,
हर समय खाते
रहे हैं और
खा खा कर पेट
तम्बूरा बना चुके हैं।
अब मोदी जी के
कहने पर
पेट को खाली
कैसे करें?
इसमें तो
सारा धन दौलत
जमा हैं।
नोटों की कितनी गड्डियां,
कितनी खदानें
कितनी फाईलें
कितने दफ्तर
पेट में भरे हैं।
कैसे करें योग
पेट को कैसे करें खाली?
मानलें मन की बात भी
मगर पेट को खाली करना
इतना आसान नहीं।
पेट
कैसे हो सकता है खाली
हर वक्त कोई न कोई
आ जाता है
और ठूंस जाता है
पेटी खोका।
कैसे समझाऐं
पी एम को
पार्टी के माननीयों
को भी भेंट चढाने
होते हैं
पेटी और खोके।
पार्टी का जन्म,
सत्ता के साल
हर साल की सफलता
के समारोह तो
खुशियों खुशियों में
कर जाते हैं
करोड़ों के वारे न्यारे।
सच्चे मन से भी
खाली करना शुरू
करें पेट आज से
तो भी
कई साल लग जाऐंगे।
भरे पेट से योग नहीं होता
लेकिन भरे पेट से
मन की बात हो जाती है।
बड़े विचित्र है
मन और तन
भरे पेट हो तो
दोनों
सब समझ जाते हैं
अब कैसे समझाऐं
कि खाली पेट
रहो योग करने को।
एक दिन के वास्ते
आदत बदलनी
कितनी होगी
खतनाक।
ऊपर वाले ने
मांग ली पेटी
या मांग लिया खोका
तो वह कैसे मानेगा कि
हम योग करने लगे हैं
और खाली पेट रहने लगे हैं।
तब आप कैसे बचाऐंगे?
फंस गए या फंसा दिए गए
तब क्या होगा?
कितनी गजब ढाऐगी
वह दशा
जब फंदे से छूटने के लिए
अलग से भेंट
चढ़ानी होगी?
मोदी जी
एक काम करो
देश को पेपर लैस
करने में लगे हो।
सरकारी इन्सान को
हैंड लैस करदो।

ना लेना होगा
ना देना होगा
लुढ़कता हुआ
योग करता रहेगा।
........

सर्जन 21 जून 2016.
अपडेट 21 जून 2024.
अपडेट 20 जून 2025.
अपडेट 20 जून 2026.





करणीदानसिंह राजपूत,
स्वतंत्र पत्रकार,
सूरतगढ़।

::::::::::::::::::::::::::






:::::::::::::::::::::::::::







बुधवार, 17 जून 2026

आज के महाराणा प्रताप कौन!आज के अकबर कौन!!

 




 * करणीदानसिंह राजपूत *

आज के महाराणा प्रताप वे क्रांतिकारी हैं जो भ्रष्टाचार दुराचार के विरूद्ध भ्रष्टाचारियों दुराचारियों से संघर्ष कर रहे हैं। आज के महाराणा प्रताप को साथ देने सहयोग देने के बजाय उनका असहयोग करने, आलोचना करने और विरोध करने में लोग लगे हैं।  इन महाराणा प्रताप को कहीं न कहीं किसी भी प्रकार से संघर्ष के मार्ग से हटाने के प्रयास होते हैं। 

आज के अकबर वे हैं जो भ्रष्टाचार दुराचार में लिप्त हैं। ऐसे लोग होशियार चतुर होते हैं और सत्ता में होते हुए अपराध करते हैं। या फिर सत्ताधारी नेताओं के साथ हिलमिल रहते हैं ताकि उनके विरुद्ध कोई कार्वाई नहीं हों। वे कभी पकड़ में नहीं आएं। ये अपने भ्रष्टाचार दुराचार में बड़े नेताओं नेतियों को भी किसी न किसी तरह सहयोगी बना लेते हैं। बड़े राजनेताओं को देश में या विदेश में दुराचार के महल में प्रवेश करा ही देते हैं। आज के अकबर हर जगह हैं लेकिन इनका विरोध नहीं हो रहा। अपराधों में इनकी ताकत इतनी अधिक हो जाती है कि वे विरोध करने वालों को सत्ताधारियों से मिल कर चुप करवा देते हैं या फिर मरवा देते हैं। ऐसी मौतें राज और रहस्य बन कर रह जाती है। संघर्शशील लोगों को प्रताड़ित कराना तो साधारण सा हो गया है। सरकारी दफ्तरों में अकबर जैसी नीतियां अपनाते लोग मिल जाते हैं और भटकते पीड़ाएं भोगते महाराणा प्रताप सरीखे लोग भी मिल जाते हैं। किसका साथ देना चाहिए? किसका सहयोग करना चाहिए? किसके साथ खड़ा होना चाहिए? भ्रष्टाचारियों दुराचारियों को पुष्प मालाएं पुष्प गुच्छ भेंट और पुष्प वर्षा से स्वागत सत्कार समारोह से सम्मान हो तब खड़े देखते रहने के बजाय बहिष्कार हो। आज जो संघर्ष कर रहे हैं उनका मान सम्मान ही देश और जनता के हित में है। वर्तमान में जो महाराणा प्रताप स्वरूप हैं उनका साथ और सहयोग करना ही उचित है।०0०

महाराणा प्रताप जयंती. 17 जून 2026.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकारिता 62 वर्ष.

( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क सचिवालय से अधिस्वीकृत आजीवन)

सूरतगढ़ ( राजस्थान )

94143 81356.

*******




रविवार, 14 जून 2026

रामप्रताप कासनिया सुनो! विधायक फंड से बनाया सामुदायिक स्वास्थ्य काम्प्लेक्स निर्माण के बाद से बंद.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 14 जून 2026.

पूर्व राज्यमंत्री और सूरतगढ़ के पिछले विधायक रामप्रताप कासनिया ने अपने फंड से ग्राम पंचायत एक एल एम ( पंचायत समिति सूरतगढ़) के माध्यम से सूरतगढ़ के उपखंड अधिकारी कार्यालय  परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य काम्लेक्स बनवाया।  रामप्रताप कासनिया सन् 2018 से 2023 तक सूरतगढ़ के विधायक रहे। बजट सत्र 2023-24 में  कासनिया जी ने 4 लाख 76 हजार रू.आवंटित किए थे। 


we


यह काम्लेक्स बनने के बाद से करीब डेढ साल से तालों में बंद है। उपखंड कार्यालय में आने वाले स्त्रियों पुरुषों आवश्यकता होने पर काम्लेक्स के पास जाते हैं तो ताले लगे मिलते हैं। 

* अब और किसी नेता को तो सचमुच मतलब नहीं है, कासनिया जी ने बनवाया है तो वे ही ताले खुलवाएं। ०0०



शनिवार, 13 जून 2026

कासनिया सरकार के प्रतिनिधि.नगरपालिका की तारबंदी में सहयोग कर 2 करोड़़ की जमीन को भूमाफिया से पूर्ण मुक्त कराएं.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 13 जून 2026.

पूर्व राज्यमंत्री रामप्रताप कासनिया राजस्थान के प्रतिनिधि के रूप में यहां काम करवा रहे हैं। यह सभी जानते हैं। उनका विधायक काल 2018 से 2023 तक रहा था तब नेशनल हाईवे के पास निरंकारी भवन के पीछे सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण नहीं था। अब उनके राज में चलती के समय इस जमीन पर भूमाफिया ने फरवरी 2026 में अतिक्रमण कर लिया। करीब 2 करोड़ की जमीन पर समतल करके चारदीवारी बना ली जिसमें एक गली भी कब्जे में करली। 

1* 18 फरवरी 2026 को नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी पूजा शर्मा और उपखंड अधिकारी भरतजयप्रकाश मीणा को शिकायत हुई। 

2* नगरपालिका द्वारा कोई कार्वाई नहीं होने पर उपखंड अधिकारी को पुनः निवेदन किया गया।

3* 25 फरवरी 2026 को उपखंड अधिकारी की कुछ सख्ती पर पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में नगरपालिका द्वारा जेसीबी मशीन से अतिक्रणकारी की चारदीवारी ध्वस्त की गई।




3* नगरपालिका प्रशासन द्वारा वहां से ईंटे व सामग्री जब्त कर अपने कब्जे में नहीं ली गई। वहां लगा बिजली मीटर भी हटवाया नहीं गया। अतिक्रणकारी वहां हावी रहा।

4* उपखंड अधिकारी के निर्देश पर तारबंदी कराने के शोर्टटर्म निविदा हुई। ठेकेदार को तारबंदी के आदेश हुए। 

5*  ठेकेदार को वहां तारबंदी नहीं करने दी जा रही है। इस अवरोध को भी 2 माह हो चुके हैं। उपखंड अधिकारी भरतजयप्रकाश मीणा एवं नगरपालिका प्रशासन अधिशासी अधिकारी पूजा शर्मा के पास पुलिस जाब्ते आदि की सभी सुविधाएं हैं मगर आज तक वहां तारबंदी नहीं करवाई जा सकी। ऐसा कौनसा भूमाफिया है जो सरकार से अधिक पावरफुल है जिसके लिए प्रशासन ने पुलिस जाब्ता नहीं मांगा न आगे कार्वाई की।

6* रामप्रताप कासनिया जिनकी चलती है, सो वे मौका निरीक्षण करें और भूमाफिया को पूर्ण बेदखल करवाने के लिए उपखंड अधिकारी भरतजयप्रकाश मीणा और अधिशाषी अधिकारी पूजा शर्मा को कहें। यह कहने का कार्य एक दिन का है। लोगों की निगाहें कासनिया की कार्वाई पर टिकी है।



7* भाजपा के जिलाध्यक्ष सरदार शरणपालसिंह मान इस मामले में जिलाकलेक्टर को तुरंत अवगत कराएं और शहर में भूमाफिया की गतिविधियों को रूकवाएं। इस जमीन पर तारबंदी व नगरपालिका संपत्ति का बोर्ड लगवाने तक नजर रखें। 

8* भूमाफिया के अतिक्रमण और भी हैं।०0०






बुधवार, 10 जून 2026

और अधिक अच्छे दिन दें.हिंद के मालिक

 



* करणीदानसिंह राजपूत *

अच्छे दिन चल रहे हैं।

हर रोज कुछ नया अच्छा मिल रहा है।

हिंद के हर प्रदेश में प्रसन्नता है।

हिंद के हर शहर गांव में लोग आपको याद करते हैं मालिक।

सुबह शाम को आपके नाम की माला और आरती।

शहर शहर गांव गांव शुरू हो चुकी है।

जो लोग बाकी थे,वे भी पूजन अर्चन शुरू कर रहे हैं। 

जो सवाल जवाब करते हैं उनसे हां कराने वाली टोलियां भी बन चुकी है, मालिक।

मालिक, आप किसी प्रकार की चिंता न करें।

आप तो और अच्छे दिन देने की सोचते रहें।

और अच्छे दिन जल्दी जल्दी देते रहें। 

मालिक.

10 जून 2026.

करणीदानसिंह राजपूत,

94143 81356.

०0०






गुरुवार, 4 जून 2026

ईओ पूजा शर्मा के 2 साल.100 करोड़ रू. से अधिक अतिक्रमण. ईओ भूमाफिया को बचा रही.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 4 जून 2026.

नगरपालिका की अधिशाषी अधिकारी के द्वारा कार्वाई नहीं करने, शिकायतों को अपने दफ्तर में दबाकर बड़े भूमाफिया को लाभ पहुंचाने से 100 करोड़ से अधिक की जमीनें अतिक्रणकारियों के कब्जे में चली गई।  नेशनल हाईवे,मुख्य सड़कों और मुख्य स्थानों की करोड़़ों रूपये के अनेक भूखंड भूमाफिया अतिक्रमण कर आगे से आगे बेचते रहे और ईओ पूजा शर्मा अतिक्रमण हटाने जमीनें नगरपालिका के कब्जे में लेने के मांगपत्र अपने दफ्तर में दबाती रही। अतिक्रणकारियों को मिलीभगत से उनको,स्वयं को लाभ पहुंचाने से नगरपालिका कोष को करोड़़ों रू.की हानि पहुंचा दी। अतिक्रमण हटाने के लिए ईओ को दिए मांग पत्र दबाए गए। इसके अलावा एसडीएम, एडीएम, जिला कलेक्टर, संभागीय आयुक्त,निदेशक स्थानीय प्रशासन जयपुर और क्षेत्रीय उपनिदेशक बीकानेर को जो मांग पत्र पहुंचे तथा कारवाई के लिए नगरपालिका सूरतगढ़ में आए वे ईओ पूजा शर्मा ने दबाए और कार्वाई नहीं की। पूजा शर्मा ने यहां 20 फरवरी 2024 को अधिशाषी अधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया था। ईओ पूजा शर्मा के सरकारी जमीनों से अतिक्रमण नहीं हटाने,भूमाफियाओं से मिलकर सरकारी कोष को करोड़़ों रूपयों की हानि पहुंचाने के मामलों की जांच,आय से अधिक संपत्ति की जांच, व अन्य भ्रष्टाचार, भाभी बबीता शर्मा को सफाई कर्मचारी से जमादार पद का प्रमोशन,होटलों का अवैध निर्माण,आवासीय भूखंडों पर व्यावसायिक निर्माण में कार्वाई नहीं करना और नगरपालिका कोष को लाखों की हानि पहुंचाना आदि की जांच में नौकरी से बर्खास्तगी होने से कोई नेता आदि नहीं बचा पाएंगे। 

👍 ईओ पूजा शर्मा के भ्रष्टाचार, घोटाले, अतिक्रणकारियों से मिलीभगत,अतिक्रमण नहीं तुड़वाने का हर मामला  विधायक डुंगरराम गेदर,सूरतगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष परसराम भाटिया, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह भादू को मालुम है। भाजपा के जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह, पूर्व विधायक अशोक नागपाल और पूर्व राज्यमंत्री रामप्रताप कासनिया को मालुम है। अपने अपने कारणों से ये ईओ पूजा शर्मा के विरूद्ध शिकायत नहीं करते। 

👍 नगरपालिका के प्रशासक और उपखंड अधिकारी भरतजयप्रकाश मीणा को भी अनेक अतिक्रमणों का मालुम है लेकिन वे नगरपालिका संपत्ति का बोर्ड नहीं लगवाते और मौका निरीक्षण के मांग पत्रों के बावजूद मौका निरीक्षण करने नहीं जाते। उपखंड अधिकारी के इस रवैये से भी भू माफिया को छूट मिल रही है जबकि सरकारी संपत्ति को बचाने की पहली ड्युटी इनकी भी बनती है। लोगों द्वारा दिए मांग पत्रों पर निरीक्षण नहीं करना,अतिक्रमणों को नहीं हटवाने,अवैध होटलों पर कार्वाई नहीं करने की ढील से सरकारी एक्शन हो सकता है लेकिन पहली ड्युटी अधिशाषी अधिकारी पूजा शर्मा और सहायक अभियंता सुरेंद्रप्रतापसिंह की बनती है। सुरेन्द्र प्रतापसिंह होटलों,मार्केट काम्लेक्सों का अवैध निर्माण देखते रहे और नगरपालिका कोष को हानि पहुंचाते रहे। सहायक अभियंता भी मिलीभगत के भ्रष्टाचार में शामिल रहे। ये मामले उच्चस्तरीय जांच या भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच तक पहुंचेंगे। ०0०






बुधवार, 3 जून 2026

ओमप्रकाश कालवा और परसराम भाटिया एक हुए.क्या होगा? सूरतगढ़ से बड़ी रिपोर्ट.

 





* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 3 जून 2026.

मेघवाल समाज के दो दिग्गज ओमप्रकाश कालवा और परसराम भाटिया एक हो गए। सूरतगढ़ ही नहीं श्रीगंगानगर हनुमानगढ़ बीकानेर के विशाल क्षेत्र में मेघवाल समाज में एकता का बड़ा परिवर्तन होगा। इस एकता के विस्तार में अभी बहुत से लोगों के शामिल होने और किए जाने की संभावना है जो विभिन्न क्षेत्रों में मनमुटाव में दूर दूर बिखरे हुए हैं। दोनों नगरपालिका सूरतगढ़ में अध्यक्ष रह चुके हैं। अभी वर्तमान में ओमप्रकाश कालवा भाजपा में और परसराम भाटिया कांग्रेस मे हैं। समाज के कार्यों में दोनों अलग अलग खेमों में सहयोगी रहे हैं लेकिन अब आगे एकजुटता से चलेंगे। 












* संत शिरोमणि बाबा रामनाथ जी महाराज की कुटिया सूरतगढ़ में परम् श्रद्धेय महंत श्री शान्तिनाथ जी महाराज एंव मेघवाल समाज संस्थान जिला अध्यक्ष देवीलाल बेलान तथा समाज के प्रबुद्धजनों के सानिध्य में एक बैठक एक जून 2026 को आयोजित की गयी। वहां विचार विमर्श हुआ। इससे पहले भूमिका भी तैयार हुई।

 कुटिया की बैठक में निर्णय हुआ कि समाज के दो व्यक्तित्व परस राम भाटिया व ओमप्रकाश कालवा के आपसी विवादों को समाप्त कराया जाए और समाज हित के लिए एक जाजम पर लाया जाये। समाज की पंचायत का फैसला दोनों ने स्वीकार कर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

कुटिया की बैठक में निर्णय के बाद एक दूसरे के घर भी गए और समाज के लोगों के साथ फोटो भी खिंचवाए गए। दोनों के बीच शिकायतें मुकदमें खत्म होंगे। एक जुटता में विस्तार होगा और ऐसा लगता है कि समाज हित में और लोगों के मनमुटाव भी खत्म कराए जाकर सहयोगी वातावरण बनाया जाएगा।०0०






सोमवार, 1 जून 2026

साईकिल रैली से नरेंद्र मोदी का तेल बचाओ संदेश जनता तक. सूरतगढ़ की रैली में कौन शामिल. बड़ी सचित्र रिपोर्ट.

 




* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 1 जून 2026.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का तेल बचाओ संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने साईकिल रैली निकाली। मोटर वाहन छोड़ो साईकिल से आवागमन करो। भाजपा के नगरमंडल की अगुवाई में निकाली गई रैली में भाजपा श्रीगंगानगर के जिलाध्यक्ष सरदार शरणपालसिंह मान और पूर्व विधायक अशोक नागपाल ने भी साईकिल सवारी की। 




* साईकिल रैली सुभाष चौक से रवाना होकर छवि  काम्प्लेक्स रोड,महाराणा प्रताप चौक,भगतसिंह चौक, आजाद चौक होती भारत माता चौक पहुंची। वहां भारत माता के दर्शन करते साईकिल सवार वापस आजाद चौक,भगतसिंह चौक,महाराणा प्रताप चौक से रेलवे रोड से सुभाष चौक पर लौटे। रैली शाम को सात बजे निकाली गई। भारत माता के जयकारे लगाए गए। इंजीनियर रमेश चंद्र माथुर ने तिरंगा दिखाया।












भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गौरव बलाना, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जगदीश मेघवाल, पूर्व नगरमंडल अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, प्रेमसिंह राठौड़, विनोद सारस्वत, मुरलीधर पारीक,योगेश स्वामी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता साईकिलों पर तिरंगा लगाए सवार थे।०0०





सूरतगढ़. एडीएम भवानीसिंह पंवार ने कार्यभार ग्रहण किया.

 


* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 1जून 2026.

 अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के पद पर भवानीसिंह पंवार ने आज यहां कार्यभार ग्रहण किया। श्री पंवार हनुमानगढ़ में राजस्व अपील अधिकारी के पद से सूरतगढ़ एडीएम पद पर लगाए गये हैं। श्री पंवार यहां सूरतगढ़ में सन् 2014 में एसडीएम पद पर  रह चुके हैं।०0०



यह ब्लॉग खोजें