सोमवार, 25 मार्च 2024

खतरनाक है भाजपा में कांग्रेसियों को लेना

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

भ्रष्टाचार से लिप्त कांग्रेसियों को भाजपा में लेकर ईमानदार भाजपा कार्यकर्ताओं पर थोपना बहुत खतरनाक और आचरणहीन है, जिस पर तालियां बजाई जा रही है और शीर्ष नेता के कसीदे काढे जा रहे हैं। यह जहर जो खुद मिला रहे हैं वह भविष्य में एक दिन शरीर का अंग अंग नष्ट कर देगा तब कोई भी बचा नहीं पाएगा। भाजपा तब  भा - ज  - पा   बन जाएगी टुकड़े टुकड़े हो जाएगी और हर टुकड़ा इतना दूर हो जाएगा कि जोड़ने के लिए दिमाग में कुछ नहीं होगा और शारीरिक रूप से हाथ पांव काम नहीं करेंगे। 

भाजपा में छटपटाहठ शुरू हो चुकी है जो बढ भी रही है लेकिन अभी डर से कोई बोल नहीं रहा है। लोकसभा चुनाव में जन आक्रोश वोट से प्रगट होगा जो घोषणा के अनुसार 400 पार नहीं होगा बल्कि नीचे उतार सकता है। 

जब नेता विचलित होता है तब बहकी बहकी बातें करता है जिसका उदाहरण है 400 के पार। हालात पहले से अच्छे नहीं है तब पहले जितनी संख्या तक ही पहुंचना मुश्किल है। थोथी घोषणा से अब लोग प्रभावित नहीं हो रहे। एक सवाल है कि क्या बिगड़ते हालात की कार्यपद्धति सुधारने का कोई प्रयास किया जा रहा है। जब सुधार का प्रयास ही नहीं हुआ तब जनता को अपने पक्ष में वोट के लिए तैयार करना मुश्किल ही है। भाजपा को सुदृढ करने वाले नेताओं को पहले विधानसभा चुनाव में और अब लोकसभा चुनाव में तिरस्कार से ठुकराया जा रहा है तब इसका प्रतिफल भी मिलेगा। ऐसा लग रहा है कि तूफान से पहले का शांति काल चल रहा है।

०0०

25 मार्च 2024.

सूरतगढ़. राजस्थान.

94143 81356

********







यह ब्लॉग खोजें