पर्युषण महापर्व के प्रथम दिन खाद्य संयम दिवस पर संयमपूर्ण आहार का संदेश
* करणी प्रेस इंडिया *
सूरतगढ़, 8 सितम्बर 2026.
पर्युषण महापर्व के अंतर्गत आज श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा भवन, सूरतगढ़ में खाद्य संयम दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बालोतरा से पधारी उपासिका बहनों श्रीमती विमला जी संकलेचा एवं श्रीमती सुमन जी कुहाड़ ने उपस्थित श्रावक श्राविकाओं को खाद्य संयम दिवस के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पर्युषण महापर्व आत्मशुद्धि, तप, त्याग एवं संयम का पर्व है और खाद्य संयम के माध्यम से व्यक्ति अपनी इच्छाओं एवं स्वाद की आसक्ति पर नियंत्रण करना सीखता है।
उपासिका बहनों ने सभी को आवश्यकता के अनुरूप एवं विवेकपूर्ण आहार ग्रहण करने तथा अन्न के प्रति संयम और कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संयम केवल भोजन का त्याग नहीं, बल्कि अपनी इंद्रियों और इच्छाओं पर नियंत्रण का अभ्यास है।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने खाद्य संयम के संदेश को आत्मसात करते हुए पर्युषण महापर्व की आराधना को अधिक सार्थक बनाने का संकल्प लिया। कल पर्युषण महापर्व का दूसरा दिन स्वाध्याय दिवस के रूप में मनाया जायेगा। प्रति दिन प्रवचन सुबह 9 बजे से 10 बजे तक तेरापंथ भवन में रहेगा।०0०