डा.के.एल.बंसल.अध्यक्ष चुने गये.अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन सूरतगढ़ शाखा गठित.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 22 मार्च 2026.
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की सूरतगढ़ शाखा का गठन करने के साथ ही सर्वसम्मति से डा.के.एल.बंसल को अध्यक्ष चुना गया।
श्री माहेश्वरी भवन में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की सूरतगढ़ शाखा के गठन के लिए आम सभा का आयोजन किया गया। सभा का शुभारम्भ भगवान गणेश की पूजा अर्चना से हुआ।माहेश्वरी समाज, जैन समाज और अग्रवाल समाज के प्रबुद्ध व्यक्ति मीटिंग में सम्मिलित हुए।
सम्मेलन के जिला प्रतिनिधि अनिल धानुका ने वैश्य महासम्मेलन की आवश्यकता और उद्देश्यों पर बल डालते हुए विस्तार से इसके गठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। जिला शाखा के आह्वान पर गठित कोर कमेटी ने अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ समाजसेवी डॉक्टर के एल बंसल का नाम प्रस्तावित किया जिसकी घोषणा दिनेश मुंदडा ने सदन में की। पूरे सदन ने सर्व सम्मति से डॉक्टर के एल बंसल को सूरतगढ़ शाखा के अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किया और उन्हें अपनी कार्यकारिणी गठन का अधिकार प्रदान किया।
जिला प्रतिनिधि रजनी मोदी ने सम्मेलन की राजनीतिक व प्रशासनिक भूमिका पर अपने विचार रखें और समाज को राजनीति में प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
अनिल रांका ने यूजीसी एक्ट के बारे में सदन को जानकारी दी और समाज की एकता पर बल दिया।
ओम सोमानी ने समिति से आग्रह किया कि वह आपस में प्रयास करके समाज में रिश्ते करवाने का भी प्रयास करें।
इस अवसर पर जिला प्रतिनिधि भरत ऋषि रांका, तेरापंथ सभा अध्यक्ष धनराज नौलखा, माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष कमल कोठारी, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजेश सरावगी, जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक संघ के सचिव सुशील सेठिया, तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्षा भारती सावनसूखा मंचसीन रही।
कार्यक्रम का मंच संचालन संजय बैद ने किया। इस बैठक में तीनों समाजों के महिला पुरुष सम्मिलित हुए।
डॉ बंसल ने अपने उद्बोधन में अनिल धानुका को कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करते हुए शीघ्र अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करने की घोषणा की और अपने निर्वाचन के लिए तीनों समाज का धन्यवाद ज्ञापित किया।०0०