शनिवार, 18 अप्रैल 2026

भाजपा अपने में सर्वप्रथम नारी आरक्षण लागू कर प्रेरणादायक बने.दुनिया में इतिहास रचे.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *


 भारतीय जनता पार्टी यानी एनडीए की सरकार का 33% महिला आरक्षण संविधान संशोधन विधेयक  सदन में पारित नहीं हो सका। संविधान संशोधन के लिए दो तिहाई मत चाहिए जो मिल नहीं पाए।

भारतीय जनता पार्टी का 33 प्रतिशत नारी आरक्षण का सोच पक्का है तो इसे अपनी पार्टी में 

सर्वप्रथम लागू करके ऐतिहासिक शुरुआत करनी चाहिए। भाजपा का नारी सम्मान का  इरादा  पक्का है तो इसे अपनी पार्टी में सच्च बनाना चाहिए। बड़ी पार्टी शुरुआत कर देगी तो प्रतिपक्षी पार्टियों को अपनी अपनी पार्टियों में इसे लागू करना पड़ जाएगा। इस प्रक्रिया से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण की परंपरा बन जाएगी और  संविधान में संशोधन की आवश्यकता भी नहीं होगी। नारी आरक्षण विधेयक पारित कराने का श्रेय भाजपा लेना चाहती थी वह नहीं मिला लेकिन सबसे पहले नारी आरक्षण लागू करने का श्रेय तो मिल ही जाएगा।

 भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। यदि इसके नेताओं का मन एकदम साफ है तो सबसे पहले 33% प्रतिशत नारी आरक्षण का कार्य अपनी पार्टी से शुरू करके देश में प्रेरणादायी बने और विश्व में इतिहास रचे। 

राज्य विधानसभाओं,लोकसभा और राज्य राज्यसभा में और भारत सरकार के एवं राज्यों के मंत्रिमंडल में भाजपा पार्टी अपने में 33 प्रतिशत नारी आरक्षण को लागू करे जो भविष्य के लिए परंपरा बने।

 भाजपा लोकसभा चुनाव सन् 2029 से पहले विभिन्न राज्यों में विधानसभाओं के चुनाव होंगे उनमें 33 प्रतिशत सीटें नारी सदस्यों के लिए आरक्षित कर सकती है। इससे भी पहले जो छोटे चुनाव हैं पंचायत के चुनाव नगर निकायों के चुनाव जहां भी होने वाले हैं उनमें 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित कर दे। इस तरह से महिलाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करे तो अन्य पार्टियों को ऐसा करने के लिए बाध्य होना पड़ जाएगा। जब यह 33 प्रतिशत सीटें नारी आरक्षण की परंपरा बन जाएगी तो संविधान संशोधन की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी की संसदीय कार्य समिति पार्टी का राजनीतिक संगठन इसमें कदम बढ़ाए तो भारतीय जनता पार्टी अपने आप में देश में प्रेरणादाई बनेगी विश्व मंच पर एक इतिहास बनाएगी। भारतीय जनता पार्टी में महिला संगठन इस कदम के लिए अपने-अपने क्षेत्र में आवाज़ उठाएं तो यह काम पार्टी के अंदर ही आसानी से हो सकेगा।०0०

सामयिक लेख. 18 अप्रैल 2026.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकारिता 62 वर्ष,

(राजस्थान सरकार से अधिस्वीकृत स्वतंत्र पत्रकार)

मो.94143 81356.

********







यह ब्लॉग खोजें