गुरुवार, 24 मार्च 2022

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाट्सएप नं जारी किए



* करणीदानसिंह राजपूत *

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्व घोषणा के अनुसार शहीदी दिवस 23 मार्च 2022 को व्हाट्सएप नंबर घोषित किए हैं जिन पर भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत आम जनता भेज सकती है।

इस नंबर पर वीडियो ऑडियो रिकॉर्ड की हुई  शिकायत की जा सकती है।

शिकायत की जांच होगी और भ्रष्टाचार में लिप्त व्यक्ति कोई भी हो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।


 पंजाब में चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी ने सत्ता संभाली है मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की थी कि पंजाब से भ्रष्टाचार को हटाया जाएगा चाहे कोई कितना ही बड़ा हो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।०0०







बुधवार, 23 मार्च 2022

पांचवीं कक्षा के बालक को अध्यापक ने क्रूरता से पीटा: सूरतगढ़ ट्रोमा सेंटर में ईलाज

 


सूरतगढ़ 23 मार्च 2022.

 अध्यापक की क्रूरता का एक और नया मामला सामने आया है। 

राजकीय प्राथमिक विद्यालय 2 SPM B  बख्तावरपुरा का मामला है। अध्यापक ने पांचवी कक्षा के बालक  राहुल की  क्रूरता से पिटाई की जिससे वह घायल हो गया। उसके पुट्ठों पर चोटें लगी है। परिजन बच्चे को लेकर सूरतगढ़ पहुंचे। 

यहां ट्रोमा सेंटर में बालक का ईलाज शुरू हुआ।

सूरतगढ़ इलाके में अध्यापकों के अशिक्षण व्यवहार की शिकायतें कई हो चुकी है। ०0०

*********




मंगलवार, 22 मार्च 2022

श्रीगंगानगर जिला: बिना टैक्स चुकाये संचालित कर्मिशियल वाहनों के चालान

 



* करणीदानसिंह राजपूत *


श्रीगंगानगर, 22 मार्च 2022.


जिला परिवहन विभाग द्वारा बिना टैक्स चुकाये संचालित कर्मिशियल वाहनों के चालान किये गये। 

जिला परिवहन अधिकारी श्री विनोद कुमार लेघा ने बताया कि प्रादेशिक परिवहन अधिकारी श्री नेमीचन्द पारीक के नेतृत्व में परिवहन अधिकारी श्री भूपेन्द्र कुमार और श्री देवेन्द्र कुमार द्वारा कृष्णा कन्सट्रक्शन जैतपुर की साईट का निरीक्षण किया गया। 

इस दौरान कम्पनी में बिना टैक्स चुकाये 6 संचालित कर्मिशियल वाहनों के चालान किये गये। वाहनों को कम्पनी के बाड़े में ही सीज किया गया। उन्होंने बताया कि कम्पनी के प्रबंधक को बिना टैक्स चुकाये वाहनों का टैक्स भरने के लिये पाबंद किया गया। इससे विभाग को लगभग 15 लाख रूपये के टैक्स (राजस्व) की वसूली होगी।०0०





-----


अधिकारी-कर्मचारी के पास सिगरेट-तंबाकू उत्पाद मिलने पर मिलेगी चार्जशीट

 




* करणीदानसिंह राजपूत *


श्रीगंगानगर, 22 मार्च 2022.


मुख्यमंत्री जन घोषणा की पालना में राज्य को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने विशेष प्रयास शुरू किए गए हैं। जिसके तहत जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए 100 दिन का विशेष जागरूकता अभियान चल रहा है, जो 31 मई तक चलेगा। 


अभियान को सफल बनाने के लिए मंगलवार 22 मार्च को जिला कलक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिला परिषद के सीईओ श्री मोहम्मद जुनेद, एडीएम प्रशासन श्री भवानी सिंह पंवार, सीएमएचओ डॉ0 गिरधारी लाल मेहरड़ा व डिप्टी सीएमएचओ डॉ0 करण आर्य ने विशेष दिशा-निर्देश दिए। 


 जिला शिक्षा अधिकारी श्री हंसराज यादव, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री विजय कुुमार, तंबाकू प्रभारी श्री अजय सिंह शेखावत सहित सीओआईईसी श्री विनोद बिश्रोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 


एडीएम श्री भवानी सिंह पंवान ने बताया कि एनएचएम एमडी डॉ0 जितेंद्र कुमार सोनी, संभागीय आयुक्त श्री नीरज के पवन एवं जिला कलक्टर श्रीमती रूकमणि रियार सिहाग ने विशेष दिशा-निर्देश जारी कर जिले को तंबाकू मुक्त बनाने का आह्वान किया है, जिसके तहत मंगलवार को बैठक आयोजित कर जिलास्तरीय अधिकारियों को अभियान सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धुम्रपान करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 


*पुलिस विभाग के सहयोग से कोटपा अधिनियम के तहत नियमित कार्यवाई की जाएगी। 

* ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद की बैठकों में तम्बाकू नियंत्रण के विषय में प्रस्ताव पारित कर ग्रामीण स्तर तक लोगों से तंबाकू छोडने के लिए संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे। 

*आगामी 30 अप्रेल को सभी विभागाध्यक्षों की ओर से जिले के गांव-कस्बों तक कोटपा अधिनियम के तहत चालान किए जाएंगे। 


**कहीं भी खुली सिगरेट बेचना अधिनियम के विरूद्व है, ऐसे में खुली सिगरेट बेचान करने वालों पर कार्रवाई होगी।


इसी तरह तंबाकू उत्पादों का प्रदर्शन करने एवं प्रचार-प्रसार करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।


* सभी स्कूलों, शिक्षण संस्थाओं व आंगनबाड़ी केंद्रों सहित चिकित्सालयों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जाएगा और शिक्षण संस्थाओं के नजदीक तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाई जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों में आयोजित प्रार्थना सभाओं में तंबाकू को लेकर जागरूकता पैदा करने के निर्देश दिए गए।


*अधिकारी-कर्मचारी के पास नहीं मिले

 तंबाकू *

 संभागीय आयुक्त श्री नीरज के पवन ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी विभाग के अधिकारी या कर्मचारी के पास ऑफिस में सिगरेट या तंबाकू उत्पाद नहीं मिलना चाहिए। यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के पास सिगरेट या तंबाकू उत्पाद मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चार्जशीट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों सहित जनप्रतिनिधियों को रोल मॉडल बनते हुए आमजन को तंबाकू मुक्त समाज बनाने की प्रेरणा देेनी चाहिए। 


बीकानेर में सोमवार को संभाग स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें श्रीगंगानगर जिले से डिप्टी सीएमएचओ डॉ0 करण आर्य, तंबाकू प्रभारी श्री अजय सिंह शेखावत, आशा प्रभारी रायसिंह सहारण, डीपीएम विपुल गोयल, डीपीएम शहरी नकुल शेखावत, डीएनओ कमल गुप्ता, सीओआईईसी श्री विनोद बिश्रोई, आरबीएसके सह नोडल डॉ0 पवन शर्मा व डॉ0 बजरंग जांगिड़ शामिल हुए। ०0०

******






सूरतगढ़: नागरिक रेल संघर्ष समिति ने बाड़मेर- कालका ट्रेन चलाने की मांग:2 साल से बंद पड़ी

 


* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 22 मार्च 2022 सूरतगढ़ नागरिक रेल संघर्ष समिति ने आज स्टेशन अधीक्षक के मार्फत बीकानेर मंडल प्रबंधक को तीन सूत्र मांग पत्र दिया और इसके शीघ्र समाधान करने की मांग की स्टेशन अधीक्षक से कहा गया कि बाड़मेर कालका एक्सप्रेस ट्रेन पिछले 2 सालों से बंद पड़ी होने के कारण लोगों को बहुत परेशानी हो रही है और रेलवे को राजस्व की हानि हो रही है।


1. बाड़मेर-कालका एक्सप्रेस गाड़ी सूरतगढ़ रेल स्टेशन की 45 वर्ष पुरानी यात्री गाड़ी थी लेकिन अब यह गाड़ी पिछले 2 वर्षो से बन्द पड़ी है।  इस गाड़ी के बन्द होने से जनता को बेहद तकलीफ है। इस ट्रेन के साथ ही बीकानेर-बिलासपुर ट्रेन भी बन्द पड़ी है।सूरतगढ़ स्टेशन की कुल 12 गाड़ियाँ बन्द है। 

2. सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेन की टिकट के लिए भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है। स्टेशन पर टिकट के लिए दो विन्डो है लेकिन कर्मचारी नहीं होने के कारण यात्रीगण परेशान रहते है। 

पहले तो रेल प्रशासन ने विन्डो बन्द कर रखी थी तब जब विन्डो खोली है तो कर्मचारी की कमी के चलते टिकट नहीं मिल पाती।

3. स्टेशन के परिसर में यातायात व्यवस्था की हालत बद से बदत्तर स्थिति में पहुंच गई है। यात्रियों को स्टेशन के अन्दर जाना व बाहर आना दोनो में परेशानी होती है। यातायात व्यवस्था को सुधारने में सूरतगढ़ स्टेशन प्रशासन नाकाम है।

स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन देने में लक्ष्मण शर्मा मदन ओझ,एडवोकेट राम प्रताप तिवारी,क्रांतिकारी महावीर भोजक,अशोक फुलिया, गिरधारी लाल, भरत मंगानी,राजकुमार छाबड़ा किशन लाल धर्मदास सिंधी मांगी राम,छोटू अल्ताफ ज्ञान बजाज दौलत मंगानी किशनलाल लुगरिया शामिल थे।०0०






















सोमवार, 21 मार्च 2022

राजस्थान में कांग्रेस की सत्ता में और भाजपा के विरोध में कमजोरियां आप के प्रवेश का बना रही रास्ता

 


* करणीदानसिंह राजपूत *


राजस्थान में कांग्रेस सही रूप में सत्ता का संचालन नहीं कर पा रही और भारतीय जनता पार्टी प्रतिपक्ष के रूप में उस पर नजर नहीं रख पा रही। 

इन दोनों पार्टियों के कार्य से आम जनता परेशानियों में जूझ रही है।कहने का मतलब है कि आम जनता की न सत्ताधारी कांग्रेस को परवाह है और न भारतीय जनता पार्टी को परवाह है।

 कांग्रेस का पूरा नाम इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी है और भाजपा का पूरा नाम भारतीय जनता पार्टी है। नामों के हिसाब से दोनों देश हित का दावा करती हैं मगर यह दावा जिस प्रकार से कार्य रूप में चल रहा है उससे सारा देश दुखी है।


हम यहां चर्चा करें राजस्थान की।


यहां पर यह कहावत चल रही है कि 5 साल 

भा ज पा और 5 साल कांग्रेस। वर्तमान हालत में देखें तो राजस्थान की जनता दोनों ही पार्टियों के नेताओं से कार्यकर्ताओं से व्यवहार से दुखी है परेशान है। कांग्रेस पार्टी की सत्ता से बढ़ती महंगाई अपराध से लोग दुखी हैं मगर उन्हें भविष्य में भारतीय जनता पार्टी नजर नहीं आ रही है। लोग यह मानते हैं कि उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों का राज वर्षों तक देख लिया और भोग भी लिया। 

दोनों पार्टियां जो कुछ राजस्थान में करती हैं उसका सही सही प्रमाण राज्य की विधानसभा में उजागर होता है। राजस्थान की विधानसभा में इन दोनों पार्टियों के नेताओं की विधायकों की क्या स्थिति है वह सोचनीय है। मंत्री और विधायकों को विधानसभा के लिए फुर्सत नहीं है और उन्हीं की तर्ज पर अधिकारी भी चुस्त-दुरुस्त नहीं है। 

पहले विधानसभा में बोला जाता था उस पर कार्यवाही हो जाती थी लेकिन अब विधानसभा में विधायक कुछ भी बोलते रहें उस पर कार्यवाही होने का शक बना रहता है।जनता का मानना है कि कोई भी विधायक आवाज उठाता है समस्याएं रखता है तो उस पर भविष्य में कोई कार्यवाही देखने को नहीं मिलती। 

विधानसभा संपूर्ण राजस्थान का दर्पण यानि कि आईना होती है और उसमें सारा कुछ अच्छा बुरा नजर आता है। सरकार जो करती है वह भी नजर आता है और विपक्ष जो नजर रखता है वह भी छुपी नहीं रहती। 

राजस्थान की विधानसभा में जो कुछ और रहा है उससे प्रमाणित होता है कि दोनों ही पार्टियों की राजस्थान के विकास के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं है। विधानसभा प्रदेश की आत्मा। वहां जो बोले वह गंभीर हो और उस पर मंत्री का उत्तर भी गंभीर हो। लेकिन ऐसा हो नहीं रहा। 

राजस्थान में दोनों ही पार्टियों से दुखी परेशान  लोग तीसरे विकल्प की तैयारी कर रहे हैं या सोच रहे हैं कि कोई उन्हें बचाएगा। 

राजस्थान में आम आदमी पार्टी प्रवेश करने के लिए तत्पर है। दिल्ली और पंजाब में सत्ता ग्रहण के बाद अब राजस्थान में उनका कदम बढ़ाना नजर आ रहा है। कहना चाहिए कि इन दोनों पार्टियों की कार्य शैली आम आदमी पार्टी के लिए प्रवेश का रास्ता बना रही है। जब किसी को ऐसी स्थिति और खुला रास्ता मिले तो वह ऐसे साफ रास्ते पर चलना क्यों नहीं चाहेगा।आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल की राजस्थान पर नजरें लगी है।इसका कारण भी यही है कि राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस जनता के प्रति जवाबदेही में खरी नहीं उतर रही है।

मैंने पूर्व में लिखा है कि विधानसभा पूरे राजस्थान का आईना होती है असल में मैं ही नहीं और भी अन्य बड़े पत्रकार इस और विशेष ध्यान रख रहे हैं। 

राजस्थान पत्रिका के एक संपादक भुवनेश जैन का एक लेख आज 21 मार्च 2022 को पत्रिका के मुख्य पृष्ठ पर छपा है जिसका शीर्षक ही आईना है। इस लेख में भुवनेश जैन ने संपूर्ण राजस्थान की स्थिति विधानसभा में किस तरह से होनी चाहिए का उल्लेख किया है। जैन ने स्पष्ट लिखा है कि दोनों पार्टियों की कोई रुचि नहीं है और अधिकारी भी विधानसभा में तैयारी करके नहीं आते। यह लेख बहुत ही श्रेष्ठ लेखों में है। इस लेख का एक एक शब्द पढ़ने वाला है। जिन लोगों के पास राजस्थान पत्रिका आती है उन्होंने यह लेख पढ़ा होगा। उनसे भी निवेदन है कि वह इसे एक बार और पढ़ें तथा अन्य जानकारों को भी पढ़ने का कहें और उपलब्ध भी करवाएं। यहां मैं एक बात तथ्य से कह रहा हूं कि पत्रकार कोई पक्ष विपक्ष नहीं होता वह जनता के हितों के साथ होता है।०0०

****







रविवार, 20 मार्च 2022

सूरतगढ़ राजस्थान में घायल बालक मिला जैकेट पर दिल्ली पब्लिक स्कूल महेंद्रगढ़ लिखा है

 

 * करणीदानसिंह राजपूत * 


सूरतगढ़ 20 मार्च 2022.


सूरतगढ़ सिटी थाना पुलिस को 17 मार्च सुबह 9:40 पर सूचना मिली की मानकसर से पीलीबंगा जाने वाली सड़क के उत्तरी और हनुमान मंदिर के पास टिबे  पर एक घायल बालक उम्र 14 साल का घायल पड़ा हुआ है।इस सूचना पर हेड कांस्टेबल रामकुमार को भेजा गया।

बालक घायल अवस्था में मिला। गेहूं रंग नीले रंग की जींस पैंट डबीदार चेक शर्ट और पीले रंग की बनियान उसके पहनी हुई मिली। एक जैकेट पहनी हुई जिसके सामने की जेब पर अंग्रेजी में दिल्ली पब्लिक स्कूल महेंद्रगढ़ लिखा हुआहै।





बालक के मुंह है वह नाजुक अंगों पर चोटें। जीभ कटी हुई वह होंठ कटे हुए मिले। बालक ने बोलने का प्रयास किया मगर बोल नहीं पाया।सूरतगढ़ के सामुदायिक चिकित्सालय में उसका उपचार करके श्रीगंगानगर जिला चिकित्सालय भिजवाया गया और फिर वहां से 17 मार्च को ही अच्छे इलाज के लिए बीकानेर पीबीएम हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया।

 सूरतगढ़ सिटी पुलिस ने 20 मार्च को इस प्रकरण में हत्या की कोशिश सहित विभिन्न धाराओं  में मुकदमा किया है।

आईपीसी की धारा 307 323 363 201और 84 जेजे एक्ट में किया गया है।


किसी को इस बाबत जानकारी हो पहचान हो तो वह सूरतगढ़ पुलिस को व श्रीगंगानगर जिला पुलिस को सूचित कर सकता है। जिससे इसके परिवार का पता लगे व अपराधियों की खोज हो सके।०0०

****

आजकल स्कूली बच्चों के भी आधार कार्ड बनाने होते हैं। बच्चे की अंगुली रेखाओं छाप से नाम पता लग सकता है। पुलिस चिकित्सालय में ही लेपटॉप आदि से व्यवस्था कर ईमित्रा की हेल्प ले। संभव है लिख कर लिखवा कर जानकारी ले।

करणीदानसिंह राजपूत

पत्रकार।

सूरतगढ़।

००००००००


आप का पंजाब जीत का विजय उत्सव राजस्थान में होगा:कांग्रेस भाजपा तो घरेलु लड़ाई में फंसी है।

 


* करणीदानसिंह राजपूत *


* पंजाब में जीत का विजय उत्सव आम आदमी पार्टी राजस्थान में मनाएगी। इसका सीधा-साधा अर्थ राज कर रही कांग्रेस पार्टी और राज लेने की तैयारी में आशा कर रही भारतीय जनता पार्टी को अच्छी तरह से समझ में आ जाना चाहिए कि आम आदमी पार्टी का अगला टारगेट राजस्थान है।


 दिल्ली में केंद्र शासित प्रदेश होने के बावजूद,भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय सरकार के अड़ंगे डालने के बावजूद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने राज कायम कर रखा है। 

जबरदस्त आलोचना अभद्र शब्दों कीआलोचना के बावजूद आम आदमी पार्टी ने पंजाब में कांग्रेस सरकार और  भारतीय जनता पार्टी को पटक कर अपना राज स्थापित कर लिया।  दिल्ली और पंजाब के बाद अब केजरीवाल का सीधा निशाना राजस्थान पर है क्योंकि राजस्थान पंजाब हरियाणा दिल्ली से लगता हुआ है।


 आम आदमी पार्टी राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के आने तक अपनी स्थिति को मजबूत कर लेगी। इस आशा से ही राजस्थान में पंजाब विजय का उत्सव जयपुर में मनाया जाने की घोषणा हुई है जिसकी पूरे राजस्थान में इसकी हलचल शुरू हो चुकी है। 


राजस्थान में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों से ही जनता अपने आप को किसी न किसी रूप में परेशान मानती रही है। भारतीय जनता पार्टी को ठुकरा कर जनता ने सोचा था कि कांग्रेस कुछ राहत प्रदान करेगी मगर कांग्रेस ने राहत के नाम पर उल्टा जनता को धरती और आकाश के बीच में लटका कर रख दिया। कांग्रेस के अशोक गहलोत के राज में महंगाई और अपराधों से जनता त्रस्त है और कहीं सुनवाई नहीं हो रही।  ऐसी स्थिति में भारतीय जनता पार्टी सोच रही थी कि 2023 में बड़ी आसानी से मोदी जी के नाम से वोट मिल जाएंगे। 

* भाजपा में जयपुर से दिल्ली तक एक ही पक्की सोच चल रही है कि कांग्रेस राज से त्रस्त जनता भारतीय जनता पार्टी को पुनः सत्ता सौंप देगी। अब यह सोच हवा होता हुआ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस के पास सत्ता रहेगी नहीं और भारतीय जनता पार्टी को सत्ता मिलेगी नहीं तो फिर सत्ता किस तरफ पलटा खाएगी? 

ऐसी हलचल आम आदमी के दिमाग में हलचल शुरू कर चुकी है। अपराधों महंगाई और बिजली बिलों से त्रस्त राजस्थान की जनता आम आदमी पार्टी को समर्थन करें तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए। बात मोदी जी के नाम पर ही चुनाव लड़ने की आ रही है वसुंधरा राजे को भाजपा आगे लाना नहीं चाहती। पार्टी के अंदर ही बहुत बड़ा विवाद चल रहा है। ऐसी स्थिति में लोग चुनाव के वक्त आम आदमी पार्टी की ओर झुकेंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों में अंदरूनी लड़ाई बंद नहीं हो रही है। इस कारण से भी 

जनता की परेशानियों को समझा नहीं जा रहा है।

* आप के पंजाब विजय की बात करें।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां पर हर जगह धोक लगाई। बाबाओं के आगे हाथ जोड़े, भाषण दिए लेकिन वहां पर उनकेनाम से सत्ता प्राप्त नहीं हो सकी। जिस मरने बचने की हवा चलाई गई वह मरना तो पंजाब में अब हुआ। 

* उत्तर प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी 100 से अधिक सीटें बहुत कम वोटों से जीत पाई है। ऐसी स्थिति में अगर समाजवादी पार्टी कुछ जोर लगाती तो भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में भी सत्ता नसीब नहीं होती। बड़ी विकट स्थिति उत्तर प्रदेश की रही है।

*  भारतीय जनता पार्टी पंजाब में हार पर बोलना नहीं चाहती और उत्तर प्रदेश की भी सीटों की समीक्षा नहीं करना चाहती क्योंकि इससे भाजपा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पावर की पोल खुलती है।


**आम आदमी पार्टी ने इन सब स्थितियों पर अपनी नजर रखी है और राजस्थान को अगला निशाना बनाने के लिए ही पंजाब का विजय उत्सव राजस्थान की राजधानी जयपुर में मनाने का निर्णय किया। 


* आम आदमी पार्टी इसे राजस्थान में अपना आधार मजबूत करने की योजना बता रही है। पार्टी नेताओं के  अनुसार संगठन को मजबूत करने के लिए आप  26-27 मार्च 2022को दो दिवसीय राज्य स्तरीय 'विजय उत्सव' सम्मेलन करेगी। यह विजय उत्सव ही राजस्थान में कांग्रेस और भाजपा के दिल्ली नेताओं की नींद उड़ाएगा। 


* आम आदमी पार्टी के राजस्थान राज्य  प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। आप के राज्य सह प्रभारी खेमचंद जागीरदार ने तो हिमाचल प्रदेश के लिए कह भी दिया है कि वहां  विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। राजस्थान पंजाब का पड़ोसी राज्य है और नई दिल्ली के करीब है, इसलिए राज्य में संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी 26 और 27 मार्च को दो दिवसीय राज्य सम्मेलन आयोजित कर रही है। 

संजय सिंह ने कहा कि पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर पर आगे ले जाने और अगले राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारी की रणनीति पर चर्चा होगी। 


** विधानसभा चुनाव 2023 पर है पूरी नजर**


राजस्थान में 2023 के आखिर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।राजस्थान में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा जल्द की जाएगी. दो दिवसीय सम्मेलन में बहुत कुछ होने संभावनाएं हैं।



* आप अब 2018 विधानसभा चुनावों की दशा वाली पार्टी शहीं रही *


आम आदमी पार्टी अगले महीने राजस्थान में सर्वेक्षण शुरू करने जा रही है और राज्य में प्रमुख राजनीतिक दलों का विकल्प देने के लिए सदस्यता अभियान चला रही है। 

आप  ने 2018 के राजस्थान विधानसभा चुनावों में राज्य की 200 सीटों में से 142 पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे। हालांकि उसके एक भी उम्मीदवार को सफलता नहीं मिली और वोट भी बहुत कम मिले थे। 

पंजाब विजय के बाद आम आदमी पार्टी की ओर आम लोगों की सोच बहुत बदली है तथा आगे और बदलेगी। आम आदमी पार्टी 2023 के विधानसभा चुनाव में चमत्कार दिखाएगी। यह संभावना लोगों के दिमाग में छाने लगी है।०0०

दिनांक 20 मार्च 2022.


 करणी दान सिंह राजपूत,

 वरिष्ठ पत्रकार ( 58 साल से पत्रकारिता)

*इंदिरा गांधी राज के आपातकाल 1975-77 में जेलबंदी*

(राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ (राजस्थान)

94143 81356.

********

* इस लेख को आगे प्रकाशित और सोशल मीडिया में लगा सकते हैं- लेखक।

*****






शनिवार, 19 मार्च 2022

राजस्थान में आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ने की घोषणा करे: भ्रष्टाचार से परेशान लोगों की आशा।

 

* क्या राजस्थान की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए खुली घोषणा करेंगे?


* करणीदानसिंह राजपूत *


पंजाब सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए खुलेआम चेतावनी पूर्ण घोषणा की है।

आम आदमी पार्टी की सरकार की यह घोषणा बहुत महत्वपूर्ण है और अन्य प्रदेश सरकारों के लिए भी चुनौती है कि वे कब ऐसी घोषणा करते हैं?

विशेषकर राजस्थान में कांग्रेस की अशोक गहलोत की सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। हालांकि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीमें रोजाना ही भ्रष्टाचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर रही है। मगर जनता मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से कोई ऐसी घोषणा होने की उम्मीद करती है कि वह भी स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्यवाही करने की घोषणा करें।

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार से पहले विगत में कांग्रेस पार्टी की ही सरकार थी भ्रष्टाचार भयानक रूप से फैला हुआ था। कांग्रेस पार्टी की सरकार से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणिअकाली दल की संयुक्त सरकार थी,भ्रष्टाचार उसमें भी व्यापक रूप से फैला हुआ था। भाजपा और कांग्रेस की सरकारें उड़ गई। भाजपा व शिरोमणि अकाली दल की सरकार को इंडियन नेशनल कांग्रेस ने पराजित कर सरकार बनाई।  कांग्रेस की सरकार अपने आप में ही विवादित रही और आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस सरकार को पराजित कर दिया। 


अब पंजाब में 5 साल तक आम आदमी पार्टी का शासन रहेगा। लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं।शिक्षा चिकित्सा बिजली और पानी को लेकर दिल्ली में जो कुछ आम आदमी पार्टी  की सरकार ने किया है वह विख्यात रहा है।पंजाब में भी ऐसा कुछ होगा और जो घोषणाएं आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पूर्व में की वह निश्चित रूप से पूरी करने की कोशिश रहेगी।जनता को भी बहुत बड़ी आशाएं हैं।


मुख्यमंत्री भगवंत मान की भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा भी बहुत महत्वपूर्ण है। उनकी घोषणा का वीडियो सोशल मीडिया पर आम लोगों में लोकप्रिय हो रहा है। 

 उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा है कि 23 मार्च को शहीद भगत सिंह की शहादत का दिन है।उस दिन 23 मार्च 2022 को वे एक व्हाट्सएप नंबर जारी करेंगे जिस पर भ्रष्टाचार से संबंधित सूचनाएं दी जाएंगी। उक्त नंबर उनके ही नियंत्रण में होगा। उस पर मिली सूचना पर 

जांच और बाद में  सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा है कि कोई रिश्वत मांगता है तो उसे इंकार न करें बल्कि उसकी वीडियो ऑडियो  (आवाज) रिकॉर्ड करें और जो नंबर दिया जाएगा उस पर भेज दें। उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा है कि सरकार में 99% अधिकारी प्रशासन में और पुलिस में  ईमानदार हैं,केवल 1% के करीब भ्रष्टाचारी लोग हैं जो संपूर्ण कर्मचारियों और पुलिस को बदनाम करते हैं। उन पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कोई भी सरकार चैलेंज के रूप में यह कार्यवाही नहीं कर रही लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार चैलेंज के रूप में कार्रवाई करती है और भ्रष्टाचार को खत्म करेगी। 


राजस्थान में भयानक भ्रष्टाचार फैला हुआ है।राजस्थान के लोग भी आम आदमी पार्टी की चर्चाएं करने लगे हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर राजस्थान के लोग खुश नजर आ रहे हैं। राजस्थान के लोगों को भी लग रहा है कि पंजाब को देखते हुए राजस्थान में भी परिवर्तन आएगा और लोग भ्रष्टाचार से मुक्त होकर अपना जीवन व्यतीत कर पाएंगे।

राजस्थान की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भ्रष्टाचार खत्म करने की ऐसी चुनौती पूर्ण घोषणा करेंगे? गहलोत सरकार के तीन साल बीत गए और कोई घोषणा नहीं हुई। कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है और भाजपा जनता को परेशान देख कर भी चुप है ताकि परेशान जनता आगामी चुनाव 2023 में उसको चुन ले। मतलब भाजपा यह निर्दयता अपने राज आने के लिए देख रही है। भाजपा कागजी और दिखावे के विरोध कर रही है। किसी भी इलाके में किसी भी विधानसभा क्षेत्र में और किसी भी शहर में भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध सीधी कार्रवाई नहीं कर रही। नेता कार्यकर्ता सांसद विधायक आदि सभी जनता को तड़पते देख चुप हैं।

इन दोनों पार्टियों के राजकाज व नेताओं को देखते हुए राजस्थान में लोग आम आदमी पार्टी की खुली बातचीत करने लगे हैं।

राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में आम आदमी पार्टी के द्वारा भी चुनाव में उतरने की घोषणा हो सकती है। जनता की बड़ी आशाएं हैं कि आम आदमी पार्टी राजस्थान के अंदर चुनाव लड़ने की घोषणा करे।०0०


दि. 19 मार्च 2022.


करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार,

( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ ( राजस्थान )

94143 81356.

*****







गुरुवार, 17 मार्च 2022

सूरतगढ़:मील सा.कालवा जी,कांग्रेस जी,रोजाना खिलाते हो ठोकरें और झटके: स्नेह मिलन में एक दिन हलवा








* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ के करीब 5 हजार लोग रोजाना महाराणा प्रताप चौक पर शहर की ओर से जाते आते सड़क पर ठोकरें और झटके खाते हैं। महीने में यह संख्या बनती है करीब डेढ लाख। ऐसे भी लोग हैं जो हर रोज 5-7 बार यहां से गुजरते हैं और कितना ही संभलें झटके तो लग ही जाते हैं। दुपहिया हो चौपहिया हो चाहे टैंपो हो बिना ठोकर और झटके के निकल ही नहीं सकता। पैदल भी खाते हैं ठोकरें। 





होली स्नेह मिलन का हलवा एक दिन एक समय और ठोकरें और झटके पूरे साल रोजाना दो साल से। मील कालवा और कांग्रेस जी ये झटके एक बड़ा झटका देंगे और समय आने पर ठोकरें भी मारेंगे। दो बार के झटके भी यदि दिमाग में नहीं बैठे तो तीसरे झटके को भी सहन करना।



कांग्रेस जी,पालिका बोर्ड आपने और  मील सा.ने चुना या  किसी दबाव में चुनाव किया। नया निर्णय भी करेंगे जब समय बीत चुका होगा और विधानसभा चुनाव एकदम सिर पर होंगे। वैसे भी कितने महीने बाकी रह गए हैं। इस साल 2022 के महीने ही गिनें। 2023 में सिर पकड़ेंगे और अपने आप मुंह से निकल पड़ेगा। बोर्ड ने मरा दिया। 

 कासनिया भादू नागपाल भी ठोकरें झटके देखकर खुश हो रहे होंगे कि जनता कांग्रेस के विरोध में खड़ी होगी। लेकिन आप लोगों की खुशी भी 2023 में ये ठोकरें नींद उड़ा देगी। भाजपा को यह सूरतगढ़ सीट कायम रखनी है और हर हालत में नया चेहरा उतारना होगा।

मेरे रिपोर्ट और लेखों में दिनांक भी होते हैं। इनको संभाल कर रखें।

अखबारों की 2 दिन की छुट्टी है। यही रिपोर्ट बार बार पढते रहें। जनता तो पढेगी ही क्योंकि वह ठोकरें झटके खा रही है। 

दि. 17 मार्च 2022.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार, सूरतगढ़।

94143 81356

*******

मेरे फेसबुक karnidansinghrajput पर यही रिपोर्ट और विडियो क्लिप भी दखें। अपनी आंखों से देखना चाहें तो स्वयं उस स्थान पर पहुंचे।

*****











यह ब्लॉग खोजें