बुधवार, 25 मार्च 2020

कोरोना वायरस संक्रमण एवं बचाव जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सेवा.


श्रीगंगानगर, 25 मार्च 2020.

 कोरोना वायरस संक्रमण एवं बनाव के लिए जिला मुख्यालय पर संचालित नियंत्रण कक्ष को ओर प्रभावी बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 0154-2440988 है।

जिला कलक्टर श्री शिवप्रसाद एम. नकाते ने बताया कि जिला मुख्यालय पर कलैक्ट्रेट में संचालित नियंत्रण कक्ष 24 घण्टे कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष संचालन के लिए तीन पारियों में अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाया गया है। प्रथम पारी प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगी। इस पारी प्रभारी उपनिदेशक कृषि श्री जी.आर. मटोरिया को लगाया गया है तथा इनके साथ चार और कार्मिक रहेंगे। इसी प्रकार दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक की पारी में महिला अधिकारिता के सहायक निदेशक श्री विजय कुमार प्रभारी होंगे तथा इनके साथ तीन कार्मिक रहेंगे। तीसरी पारी में रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक रहेगी, इसके प्रभारी जिला खेलकूद अधिकारी श्री हरजिन्द्र सिंह को बनाया गया है। इनके साथ सहायोग के लिए तीन कार्मिक रहेंगे।

-----------

श्रीगंगानगर में घर-घर राशन भिजवाने की व्यवस्था की जा रही है



श्रीगंगानगर, 25 मार्च 2020.

कोरोना संक्रमण एवं बचाव के संदर्भ में जिले में धारा 144 व लाॅकडाउन की स्थिति में गरीब व जरूरतमंद परिवार भूखे न रहे, इसके लिए जिला कलक्टर श्री शिवप्रसाद एम. नकाते ने भामाशाहों व संस्थाओं से जिला प्रशासन के साथ सहयोग का अनुरोध किया था। उसी की बदौलत जरूरतमंदों के लिए अन्नपूर्णा किट व नगद राशि देने वाले भामाशाह आज भी कलैक्ट्रेट पहुंचकर सहयोग किया।

जिला रसद अधिकारी श्री राकेश सोनी ने बताया कि चितलांगिया ट्रस्ट की ओर से 50 हजार रूपये की राशि, महावीर स्टील ट्रेडर्स के श्यामलाल खारीवाल ने 25 हजार रूपये की राशि, तपोवन ट्रस्ट की ओर से 300 किट के लिए 15 हजार रूपये की राशि, एसडीएम विजयनगर के माध्यम से 21 हजार रूपये की राशि तथा दुर्गा संकिर्तन सभा समिति की ओर से 21 हजार रूपये की राशि प्राप्त हुई है।

 जिला रसद अधिकारी ने किराणा व्यापारियों की बैठक लेकर पाबंद किया कि वाजिद दामों पर ही सामग्री बेची जाए तथा इन व्यापारियों को परेशानी न हो, इसके लिए पास जारी किए गए है। उन्होने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार होलसेल भण्डार की मोबाइल वेन से आज से ही घर-घर राशन देने की व्यवस्था की जा रही है। 

------------

मंगलवार, 24 मार्च 2020

आकाशीय नयनाभिराम दृश्य 24 मार्च 2020 संध्या बेला.ईश्वर का ध्यान करें.

 * करणी दान सिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 24 मार्च 2020.

मौसम लगातार बदल रहा है।

देश-विदेश बचाव की चिंता में लीन हैं। हैं।

प्रकृति नए-नए रूप दिखा रही है। 

ऐसे ही अवसर पर सूरतगढ़ में 24 मार्च का आकाशीय नयनाभिराम दृश्य लिया गया।

इसे देखें और चिंता मुक्त होने के लिए परम आत्मा ईश्वर जिसे आप मानते हैं उसका ध्यान करें।00





सोमवार, 23 मार्च 2020

बाहरी जिलों के नागरिक बिना अनुमति नही आ सकेंगे

श्रीगंगानगर, 23 मार्च2020.

 जिला कलक्टर श्री शिवप्रसाद एम. नकाते ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा घोषित लाॅकडाउन की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। आवश्यक सेवाओं के अलावा यात्री वाहन नही चलेंगे तथा आम नागरिक अपने घरों में ही रहे। लाॅकडाउन की पालना नही करने पर धारा 188 व 144 में कार्यवाही की जाए। 

जिला कलक्टर सोमवार को कलैक्ट्रेट में वीसी के माध्यम से जिले के उपखण्ड अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आवश्यक सेवाओं में जो कार्मिक लगे हुए है, उनके अलावा कार्मिक मुख्यालय पर रहेंगे तथा आवश्यकता पडने पर तत्काल उपस्थित होंगे। उन्होने कहा कि माल, सामान परिवहन करने वाले वाहनों को छूट रहेगी। 

जिला कलक्टर ने समस्त एसडीएम व बीसीएमएचओ को निर्देश दिए है कि ब्लाॅक स्तर पर कोरेन्टाइन सेंटर सरकार की गाईड लाईन के अनुसार तैयार किये जाए। सेंटर में बिजली, पानी, शौचालय तथा सूरज की रोशनी की व्यवस्था हो। उन्होने कहा कि आम नागरिक घरों में रहे, बहुत जरूरी होने पर ही एक व्यक्ति खाद्य वस्तुओं के लिए बाहर आ सकता है। कोई नागरिक निर्देशों की पालना नही करता है, तो एक वर्ष की सजा का प्रावधान है। उन्होने कहा कि प्रसव वाली महिला, बीमार व्यक्ति को चिकित्सालय जाने दे। शादी के अवसर पर 5 व्यक्तियों से ज्यादा न जाए। आमजन की जरूरत व खाद्य आपूर्ति के लिए आटा व दाल मिले संचालित की जा सकती है।

जिले में पंजाब व अन्य जिलों की सीमाओं पर 8 नाके लगाए गए है। दूसरे जिले के नागरिक के पास  मंजूरी है, तो जिले में आ सकेगा। इस जिले के नागरिक को बाहर किसी उचित कारण से जाना है तो संबंधित तहसीलदार से अनुमति लेकर जा सकेंगे। शहर में अनावश्यक किसी नागरिकों को घूमने न दे तथा कही पर भी भीड इक्कठी न होने दे। उन्होने कहा कि जिले में जो नागरिक दूसरे देशों से आए है, वे सभी चिन्हित व आईसोलेशन में है। चिकित्सक उन सभी का नियमित परीक्षण करे। पुलिस तथा राजस्व विभाग के कार्मिक इस बात कर ध्यान रखे कि इस तरह के चिन्हित नागरिकों पर सुबह शाम ध्यान रखा जाए, कि वे कही इधर-उधर न जाए। 

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में संचालित नाको पर निरीक्षण के साथ-साथ चिकित्सा विभाग का नर्सिंग स्टाॅफ एवं एक शिक्षक को लगाया जाए। नर्सिंंग स्टाॅफ बाहर से आने वाले व्यक्ति जो  प्रथम दृष्टया खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित तो नही है की जानकारी कर नाम पता इत्यादि नोट करेंगे। आशंका होने पर नजदीक के चिकित्सक से जांच करवाई जाए।


जरूरतमंद नागरिको को अन्नपूर्णा किट दिए जाएंगे


 जिला कलक्टर श्री शिवप्रसाद एम. नकाते ने कहा कि कोरोना संक्रण एवं बचाव के संदर्भ में जिले में धारा 144 लगी होने के कारण गरीब परिवारों व नागरिकों को जिला प्रशासन की ओर से अन्नपूर्णा किट दिए जाएंगे। इस कार्य के लिएं जिले के समस्त एसडीएम अपने क्षेत्रा के  भामाशाह, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं का सहयोग ले। कोई भी भामाशाह संस्थाएं अन्नपूर्णा किट देना चाहे तो वे संबंधित एसडीएम या जिला मुख्यलय के नियंत्रण कक्ष में अपना नाम व मोबाईल नम्बर लिखवा सकते है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 0154-2440988 है। 

पुलिस अधिकारी नाको पर सतर्क रहे

पुलिस अधीक्षक श्री हेमन्त शर्मा ने कहा कि पुलिस अधिकारी जिले में लगाए गए, 8 नाकों पर पूर्ण निगरानी रखे तथा 8-8 घण्टों के अनुसार अपनी पारिया निर्धारित करे। उन्होने कहा कि लाॅकडाउन के निर्देशों की भली प्रकार से पालना की जाए। श्री शर्मा ने कहा कि जिले में कही भी अनावश्यक नागरिक इक्कठे ना हो। स्थानीय निकाय भी शहरों में मुनियादी करवाए कि आमजन घरों में ही रहे। जो पुलिस कर्मी छुट्टिया बिताकर ड्यूटी पर आ रहे है, उनकी स्क्रीनिंग करवाई जाए। 

वीसी में एडीएम सतर्कता श्री अरविन्द जाखड, एसडीएम श्री उम्मेद सिंह रतनू,डाॅ0 मुकेश मेहता, जिला रसद अधिकारी श्री राकेश सोनी व जिले के समस्त एसडीएम, तहसीलदार तथा पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे। 

-----------




रविवार, 22 मार्च 2020

* सूरतगढ़ खुशनसीब और आगे भी रहेगा खुश*


*करणीदानसिंह राजपूत *


पूरा विश्व कोरोना वायरस की महामारी में चिंता ग्रस्त हालत में है।

 हर देश में इस भयानक वायरस की चपेट में आने वाले लोगों की चिकित्सा की जा रही है।यह वायरस नहीं फैले इसलिए शहरों देशों की आवश्यकताओं के अनुसार यातायात के साधन और शहर प्रदेश आदि आवश्यकता के अनुरूप बंद किए जा रहे हैं। भारत में और प्रदेश राजस्थान में भी उपचार और बचाव में अनेक कदम उठाए गए हैं।


सूरतगढ़ मैं रहने वाले व्यवसाय करने वाले नौकरी करने वाले लोगों के लिए यह खुशखबरी है कि सूरतगढ़ इलाका एस महामारी से बचा हुआ है। कहीं भी इस रोग की लक्षण सामने नहीं आए हैं। 

स्थानीय और इलाके के ग्रामीण स्तर तक शासन प्रशासन, पुलिस,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका और पंचायतें,सामाजिक संस्थाएं,प्रेस,जागरूक निवासी सभी दिन रात अपने अपने कर्तव्य पर डटे हुए हैं।

सभी प्रकार के नियम और चेतावनियों से भी सचेत किए हुए हैं।

 हमारे क्षेत्र में यह खुशनसीबी कायम रहे इसलिए अच्छा यही है कि शासन प्रशासन पुलिस चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जो कुछ नए संदेश दिए जाएं उनका पालन सभी अपने अपने व्यावसायिक स्थल नौकरी स्थल और घरों में करते रहें।

यह संकटकाल कुछ दिनों का है और हम सभी सचेत रहें।**





बुधवार, 18 मार्च 2020

हनुमान जी की कृपा होगी-पूजा करते वक्त इन तीन रंगों को दूर रखें .

*करणीदानसिंह राजपूत*

कलयुग में भगवान राम के सेवक हनुमानजी ही तारणहार हैं और इसलिए सर्वत्र पूजनीय हैं। सबसे अधिक स्थानों पर हनुमानजी के मंदिर हैं। यहां तक की छोटे से गांव मे भी मंदिर हैं तथा सबसे अधिक मंदिर बनाये जा रहे हैं। अनेक देवी देवताओं के मंदिरों में हनुमानजी की प्रतिमाएं भी स्थापित की हुई हैं। 

हनुमानजी का पूजन वैसे तो हर दिन ही होता है लेकिन मंगलवार और शनिवार को विशेष होता है। भक्त लोग उपवास भी हनुमानजी के वारों पर अधिक करते हैं।

यह मान्यता भी है कि कलियुग में कोई अन्य सुने ना सुने लेकिन हनुमानजी जरूर सुनेंगे। 

ऐसा कौनसा कष्ट है जो हनुमानजी दूर नहीं कर सकते। यानि कि हनुमानजी हर कष्ट को दुख को दूर करने वाले हैं।

बजरंग बाण में तो अपार शक्ति मानी जाती है कि उसके पठन से तो सब कष्ट दूर हो जाते हैं।

हनुमानजी को सिंदूर लगाने का भी विधान है। भोग किसी भी मिष्ठान का लगाया जा सकता है लेकिन विशेष कर पेड़ा बूंदी सर्वाधिक चढाए जाते हैं।

देश भर में अनेक हनुमंत स्थल पूजनीय हैं जहां प्रतिदिन हजारों नर नारी दूर दूर से दर्शन पूजन को पहुंचते हैं। हनुमानजी ब्रह्मचारी हैं इसलिए उनकी प्रतिमा का स्पर्श भक्त पुरूष ही करते हैं।

हनुमानजी अतुलनीय बलशाली माने जाते हैं। ऐसी मान्यताओं और आस्थाओं को रखते हुए ही पूजन अर्चन करना चाहिए।

आज कलियुग में हनुमानजी का पूजन तो सर्वाधिक हो रहा है लेकिन उनकी कृपा कितने लोगों को मिल रही है या मिल पाती है। कुछ ऐसे भी होते हैं जिनके मन में यह होता रहता है कि उन पर कृपा आ नहीं रही है।

ऐसी मान्यता है कि हनुमानजी की पूजा करने वाले के शरीर पर काले नीले और हरे रंग के कोई वस्त्र धारण किए हुए नहीं होने चाहिए। ऐसा मानते हैं कि ये रंग हनुमानजी को प्रिय नहीं है। हनुमानजी इन रंगों को पसंद नहीं करते।


( राजस्थानी के प्रसिद्ध साहित्यकार श्री मनोज कुमार स्वामी ने रंगों वाली बात बताई। स्वामी जी को यह महत्वपूर्ण बात पं.शंकरलाल शास्त्री जी ने बताई जब वे सूरतगढ़ में रिश्तेदारी में आए और करीब पन्द्रह दिन रूके थे। शास्त्री जी की आयु 90 वर्ष के आसपास होगी।वे राजस्थान के नागौर जिले के अलाय में रहते हैं।)00 दि.18 मार्च 2020.

*******


******


सोमवार, 16 मार्च 2020

सूरतगढ: दुकानदार खुद शनिवार तक हटा लेंगे नालों पर किए अतिक्रमण.

* करणीदानसिंह। राजपूत *

सूूरतगढ 16 मार्च 2020.

पालिका प्रशासन और दूकानदारों के बीच हुई बातचीत में नालों पर किए हुए पक्के निर्माण दुकानदार खुद शनिवार तक तुड़वा देंगे और सामान भी नहीं रखेंगे।

शनिवार के बाद नालों पर कुछ भी अतिक्रमण मिला तो उसे हटाने का खर्च दुकानदार से वसूला जाएगा। अब नालों पर एक ईंच भी अतिक्रमण नहीं रख पाएंगे और थोड़ा भी अतिक्रमण मिला तो तोड़ने का खर्च वसूला जाएगा।

विदित रहे कि दुकान के शटर के आगे अनेक दुकानों के आगे 3 फुट छोड़ कर नालों का निर्माण कराया गया था।

दुकानदारों ने कुछ दिनों के बाद नालों पर पक्के निर्माण कर ढक दिया और वहां बाहर तक काउंटर लगाने लगे और सामान रखने लगे। इससे आगे सड़क भी रोकने लगे। 

प्रशासन ने तीन दिन में अतिक्रमण हटाने और नहीं हटाने पर 17 मार्च से नालों पर किए पक्के निर्माण तोड़ कर हटाने की स्पष्ट चेतावनी देदी थी।**

****


रविवार, 15 मार्च 2020

सूरतगढ़:नालों पर बने पक्के निर्माणों को तोड़ने से पूर्व चिन्हित किया

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 15 मार्च 2020.

नगरपालिका प्रशासन ने नालों पर किए गए अवैध पक्के और आरसीसी निर्माण को तोड़ने से पूर्व चिन्हित कर दिया। अवैध निर्माण पर लाल क्रोस लगाए गए हैं। ये अवैध निर्माण यदि दुकानदार ने खुद ने नहीं तोड़े तो मंगलवार दि.17 मार्च को नगरपालिका प्रशासन तुड़वा देगा। 

नालों पर बने अवैध निर्माण को तुड़वाने से पहले नगरपालिका प्रशासन की ओर से शुक्रवार को शाम 5 बजे दुकानदारों की एक बैठक भी आयोजित की गई। उसमें प्रशिक्षु आइएएस मो.जुनैद(अटैच ईओ ) और ईओ लालचंद सांखला ने अवैध निर्माण तोड़ने की यह घोषणा की थी।

मो.जुनैद ने कहा कि पालिका के सफाई कर्मचारी नालों पर किए गए पक्के निर्माण के कारण सफाई नहीं कर पाते। शहर के विकास में सफाई जरूरी है। 

पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा को उपस्थित दुकानदारों ने कहा की नालों के निर्माण के समय दुकानदारों से सात फुट जगह ली गई और अब बिना सूचना के सामान की उठाने की कार्यवाही अनुचित है।

पालिका अध्यक्ष ने दुकानदारों को स्पष्ट जवाब दिया कि आप सात फुट की बात कर रहे हैं लेकिन आपने अपनी रजिस्ट्री शुदा जमीन में से एक ईंच जमीन नहीं दी है। दुकान की जमीन नहीं पालिका ने अपनी जमीन पर ही काम किया है। अध्यक्ष ने चेतावनी की भाषा में कहा कि कर्मचारी दुकान में नहीं घुसेंगे लेकिन दुकान से बाहर सामान रखा होगा तो उठाऐंगे। जो सामान जब्त होगा वह लौटाया भी नहीं जाएगा तथा उसको ओपन नीलाम कर दिया जाएगा।

ईओ लालचंद ने कहा कि अनेक बार चेतावनी दी जा चुकी है की दुकानों से बाहर सामान नहीं रखा जाए, दुकान से बाहर रखा गया सामान जब्त कर लिया जाएगा। 

सिटी पुलिस थानाधिकारी रामकुमार लेघा ने कहा की अधिकारियों की दुकानदारों से कोई रंजिश नहीं है। अधिकारी सैकड़ों किलोमीटर दूर के रहने वाले हैं। अधिकारी इस शहर को व्यवस्थित, साफ सुथरा और सुंदर बनाना चाहते हैं, इसलिए सभी सहयोग करें। 

मो.जुनैद प्रशिक्षु आईएएस नगरपालिका ईओ से अटैच ड्यूटी पर लगे हुए हैं और उन्होंने गुरुवार 12 मार्च को बाजार का निरीक्षण किया तब नालों पर पक्के अतिक्रमण पाए और यह भी जानकारी मिली कि इससे सफाई नहीं हो पाती।

प्रशासन ने तीन दिन बाद नालों पर से पक्के निर्माण तोड़ने की चेतावनी दी है,मंलवार से अतिक्रमण तोड़ने की कार्यवाही होगी। इस चेतावनी के बाद दुकानदार खुद तीन दिन में अपने पक्के निर्माण नहीं हटा पाए तो नगरपालिका हटा देगी। 00

******




सूरतगढ़ रेलवे परिसर में लाईनों के पास कबाड़ का भंडारण- पटरी पर आने से हो सकती है दुर्घटना


^^ करणीदानसिंह राजपूत ^^

उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के माडल रेलवे स्टेशन सूरतगढ़ के परिसर में कबाड़ व्यापारियों का बहुत बड़े क्षेत्र पर कबाड़ का भंडारण और रखरखाव हो रहा है।

आश्चर्य यह है कि बहुत बड़े क्षेत्र पर चल रहे इस अवैधानिक कार्य करने वालों पर किसी प्रकार का कोई अंकुश कानूनी रूप से नहीं लगाया हुआ है जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है।

जहां पर भंडारण और रखरखाव हो रहा है वहां पर बहुत बड़े बड़े प्लास्टिक के ढेर और बंडल पड़े रहते हैं, जो कभी भी तेज हवा आंधी से लुढ़ककर रेलवे लाइन पटरी पर पहुंचेंगे और भारी दुर्घटना हो सकती है। 

यह स्थान अंडरपास के पास में है और रेलवे लाइन इससे 25-30 फुट पर ही है। 

रेल फरिसर के बहुत बड़े क्षेत्र को लोगों ने सार्वजनिक शौचालय बना रखा है। आसपास के लोग शौच  करते हैं जिससे यह भयानक गंदगी से भरा हुआ है। शौच करने वालों पर भी रेल प्रशासन की ओर से कोई रोक नहीं है पूरा क्षेत्र सड़ांध मार रहा है।

यहां पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स कबाड़ रखने वालों पर कानूनी कार्यवाही कर सकती है।00



शनिवार, 14 मार्च 2020

पिछले पालिका बोर्ड की गलतियां नहीं कुरेदी जाएंगी:अतिक्रमण हटाने होंगे-गंगाजल मील

* करणी दान सिंह राजपूत *

 सूरतगढ़ 2 दिसंबर 2019.

पूर्व विधायक गंगाजल मील ने नगरपालिका के अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा व उपाध्यक्ष सलीम कुरैशी के कार्य ग्रहण समारोह में घोषणा की है कि शहर के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए नगरपालिका का नया बोर्ड बिना किसी भेदभाव के कार्य करेगा। मील ने कहा कि पिछले बोर्ड ने क्या गलतियां की है उनकी गलतियों को कुरेदने के बजाए जिन निर्माण कार्यों में कोई खामियां रही है सीवरेज आदि में उनका सुधार करवाने का प्रयास किया जाएगा जहां सुधार की आवश्यकता होगी और बाकी का कार्य सही करवाया जाएगा। शहर को साफ सुथरा रखने के लिए कार्य होंगे।


मील ने कहा कि सड़कों के दोनों ओर अतिक्रमण करने से आवागमन के अंदर  बाधा आ रही है वहां लोगों का सहयोग लेकर  अतिक्रमण हटवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सूरतगढ़ का हनुमान खेजड़ी मंदिर बहुत महत्वपूर्ण है।इसके पास में काफी जमीन हरियाला क्षेत्र बनाने के लिए पार्क के लिए रखी गई थी। उसके आसपास भी लोगों ने बहुत सारे अतिक्रमण कर लिए हैं ऐसे अतिक्रमण को भी हटाया जाना वाजिब है। 

मील ने कहा कि बोर्ड में कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी मार्क्सवादी बहुजन समाज पार्टी और  निर्दलीय पार्षद है जो फूलों का गुच्छा का रूप लिए हुए हैं। इन सभी को नगर पालिका में बिना भेदभाव के काम करना होगा ताकि शहर का विकास हो सके।

उन्होंने कहा कि शहर को आवारा पशुओं से मुक्त भी करवाया जाएगा। शहर के विकास के लिए जितना बजट नगर पालिका में है उसके अनुरूप कार्य करें और अधिक बजट की आवश्यकता होगी तो वह भी सरकार से मंजूर करवा कर लाया जाएगा।

 मील साहब ने सभी पार्षदों को बधाई दी। नगरपालिका के नए अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा और उपाध्यक्ष सलीम कुरेशी को भी बधाई दी।

*********
2 दिसंबर 2019.
अपडेट 14-3-2020.
*******






यह ब्लॉग खोजें