अवैध गैस प्लांट को प्रशासन बंद कराए:विधायक द्वारा चेतावनी
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़ 14 जनवरी 2025.
शहर में आबादी में बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे रिलायंस गैस प्लांट को बंद कराने और बिजली पानी के कनेक्शन काटने अन्यथा जन आंदोलन होने की चेतावनी विधायक डुंगर राम गेदर ने उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देते हुए रोष प्रगट करते दी। गेदर ने कहा कि गैस प्लांट के बारे में कोई अधिकारी सही स्थिति बता नहीं रहा। नगरपालिका ईओ सही बता नहीं रही। जिलाकलेक्टर तक से बात हो गयी। उन्होंने कहा कि जयपुर जैसा अग्नि कांड होने के बाद तो सबक लेना चाहिए। पास में रेल पटरी है और खतरनाक सड़क मोड़ पर तीसियों दुर्घटनाओं सहित मौतें हो चुकी हैं।
गेदर ने उपखंड अधिकारी से ही कहा कि मौके पर जाकर बंद कराएं। जन हानि होने का खतरा है। लोग निरंतर प्लांट को बंद कराने की मांग कर रहे हैं। प्लांट को बंद नहीं कराया तो जन आंदोलन होगा और उससे फैली अशांति का जिम्मेदार प्रशासन होगा।
* उपखंड अधिकारी संदीप काकड़ ने यह कहा कि प्लांट की नगरपालिका की ओर से दी हुई नहीं है। जमीन का भूपरिवर्तन भी नहीं हुआ है। वहां जाकर देखने की भी हां की। उपखंड अधिकारी ही वर्तमान में नगरपालिका पर प्रशासक नियुक्त है। उपखंड अधिकारी के समक्ष बलराम वर्मा, पूर्व उप प्रधान कृष्ण गोदारा ने भी प्लांट को आबादी में जनता के लिए खतरा बताया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम भाटिया,पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह भादू भी थे। भादू आज बोले नहीं और ज्ञापन पर हस्ताक्षर नहीं थे।
गैस प्लांट बिना स्वीकृति के बनाया जा रहा है जिसका विरोध हो रहा है।
* कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता उपखण्ड कार्यालय पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते उपखंड कार्यालय परिसर में घुसे। परिसर में भी प्लांट बंद करने की नारेबाजी की।
०0०