मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

पृथ्वीराज मील भाजपा में शामिल.सूरतगढ़ मेंं पंचायत राज चुनाव में प्रचार करेंगे.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 27 अक्टुबर 2026

 पूर्व जिला प्रमुख एवं जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पृथ्वीराज मील ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा में शामिल हुए। राष्ट्रीय महामंत्री व राजस्थान प्रदेश प्रभारी सांसद संजय भाटिया, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी ने पार्टी का पटका पहनाकर मील का भाजपा में स्वागत किया। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के सानिध्य तथा राजस्थान के सह प्रभारी कुलजीत सिंह चहल के प्रयासों से मील ने भाजपा में वापसी की।

इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पृथ्वीराज मील की पार्टी में वापसी से संगठन को और मजबूती मिलेगी।  मील के कुछ समर्थकों को भी भाजपा का पटका पहनाकर सदस्यता ग्रहण करवाई गई।

भाजपा में वापसी पर पृथ्वीराज मील ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उनका राजनीतिक जन्म भाजपा में हुआ था। आज अपने परिवार में वापस शामिल होकर उन्हें सुखद अनुभूति हो रही है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।






भाजपा में शामिल होने के साथ ही पृथ्वीराज मील को पंजाब विधानसभा चुनाव में फिरोजपुर व अबोहर विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके राजनीतिक अनुभव व चुनावी गतिविधियों में सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह दायित्व दिया है। 

पंचायतीराज चुनावों में भी भाजपा को फायदा मिलेगा। सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत राज चुनावों में शीघ्र ही जुटेंगे।

विदित रहे कि वसुंधरा राजे के मुख्यमंत्री काल में वे भाजपा टिकट पर सन् 2005 में श्रीगंगानगर के जिलाप्रमुख चुने गये और 2010 तक उक्त पद पर रहे। जेजेपी के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। सन् 2023 में जेजेपी के टिकट पर सूरतगढ़ से विधानसभा चुनाव भी लड़ा जिसमें जीत नहीं हो सकी थी। पृथ्वीराज मील को बहुत कम वोट 6,840 वोट ही मिले थे। विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद से चुप थे। भाजपा में शामिल होने के बाद पुनः सक्रिय होंगे।०0०


यह ब्लॉग खोजें