शनिवार, 22 जुलाई 2023

भाजपा में आने वाले कम्युनिस्ट और कांग्रेसी खिलाएंगे कमल! कार्यकर्ताओं में आक्रोश.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

राजस्थान के विधानसभा चुनाव 2023 मोदी के चेहरे पर लड़े जाने की घोषणा करने वाली भाजपा को अपने खून से सींच कर शिखर पर पहुंचाने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं की शक्ति पर भरोसा नहीं रहा जो कम्युनिस्टों, कांग्रेसियोंऔर सेवा निवृत अधिकारियों को पार्टी में प्रवेश कराया गया है और आगे यह प्रक्रिया चुनाव की टिकटें बांटे जाने तक चलती रहेगी।


भाजपा में आने वाले कम्युनिस्ट,कांग्रेसी और सेवानिवृत्त अधिकारी खिलाएंगे कमल! ये लोग जो अपनी पार्टियों में कमजोर हो गए और सहारे को तलाश रहे थे,भाजपा उनको सिर पर बैठा रही है। ये सेवा करने नहीं घुस रहे। ये टिकट लेने चुनाव लड़ने और पदों की मलाई खाने को आए हैं। भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता और छोटे पदाधिकारी हैरत में हैं कि संस्कारित होने का दावा करने वाली पार्टी के प्रदेश के नेता ऐसे कार्य क्यों कर रहे है? 

क्या मोदी का चेहरा दिल्ली पंजाब हिमाचल कर्नाटक के बाद धुंधला गया है कमजोर पड़ गया है जो कम्युनिस्टों और कांग्रेसियों को घुसेड़ा जा रहा है। इनकी ताकत का आकलन किस नेता ने कब किया? जब विभिन्न तरह के सर्वे और भाजपा के खुद के सर्वे में भाजपा को 200 में से 160 सीटों पर जीत की पक्की संभावना है तब पुराने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को कुचलते हुए कम्युनिस्टों और कांग्रेसियों को भाजपा में घुसाना पूरी तरह से गलत है। भाजपा कार्यकर्ता अनुशासन में रहते बोलें नहीं तो इसका मतलब यह नहीं है कि उन पर कम्युनिस्टों और कांग्रेसियों को राज करने बैठा दो। कार्यकर्ता बोलेंगे तो विस्फोट होगा तब ये घुसाए हुए कम्युनिस्ट और कांग्रेसी तमाशा देखेंगे। 

राजस्थान की भाजपा की शक्तिशाली नेता वसुंधरा राजे को पीछे धकेलने की ईच्छा से यह सब किया जा रहा है जो गलत ही है। वसुंधरा राजे का तिरस्कार करने से राजस्थान में चुनाव जीतना बहुत कठिन और असंभव है। मोदीजी के चेहरे पर भरोसा है तो फिर कम्युनिस्टों, कांग्रेसियोंऔर सेवा निवृत अधिकारियों को पार्टी में क्यों लिया जा रहा है। निश्चित ही शंकाओं में घिरे नेता यह कर रहे हैं। निष्ठावान कार्यकर्ता और पदाधिकारी कम्युनिस्टों, कांग्रेसियोंऔर सेवा निवृत अधिकारियों के नीचे काम क्यों करेंगे? बीस तीस साल से पार्टी को सींचने वालों के बजाय घुसे लोगों को टिकटें दी जाएंगी। पुराने कार्यकर्ताओं को टिकट मिलने की आशा बनी तो ये नये चेहरे आ घुसे। ये मोदी के ज्यादा वफादार हो गये? 

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में जो कुछ किया जा रहा है उससे राजस्थान का भाजपा कार्यकर्ता निराशा में नहीं गुस्से में हैं।०0०

22 जुलाई 2023.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार,

( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ ( राजस्थान )

94143 81356.

****





 

यह ब्लॉग खोजें