पचपदरा रिफाइनरी में आग कैसे लगी? पीएम मोदी के उद्घाटन करने से 1 दिन पहले आग.
* करणीदानसिंह राजपूत *
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्घाटन करने से एक दिन पहले पचपदरा रिफाइनरी में आग लगना बेहद चिंता जनक और गंभीरता का मामला है जिसके कारण खोजने में प्रशासन और रिफाइनरी अधिकारी जुट गये हैं। प्रधानमंत्री 21 अप्रैल को उद्घाटन और सभा करने वाले थे और एक दिन पूर्व आग लगने से कारण जानना इसलिए जरूरी है कि पीएम सुरक्षा के लिए बंदोबस्त हो चुका था जिसमें पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों का घेरा लगा हुआ था। पीएम की सभा जहां होने वाली थी वह स्थान भी पास ही है जहां आग लगी है। अग्नि कांड का कारण आज मालुम नहीं हुआ तो अफरातफरी में प्रधानमंत्री का दौरा सुरक्षा कारणों से प्रभावित हो सकता है।
* राजस्थान के मुख्य मंत्री भजनलाल शर्मा आज 20 अप्रैल को उद्घाटन की तैयारियां देखने को आने वाले थे।
* प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगमन प्रभावित होगा या नहीं होगा का रात तक मालुम हो सकेगा। बताया जा रहा है कि एक युनिट में आग लगी है जिसको बुझाने के लिए अंदरूनी अग्निशमन प्रणाली से कार्य तत्काल शुरू हो गया था। इसके अलावा रिफाइनरी की दमकलें अग्निशमन में लगी। आसपास की नगरपालिकाओं की दमकलें भी बुलाई गई हैं।
प्रारंभिक मीडिया समाचारों के अनुसार रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट सेक्शन के बीच स्थित हीट एक्सचेंजर में तकनीकी खराबी के चलते विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के उपकरण भी इसकी चपेट में आ गए और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि प्रारंभिक सूचना के अनुसार किसी बड़े जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन कुछ कर्मचारियों के झुलसने की आशंका जताई जा रही है। इस अग्नि कांड से लाखों रूपये का नुकसान होना तो निश्चित ही है।
* इस रिफाइनरी का निर्माण और आजतक की अवधि हमेशा किसी न किसी विवाद में रही इसलिए निर्माण में भी देरी होती रही है। अब उद्घाटन का सुअवसर आया तो यह दुर्घटना हो गई।०0०