* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 7 अक्टूबर 2024.
नगर पालिका कर्मचारियों ने आज से टूल डाउन हड़ताल शुरू कर दी। नगरपालिका के दो अधिकारियों तकनीकी अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह हैं और कार्यवाहक सहायक स्वच्छता निरीक्षक मनोज धौल पर जानलेवा हमला करने वाले अतिक्रमणियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने आज सोमवार दोपहर से टूल डाउन हड़ताल शुरू कर दी।
कर्मचारियों ने नगर पालिका में धरना लगाया। नगर पालिका कार्यालय से नारे लगाते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उपखंड अधिकारी संदीप काकड़ को ज्ञापन दिया जिसमें नगर पालिका अधिकारियों पर जानलेवा हमला करने वालों को गिरफ्तारी करने की मांग थी। विदित रहे कि रविवार को वार्ड नं 26 में अवैध निर्माण को रोकने के लिए पहुंचे तकनीकी अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह और कार्यवाहक सहायक स्वच्छता निरीक्षक मनोज धौल पर हमला किया गया जिसमें दोनों घायल हुए थे। सिटी थाना पुलिस ने अधिशासी अधिकारी पूजा शर्मा के शिकायत पत्र पर मुकदमा नंबर 487 दिनांक 7 अक्टूबर को दर्ज किया। सरकारी कार्य में बाधा डालने जाति सूचक गालियां निकालने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
इस मुकदमे में अमित उर्फ अनिल स्वामी, विकास उर्फ पंकज वर्मा,अनिल और एक अन्य व्यक्ति को अभियुक्त बनाया गया है।
वार्ड नंबर 26 में सुबह 11:00 बजे पहले अतिक्रमण रोकने के लिए कहा गया लेकिन अमित उर्फ अनिल स्वामी आदि ने निर्माण कार्य जारी रखा। नगरपालिका प्रशासन ने 3:00 बजे स्टाफ को दुबारा भेजा गया तब उस पर जान लेवा हमला किया गया। यह मुकदमा पुलिस उप अधीक्षक प्रतीक मील को अनुसंधान के लिए सौंपा गया है।
👍 कर्मचारियों की मांग है कि अभियुक्तों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। नगर पालिका स्टाफ ने आज सोमवार सुबह दो जेसीबी मशीन से रविवार को वार्ड नं 26 में किए समस्त अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया और उनका सारा सामान मलबा जब्त कर लिया।
👍नगर पालिका कर्मचारियों की टूल डाउन हड़ताल से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ सकती है। डेंगू का रोग बढ रहा है। ऐसे में अभियुक्तों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग का दबाव है।०0०
*****