* करणीदानसिंह राजपूत *
राजस्थान के गांवों के लोगों ने रोते रोते पंचायत राज बदल दिया। भाजपा की भजनलाल शर्मा सरकार में अनेक दुविधाओं में लोगों की पीडाओं को खत्म करना तो दूर रहा,पीड़ितों को सुना नहीं गया। गांवों के पीड़ित लोग रोते पिटते किसी तरह उपखंड अधिकारी तक पहुंचते लेकिन वहां दिए प्रार्थना पत्रों पर भी किसी को न्याय नहीं मिला। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भेजी शिकायतें भी दम तोड़ती रही। प्रशासन के अधिकारी दो बार झूठे जवाब देकर,झूठा निस्तारण करके अन्याय करते रहे। जब पंद्रह पंद्रह दिनों तक पीने का पानी ही नहीं मिल पाए तब प्यासा किसके आगे रोए? गांवों के पीड़ित परेशान लोग भाजपा विधायकों के और विधानसभा चुनाव हारे हुए नेताओं के आगे भी रोते रहे। किसानों को खेत में पर्याप्त पानी नहीं मिला और उसकी मांग में भाजपा नेताओं को सरकार के विरुद्ध षड़यंत्र ही नजर आता रहा।किसानों को झूठा ही समझा। वृद्धावस्था पेंशन भी बिना कारण बंद होती रही तथा बुड्ढे बुड्ढियां भी उपखंडों पर चक्कर लगाते रहे। अनेक समस्याओं से ग्रस्त लोग परेशान होते रहे, रोते रहे और समय हाथ में आया तब रोते हुए लोगों ने भाजपा को झड़का कर रख दिया। भाजपा के नेताओं ने यही समझा कि गांवों के लोग कुछ भी नहीं कर सकते? कुछ नहीं कर सकने वाले लोगों ने झड़का दिया और पक्का बता दिया कि वे पलट सकते हैं। राज के आगे के बाकी बचे 2 सालों में कुछ नहीं किया तो वे सन् 2028 के विधानसभा चुनाव में समूची सरकार की कायापलट कर देंगे। पंचायत राज चुनाव के जो परिणाम आए हैं, उससे तो साफ हो गया है कि लोग भजन और मदन दोनों को अपने आप ही पद छोड़ देने चाहिए। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा संगठन के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ अपने अपने पदों के प्रमुख होने के लायक सिद्ध नहीं हुए। इन दोनों की कार्यशैली से भाजपा के विरुद्ध वातावरण बन गया था और अभी भी इनको रखा जाता है,ये खुद पद नहीं छोड़ते हैं तो सन् 2028 के विधानसभा चुनाव में जनता पूरी फिल्म का ही दी एंड कर देगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने तो लोगों के पत्रों शिकायतों पर कभी उत्तर नहीं दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं को राजनीतिक पद दिए जाते हैं कि वे कुछ काम अपने स्तर पर करते रहें और करवाते रहें,लेकिन 3 साल बीत रहे हैं, ये नियुक्तियां भी नहीं की गई। इस नीति से भाजपा कार्यकर्ता भी हताशा में रहे। हताशा में रहे कार्यकर्ता कैसे जितवाते। वे तो खुद लोगों को कहते रहे कि उनके खुद के काम नहीं हो रहे, तो वे लोगों के काम कैसे करवाएं? कार्यकर्ता नाखुश और लोग भी नाखुश।
अनुमान लगाएं लोगों की परेशानियों का कि पंचायत राज चुनाव में लोगों ने क्या समझाया है।
20 नवंबर 2026.
करणीदानसिंह राजपूत,
स्वतंत्र पत्रकार,
( पत्रकारिता का 63 वां वर्ष)
94143 81356.
********




