सोमवार, 7 सितंबर 2026

सूरतगढ़:जोधपुर डिस्कॉम का सीसी बाबू 10 हजार रु. रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार.

 






 

* करणीदानसिंह राजपूत *


सूरतगढ़/जयपुर, दिनांक 7 सितम्बर 2026.


 ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. चौकी श्रीगंगानगर इकाई द्वारा आज कार्रवाई करते हुए श्री सुधीर, सीसी बाबू, कार्यालय सहायक अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम, सूरतगढ़, जिला श्रीगंगानगर को परिवादी की फर्म द्वारा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत दो पत्रावलियों में सोलर का एस.सी.ओ. (सर्विस कनेक्शन ऑर्डर) जारी करवाने की एवज में 10,000 रुपये बतौर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी श्रीगंगानगर को परिवादी द्वारा एक शिकायत इस आशय की मिली कि उसकी फर्म द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत उपभोक्ताओं के सोलर सिस्टम लगवाये जाते हैं। उसकी फर्म द्वारा उक्त योजना के तहत तीन उपभोक्ताओं के सोलर लगाने की स्वीकृति हेतु आवेदित पत्रावलियों में एस.सी.ओ. (सर्विस कनेक्शन ऑर्डर) जारी करवाने की एवज में  सुधीर, सीसी बाबू, कार्यालय सहायक अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम, सूरतगढ़, जिला श्रीगंगानगर द्वारा खर्चे-पाणी/रिश्वत की मांग की जा रही है। रिश्वत राशि नहीं देने पर स्वीकृति जारी नहीं करने की धमकी दी जा रही है।


जिस पर श्री नारायण टोगस, उप महानिरीक्षक पुलिस, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रेंज बीकानेर के सुपरवीजन में ए.सी.बी. श्रीगंगानगर के श्री पवन कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, श्रीगंगानगर एवं ब्यूरो स्टाफ द्वारा ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी सुधीर, सीसी बाबू, कार्यालय सहायक अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम, सूरतगढ़, जिला श्रीगंगानगर को परिवादी से 10,000 रुपये बतौर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव तथा महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।

*****

-किसी व्यक्ति के विरुद्ध एसीबी में प्रकरण ( अभियोग, प्राथमिक जांच, आदि)  दर्ज होने पर  , ACB से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है।

प्रस्तुत स्पष्टीकरण  के ACB द्वारा विस्तृत विश्लेषण के उपरांत ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाना ACB की कार्य प्रणाली का हिस्सा है

यह जानकारी एसीबी के डर से धोखाधड़ी आदि के शिकार होने की संभावना के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।०0०






यह ब्लॉग खोजें