बुधवार, 4 मई 2011

मुख्यमंत्री से पालिका में भ्रष्टाचार की शिकायत

स्टेडियम में बनाई गई कच्ची मिट्टी की चार दीवारी जो वर्षा की एक मार से ही ढ़ह गई। फोटो करणीदानसिंह राजपूत
जनतादल एकीकृत के प्रदेश महा सचिव व नगर सचिव ने पालिकाध्यक्ष पर आरोप लगाए
नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड और अनियमितताओं की बाढ़
करणीदानसिंह राजपूत
सूरतगढ़, 4 मई।
मुख्यमंत्री को नगरपालिका की अनियमितताओं की शिकायत में जनतादल यू के प्रदेश महा सचिव प्रवीण डी जैन और नगर अध्यक्ष अजय स्वामी ने पालिका अध्यक्ष बनवारीलाल मेघवाल व कर्मचारियों पर आरोप लगाया है। आरोप में लिखा गया है कि नगर विकास के नाम पर लूट खसोट की जा रही है। पालिका में कांग्रेस का बोर्ड हे जहां पर गरीबों के काम तो महीनों में होते हैं मगर प्रभावशाली लागों के काम आधा दिन में ही हो जाते हैं। शहर में तीस वार्ड हैं मगर कुछ वार्ड तो विकास को तरस रहे हैं। जहां पर आवश्यकता नहीं है वहां पर तो काम किये जा रहे हैं, मगर जहां पर जरूरत है वहां पर बजट नहीं है कह कर टाल दिया जाता है।
अध्यक्ष बनवारी लाल मेघवाल खुद ईंजीनियर है मगर स्टेडियम की चार दीवारील कच्ची मिट्टी की बनवाई जो ढ़ह गई। इस पर पालिका के लाखों रूपए लग गए। अब पालिका ने वहां 40 खंभे लगा कर विद्युत लगाई लेकिन उसमें से कुछ खंभों पर बिजली खराब भी हो गई। अगर ये बिजली सडक़ पर से गुजरने वालों के लिए लगाई गई थी तो उनका प्रकाश सडक़ पर आना चाहिए था मगर अनेक खंभों की दिशा स्टेडियम की ओर की हुई है। इसके अलावा यह बिजली इतनी कम हे कि केवल खंभे के नीचे ही रहती है।
मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि नगरपालिका में जनता के धन की बरबादी को रूकवाया जाए व धन का दुरूपयोग करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की जाए।

यह ब्लॉग खोजें