* करणीदानसिंह राजपूत *
राजस्थान में कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रवेश का इंतजार था जो अब 15 जून 2026 को खत्म होगा। राजस्थान की राजधानी जयपुर में 15 जून को 'कॉकरोच जनता पार्टी' का प्रदर्शन होगा। देश की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए 'कॉकरोच जनता पार्टी' की राजस्थान इकाई ने घोषणा कर दी है।
कॉकरोच जनता पार्टी' का गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित प्रसिद्ध शहीद स्मारक पर 15 जून को यह राज्य स्तरीय प्रदर्शन होगा।
इस विरोध-प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार 12 जून को जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। रांका ने साफ किया कि यह कोई पारंपरिक राजनीतिक विरोध नहीं है, बल्कि यह देश की रीढ़ यानी हमारे छात्र समुदाय और युवा वर्ग के भविष्य को बचाने की एक बेहद गंभीर और जरूरी अभियान है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि जयपुर में होने वाले इस प्रदर्शन का महत्व इस बात से समझा जा सकता है कि इसमें खुद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय संस्थापक अभिजीत दीपके जयपुर आकर भाग लेंगे। अभिजीत दीपके के जयपुर आगमन को लेकर राजस्थान इकाई के कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों में भारी उत्साह है।
* राजस्थान के विभिन्न जिलों जैसे जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अलवर, सीकर और बीकानेर से बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र नेताओं और शिक्षाविदों को इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
* राजस्थान का युवा वर्तमान समय में देश के भीतर शैक्षिक और रोजगार के मोर्चे पर सबसे ज्यादा संघर्ष कर रहा है, इसलिए इस राष्ट्रीय आंदोलन की शुरुआत के लिए जयपुर की वीर धरा को चुना गया है।
जयपुर के इस आगामी प्रदर्शन को बेहद प्रभावी और परिणाम-मुखी बनाने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी की थिंक-टैंक टीम ने 4 मुख्य एजेंडे तैयार किए हैं, जिन्हें सरकार के सामने प्रमुखता से रखा जाएगा।
पेपर लीक पर पूरी तरह रोक: राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं पर स्थायी रोक लगाने के लिए एक बेहद कड़ा और केंद्रीय स्तर का फुल-प्रूफ सुरक्षा तंत्र विकसित किया जाए।
रोजगार-परक पाठ्यक्रम (Skill-Based Education): स्कूलों और कॉलेजों के पुराने हो चुके थ्योरिटिकल पाठ्यक्रमों को बदलकर उनमें शत-प्रतिशत कौशल विकास, एआई (AI) तकनीक और व्यावसायिक प्रशिक्षण को शामिल किया जाए ताकि पढ़ाई पूरी करते ही युवाओं को सीधे रोजगार मिल सके।
बजट का सही आवंटन: सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का एक बड़ा और निश्चित हिस्सा केवल प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को सुधारने और सरकारी स्कूलों को हाई-टेक बनाने में खर्च होना चाहिए।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया: सभी सरकारी और गैर-सरकारी भर्ती परीक्षाओं के परिणाम और जॉइनिंग लेटर जारी करने के लिए एक निश्चित समय सीमा (Time-bound Recruitment Calendar) तय की जाए ताकि युवाओं का कीमती समय बर्बाद न हो।
राजस्थान के शहीद स्मारक पर प्रदर्शन होते रहे हैं लेकिन इस बार प्रदर्शन करने वाली पार्टी कॉकरोच जनता पार्टी' है जिसके कारण प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और गुप्तचर एजेंसियां भी इस पूरे घटनाक्रम पर सक्रिय हो चुकी हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि उनका यह पूरा आंदोलन पूरी तरह से लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और अनुशासित दायरे में रहकर ही आयोजित किया जाएगा।०0०
👌 👌 लेटेस्ट. जयपुर शहीद स्मारक पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं मिली।
14 जून 2026.
करणीदानसिंह राजपूत,
पत्रकारिता 62 वर्ष,
94243 81356.
* फारवर्ड करें। शेयर करें। प्रकाशित करें. अनुवाद करें. करणीदानसिंह राजपूत।
********






