गुरुवार, 16 नवंबर 2023

उम्र भले सौ हो जाए पर जलाते रहेंगे लोकतंत्र की ज्योति

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

मतदान दिवस 25 नवम्बर 2023 को मतदान करने के लिये मतदाता उत्साहित

श्रीगंगानगर, 16 नवम्बर 2023.

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान जैसे-जैसे मतदान की तिथि 25 नवंबर 2023 नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे मतदाताओं का उत्साह बढ़ता जा रहा है। लोकतंत्र के पर्व में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए श्रीगंगानगर जिले के 14.89 लाख मतदाता तैयार हैं। इनमें पहली बार मतदान करने वाले नव मतदाताओं के साथ-साथ सौ वर्ष की आयु पूरे कर चुके मतदाता भी शामिल हैं।

छः विधानसभा क्षेत्र (गंगानगर, सूरतगढ़, सादुलशहर, श्रीकरणपुर, रायसिंहनगर और अनूपगढ़) वाले श्रीगंगानगर जिले में 5 सहायक मतदान केंद्र बनने के बाद मतदान केंद्रों की संख्या 1454 हो गई है। 14 लाख 89 हज़ार 160 (780643 पुरुष, 708471 महिला व 46 थर्ड जेंडर) मतदाता 25 नवंबर 2023 को राजस्थान में नई सरकार बनाने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।

इनमें लगभग 330 ऐसे मतदाता भी शामिल हैं, जो सौ वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं। महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। मौजूदा विधानसभा चुनाव में जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में 100 वर्ष की आयु से अधिक के 123 पुरुष मतदाता और 207 महिला मतदाता हैं। इनमें गंगानगर विधानसभा के 4 एमएल निवासी श्री जयचंद पुत्र बद्रीप्रसाद सर्वाधिक 117 वर्ष की आयु वाले पुरूष मतदाता हैं तथा 111 वर्ष की आयु की 10 महिला मतदाता हैं। 100 से लेकर 109 वर्ष आयु के कुल 314 और 110 से 119 वर्ष वर्ग में 16 मतदाता शामिल हैं। शतायु मतदाताओं में करणपुर विधानसभा के 107 वर्षीय श्री हरदित्ता राम, 106 वर्षीय श्रीमती प्रेमो बाई, 106 वर्षीय श्री दयाल सिंह तथा 106 वर्षीय श्रीमती बुद्धा कौर भी हैं।

विधानसभावाइज देखें तो जिले की रायसिंहनगर विधानसभा में 100 से 109 वर्ष आयु वर्ग में कुल 97 मतदाता हैं। इनमें 56 महिलाएं और 41 पुरुष हैं। अनूपगढ़ विधानसभा में ऐसे मतदाताओं की संख्या 66 है, जिनमें 39 महिलाएं और 27 पुरुष हैं। सादुलशहर विधानसभा में 45 महिलाएं और 20 पुरुष मिलाकर कुल 65 मतदाता हैं। सूरतगढ़ विधानसभा में 38 मतदाता 100 वर्ष पूरे कर चुके हैं, जिनमें 27 महिलाएं और 11 पुरुष हैं। गंगानगर विधानसभा में ऐसे मतदाताओं की संख्या 24 है, जिनमें 14 महिलाएं और 10 पुरुष हैं। श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में 100 से 109 वर्ष के आयु वर्ग में 24 मतदाता हैं। इनमें 16 महिलाएं और 8 पुरुष मतदाता हैं।

इसी तरह 110 से 119 वर्ष आयु वर्ग में कुल 16 मतदाता है। इनमें 10 महिलाएं और 6 पुरूष हैं। सर्वाधिक 8 मतदाता रायसिंहनगर विधानसभा में हैं। इनमें 7 महिलाएं और एक पुरूष शामिल है जबकि अनूपगढ़ विधानसभा में ऐसे 4 मतदाता है, जिनमें एक महिला और 3 पुरूष शामिल हैं। इसी तरह गंगानगर विधानसभा में 2 पुरूष और एक महिला तथा सूरतगढ़ विधानसभा में 1 महिला मतदाता शामिल है।( पीआरओ)०0०





यह ब्लॉग खोजें