गुरुवार, 5 दिसंबर 2024

संघ और भाजपा की शक्ति:केशव उद्यान में गंदा पानी

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 5 दिसंबर 2024.

संघ और भाजपा की शक्ति की शर्मनाक तस्वीर देखने के लिए राजस्थान के सूरतगढ़ में केशव उद्यान को देखना होगा जिसमें हरियाले पेड़ पुष्प खिले पौधे और उनकी सुगंध नहीं है बल्कि नगरपालिका गंदा पानी डाल रही है।  भाजपा नेताओं और संघ स्वयं सेवकों को मालुम है क्योंकि इस केशव उद्यान पर समाचार प्रसारित हो चुके। शिकायतें हो चुकी। मगर संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने नेताओं ने नगरपालिका प्रशासन को झिंझोड़ा नहीं। संघ को जगाने की कोशिशें भी सफल नहीं हो पाई। एक भी स्वयं सेवक ने यह मौका नहीं देखा। भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश मिश्रा से जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह मान तक नहीं जागे। संघ और भाजपा आम लोगों में सर्वाधिक शक्ति प्रदर्शन करने में आगे रहते हैं लेकिन यहां न मालुम उनकी शक्ति क्षीण क्यों हो जाती है?





 भाजपा के अशोक नागपाल ने 2005 में अपने विधायक काल में इस पार्क की चारदीवारी का लोकार्पण किया था। अशोक नागपाल सूरतगढ़ में ही रहते हैं। पूर्व विधायक रामप्रताप कासनिया भी यहीं रहते हैं। नागपाल कासनिया के अलावा यहां भाजपा के नगरपालिका पूर्व अध्यक्षों श्रीमती आरती शर्मा, श्रीमति काजल छाबड़ा, अभी अध्यक्ष से निवृत हुए ओमप्रकाश कालवा भी यहीं हैं। इन सभी के आंख कान बंद हैं। ये देखने सुनने की शक्ति नहीं रखते।

* अब प्रश्न यह है कि यहां वाले तो इस उद्यान के बारे में कुछ भी करना नहीं चाहते तब अन्य स्थानों के संघ स्वयं सेवक और भाजपा के प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता नेता देखना चाहेंगे कुछ करना चाहेंगे? या फिर इस देश प्रसिद्ध नाम केशव के केशव उद्यान में यों ही नगरपालिका द्वारा गंदा पानी डाला जाता रहेगा।०0०

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकारिता 61 वां वर्ष.

( राजस्थान सरकार से अधिस्वीकृत पत्रकार)

सूरतगढ़ ( राजस्थान)

94143 81356

******






यह ब्लॉग खोजें