बुधवार, 16 दिसंबर 2015

विधायक राजेन्द्रसिंह भादू ने 2 साल के विकास कार्य बतलाए.प्रेसवार्ता:

पहली प्रेसवार्ता में जम कर बोले: अपनी राजनैतिक टीम के साथ आए:
पालिकाध्यक्ष श्रीमती काजल छाबड़ा,पंचायत सतिति प्रधान श्रीमती बिरमा देवी और भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष महेशकुमार सेखसरिया व देहात अध्यक्ष पेपसिंह राठौड़ भी उपस्थित थे:
विकास कार्यों के कागजात विभागानुसार दिए:
- करणीदानसिंह राजपूत -
सूरतगढ़, 16 दिसम्बर 2015.
भाजपा के राज के 2 साल पूर्ण होने पर जयपुर में उत्सव मनाए जाने के बाद विधायक राजेन्द्रसिंह भादू ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र सूरतगढ़ में करवाए गए कार्यों का विवरण कागजातों के साथ पत्रकार वार्ता में सौंपा। भादू एक घंटे से अधिक समय तक धारा प्रवाह एक एक विकास कार्य की जानकारी देते हुए बोले।
नगरपालिका द्वारा शहर में करवाए गए कार्यों की जानकारी दी वहीं ग्रामीण इलाकों में हुए कार्यों की जानकारी भी दी। रेलवे,सड़क,कृषि उपज मंडी,बिजली,सिंचाई,राजस्व,शिक्षा व चिकित्सा का विवरण दिया। उन्होंने यह बेबाक माना कि अभी शिक्षा व चिकित्सा में बहुत पिछड़े हुए हैं क्योंकि अध्यापकों व डाक्टरों आदि की भारी कमी है जो पूरे प्रदेश में ही चल रही है। लेकिन इन परेशानियों को भी दूर करने के प्रयास सफल होंगे।
सेम समस्या हल के लिए भी कार्य किए जाने का पूरा विश्वास दिलाया कि यह समस्या रहने नहीं दी जाएगी।
शहर के रेलवे पुलों व मोकलसर पुल बाबत भी जानकारी दी।  पत्रकारों ने प्रश्र किए जिनका समुचित उत्तर भी दिया गया।
प्रेस वार्ता में सूरतगढ़ के अलावा जैतसर व राजियासर के पत्रकार भी शामिल हुए।
जो विकास कार्य कराए गए हैं उनकी रिपोर्ट अलग अलग दी जाएगी।

मंगलवार, 15 दिसंबर 2015

आपातकाल के लोकतांत्रिक सेनानी गोपसिंह सूर्यवंशी प्रथम पुण्यतिथि 15 दिसम्बर 2015.


प्रथम पुण्यतिथि 15 दिसम्बर 2015.
आपातकाल 1975 के घोर अत्याचारी शासन का विरोध कर प्रदर्शन के साथ गिरफ्तारी देने व जेल भोगने वाले लोकतांत्रिक सेनानियों में गोपसिंह सूर्यवंशी का नाम सदा पढ़ा जाएगा। गोपसिंह 15 दिसम्बर 2014 को इस संसार से कूच कर गए।
छात्र जीवन से ही संघर्षमयी जीवन जीते रहने वालों में गोपसिंह रहे। नगरपालिका में पार्षद भी रहे। अनेक सामाजिक समस्याओं को उठा का सरकार का ध्यान जगाने वालों में रहे। राजकीय महा विद्यालय में वाणिज्य संकाय खुलवाने का मुकद्दमा 12 साल तक अदालतों में चला जिसमें सूरतगढ़ के करीब 27 जनों ने यह स्ंाघर्ष किया। इसमें बरी हुए।
राजकीय चिकित्सालय में महिला रोग विशेज्ञ महिला डाक्टर की मांग को लेकर आमरण अनशन भी किया था।
क्रांतिकारी विचारधारा के धनी गोपसिंह नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की जीवनी से भी प्रभावित थे। सुभाष जयंती पर नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करने का कर्तव्य निभाने में आगे रहे। युवावस्था का एक चित्र यहां प्रकाशित किया जा रहा है।
प्रस्तुतकर्ता-अग्रज करणीदानसिंह राजपूत।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::

रविवार, 13 दिसंबर 2015

सूरतगढ़अनूपगढ़ रोड आँदोलन में मुकद्दमा बनाने पर रोष:गिरफ्तारी वास्ते थाने पहुंचे:


राष्ट्रीय उच्च मार्ग नं 15 मानकसर के पास जाम करने के आरोप में मुकद्दमा:
28 नामजद व करीब ढाई सौ:
- करणीदानसिंह राजपूत -
सूरतगढ,13 दिसम्बर 2015.
सूरतगढ़ अनूपगढ़ रोड बनाने की मांग को लेकर 7 सितम्बर को आँदोलन करने वाले लोगों पर पुलिस सिटी थाने ने मुकद्दमा बना दिया जिस पर आज नागरिक संघर्ष समिति के कार्यकर्ता अपनी गिरफ्तारी कराने नारे लगाते हुए थाने पहुंचे। पुलिस ने 28 लोगों को नामजद किया है। इसमें विभिन्न राजनैतिक दलों व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता हैं। 


सोमवार, 7 दिसंबर 2015

राजीव गांधी आवासीय योजना के रंगीन पैप्फलेट का लाखों का घोटाला सूरतगढ़


पैम्फलेटों पर अधिशाषी अधिकारी पृथ्वीराज जाखड़ और अध्यक्ष बनवारीलाल का नाम:
13 से 18 मार्च 2013 को नीलामी थी और पैम्फलेट दो दिन पहले 11 मार्च को पालिका स्टोर में आना बताया गया व प्रेस मालिक द्वारा अपने स्तर पर दूर दूर शहरों कस्बों तक वितरण करना दिखाया गया जो एडीएम जांच में अविश्वसनीय माना:
सिविल सोसायटी के दिलात्मप्रकाश जैन की शिकायत पर हुई थी जाँच:
जिला कलक्टर श्रीगंगानगर ने जाँच रिपोर्ट 18-8-2014 को निदेशक स्वायत्त शासन विभाग को भेज दी थी
- ब्लास्ट की आवाज की तीसरी आँख - दिनांक 7 दिसम्बर 2015 से
सूरतगढ़। नगरपालिका की आवासीय योजना के 30 हजार रंगीन पैम्फलेटों के छापे जाने की शिकायत सिविल सोसायटी के अध्यक्ष दिलात्म प्रकाश जैन ने की और सरकार के आदेश पर इसकी जाँच अतिरिक्त जिला कलक्टर नारायणदास मटई ने करके जिला कलक्टर श्रीगंगानगर को 16 अगस्त 2014 को सौंप दी। जिला कलक्टर ने यह रिपोर्ट 18-8-2014 को निदेशक स्वायत्त शसन विभाग को जयपुर विशेष वाहक के द्वारा भिजवा दी।
इस जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया कि गड़बड़ हुई है। 


रविवार, 6 दिसंबर 2015

जमीन को नशीला होने से बचाओ और जनता को नशा पिलाओ:


सुरेन्द्रपालसिंह टीटी राजस्थान के श्रम मंत्री का बयान- कीटनाशकों से जमीन नशीली होकर खराब हो रही है:
राजस्थान सरकार को जमीन की चिंता है और जनता की चिंता नहीं जिसे दारू पिला रही है:
- करणीदानसिंह राजपूत -
राजस्थान सरकार के श्रममंत्री सुरेन्द्रपालसिंह टीटी ने विश्व मृदा स्वास्थ्य दिवस 5 दिसम्बर पर जमीन के स्वास्थ्य को सही रखने के लिए अपना बयान दिया। किसानों को यह संबोधन था।
मंत्रीजी ने कहा- अधिक कीटनाशकों से जमीन नशीली होकर खराब हो रही है। जमीन को नशीला होने से बचाओ।
जमीन आदमी यानि जनता के लिए ही है।
सरकार को जमीन के नशीला होने की चिंता है,लेकिन जनता की चिंता नहीं है जिसके लिए जमीन है।
राजस्थान सरकार जनता को दारू पिलाने को कटिबद्ध है। जनता को दारू पिलाने में कोई संकोच नहीं है। जनता दारू पी कर अपने स्वास्थ्य को खराब करे चाहे अपराध करे। दारू से सरकार के खजाने में रकम आती रहनी चाहिए। जनता चाहे नशीली होती जाए।
राजस्थान में संपूर्ण शराबबंदी के लिए आमरण अनशन करते हुए गुरूशरण छाबड़ा का बलिदान हो गया लेकिन सरकार की इतनी बेशर्मी रही है कि दारू को बंद करने का निर्णय नहीं लिया।
बिहार और महाराष्ट्र ने अगले साल से दारू बंद करने की घोषणा करदी लेकिन फिर भी राजस्थान की संस्कार वाली सरकार ने दारू बंद की घोषणा नहीं की।
सरकार चलाने वालों को मालूम है कि दारू से संस्कार गड़बड़ाते हैं लोग बिगड़ते हैं परिवार बरबाद होते हैं, लेकिन इसके बावजूद ीाी सरकार संस्कार चरित्र बिगाडऩे में लगी है।

सूरतगढ़ अनूपगढ़ सड़क नहीं बनी मुकद्दमा जरूर बना दिया


वाह रे,राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार


स्पेशल रिपोर्ट-
सूरतगढ़। सूरतगढ़ अनूपगढ़ सड़क बनाने की मांग पर सरकार ने बजट घोषणा का नाटक किया। विधायक राजेन्द्र भादू ने सड़क बनाने कार विश्वास दिलवाया लेकिन सड़क तो नहीं बनी,पुलिस में मुकद्दमा जरूर बना दिया गया। इसे कहते हैं राज का विश्वास। सांसद निहालचंद मेघवाल ने भी सड़क बनाने का विश्वास दिलवाया था।
सूरतगढ़ सिटी थाना पुलिस ने 7 सितम्बर को राष्ट्रीय उच्च मार्ग नं 15 को जाम करने के आरोप में 22 नेताओं को नामजद किया है और 13 दिसम्बर 2015 को थाने में पधारने का निमंत्रण दिया है। पुलिस ने इसके साथ ही धमकी दी है कि हाजिर नहीं होने वालों को जमानती वारंट पर बुलाया जाएगा।
पुलिस ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग बाधित करने का मुकद्दमा तो बना दिया लेकिन सच्च यह है कि पुलिस ने रास्ता रोकने वालों को कोई चेतावनी नहीं दी जो कि रास्ता खुलवाने के लिए दी जानी जरूरी थी। पुलिस के अधिकारी मानकसर चौक पर कुर्सियों पर बैठे रहे। असल में यह मुकद्दमा बराबर में उन पर भी कायम किया जाना चाहिए।
एक पुरानी रिपोर्ट पढऩा चाहें तो क्लिक करें। 

अनूपगढ़ सूरतगढ़ सड़क:दैनिक हाई लाईन ने सरकार की पोल खोल कर रख दी:


गुरुवार, 3 दिसंबर 2015

सूरतगढ़ नगरपालिका में लठ प्रदर्शन:कब्जों में पालिकाध्यक्ष पर आरोप:


नागरिक संघर्ष समिति के लोगों ने प्रदर्शन किया:
- करणीदानसिंह राजपूत -
सूरतगढ़ 3 दिसम्बर 2015.
बेशकीमती सड़क हिस्से के करोड़ों रूपए की जमीन पर हो रहे अतिक्रमाण को हटवाने के लिए नागरिक संघर्ष समिति के लोगों ने लठों के साथ पालिका पर प्रदर्शन किए। ये बाजारों में से होते पालिका में पहुंचे और काफी देर तक नारे बाजी की। समिति ने चेतावनी दी कि पालिका के एक कर्मचारी दूलाराम डूडी की ओर से कब्जा किया जा रहा है। दूलाराम सरे आम कह रहा है कि पालिकाध्यक्ष व कई पार्षदों की इसमें संलिप्तता है। पालिका इसलिए कब्जे को हटा नहीं रही है और संलिप्तता साबित हो रही है। अगर नगरपालिका कब्जे को नहीं हआना चाहती तो समिति के लोग जाऐंगे और पालिका की भूमि को मुक्त कराएगी। मोके पर कोई कानूनी विवाद हुआ तो पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। 


सूरतगढ़ पालिका ने लठ प्रदर्शन के बाद हटाया करोड़ों का कब्जा:


ईओ प्रियंका बुडानिया कब्जे पर गई और हटाने का आदेश दिया:
कब्जा निर्माण करने वाले ने हरे पेड़ के बड़े डाले काट डाले और पेड़ को काटे जाने की भी तैयारी थी:
नगरपालिका संपत्ति का बोर्ड लगाया गया:
- करणीदानसिंह राजपूत -
सूरतगढ़ 3 दिसम्बर 2015.
राजकीय चिकित्सालय की चार दीवारी के चिपते करोड़ों रूपए के बहुत बड़े भूखंड सड़क के हिस्से पर हो रहे अतिक्रमण निर्माण को नागरिक संघर्ष समिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के पालिका में लठ प्रदर्शन और चेतावनी दिए जाने के बाद जेसीबी से हटवा दिया गया। 


मंगलवार, 1 दिसंबर 2015

राजस्थान से शराब भी जाएगी और सरकार भी जाएगी:पूजा छाबड़ा का ऐलान:



सत्तामद और घमंड में डूबी वसुंधरा नहीं समझ रही,मगर भाजपा क्यों नहीं समझ रही:
आगे वही सरकार बनेगी जो शराबबंदी करेगी-न खुद सोऊंगी और न किसी को सोने दूंगी:
- करणीदानसिंह राजपूत वरिष्ठ पत्रकार - सामयिक टिप्पणी
पूजा छाबड़ा ने आमरण अनशन खत्म कराए जाने के बाद जो ऐलान किया है वह वसुंधरा राजे और भाजपा दोनों के लिए अत्यंत गंभीर चेतावनी वाला है। पूजा ने कहा कि राजस्थान में आगे वह सरकार बनेगी जो शराब बंद करेगी। यह भी कहा कि राजस्थान में शराबबंदी और सशक्त लोकपाल की नियुक्ति होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वे खुद नहीं सोएंगी और न किसी को सोने देंगी। राजस्थान में जो वातावरण भाजपा और वसुंधरा राजे के विरूद्ध बन रहा है,उससे लगता है कि गरमाए हुए मुद्दे को समझा नहीं गया तो राजस्थान से शराब भी जाएगी और वसुंधरा सरकार भी जाएगी।
लोग समझा करते थे कि आरएसएस में बुद्धिमान लोगों की कमी नहीं है और उनकी पैदाईश भाजपा में भी बुद्धिमान होंगे तथा जब दोनों में बुद्धिमान होंगे तो निश्चित है कि सरकार चलाने वाले भी बुद्धिमान व दूरंदेशी सोच वाले होंगे। मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से और अधिक सोच वाले होने की उम्मीद रखना गलत नहीं था। लेकिन लोक संघर्ष मोर्चा के गुरूशरण छाबड़ा के सत्याग्रह आँदोलन को समझा नहीं गया। गुरूशरण छाबड़ा या उसके परिवार को या मोर्चे को इससे कोई आर्थिक या राजनैतिक लाभ होने वाला नहीं था।
दोनों ही मांगों की पूर्ति से गरीब दीन हीन लोगों दलितों पीडि़तों को लाभ मिलता। शराब और भ्रष्टाचार से यही वर्ग पीडि़त होता रहा है। चाहे वह किसी जाति समाज व संप्रदाय का हो। इन दोनों ही मांगों को किसी भी तर्क पर गलत नहीं ठहराया जा सकता। पूजा छाबड़ा का अनशन खत्म करवा दिया लेकिन माँगें वहीं की वहीं पड़ी है जो सरकार को चुनौती दे रही है।
राजस्थान में संपूर्ण शराबबंदी और सशक्त लोकपाल की मांगों को लेकर पूर्व विधायक गुरूशरण छाबड़ा आमरण अनशन करते हुए बलिदान हो गए और राजस्थान सरकार ने 33 दिनों तक उनसे बात तक नहीं की। उनके परिवार ने घोषणा कर दी कि वसुंधरा सरकार और जितने बलिदान चाहती है,उतने बलिदान देने को तैयार हैं। उनकी पुत्रवधु पूजा छाबड़ा चेतावनी के बाद आमरण अनशन पर बैठ गई। सरकार अपने गरूर में बात करने नहीं पहुंची लेकिन उनको चिकित्सालय पहुंचा दिया। उन्होंने सरकारी दबाव को ठुकराते हुए अनशन जारी रखा और आठवें दिन की रात्रि में 30 नवम्बर को सरकार कुछ अकल आई व समझौता किया। मंत्री अरूण चतुर्वेदी पहुंचे व पूजा छाबड़ा का अनशन खत्म करवाया।
सरकार ने तीन माह का वक्त मांगा है जिसमें छाबड़ा के साथ हुए समझौते या सुझावों को लागू किए जाने के लिए मनन होगा।
अच्छा होगा कि राजस्थान की सरकार बिहार और महाराष्ट्र की सोच पर मनन करे और दोनों माँगों को पूरा करने का निर्णय ले।


 

- लेखक वरिष्ठ पत्रकार है और गुरूशरण छाबड़ा के आँदोलनों के साथी रहे हैं।
मोबाइल नं. 94143 81356

गुरूशरण छाबड़ा की पुत्रवधु पूजा छाबड़ा का अनशन मंत्री अरूण चतुर्वेदी ने खत्म कराया:


राजस्थान में शराबबंदी और सशक्त लोकपाल की स्व.गुरूशरण छाबड़ा की मांग पर ही था आमरण अनशन:
छाबड़ा से हुए समझौतों को लागू करने के लिए अध्ययन हो रहा है:सरकार ने 3 माह का वक्त मांगा:
जयपुर में छाबड़ा के नाम पर सड़क और सूरतगढ़ राजकीय महाविद्यालय का नामकरण छाबड़ा के नाम पर सहमति:
जयदेवसिंह मीणा संतोकपुरा का आमरण अनशन भी खत्म:
स्पेशल रिपोर्ट- करणीदानसिंह राजपूत
गुरूशरण छाबड़ा के आमरण अनशन में 3 नवम्बर 2015 को बलिदान होने के बाद उनकी माँगों पर उनकी पुत्रवधु पूजा छाबड़ा ने 23 नवम्बर 2015 आमरण अनशन शरू कर दिया था तथा उसको मिल रहे व्यापक समर्थन से राजस्थान की भाजपा वसुंधरा राजे सरकार पर लगातार दबाव बढ़ रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कई बार कहा कि सरकार को पूजा छाबड़ा से बात करनी चाहिए और गुरूशरण छाबड़ा के निधन हो जाने की गलती को सुधारना चाहिए।
वसुंधरा राजे की सरकार के 2 साल पूर्ण होने जा रहे हैं और 13 दिसम्बर को जयपुर में बड़ा आयोजन होने वाला है। भाजपा पर राजनैतिक हमले होने की आशंका भी बढ़ चली थी। आखिर सरकार ने समझौते की ओर कदम बढ़ाया।
राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी ने लोक संघर्ष मोर्चा की प्रांतीय संयोजक पूजा छाबड़ा के साथ वार्ता की और दोनों पक्षों की राय के बाद मंत्री अरूण चतुर्वेदी ने फलों का रस पिला कर पूजा छाबड़ा का अनशन खत्म करवाया।
अरूण चतुर्वेदी ने अपने राज्य सरकार के कार्यक्रम बाबत बतलाया।


चतुर्वेदी ने कहा कि गुरूशरण छाबड़ा के आमरण अनशन पर 8 सितम्बर 2013 और 15 मई 2014 को मद्य संयम के लिए प्राप्त सुझावों पर महाधिवक्ता राजस्थान सरकार की ओर से गठित समिति के प्रतिवेदन का अध्ययन किया जा रहा है। उसकी रिपोर्ट सरकार को दी जाएगी और उसके अनुरूप कार्यवाही की जाएगी। 

अरूण चतुर्वेदी ने जब पूजा छाबड़ा का अनशन खत्म करवाया उस समय राजस्थान विधान सभा की अध्यक्ष रह चुकी सुमित्रासिंह भी मौजूद थी। पूजा छाबड़ा की माता चंदादेवी व पूजा छाबड़ा के पति गौरव छाबड़ा,छाबड़ा के दूसरे पुत्र अंकुर छाबड़ा व पत्नी पूनम छाबड़ा तथा छाबड़ा के सहयोगी बाबूसिंह खीची व बृजलाल कड़वासरा सूरतगढ़ भी मौजूद थे।
इसी बातचीत में यह सहमति हुई है कि जयपुर में गुरूशरण छाबड़ा के निवास के पास की मुख्य सड़क का नाम और सूरतगढ़ में शिक्षण संस्थान का नामकरण छाबड़ा के नाम पर किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 3 माह का वक्त मांगा है। सूरतगढ़ में राजकीय महा विद्यालय है जो गुरूशरण छाबड़ा के जनता पार्टी के विधायक चुने जाने के बाद भैरोंसिंह शेखावत के मुख्यमंत्री काल में सन् 1977 में खुलवाया गया था। इसका नामकरण छाबड़ा के नाम पर किया जाएगा।
बाबूसिंह खीची ने बताया कि शहीद स्मारक पर से पूजा छाबड़ा को उठाया गया तब उनके स्थान पर जयदेवसिंह मीणा संतोकपुरा आमरण अनशन पर बैठ गए थे। मीणा का अनशन भी खत्म करवा दिया गया है। 


पूजा छाबड़ा ने अनशन खत्म करने के साथ ही अपना बयान दिया है कि राजसथान में जब तक संपूर्ण शराबबंदी लागू नहीं होती तब तक उनका यह संघर्ष जारी रहेगा। पूजा ने कहा है राजस्थान में आगे वही सरकार आएगी जो शराबबंदी लागू करेगी।







यह ब्लॉग खोजें