शुक्रवार, 6 अगस्त 2021
सोमवार, 2 अगस्त 2021
एसडीएम कपिल कुमार यादव ने सूरतगढ़ में कार्यभार ग्रहण किया.जानकारी।
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 2 अगस्त 2021.
सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट कपिल कुमार यादव ने आज सोमवार 2 अगस्त को यहां कार्यभार ग्रहण किया। यादव हनुमानगढ़ में एसडीएम थे जिनकी बदली यहां हुई है। हनुमानगढ़ से पहले यादव संगरिया में भी एसडीएम पद पर रहे थे।यादव मूलतः सीकर के रहने वाले हैं। सन 1983 में जन्में यादव विज्ञान और लोक प्रशासन में शिक्षित हैं।
वनस्पति विज्ञान, रसायन,जूलोजी में स्नातक और लोक प्रशासन विषय में स्नातकोत्तर हैं।
०0०
०००
सूरतगढ़ के भोपालपुरा सरपंच सतपाल और सहयोगी को मनरेगा में रिश्वत लेते एसीबी ने पकड़ा
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 2 अगस्त 2021.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम ने सूरतगढ़ पंचायत समिति के गांव भोपालपुरा ( चक 1 एल एम ) सरपंच सतपाल और उसके सहयोगी भाई को 15 हजार रू से अधिक की रिश्वत लेते पकड़ा।
यह कार्यवाही दो अगस्त को सुबह करीब 7 बजे की गई। ब्यूरो की टीम अधिकारी रात को ही पहुंच गए और तैयार होकर इंतजार कर रहे थे।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो श्रीगंगानगर के डीएसपी वेद लखोटिया,डीएसपी भूपेन्द्र सोनी सीआई विजेन्दर शीला ने की कार्यवाही की।
मनरेगा में हाजिरी लगाने के लिए यह रिश्वत मांगी गई थी।०0०
*********
रविवार, 1 अगस्त 2021
विधायक राजकुमार गौड़ व जिला कलक्टर जाकिर हुसैन ने प्रचार रथ किया रवाना- घर घर औषधी योजना
* करणीदानसिंह राजपूत *
श्री गंगानगर 1 अगस्त 2021.
घर घर औषधि वितरण योजना के तहत जिले में पौधा वितरण के लिए प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर विधायक श्री राजकुमार गौड़ व जिला कलेक्टर श्री जाकिर हुसैन ने जिला कलेक्ट्रेट से रवाना किया। श्री गौड़ ने कहा कि घर घर औषधि योजना राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रही बहु उपयोगी योजना है तथा पर्यावरण का संरक्षण अति आवश्यक है। जिला कलेक्टर श्री जाकिर हुसैन ने सभी लोगों को औषधीय पौधे लेने व उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने सीएमएचओ गिरधारीलाल मेहरड़ा को केरल से आने वाली ट्रेन की माॅनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन से भंवानी सिंह पंवार, नगर परिषद सभापति श्रीमति करुणा चांडक, सीईओ जिला परिषद अशोक कुमार मीणा, नगर परिषद आयुक्त श्री सचिन यादव सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
----------
वन महोत्सव:घर-घर औषधि योजना- कलक्टर, एसपी, विधायक, उपवन संरक्षक के बोल: सचित्र रिपोर्ट.
* करणीदानसिंह राजपूत *
श्रीगंगानगर, 1अगस्त 2021.
गंगानगर विधायक श्री राजकुमार गौड ने कहा कि राजस्थान सरकार की घर-घर औषधि योजना एक महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने निरोगी राजस्थान का जो नारा दिया था, वह नारा घर-घर औषधि योजना से साकार होगा।
श्री गौड़ रविवार को टांटिया यूनिवर्सिटी में राजस्थान सरकार की घर-घर औषधि योजना की शुरूआत से संबंधित जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं 72 वां वन महोत्सव कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत प्राकृतिक रूप से समृद्धशाली है। हिन्दुस्तान जैसी सम्पदा अन्य देशों में नही है। इस सम्पदा को नष्ट करने व दोहन करने में कमी नही छोड़ी गई । उन्होंने कहा कि प्रकृतिक ने हमे बहुत दिया है, उसे नुकसान न पहुंचाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए संजोगकर रखना है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने पीपल, नीम, इत्यादि व औषधिय पौधो की परम्परा को बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथों में देश का भविष्य है। हमे पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक ध्यान देना चाहिए।
श्री गौड़ ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जो कहते है, वो पूरा करते है। उन्होंने ढाई वर्ष पूर्व जो घोषणाए की थी, उनमें से 60 प्रतिशत से ज्यादा घोषणाएं पूरी हो चुकी है। उन्होंने आमजन से अनुरोध किया कि प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाकर बच्चें की तरह परवरिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गिलोय, तुलसी, कालमेघ तथा अश्वगंधा के पौधे हर घर में होने चाहिए। भारत में सदियों से इन औषधिय पौधों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में 1.26 करोड परिवारों को आने वाले 5 वर्ष मे 8-8 पौधे हर घर को दिए जाएंगे।
श्री गौड ने कोविड-19 पर चर्चा करते हुए कहा कि हमने प्रथम व द्धितीय लहर का प्रकोप झेला है, लेकिन जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, चिकित्सक, नर्सिंंग, सामाजिक संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हम कोरोना से जीत पाए है। उन्होने कहा कि जिले में व्यवस्थाओं, दवाओं व आॅक्सीजन की कमी नही आने दी। सभी राजकीय व निजी चिकित्सालयों ने मन सेवा की है।
जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन ने कहा कि 72 वां वन महोत्सव एवं घर-घर औषधि योजना की शुरूआत 11.30 बजे माननीय मुख्यमंत्री ने वीसी के मध्यम से की है। उन्होंने कहा कि हर घर को 4 प्रकार के पौधे दिए जाएंगे। घर-घर औषधि योजना की शुरूआत आज जिले में की जा चुकी है। घरो तक पौधे पहुंचाने के लिए जिले में व्यापक योजना तैयार कर ली गई है। राजस्थान सरकार की यह अभिनव योजना है। यह पहला राज्य है जहां औषधिय पौधे घर-घर वितरित किए जा रहे है। जिला कलक्टर ने कहा कि इन पौधो को लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल व संरक्षण किया जाए। उन्होने कहा कि पहला सुख निरोगी काया के लिए औषधिय पौघो की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होने कहा कि स्वयं पौधे लगाए व अन्य को प्रेरित करे।
पुलिस अधीक्षक श्री राजन दुष्यन्त ने कहा कि घर-घर औषधि योजना एक उपयोगी कार्यक्रम है। उन्होने कहा कि वर्तमान समय में जनरेशन गैप आ रहा है, उसे मिटाना होगा, युवाओं में फास्टफूड व जंकफूड की आदतों को छोडना होगा, क्योकि ये स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। कोविड-19 के दौरान इम्युनिटी बढाने पर जोर दिया गया। कोविड के दौरान औषधिय पौधो का काडा घर-घर बनने लगा, जिससे लोगों में इम्यूनिटी बढी। वर्तमान दौर में नागरिक घरों में औषधिय पौधे लगा रहे है। उन्होंने कहा कि हर घर में औषधिय पौधे व अन्य पौधे लगाने चाहिए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अशोक कुमार मीणा ने कहा कि जिले में 4.25 लाख परिवार चिन्हित किए गए है, जिनमें से 50 प्रतिशत परिवार को इस वर्ष पौधे दिए जाएंगे। 344 ग्राम पंचायतों में इस वर्ष 2.11 लाख औषधि पौधे दिए जाएंगे। जिले में 22 नर्सरियों में पौधे तैयार किए गए है तथा घर-घर पहुंचाने का प्लान बना लिया गया है।
उपवन संरक्षक श्री आशुतोष औझा ने कहा कि पर्यावरण को नष्ट करने के लिए अंधा धुध वनो का दोहन किया गया। पर्यावरण प्रदूषण बढ रहा है। आॅक्सीजन की कमी से कोविड-19 के रोगियों को तडफते देखा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वनो की रक्षा के साथ-साथ पेडो व औषधिय पौधे घर-घर लगाए जाए। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव एक दिन नही 365 दिन मनाया जाए।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में डाॅ0 राजकुमार ने औषधिय पौधो के महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर प्रवीण शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा वीसी प्रोफेसर एम.एम. शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम से पूर्व विधायक श्री गौड़, जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन तथा पुलिस अधीक्षक श्री राजन दुष्यन्त ने पौधारोपण किया। वन विभाग द्वारा तैयार किए गए पोस्टर का विमोचन किया तथा अतिथियों व नागरिकों को औषधिय पौधे वितरित किए गए।
आयोजित कार्यक्रम में नगर परिषद आयुक्त श्री सचिन यादव, उपनिदेशक आयुर्वेद श्री हरिन्द्र दावडा, श्री मोहित टांटिया, स्काउट मोनिका यादव, पेयजल के अधीक्षण अभियन्ता श्री धीरज चावला, बीडीओ श्री जीतेन्द्र खुराना सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। ०0०
-----------
शुक्रवार, 30 जुलाई 2021
प्रत्येक पंचायत समिति से चुने पांच श्रेष्ठ अग्रणी किसानों को 50 हजार तक का पुरस्कार:आवेदन करें
* करणीदानसिंह राजपूत *
श्रीगंगानगर, 30 जुलाई 2021.
आत्मा योजनान्तर्गत आत्मा शाषी परिषद की 24 जून 2021 को जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में कृषक पुरूस्कार हेतु कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, जैविक खेती व नवाचारी खेती का चयन किया गया है। इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5-5 कृषकों का चयन प्रत्येक पंचायत समिति से किया जायेगा। प्रत्येक पंचायत समिति से एक उद्यम के लिए एक ही कृषक का चयन किया जायेगा। इस प्रकरण सम्पूर्ण जिले की 9 पंचायत समितियों में से 45 कृषकों का चयन पुरूस्कार हेतु कर उनको नगद पुरूस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जावेगा। इसके लिए कृषि विभाग ने आत्मा योजनान्तर्गत तैयारी शुरू कर दी है। प्रगतिशील कृषकों को 30 सितम्बर 2021 तक आवेदन करना है। इसके बाद कृषि विभाग की गठित कमेटी भौतिक सत्यापन कर प्रगतिशील कृषकों का चयन करेगी।
उप निदेषक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) श्री विनोद सिंह गौतम ने बताया कि कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम (आत्मा) के तहत कृषि उद्यमों के श्रेष्ठ कृषकों को राज्य, जिला तथा पंचायत समिति स्तर के लिए चयन कर पुरूस्कृत किये जाने का प्रावधान है।
राज्य स्तर पर चुने जाने वाले प्रगतिशील कृषकों को 50-50 हजार का पुरूस्कार दिया जायेगा। इसी तरह जिला स्तर पर भी 10 श्रेष्ठ कृषक चुने जायेंगे, जिन्हें 25-25 हजार रूपये दिये जायेंगे तथा पंचायत समिति स्तर पर 5 श्रेष्ठ कृषकों का चयन कर उन्हें 10-10 हजार रूपये का पुरूस्कार देकर पुरस्कृत व सम्मानित किया जायेगा। कृषक को एक बार ही इस योजना के अन्तर्गत सम्मानित किया जाना है। वर्ष 2009-10 से 2020-21 तक 226 कृषकों को आत्मा योजनान्तर्गत पुरूस्कृत किया जा चुका है वे कृषक इस योजना के पुनः पात्र नहीं होंगे।
इस क्षेत्र में कार्य करने पर मिलेगा सम्मानः उन्नत जल प्रबन्धन तकनीकि से कृषि कार्य, हाईटेक उद्यानिकी, उन्नत पशुपालन, जैविक खेती व नवाचारी खेती आदि कार्य करने वाले कृषक पुरूस्कार चयन हेतु आवेदन निर्धारित प्रपत्र में समस्त सूचना भरकर अपना पासपोर्ट साईज फोटो लगाकर कृषि एवं सम्बंधित क्षेत्र में किये जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की फोटो व सीडी सहित पूर्ण पत्रावली अपने नजदीक के सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) कार्यालय के माध्यम से उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) श्रीगंगानगर में 30 सितम्बर 2021 तक प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित आवेदन पत्र सभी सहायक निदेशक कृषि (विस्तार)/बीटीटी कन्वीनर कार्यालयों में उपलब्ध हैं।
चयन प्रक्रिया
कृषक सम्मान हेतु आवेदन करने वाले कृषकों की उप निदेषक कृषि एवं परियोजना निदेशक आत्मा द्वारा उप निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषदए संयुक्त निदेशक/उप निदेशक पशुपालन, सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), सहायक निदेशक उद्यान एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक इत्यादि के माध्यम से प्रारंभिक जांच के पश्चात् पंचायत समिति वार सूची तैयार की जाकर, अंतिम रूप से चयन हेतु जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष आत्मा की अनुमति से विचारार्थ शाषी परिषद् को प्रस्तुत किया जायेगा। शाषी परिषद् द्वारा इन नामांकनों में से प्रत्येक पंचायत समिति में पांच कृषकों का चयन किया जायेगा। पंचायत समिति वार चयनित कृषकों में से ही जिला स्तर के 10 कृषकों का पुनः चयन किया जायेगा। जिला स्तर पर चयनित कृषकों में से राज्य स्तर पर चयन किया जावेगा। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 0154-2441930, मो.नं. 9460562672 पर सम्पर्क करें।
--------
राजस्थान में इलैक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर अनुदान
श्रीगंगानगर, 30 जुलाई 2021.
परिवहन विभाग द्वारा इलैक्ट्रिक वाहनों की खरीद को प्रोत्साहन देने के लिये इलैक्ट्रिक वाहनों के क्रेताओं को एसजीएसटी राशि का पुर्नभरण एवं एक मुश्त अनुदान दिया जायेगा।
जिला परिवहन अधिकारी श्री विनोद कुमार ने बताया कि एसजीएसटी राशि का पुनः भरण समस्त प्रकार के इलैक्ट्रिक वाहन दुपहिया, तिपहिया इलैक्ट्रिक वाहनों पर बैटरी क्षमता अनुसार देय है। यह अनुदान एक अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 तक क्रय किये गये एवं 31 मार्च 2022 तक पंजीकृत किये गये वाहनों पर देय है। वाहन का क्रय राजस्थान राज्य से ही होना आवश्यक है। o0o
-------
सफाई कर्मचारियों से दफ्तरों कंप्यूटर अन्य कार्य पर रोक:वेतन नहीं देने का सख्त आदेश देखें.
*करणीदानसिंह राजपूत *
राजस्थान के स्वायत शासन विभाग के निदेशक ने 29 जुलाई 2021को आदेश दिया है जिससे पूरे राजस्थान की नगरपालिकाओं नगरपरिषदों व नगरनिगमों में हड़कंप मचा है।
स्वायत शासन विभाग के निदेशक ने आदेश दिया है कि नगर पालिका नगर परिषद और नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के पद पर लगे कर्मचारियों से अन्य स्थानों विभागों पर कार्य कराया जा रहा है,उन्हें मूल पद पर कार्य का आदेश दिया जाए।
यदि कोई मूल पद पर कार्य नहीं करता है तो उसकी हाजिरी नहीं लगाई जाए और वेतन नहीं दिया जाए।
विदित रहे कि नगर पालिका नगर परिषद नगर निगमों में सफाई कर्मचारियों के पदों पर लगे कर्मचारियों से अन्य स्थानों पर दफ्तरों में लिपिक पदों कंप्यूटर ऑपरेटरों आदि पर कार्य कराया जा रहा है। अनेक को विभिन्न दफ्तरों में प्रतिनियुक्ति पर लगाया हुआ है।
इससे सफाई कार्य प्रभावित होता है।
इनकी शिकायतें होती रही है लेकिन आदेशों के बावजूद नगर निकायों में अधिशासी अधिकारी चुने हुए अध्यक्ष आदि ध्यान नहीं दे रहे।
स्वायत शासन विभाग ने 2018 और 2020 में भी इस प्रकार के आदेश दिए थे जिनका पालन नहीं होने पर शिकायतें होती रही। अब 29 जुलाई 2021 को यह सख्त आदेश जारी हुआ है। अब अन्यत्र काम करने वालों को वेतन का संकट रहेगा वहीं अधिशासी अधिकारी जैसे पद पर भी कार्रवाई होगी।०0०
०००००००००००
सीमा और छावनी क्षेत्रों में ड्रोन का उपयोग पर रोक:अन्य इस्तेमाल पर पंजीयन जरूरी.
* करणीदानसिंह राजपूत *
श्रीगंगानगर, 30 जुलाई 2021.
अंतर्राष्ट्रीय सीमा से 25 किलोमीटर तथा छावनी क्षेत्र के तीन किलोमीटर में उपयोग नहीं
राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि, सभी ऐजेंसियां सर्तक रहें:- जिला मजिस्ट्रेट जाकिर हुसैन.
जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री जाकिर हुसैन ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी सुरक्षा ऐजेंसियां, पुलिस प्रशासन का सुरक्षा को लेकर सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। सुरक्षा संबंधी बैठक जो प्रतिमाह आयोजित की जाकर विभिन्न इशू का निपटारा किया जायें। उन्होंने कहा कि विभिन्न ऐजेंसियों द्वारा जो समय-समय पर इनपुट दिये जाते है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाये तथा सर्तकता बरती जाये।
जिला कलक्टर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाहाॅल में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में ड्रोन कैमरें को सूचीबद्ध करने के साथ-साथ जानकारी दी जाये कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा से 25 किलोमीटर तथा सेना छावनी के तीन किलोमीटर के आसपास ड्रोन का उपयोग नहीं किया जा सकता। विवाह समारोह इत्यादि में उपयोग के लिये 24 घंटे पूर्व स्थानीय प्रशासन व पुलिस को सूचना देनी होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक किया जाये कि ड्रोन का उपयोग बिना अनुमति नहीं हो।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिये कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास अधिक ऊंचाई वाली फसलें न बोयी जाये। उन्होंने कहा कि बीएसएफ, स्थानीय पुलिस, राजस्व व कृषि विभाग संयुक्त रूप से एक जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को बताए कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये लगभग 2 फीट ऊंचाई वाली फसलें ही सीमा क्षेत्र के पास बोयी जाये, जिससे सुरक्षा ऐजेंसियों को निगाह रखने में आसानी होगी। जिला कलक्टर ने कहा कि सीमा क्षेत्र के आसपास मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए। सुरक्षा ऐजेंसियों की आवश्यकता के अनुसार सड़क, पानी, बिजली इत्यादि सुविधाएं विकसित करने के लिये सुरक्षा बलों से प्राथमिकता के अनुसार कार्यों की सूची ले लें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री भवानी सिंह पंवार ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास अवांछनीय गतिविधियां न हो, इसको लेकर किसान कम ऊंचाई की फसलों की बुवाई करें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के लिये जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार नशा मुक्ति शिविर लगाकर युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। नशीली दवाओं को पकड़ने के लिये भी पर्याप्त कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमा के समीप किसी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि में शामिल संबंधित नागरिक के विरूद्ध पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जानी चाहिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआईडी श्रीमती दीक्षा कामरा ने कहा कि जिले में लगभग 55 ड्रोन है, जिन्हें सूचीबद्ध किया गया है। माइक्रो एवं स्माल श्रेणी के ड्रोन का पंजीयन आवश्यक है। डिजिटल स्काई प्लेटफार्म पर ड्रोन का पंजीयन करवाया जा सकता है। 24 घंटे पूर्व प्रशासन व पुलिस को सूचित कर शादी में उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि छावनी, हवाई अड्डा के आसपास तीन किलोमीटर तथा अंतर्राष्ट्रीय सीमा से 25 किलोमीटर तक ड्रोन का उपयोग नहीं करना चाहिए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अशोक कुमार मीणा ने सीमांत क्षेत्र विकास योजना के तहत बीएसएफ द्वारा करवाये जाने वाले 6 लम्बित कार्यों की टीएस जारी करने तथा दो पेयजल परियोजनाओं का कार्य बीएसएफ को देने पर चर्चा की। साथ ही बीएसएफ द्वारा नरेगा योजना में किये जाने वाले कार्यों पर बल दिया।
बीएसएफ के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र के पास मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण करने, पेयजल परियोजनाओं को पूर्ण करने सहित विभिन्न प्रकार के सुरक्षा से जुड़े बिन्दुओं पर चर्चा की। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अशोक कुमार मीणा, बीएसएफ के डीआईजी श्री अमित कुमार त्यागी, कमाण्डेंट श्री देशराज, कमाण्डेंट श्री एस.आर. खान, डीसी श्री जे.के.नांगल, जिला परिवहन अधिकारी श्री विनोद कुमार, खनन विभाग से नोरंग लाल, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी श्री सुमन मिनोचा, एनएचआई के श्री सुशील बिश्नोई सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
---------
मंगलवार, 27 जुलाई 2021
कलाकारों जागो..डाटाबेस वास्ते जल्द आवेदन करें- जिला कलेक्टर जाकिर हुसैन की अपील.
* करणीदानसिंह राजपूत *
श्रीगंगानगर, 27 जुलाई 2021.
केन्द्र ने राजस्थान के कलाकारों को कला प्रदर्शन हेतु अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य एवं केन्द्र को सहज रूप से कलाकारों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने के उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए आर्टिस्ट डाटाबेस तैयार करने हेतु आॅनलाईन आवेदन, प्रविष्टियां आमंत्रित की गई है।
जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन ने बताया कि केन्द्र स्तर पर कलाकारों लोकसंगीत नृत्य, आदिवासी संगीत नृत्य, शास्त्रीय, उप शास्त्रीय संगीत, गायन, वादन, नृत्य के हुनर का राज्य स्तर पर मंचीय प्रदर्शन के अवसर प्रदान करना, अधिक से अधिक कलाकारों को प्रदर्शन का मौका देना, प्रदेश के कलाकारों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कलाकारों के प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहन, प्रदर्शन के पश्चात मानदेय देकर आर्थिक सम्बल प्रदान करना, प्रदेश की पुश्तैनी एवं पारम्परिक कलाओं को संरक्षण प्रदान करना, लुप्त प्रायः कलारूपों, विधाओं को जीवित रखने की दिशा में कार्य योजना एवं संरक्षण प्रदान करना, कलाकारों को मान्यता, पहचान दिलाना, कला समूहों के साथ मिलकर कलाकारों को राज्य, राष्ट्र, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम प्रदर्शन का अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि जिले के ऐसे कलाकार जिनका डाटाबेस तैयार किया जाना है, वे अतिशीघ्र जवाहर कला केन्द्र के ई-मेल jkk@rajasthan.gov.in पर प्रेषित किया जाना है। कलाकारों द्वारा भरे हुए निर्धारित प्रपत्र मय दस्तावेजों के जिला कलक्टर के माध्यम से अधिकृत अधिकारी की अभिशंषा के साथ जवाहर कला केन्द्र को भिजवाना होगा। आवेदक कलाकार को पहचान हेतु भामाशाह अथवा आधार कार्ड की छायाप्रति प्रस्तुत करना आवश्यक है। आवेदक कलाकार को विगत तीन वर्ष के दौरान दिये गये सरकारी, गैरसरकारी कार्यक्रमों से संबंधित प्रमाण पत्र, समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों की छायाप्रति तथा कार्यक्रम प्रस्तुतीकरण की कम से कम दो फोटोग्राफ संलग्न करना आवश्यक है। जिले के इच्छुक कलाकार जल्द से जल्द निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करे और सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में जमा करवाएं। ०0०
००००००००००






















































