पर्ची सरकार में जीना मुश्किल- विधायक डूंगरराम . नगरपालिका में भ्रष्टाचार बढ रहा.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 15 जून 2026.
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को विधायक जनसेवा केंद्र में सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान राजनीतिक हालात, जनसमस्याओं, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को विधायक डूंगरराम गेदर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम भाटिया तथा प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता योगेश मेघवाल ने संबोधित किया।
विधायक डूंगरराम गेदर ने कहा कि प्रदेश में चल रही पर्ची सरकार के कार्यकाल में आमजन को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिजली और पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जबकि कई इलाकों में नियमित पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। गेदर ने आरोप लगाया कि वोट चोरी के बाद अब सीट चोरी की राजनीति की जा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम भाटिया ने कहा कि हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में कार्य करता दिखाई दे रहा है। भाटिया ने कहा कि कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर भाजपा नेताओं के मामलों में अलग रवैया अपनाया जाता है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर समय-समय पर विभिन्न जानकारियां सामने आईं, लेकिन कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी के लिए समान नियम और समान व्यवहार आवश्यक है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता योगेश मेघवाल ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि देश की प्राकृतिक संपदाओं को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हसदेव जंगल और अरावली पर्वतमाला के बाद अब ग्रेट निकोबार क्षेत्र भी बड़ी विकास परियोजनाओं के कारण खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण और जैव विविधता की अनदेखी कर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन पर्यावरण संरक्षण की कीमत पर नहीं होना चाहिए।
मेघवाल ने अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान में तीन भारतीय नागरिकों की मौत गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर अधिक संवेदनशीलता दिखाने की मांग की।
बैठक में नगरपालिका से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगरपालिका में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और आम नागरिकों के कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और हर स्तर पर उनकी आवाज बुलंद करेगी।
बैठक में रामअवध यादव, मुस्तफा कुरैशी, फारूक, रामकुमार राजपूत, जेपी गिला, अनिल रोकना, ओमप्रकाश गेदर, शंकरलाल जलंधरा, आदराम दग्गल, देवीसिंह यादव, गुलजार कलेर, लक्ष्मण नायक, टोनी भाट और लालचंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का संकल्प लिया गया।०0०