सूरतगढ़.बाईक सवार 2 जने युवती का पर्स छीन फरार.
* करणी प्रेस इंडिया *
सूरतगढ़ 13 अक्टुबर 2026.
काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो जने एक युवती का पर्स छीनकर फरार हो गए। घटना आज मंगलवार को शाम करीब 5 बजे वार्ड नंबर 30 में पार्षद कृष्ण कुमार छींपा के निवास के पास हुई। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 29 स्थित स्वामी विवेकानंद चौक के पास रहने वाले प्रज्ञा स्वामी अपनी सहेली के खरीदारी करने बाजार जा रही थी। उनके पीछे से काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने प्रज्ञा के हाथ से पर्स छीन लिया। इसके बाद आरोपी बैंक ऑफ इंडिया के आगे से होते हुए भग्गू वाला कुआं रोड की तरफ भाग निकले। जानकारी के मुताबिक, पर्स में आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मोबाइल और करीब 15 हजार रुपए नकद थे।
घटना के समय पास में दुकान पर मौजूद राकेश कोचर और उनके पिता हरबंस लाल कोचर ने शोर सुनकर युवकों का पीछा किया। उन्होंने रास्ते में मौजूद लोगों से भी आरोपियों को पकड़ने के लिए कहा, लेकिन दोनों युवक फरार होने में सफल रहे। राकेश कोचर ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा भी किया, लेकिन वे गलियों में नजर नहीं आए। कुछ देर बाद युवती के परिजन मौके पर पहुंचे और लाहोटी चौक के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। युवती के पिता लक्की स्वामी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।०0०