रामनवमी शोभायात्रा में दुर्घटना होती तो क्या होता?
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 27 मार्च 2026.
रामनवमी शोभायात्रा 2026 में ऐसे खतरनाक खेल और जोश किसने मंजूर किए जिनसे दुर्भाग्य से कोई दुर्घटना हो जाती तो जानलेवा बन जाती और उसके परिणाम को कोई भी सोच नहीं सकता। आयोजन समिति के वे लोग जिन पर प्रबंध की जिम्मेदारी थी और रवानगी के समय और खेल के वक्त मौजूद पुलिस को रोकना चाहिए था लेकिन ये दर्शक बने रहे।
* भीड़ में कैरोसीन से आग के गुब्बारे उछालने का खेल बहुत खतरनाक था। हर समय आग लगने का खतरा। कैरोसीन आग का गुब्बारा ऊपर के बजाय गलती से भीड़ में चला जाए और लोग झुलसें,बचने के लिए भागें। जो युवक यह दिखा रहे थे,यदि वे ही लड़खड़ा जाएं और गिरते हुए मुंह से कैरोसीन निकले गुब्बारा भीड़ में ही जाए। धार्मिक आयोजनों में भीड़ की दौड़ में कुचल जाने मौतें होने की अनेक घटनाएं देश में झेल चुके हैं और पढते रहे हैं। लेकिन फिर भी ऐसे खेल दिखाना क्यों जरूरी होता है? इससे पहले भी रामनवमी शोभायात्रा निकाली जाती रही हैं।
* जेसीबी मशीन के आगे लोडर बकैट में सवार लड़कियां और लड़के किस जोश में सवार थे? यदि सड़क पर ऊंच नीच,गड्ढे आदि से झटका लगे और कोई उछल कर आगे गिरे तथा ऊपर से मशीन गुजरे। जान जाए या घायल हो अपंग जिंदगी बिताए। जेसीबी 2 चल रही थी। जेसीबी को भी ऐसे कार्यक्रमों में ऐसे शामिल किया नहीं जाना चाहिए।
* लोहे की पाईप के पोटाश पटाखे पर सरकारी रोक है लेकिन वे भी वाहनों पर सवार युवा व किशोर चला रहे थे। इनके फटने का भारी विस्फोट का खतरा होता है। दीपावली के कुछ दिन पहले इनको चलाने की रोक का प्रचार किया जाता रहा है ताकि कोई दुर्घटना न हो सके।
* रामनवमी हो या कोई भी धार्मिक शोभा यात्रा हो में हर शहर में भीड़ होती है। शोभायात्राओं में खतरनाक दुर्घटना से बचाव रखते हुए किसी भी खतरनाक खेल,वाहन,झांकी को शामिल नहीं किया जाना चाहिए। ०0०