बुधवार, 24 अगस्त 2022

नगरपालिका पर विधायक रामप्रताप कासनिया की अगुवाई में जोरदार हल्लाबोल प्रदर्शन

 

* करणीदानसिंह राजपूत *


सूरतगढ़ 24 अगस्त 2022.

नगरपालिका सूरतगढ़ में कांग्रेस बाहुल्य ओमप्रकाश कालवा की अध्यक्षता वाले बोर्ड प्रशासन के विरुद्ध भाजपा का पहला जोरदार हल्लाबोल प्रदर्शन हुआ और सुधार के लिए केवल 5 दिन का समय अधिशासी अधिकारी को दिया।

यह चेतावनी भरा प्रदर्शन विधायक रामप्रताप कासनिया के नेतृत्व में किया गया जिसमें भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ता पहली बार एकजुट अधिक संख्या में उपस्थित थे।












भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका का घेराव किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

विधायक रामप्रताप कासनिया ने नगरपालिका प्रशासन पर जड़े संगीन आरोप लगाए कि यह प्रशासन गरीब विरोधी है। 


विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक रामप्रताप कासनिया ने कहां कि नगरपालिका क्षेत्र में बहुत से सड़कों की हालत खराब है। टूटी सड़कों पर लोगों का चलना भी दूभर हो गया है।

 उन्होंने कहा कि शहर में बने ऊंचे सीवरेज चेम्बरों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।  कासनिया नें आरोप लगाया कि नगरपालिका क्षेत्र में भू माफिया द्वारा अतिक्रमण किए जा रहे हैं। नगरपालिका द्वारा इन्हे नहीं हटाया जा रहा है, लेकिन गरीबों द्वारा अगर सर छुपाने के लिए झोपड़ी भी बनाई जाती है तो पालिका प्रशासन जेसीबी लेकर पहुंच जाता है और गरीब का आशियाना बिखेर देता है।


विधायक कासनिया ने कहा कि इंदिरा सर्किल से लेकर हनुमान जी के मंदिर तक नेशनल हाईवे पर करोड़ों की भूमि पर माफियाओं ने कब्जे कर लिए हैं। लेकिन पालिका प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। 

बाद में मीडिया से बातचीत करते  हुए विधायक कासनिया ने सीवरेज में डेढ़ करोड़ के घोटाले का मामला भी उठाया।


भाजपा नगरमंडल की ओर से अधिशासी अधिकारी विजय प्रताप सिंह को 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शहर की टूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत करने, सीवरेज के ऊपर उठे मेनहोल को दुरुस्त करने, वार्ड नंबर 2 में बने महिला हेल्थ सेंटर को शुरू करने, विभिन्न वार्डों में बने सामुदायिक भवनों की मरम्मत करवाने व शहर के वार्डों में भू माफियाओं द्वारा सरकारी भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमणो के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांगे थी।भाजपा की ओर से ज्ञापन की मांगों पर कार्रवाई करने के लिए 5 दिन की चेतावनी दी गई है कि ऐसा नहीं होने पर बड़ा  आंदोलन किया जाएगा।


विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक रामप्रताप कासनिया के अलावा पूर्व विधायक अशोक नागपाल, पूर्व पालिका अध्यक्ष आरती शर्मा, भाजपा नेता नरेंद्र घिंटाला, शरण पाल सिंह मान, सुभाष गुप्ता,अशोक आसेरी,नगरमंडल अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, महामंत्री लालचंद शर्मा, किसान मोर्चा के विष्णु तरड़, प्रेम सिंह राठौड़, किशन स्वामी,पार्षद हरीश दाधीच, विक्रम चौहान राजेन्द्र ताखर,संजय अग्रवाल

सहित बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसी दौरान ढाब क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने ईओ विजय प्रताप को ढाब की सफाई को लेकर खूब खरी खोटी सुनाई। विरोध को देखते हुए ईओ विजय प्रताप अपने कक्ष में घुस गये।

 भाजपा कार्यकर्ता भी नारेबाज़ी करते हुए ईओ के कक्ष में भी घुस गए। यहां पर ढाब क्षेत्र की महिलाओं ने ईओ के साथ फिर जमकर तकरार की और ढाब की सफाई की मांग की। वहीं वार्ड 39 से पार्षद हरीश दाधीच नें भी ईओ विजय प्रताप पर कांग्रेस व भाजपा पार्षदों में भेदभाव करने का आरोप लगाया। पार्षद दाधीच ने स्वयं के पैसों से खरीदी हुई स्ट्रीट लाइट नहीं लगाने का आरोप लगाया। इस पर ईओ विजय प्रताप ने जल्द ही लाइट लगाने का आश्वासन दिया। ०0०






यह ब्लॉग खोजें