शनिवार, 26 नवंबर 2022

विधायक,पूर्व विधायक और बड़े अखबार चर्चित पीपेरन कॉलोनी का सच बताएं! जनता को!!

 

*  करणी दान सिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 13 नवंबर 2022.

अफडेट  26 नवंबर 2022.



सूरतगढ़ शहर और पास में बन रही कॉलोनियों का सच बड़े अखबार और यहां के जनप्रतिनिधि जनता के सामने बताएं। अब फिर एक कॉलोनी पीपेरन के पास बनते हुए चर्चा में है कि यह क्षेत्र घग्घर डिप्रेशन कृत्रिम झीलों के लिए आवप्त भूमि थी। जिनकी भूमि आवाप्त की गई उनको अन्यत्र स्थानांतरण भी मिल गया था। वे लोग फिर से इस भूमि पर काबिज कैसे रहे? इस बन रही कॉलोनी की जमीन अलग-अलग खसरों में दूर थी तो एक जगह पर कैसे आई?इनका आवंटन टीसी से पुख्ता कैसे हुआ और तुरंत ही इनका बेचान व रजिस्ट्री कैसे हो गई? अनेक सवाल घूम रहे हैं?


*कुछ मीडिया कर्मियों ने हिम्मत दिखाकर कॉलोनी को आरोपों के घेरे में खड़ा कर दिया है लेकिन जो सच्च है वह सही रूप में सामने आना चाहिए।

*  कॉलोनी के मालिक बनाने वाले निर्माता कॉलोनाइजरों को इसका जवाब देना चाहिए। वे जवाब दें या न दें लेकिन जो इस इलाके का प्रतिनिधित्व करते हैं,जनता के वोट लेते हैं और आने वाले चुनाव के लिए फिर से तैयारियां कर रहे हैं,उनको कॉलोनियों का सच आम जनता के सामने रखना चाहिए। यह इनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है।

* यदि पीपेरन के पास बन रही कॉलोनी में किसी प्रकार का कोई घपला नहीं है किसी प्रकार की कोई गड़बड़ नहीं है तो स्पष्ट रूप से जनप्रतिनिधियों और बड़े अखबारों को कहना चाहिए कि सच में कोई घपला नहीं है।

 यदि जनप्रतिनिधि और बड़े अखबार कुछ भी नहीं बताते हैं चुप रहते हैं तो आम जनता को और जो प्लॉट खरीदने के इच्छुक लोग हैं उनको अपने दिमाग से भी काम लेना चाहिए कि वहां पर खरीदारी करें या न करें।


👍सूरतगढ़ के वर्तमान विधायक रामप्रताप कासनिया, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह भादू, पूर्व विधायक अशोक नागपाल,पूर्व विधायक गंगाजल मील,पिछले चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे हनुमान मील, सूरतगढ़ के डूंगरराम गेदर जो राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है और राजस्थान शिल्प एवं माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष हैं यह खोजबीन करके और कम से कम नवंबर महीने के अंत तक सच बताएं कि पीपेरन के पास वाली कॉलोनी का और अन्य कॉलोनियों का सच क्या है? इनमें घपला है या नहीं है? यह सच्च 30 नवंबर तक जरूर बताना चाहिए। केवल 5 दिन ही शेष हैं।

👍 बड़े अखबारों में राजस्थान पत्रिका दैनिक भास्कर और इलाके का बड़ा अखबार सीमा संदेश इनको भी खोजबीन करके और सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए। 

* सबसे बड़ी बात है कि कॉलोनी निर्माताओं की ओर से हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूरतगढ़ के पत्रकारों को आमंत्रित किया गया था।

** कॉलोनी की चर्चा काफी समय से क्षेत्र में गूंज रही थी लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित बड़े अखबारों और किसी भी अन्य अखबार ने कोई भी प्रश्न नहीं किया? कोई भी जानकारी प्राप्त करने की कोशिश नहीं की ऐसा क्यों हुआ? यह पत्रकार ही जानते हैं। 

** अब जो भी हुआ है इसकी एकदम सही रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों को और बड़े अखबारों को जनता के सामने रखनी चाहिए। 

* कॉलोनियों का सच क्या है?  ऐसा तो नहीं है कि लोग पहले पैसा लगाएं और बाद में पछताते रहें। दिन रात टेंशन में रहें। इसलिए सच्च सामने लाना बहुत जरूरी है। सच्च आने के बाद प्लाट खरीदने न खरीदने का निर्णय करें,जो सही होगा। 

* यह सच भी बताना जरूरी है कि पीपेरन के पास बन रही कॉलोनी में कोलोनाईजर पार्टनर कौन-कौन है और किन-किन का कितना कितना हिस्सा है? ०0०






शुक्रवार, 25 नवंबर 2022

एडीएम तहसीलदार कार्यालय के आगे की सड़क बुरी तरह से धंसी क्षतिग्रस्त

 


* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 25 नवंबर 2022.

 प्रशासनिक कार्यालयों पर पहुंचाने वाली सड़क 

किसी दुर्घटना में किसी की जान लेने के बाद ही मरम्मत की जाएगी।

यह महत्वपूर्ण सड़क बुरी तरह से धंस कर गड्ढे का रूप ले चुकी हैऔर दुर्घटना को आमंत्रित कर रही है।

बीकानेर रोड से अतिरिक्त जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी,तहसीलदार और पंजीकरण अधिकारी और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालयों को जाने वाली यह सड़क कुछ महीने पहले ही सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई। यह सड़क अंडरपास से भी जुड़ी है। हजारों वाहन और हजारों पैदल इस पर से निकलते हैं।


इस सड़क के निर्माण के समय ही घटिया पन के आरोप लग गए थे। अब प्रमाणित हो गया कि यह घटिया बनी। करीब दस दिन पहले यह सड़क धंस गई और गड्ढा बड़ा बनता गया। इसकी तुरंत रिपेयर होनी चाहिए थी लेकिन लगता है कि बिना दुर्घटना के विभाग जागेगा नहीं। सार्वजनिक निर्माण विभाग का कार्यकाल तो 50 मीटर की दूरी पर ही है। 




इसी सड़क पर तहसील कार्यालय के आगे दो गति रोधक भी सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा गलत बनाए गए।०0०








गुरुवार, 24 नवंबर 2022

पूर्व विधायक हरचंद सिंह सिद्धू के बड़े भाई सरदार भोला सिंह का निधन

 

- करणीदानसिंह राजपूत -

 सूरतगढ़ 24 नवंबर 2022.

 पूर्व विधायक वरिष्ठ वकील सरदार हरचंद सिंह सिद्धू के बड़े भाई स.भोला सिंह का करीब 90 वर्ष की उम्र में 23 नवंबर 2022 को निधन हो गया। भोला सिंह गांव खरलिया तहसील पीलीबंगा जिला हनुमानगढ़ में निवास कर रहे थे। उनका अंतिम संस्कार 23 नवंबर को खरलिया गांव में किया गया।

भोला सिंह काफी सालों से पशु सेवा करने में माहिर थे। वे बीमार पशुओं का प्राचीन देसी ग्रामीण नुस्खों से इलाज किया करते थे। 

उनका बड़े पुत्र सुख महेंद्र सिंह मार्केटिंग कमेटी का चेयरमैन है। छोटे पुत्र लाल सिंह खेती किसानी करते हैं।०0०



बुधवार, 23 नवंबर 2022

5 साल भाजपा 5 साल कांंग्रेस: राजस्थान में यह कैसा खेल?

 





--- यह परंपरा नहीं है। जमीनी कार्यकर्ता की सुनवाई नहीं जनता के काम नहीं. ये कारण बदल देते हैं राज. --


* करणीदानसिंह राजपूत *


 राजस्थान में जनता में यह प्रचलित है कि 5 साल भाजपा और 5 साल कांग्रेस का राज अदल बदल कर आता रहेगा। कोई भी पार्टी का नेता और कार्यकर्ता यह दावा क्यों नहीं करता कि हम दूसरी पार्टी को राज नहीं देंगे। सन् 1998 से 2003 तक कॉन्ग्रेस  2003 से 2008 तक भारतीय जनता पार्टी,2008 से 2013 तक कांग्रेस पार्टी,2013  से 2018 तक भारतीय जनता पार्टी और फिर 2018 से 2023 तक कांग्रेस पार्टी का राज जो चल रहा है। 

लेकिन पूरे राजस्थान में यहां तक की देश के राजनेताओं में भी यह चर्चा हो रही है कि 2023 में भारतीय जनता पार्टी का राज आएगा।

 कांग्रेस पार्टी का कोई नेता जोर शोर से दावा नहीं करता कि हमारा राज 2023 में भी आएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जो तीसरी बार मुख्यमंत्री पद पर आए हुए हैं वे जरूर कहते हैं कि कांग्रेस की सरकार आएगी।

 पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने दावा किया है कि 2023 में  भारतीय जनता पार्टी आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया भी यही दावा कर रहे हैं कि 2023 में भारतीय जनता पार्टी आएगी।

ऐसा क्यों हो रहा है। लोग इसे परंपरा सी मानने लगे हैं और इस परंपरा में वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत को ही मुख्यमंत्री मान करके भी चलते हैं। ये दोनों एक दूसरे को राज ले दे रहे हैं, लेकिन क्या असल में यही सच है? 

मेरा विचार है कि यह पांच 5 साल की राज की परंपरा नहीं नहीं है। असल में सत्ता में आने के बाद जो निकम्मा पन कार्य के प्रति शिथिलता जमीनी कार्यकर्ताओं से जुड़ाव खत्म होना जनता के काम नहीं होना प्रमुख प्रमाणिक तथ्य हैं  जो राज बदलने का काम करते हैं। राज आने के बाद सच्चाई में कार्य नहीं होता,दावे जरूर होते हैं।


पिछले बीस बाईस सालों पर दृष्टि डालें।

सन् 1998 से 2003 तक राजस्थान में कांग्रेस का राज था। इस राज को बदलने के लिए केंद्र से वसुंधरा राजे को राजस्थान में भेजा गया।भारतीय जनता पार्टी ने माना कि राजस्थान में नेता तो बहुत है मगर सभी अपने अपने क्षेत्र में लोकप्रिय हैं। पूरे राजस्थान में ऐसा ताकतवर कोई नहीं है जो कांग्रेस को हराकर भारतीय जनता पार्टी के राज को स्थापित कर सके। वसुंधरा राजे ने भयानक गर्मी में संपूर्ण राजस्थान में परिवर्तन यात्रा निकाली लोगों ने जोर-शोर से स्वागत किया और 2003 के चुनाव में राज बदल गया। लोगों ने वसुंधरा राजे को गले लगाया और सिर पर बिठाया। राज बदलने के बाद में वसुंधरा राजे के सिर पर ताज रखा गया। अखबार वाले भी यही लिखते हैं कि राजस्थान का ताज वसुंधरा के सिर पर। अब यह ताज शब्द ऐसा है कि इससे लोकतंत्र की सुगंध नहीं आती। इस शब्द से राजा और प्रजा के बीच की दूरी  सामने आती है। वसुंधरा राजे राजस्थान की राजा बन गई। उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं थी। जनता ने सिर पर बिठाया था फिर यह जनता 2008 के चुनाव में कैसे बदल गई और राज कांग्रेस को दे दिया। 

इसका कारण खोजा जाए कि सन् 2008 से 2013 तक कांग्रेस का राज रहा। अशोक गहलोत के सिर पर ताज रखा गया लेकिन गांधीवादी माने जाने वाले इस लोकप्रिय व्यक्ति को जनता ने पटकनी क्यों दे दी। सन् 2013 में राज भाजपा को दे दिया लेकिन 2018 में छीन कर पुनः कांंग्रेस को दे दिया।

 अब 2023 के चुनाव में फिर गांधी वादी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आगे राज देने को तैयार क्यों नहीं है? 

आखिर क्या कारण है? इसकी खोज करें तो ऐसा लगता है कि ताज पहनने के बाद सच में वह मुख्यमंत्री अपने आप को राजा और  उसके मंत्री भी सभी राजा बन जाते हैं। प्रजा की सुनवाई नहीं हो पाती। 

नेताओं के नाम  बदल बदल कर आते जाते रहते हैं. मगर कभी किसी ने उन कार्यकर्ताओं को याद किया पूछा उनके काम किए कभी उनके घर जाकर बीमारी में हालचाल ,रोजी रोटी के बारे में पूछा? भारतीय जनता पार्टी की दरियां बिछाकर खड़े होकर भाषण सुनते थे। कांग्रेस पार्टी में दरियां बिछाकर खड़े होकर भाषण सुनते थे। किसी ने भी अपने धरती पकड़ जमीनी कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के बाद याद ही नहीं किया चाहे कांग्रेस हो चाहे भारतीय जनता पार्टी हो। यह जमीनी कार्यकर्ता नेताओं कोठियों में प्रवेश के लिए भी एक प्रकार से तरसते रहे, क्योंकि हर राजनेता जो विधायक बन गया उसने अपना दफ्तर अपने आलीशान मकान से चलाया। चंद लोग कोठी में आ सकते थे जा सकते थे।  विधायक से बात कर सकते थे। दोनों पार्टियों में यह बात रही। 

असल में धरती से जुड़े हुए कार्य करता ही आम जनता से दिन रात हर वक्त जुड़े हुए रहते हैं। अच्छे बुरे में साथ भी देते हैं।जय राम जी की भी करते हैं। हाथ भी जोड़ते हैं। जिस कार्यकर्ता के पास थोड़ी सी भी पावर आ गई।कोई नगर मंडल देहात मंडल का अध्यक्ष बन गया जिला अध्यक्ष बन गया तो उसने जनता को सीधे मुंह बात करना छोड़ दिया। कांग्रेसमें भी यह प्रवृत्ति रही चाहे शहर कांग्रेस का पदाधिकारी हो चाहे देहात कांग्रेस का पदाधिकारी हो या ब्लॉक कांग्रेस का पदाधिकारी हो या जनप्रतिनिधि बन गया हो। राज्य स्तर के पदाधिकारियों की तो बात ही जाने दें,वे तो सम्राट होते रहे। 

 कुर्सी जिसकी पीठटेक सिर से भी ऊंची होती है उस पर जम गया जिसे हम घूमने वाली कुर्सी कहते हैं। उसने  कभी किसी से बात करने की कोशिश नहीं की। आम जनता का काम न भारतीय जनता पार्टी के राज में हुआ न इंडियन नेशनल कांग्रेस के राज में हुआ। 


 एक बहुत सत्य पूर्ण बात रख रहा हूं कि अगर सरकारी दफ्तरों में सरकार की नीति के अनुसार कार्य होते  तब प्रशासन शहरों की ओर प्रशासन गांवों की ओर अभियान चलाने की कोई आवश्यकता ही नहीं होती। ये अभियान ही प्रमाणित करते हैं कि सरकारी दफ्तरों में जनता का काम नहीं होता। बहुत बड़ा प्रमाण है कि वर्तमान में कांग्रेस पार्टी की सरकार है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर इन अभियानों में भी काम नहीं हो रहे। उनके निर्देश ही नहीं माने जा रहे। उन पर काम नहीं हो रहे। बार-बार जयपुर से संदेश दिए जाते हैं कि आम जनता के काम किए जाएं। जिला कलेक्टर उनको आगे संदेश देते हैं कि काम किए जाएं लेकिन नगर पालिका नगर परिषद नगर विकास न्यास के अध्यक्ष और अधिकारी नहीं सुन रहे और काम नहीं हो रहे। 

इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में भी पंचायतों में गांव के लोगों को चक्कर पर चक्कर कटवाए जाते हैं। कोई भी काम हो खुलेआम एक ही बात चलती है कि कुछ न कुछ खर्च करना पड़ेगा और यह कुछ ना कुछ मामूली रकम नहीं होती बहुत बड़ी रकमें होती है। पैसे वालों के काम तो दफ्तरों में भी होते रहे हैं।

आए दिन भ्रष्टाचार निरोधक विभाग छापे मारता है गिरफ्तार करता है यदि जनता का काम हो तो रिश्वत देने की आवश्यकता ही नहीं होती। यह रिश्वतखोरी भारतीय जनता पार्टी के राज में भी थी और कांग्रेस के राज में भी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रिश्वतखोरी में रंगे हाथों पकड़े जाने वालों पर अदालत में मुकदमा चलाने की स्वीकृति संबंधित विभाग का सक्षम अधिकारी नहीं देता। यह कैसा खेल है जिसे राज्य का मुख्यमंत्री मंत्री मंडल बदलता नहीं है। जो विभाग गिरफ्तार करे उसे अदालत में चालान पेश करने की अनुमति होनी चाहिए। बेचारी जनता भ्रष्टाचारियों को पकड़वाने के बाद भी हाथ मलती रह जाती है।  पांच दिन का सप्ताह और छुट्टियां। कहने को सुनवाई के लिए सम्पर्क पोर्टल है लेकिन वहां घुमा फिराकर उत्तर मिलता है जो निकम्मे विभाग से आते हैं जिनकी शिकायत होती है। मुख्यमंत्री कार्यालय में की शिकायतों पर भी काम नहीं होता। मुख्यमंत्री मंत्री कभी भेष बदल कर विभागों में जाएं पुलिस थानों में जाएं और सुनलें सभ्य वाणी जो पीड़ित सुनते हैं। बीट कांस्टेबल से गुप्त रिपोर्ट अपराधों,नशे आदि की नहीं ली जाती। बढते अपराधों से सरकारें बदनाम होती हैं।


ये वे प्रमाणित सच्चे तथ्य हैं जिनसे तंग आकर आम जनता राज बदलने की बात करने लगती है। चाहे भारतीय जनता पार्टी का राज हो चाहे कांग्रेस पार्टी का राज हो दो ढाई साल के बाद में जनता ऊबने लगती है और फिर परिवर्तन आ जाता है। 

अब इस बात को जो प्रमाणित बात है उसको सभी  समझते हैं जानते भी हैं लेकिन कोई भी पार्टी बहुत गंभीर रूप से अपने जनप्रतिनिधियों को संगठन के पदाधिकारियों को कहती नहीं कि आम जनता की सुनो।आम जनता के काम करो। राज हर 5 साल बाद बदलने का यह प्रमुख कारण है जिसे समझने की जरूरत है। हर जनप्रतिनिधियों के चारों ओर पांच दस चापलूसों का तलवे सहलाने वालों का घेरा बन जाता है। जनप्रतिनिधियों को वही अच्छे लगते हैं और जनता दूर और दूर होती जाती है। राज बदल जाता है।०0०


* आज 23 नवंबर 2022 को सभी के समक्ष प्रस्तुत. प्रसिद्ध लेखक सत्य पारीक की पुस्तक "मरूधरा में कांग्रेस भाजपा का ब्ल्युप्रिंट"में अनेक लेखों में एक लेख। *  पुस्तक की चर्चा अलग से की जाएगी।*


करणीदानसिंह राजपूत

स्वतंत्र पत्रकार,

विजयश्री करणी भवन,

सूर्यवंशी स्कूल के पास.

मिनी मार्केट,

सूरतगढ़ ( राजस्थान)

94143 81356.


*******




सूरतगढ़ पुलिस:कमलदीपसिंह पर कं की करोड़ों की जमीन आगे बेचने का केस.जांच जारी.

 


* करणीदानसिंह राजपूत *


**राजस्व कर्मचारी पटवारी और नगरपालिका कर्मचारियों पर भी मिलीभगत का आरोप **


सूरतगढ़ 23 नवंबर 2022.

सूरतगढ़ सिटी पुलिस द्वारा लक्ष्य प्राइम इंडिया इंफ्रा डेवलपर्स लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर कमलदीप सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी करके कंपनी की जमीन अपने नाम करवाने के मामले में आपराधिक मुकदमे में जांच कर रही है।

यह मुकदमा कंपनी के प्रबंध निदेशक बहादुर सिंह पुत्र प्रभाती राम जाट हनुमानगढ़ की ओर से अदालत के मार्फत करवाया गया है। कमलदीप सिंह भी हनुमानगढ़ का रहने वाला है।

प्रबंध निदेशक बहादुर सिंह की ओर से एडवोकेट विवेक सेतिया ने पैरवी की।

अदालत के आदेश से सिटी पुलिस थाना सूरतगढ़ में यह मुकदमा 11 नवंबर 2022 को

दर्ज किया गया। पुलिस जांच कर रही है।


कंपनी के प्रबंध निदेशक ने आरोप लगाया है कि कंपनी के बैंक खाते में 3 डायरेक्टर राजकुमार कमलदीप सिंह और रविंद्र सिंह के हस्ताक्षर प्रमाणित करवाएं हुए हैं।तीनों को संयुक्त तौर पर उक्त कंपनी की ओर से लेनदेन का जिम्मा सौंपा हुआ था। कंपनी को विस्तार के लिए सूरतगढ़ क्षेत्र में भूमि की आवश्यकता थी। इसलिए सरोज देवी पत्नी प्रवीण कुमार के स्वामित्व की कृषि भूमि रोही सूरतगढ़ की खाता संख्या 162 नया और पुराना 158 के खसरा संख्या 330,322/2, 322/2,322/5,325/1और 325 /2 की 

 .97866 तथा खाता संख्या 158 नया 150 पुराना के खसरा संख्या 325/2 की 900 वर्ग फुट भूमि खरीद करने का सौदा किया गया।  खसरा बड़ा था सरोज देवी ने खाता विभाजन के लिए उपखंड अधिकारी की अदालत में एक वाद दायर किए उस खाता विभाजन प्रकरण में पार्टी बनने के लिए कमलदीप सिंह ने प्रार्थना पत्र लक्ष्य प्राइम इंडिया इंफ्रा डेवलपर्स द्वारा प्रस्तुत किया। उक्त खाता विभाजन दिनांक 29 -12 -2016 को डिक्री हो गया। प्रार्थी की कंपनी लक्ष्य प्राइम इंडिया इंफ्रा डेवलपर्स लिमिटेड द्वारा खरीद की गई भूमि का अलग खाता विभाजित हो गया। कंपनी के नाम से अंतिम डिक्री 8 जून 2017 के अनुसार नया खसरा तरमीम होकर 811/ 325 लक्ष्य प्राइम इंडिया इंफ्रा डेवलपर्स लिमिटेड के नाम से .98698 हेक्टेयर के रूप में विभाजित हुई। इसके बाद राजस्व रिकॉर्ड में भूमि का अंकन लक्ष्य प्राइम इंडिया इंफ्रा डेवलपर्स लिमिटेड के नाम से कराना था मगर कमलजीत सिंह ने यह जानते हुए कि उक्त भूमि लक्ष्य प्राइम इंडिया इंफ्रा डेवलपर्स लिमिटेड द्वारा प्रतिफल अदा करके प्राप्त की गई है कंपनी की संपत्ति है लेकिन कमलदीप सिंह ने राजस्व कर्मचारियों व हल्का पटवारी से मिलकर अपने आप को अनुचित लाभ पहुंचाने तथा प्रार्थी की कंपनी को सदोष हानि पहुंचाने के आशय से फर्जी दस्तावेज तैयार कर फर्जी प्रार्थना पत्र तैयार कर बदयांती से अपने नाम करवा ली और जो विक्रय पत्र दो थे कंपनी के नाम से उसके बावजूद अपने नाम करवाई।यह नामांतरण गुपचुप ढंग से दर्ज करवाया गया जिसकी जानकारी प्रार्थी प्रबंध निदेशक को नहीं हुई।

कमलदीप सिंह ने झूठे हलफनामे में नक्शा आदि अपने आप को खरीदशुदा भूमि का स्वामी बताते हुए प्रस्तुत किए। उसके आधार पर नगरपालिका अधिकारियों से साजबाज करके अपने नाम की झूठी रिपोर्ट तैयार करवाली। कमलदीप सिंह ने सारे कार्यवाही छुपा कर नगर पालिका सूरतगढ़ से 17-4- 2018 को खसरा संख्या 811/ 325 की भूमि में से 29695 वर्ग फुट पार्ट का अपने नाम से पट्टा संख्या 16 जारी करवा लिया।

 कमलदीप सिंह द्वारा छल से जमीन अपने नाम करवाने का पता प्रबंध निदेशक को लगा तब प्रबंध निदेशक ने कमलदीप से बातचीत की ओलभा दिया तो उसने कहा कि जो मैंने कर लिया वह कर लिया और जमीन भी आगे भेज दी है। तुम्हें जो करना है कर लो।

उसके बाद में प्रबंध निदेशक की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र दिया गया पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं हुई तब अदालत के अंदर परिवाद प्रस्तुत किया गया। कमलदीप सिंह ने कं की बेशकीमती जमीन को भूखंडों के तौर पर बेच कर करोड़ों रूपये हड़प कर गया।

अदालत के आदेश से  सिटी पुलिस थाने में कमलदीप सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ जिसकी जांच चल रही है।०0०








मंगलवार, 22 नवंबर 2022

नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा सोच समझकर बोलें:नंदियों पर बयान झूठा हुआ.

  


 * करणीदानसिंह  राजपूत *

 सूरतगढ़ 22 नवंबर 2022.

ओमप्रकाश कालवा नगर पालिका अध्यक्ष एक ऐसे पद पर जहां उनको बहुत सोच और समझ कर बोलना चाहिए एवं जो बयान जारी करते हैं उन पर कायम रहते हुए काम भी करना चाहिए।


 बयान देने और उस पर काम नहीं करने से इस पद की गरिमा पर आघात लगता है।


 दीपावली से पहले नगर पालिका सभागार के अंदर यह बयान जारी किया गया कि दीपावली के बाद में शहर में घूमते नदियों को नंदीशाला में पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।

 दीपावली 24 अक्टूबर को थी और उसे बीते एक महीना हो गया है। अभी तक नंदियों को नंदीशाला में पहुंचाने का कोई अभियान शहर में नहीं चलाया गया है। 

अधिशासी अधिकारी विजयप्रतापसिंह भी इस मामले में आलसी रवैया अपनाए हुए हैं।उनका बयान है कि किसी एनजीओ से समझौता हो रहा है।  इस बात को भी हूं 20  से अधिक दिन बीत चुके हैं।

* नगर में घूम रहे नंदियों से रोजाना दुर्घटनाएं हो रही है लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष को इस की परवाह नहीं है।

 9 नवंबर को बड़ोपल रोड पर नंदी से एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया था जिसे बाद में गंगानगर रेफर किया गया था।

सूरतगढ़ के सभी बाजारों में और गलियों में नंदियों की फौज घूम रही है दौड़ रही है,नुकसान पहुंचा रही है।

** हर वक्त खतरा बना रहता है कि दौड़ते हुए 20-30 नंदियों के बीच कोई व्यक्ति या वाहन सवार फंस गया तो कोई गंभीर घटना न हो जाए।

** ऐसा लगता है कि बहुत बड़ी दुर्घटना के बाद ही नगर पालिका अध्यक्ष अपने बयान के हिसाब से कार्य शुरू करेंगे। लेकिन किसी ना किसी का नुकसान हो जाएगा किसी की अगर जान चली गई तो उसकी भरपाई नहीं हो पाएगी।०0०







सूरतगढ़:उपखंड कार्यालय पर पटवारियों का धरना: समझौता लागू करने की मांग

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 22 नवंबर 2022.

राजस्थान पटवार संघ की ओर से अपनी मांगों को लेकर उपखंड अधिकारी कार्यालय सूरतगढ़ के आगे आज धरना दिया गया।

पटवार संघ की मांग है कि 3 जुलाई और 4 अक्टूबर 2021 को जो समझौता किया गया था उसका पालन किया जाए।

मुख्य बिंदु यह है कि जिन गिरदावरों को नायब तहसीलदार बनाया गया और जिन पटवारियों को गिरदावर बनाया गया उनके स्थान रिक्त हुए।उन पर स्थाई रूप से नियुक्तियां की जाय। गिरदावरों से नायब तहसीलदार का कार्य तो करवाया जा रहा है पटवारियों से गिरदावरओं का काम करवाया जा रहा है लेकिन संघ इसे स्थाई रूप से नियुक्ति करवाना चाहता है।

 इसी मुद्दों को लेकर सरकार से 3 जुलाई और 4 अक्टूबर 2021 को समझौता हुआ था जिसे अभी तक लागू नहीं किया गया।

 सूरतगढ़ में आज उपखंड कार्यालय के आगे राजेंद्र ढिल्लों, गिरधारी लाल,विकास,हेमलता चंद्रमुखी,सुमन सहारण, सुमन वर्मा और सीताराम आदि धरने पर थे।०0०

राजियासर स्टेशन आबादी में राजकीय महाविद्यालय खोलने की मांग:जनहित।

 

* करणीदानसिंह राजपूत *


राजियासर स्टेशन आबादी में राजकीय महाविद्यालय खोलने की मांग को लेकर 6 दिसंबर 2022 की वहां होने वाली सभा में मै उपस्थित रहूंगा।

 शिक्षण संस्थाओं का विस्तार और विकास होना भविष्य की उन्नति के लिए आवश्यक होता है। महाविद्यालय की शिक्षा भी बहुत दूर नहीं होनी चाहिए। शहरों में पास में मिलती है और गांवों में दूर मिलती है। 

पहले से संसाधन बहुत विकसित हो गये हैं और इस दृष्टिकोण को समझते हुए अब ग्रामों में विकास के लिए महाविद्यालय खोलने का कार्य राज्य सरकार को करना चाहिए।

राजियासर में राजकीय महाविद्यालय खोलने की मांग सभी के हित में है। इसके पूर्ण होने से इस क्षेत्र की बालिकाओं को भी उच्च शिक्षा प्राप्त हो सकेगी। देश के विकास में महिलाओं का योगदान है और इसके लिए उनको भी उच्च शिक्षा अपने आसपास ही मिलनी चाहिए।०0०

22 दिसंबर 2022.



करणी दान सिंह राजपूत,

 स्वतंत्र पत्रकार,

( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

 सूरतगढ़ (राजस्थान)

94143 81356

*******





सोमवार, 21 नवंबर 2022

श्रीगंगानगर का 1982 का पट्टा कांड:राधेश्याम यूआईटीअध्यक्ष थे.श्याम चुघ ने उठाया था.

 

  * करणी दान सिंह राजपूत *

श्रीगंगानगर में नगर विकास न्यास के अध्यक्ष राधेश्याम के कार्यकाल में एक पट्टा कांड सन् 1982 में हुआ जिससे श्रीगंगानगर से लेकर राजस्थान की विधानसभा में और केंद्र सरकार तक में तूफान मच गया था। यह प्रकरण उच्च न्यायालय तक पहुंचा।

 पट्टों पर इंदिरा गांधी तक के फोटो लगे हुए थे। नगर विकास न्यास के अध्यक्ष राधेश्याम ने खुद का फोटो भी लगाया हुआ था। राजस्थान के मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर एवं स्वायत शासन मंत्री श्री राम गोटेवाला के फोटो भी छपे थेः

ऐसे पट्टे समारोह में वितरित हुए थे। केंद्र के मंत्री की उपस्थिति में एक मंत्री ने बांटे। 




यह कांड उस समय में प्रतिपक्ष के नेता पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत की ओर से राजस्थान के विधानसभा में उठाया गया था। अदालत तक भी पहुंचा। केंद्रीय सरकार ने एक आदेश भी जारी किया था।बड़ा रोचक है यह है विषय जो आज से करीब 41 साल पहले हुआ। उस समय राधेश्याम कांग्रेस में थे और बाद में भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश कर गए और मंत्री भी बने। इसमें कछ पत्रकारों को भी लाभ हुआ।


 मेरे मित्र जुझारू पत्रकार श्याम चुघ ने यह मामला उठाया था। श्याम चुघ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता और कर्तव्यनिष्ठ ईमानदार पत्रकार थे जो आज इस संसार में नहीं है। वे श्री गंगानगर से 'शाश्वत सत्य' समाचार पत्र निकाला करते थे। आपातकाल 1975 में मीसा में जेल में भी डाले गए थे। उन्होंने  गुरुशरण छाबड़ा ( सूरतगढ़ से विधायक रहे थे)  के सामने मुझसे इस पट्टा कांड पर रिपोर्ट दिल्ली के अखबारों में छपवाने का निवेदन किया था। 

यह रिपोर्ट द टाइम्स ऑफ इंडिया के दिनमान सप्ताहिक में मेरी ओर से प्रकाशित हुई थी। दिनमान 25 जुलाई 1982 का यह पुराना अंक इतने सालों के बाद में मैं राजनेताओं समाजसेवियों,पत्रकारों और संघर्षशील जनता के समक्ष प्रस्तुत कर रहा हूं। 

मेरे रिकॉर्ड में बहुत संख्या में लेख कहानियां समाचार रिपोर्ट आदि हैं जो मैं समय-समय पर देता रहूंगा ताकि सभी लोग पढ़कर कुछ सीख सकें।

👍 स्वर्गीय श्याम चुघ के पुत्र क्रांति चुघ वर्तमान में भाजपा के नेता हैं जो श्रीगंगानगर में सक्रिय हैं।

०0०

21 नवंबर 2022.

करणीदानसिंह राजपूत,

स्वतंत्र पत्रकार,

( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ ( राजस्थान)

*******







मेरा पहला लेख रिकॉर्ड में मिला:जल जीवन और स्वास्थ्य का दाता:करणीदानसिंह राजपूत


मेरा लेखन पत्रकारिता आज से करीब 58 साल पहले शुरू हुई।  मेरा पहला लेख 'ज्वाला साप्ताहिक'जयपुर में प्रकाशित हुआ था। 



 जब इस छपे हुए लेख की प्रति मुझे डाक से मिली तो मैं नाच उठा था।  मेरा पहला लेख था इसलिए मुझे बहुत खुशी हुई थी।

 इस लेख से ही मेरे लेखन और पत्रकारिता की शुरुआत हुई और आगे बढ़ता गया।यह लेख वैज्ञानिक लेख था। ज्वाला सप्ताहिक में 8 जुलाई 1965 को यह प्रकाशित हुआ था। पांच बत्ती पर ज्वाला साप्ताहिक का कार्यालय था।


यह लेख मैं छपे हुए रूप में आपके सामने प्रस्तुत करते हुए बहुत ही प्रसन्नता अनुभव कर रहा हूं।


 मैं आप सभी के सामने प्रतिदिन कुछ ना कुछ लेख कहानियां रिपोर्ताज आदि प्रस्तुत करूंगा ताकि आप सभी यह देख सकें कि पहले और आज की पत्रकारिता में कितना अंतर आया है। जब साधन नहीं थे तब भी समाचारों का संकलन और प्रकाशन किस तरह से होता था। पत्रकारिता और लेखन के जोश ने ही मुझे निरंतर आगे बढ़ाया। आज मैं इस समय 78 वर्ष की उम्र में प्रवेश कर चुका हूं और मेरे लेखन से नए पत्रकारों को लेखकों को कुछ सीखने को मिलेगा तो मुझे बहुत बड़ी खुशी होगी। पाठकों को भी मेरे लेखन को पढ़ना चाहिए।

21 नवंबर 2022.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार,

(राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ (राजस्थान)

*******


यह ब्लॉग खोजें