शनिवार, 30 अगस्त 2025

श्रीगंगानगर से कौन हो राज्यमंत्री! बिहाणी या बराड़?

 


* करणीदानसिंह राजपूत *

राजस्थान के मंत्री मंडल में नए मंत्री लिए जाने की चर्चित खबरों में श्रीगंगानगर जिले से जयदीप बिहाणी और गुरवीरसिंह बराड़ के नाम हैं, लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर सरदार शरणपालसिंह मान के होते एक और पद सरदार गुरवीरसिंह बराड़ को दिया जाना राजनैतिक दृष्टि से भाजपा की शक्ति बढाएगा या कम करेगा। श्रीगंगानगर से एक पद सरदार को दूसरा भी सरदार को तब अन्य वर्गों में भाजपा नेतृत्व के प्रति कितना प्रेम रह पाएगा? जिलाध्यक्ष पद को राजनीति में केबिनेट मंत्री स्तर का पावरफुल माना जाता है और यह पद सरदार शरणपालसिंह को लगातार दूसरी बार सौंपा जा चुका है। मंत्री पद पर दूसरे वर्ग भी आशा करते हैं कि उनको शामिल किया जाए। श्रीगंगानगर जिले में भाजपा की दोनों सीटें सादुलशहर और श्रीगंगानगर महत्व रखती हैं। सादुलशहर से गुरवीरसिंह विधायक हैं और जिला मुख्यालय श्रीगंगानगर से जयदीप बिहाणी विधायक हैं। दोनों पहली बार निर्वाचित होकर विधानसभा में पहुंचे हैं। जिलाध्यक्ष पद पर स.शरणपालसिंह मान के बाद राज्य मंत्री जयदीप बिहाणी को बनाया जाता है तो भाजपा की राजनैतिक स्थिति नगर निकाय और पंचायत राज चुनाव से पहले मजबूत हो सकती है जो जिले और भाजपा दोनों के लिए बहुत ही जरूरी है। विधायक गुरवीरसिंह का स्वागत सम्मान एक प्रकार का पावर प्रगट का खेल है जिसका कितना असर जयपुर और दिल्ली पर होगा? अभी जिला परिषद जोन नं 22 में उप चुनाव में भाजपा की हार हुई है। यह क्यों हुई? इस हार की जिम्मेदारी भी किसी को अपने ऊपर लेनी चाहिए या नेतृत्व को समीक्षा करनी चाहिए। जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह मान को जिलाध्यक्ष  के नाते बताना चाहिए कि उक्त क्षेत्र की जिम्मेदारी गुरवीरसिंह बराड़ की थी या जयदीप बिहाणी की थी? आखिर क्या कमी रही कि यह सीट हार बैठे? 

श्रीगंगानगर जिले में भारतीय जनता पार्टी की शक्ति बढे ऐसा निर्णय मंत्री मंडल विस्तार में लिया जाना भविष्य के लिए उपयुक्त हो सकता है। श्री करणपुर सीट पर राज्य मंत्री घोषित सुरेंद्र पालसिंह टीटी को लोगों ने हरा दिया था। भाजपा में शक्ति प्रदर्शन मांग आदि सभी गौण हैं और कोई महत्व नहीं रखते और इनका दबाव भी कोई असर नहीं करता। लोग सभी वर्गों को महत्व दिए जाने का संकेत दे चुके हैं।०0०

30 अगस्त 2025.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार ( राजस्थान सरकार से अधिस्वीकृत लाईफटाइम)

सूरतगढ़ ( राजस्थान)

94143 81356.






००००


यह ब्लॉग खोजें