शुक्रवार, 19 जून 2026

राहुल गांधी 56 वर्ष के हुए.जन्मदिन मनाया गया.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 19 जून 2026.

 लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 56 वर्ष के हुए। आज के दिन यानि 19 जून को सन् 1970 में राहुल का जन्म हुआ था।

 राहुल गांधी का जन्मदिवस ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा विधायक जनसेवा केंद्र सूरतगढ़ में उत्साह से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष परसराम भाटिया ने की। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने केक काटकर राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा आमजन, किसानों, मजदूरों, युवाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी देश में भाईचारे, समानता और जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। भाटिया ने कहा कि कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।

प्रदेश प्रवक्ता योगेश मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी आज देश के युवाओं की उम्मीद और लोकतांत्रिक मूल्यों के सशक्त प्रहरी के रूप में उभरे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं तथा सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया है। मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी की विचारधारा को मजबूत करने तथा जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश को एकजुट रखने, संविधान की रक्षा करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में राहुल गांधी की भूमिका महत्वपूर्ण है।

सभी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव पद पर मनोनीत साहबराम छिम्पा तथा इंटक के जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए एल.आर. मालिया का मालाएं पहनाकर एवं अभिनंदन कर स्वागत किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दोनों पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में ओमप्रकाश गेदर, अनिल रोकना, शंकर जलंधरा, भीम जोशी, आदराम दग्गल, अमित कड़वासरा, रविन्द्र सैनी, सतनाम वर्मा, मुस्तफा कुरैशी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। ०0०



 



यह ब्लॉग खोजें