मंगलवार, 23 अगस्त 2022

वसुंधरा के खास पूर्व भाजपा अध्यक्ष परनामी की देवी सिंह भाटी से भेंट का राज है

 


* करणीदानसिंह राजपूत


भाजपा में बयानबाजी और शतरंजी चालों के चलते वसुंधरा के अत्यंत खास भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी का बीकानेर आकर देवी सिंह भाटी से गुप्त रूप से मिलना वार्ता करना राजनीति का बड़ा आश्चर्य है। अनुमान लगाए जा रहे हैं कि अंदरखाने कोई बड़ी बात है। देवी सिंह भाटी श्री कोलायत से सात बार विधायक और भैरोंसिंह शेखावत और वसुंधरा राजे के मुख्यमंत्री काल में मंत्री भी रह चुके हैं। राजनीति में ताकतवर माने जाने वाले देवीसिंह भाटी अर्जुन राम मेघवाल को टिकट दिए जाने का विरोध करने वाले प्रमुख नेता रहे और मेघवाल को टिकट मिलने पर भाजपा छोड़ दी थी। मेघवाल का विरोध भी किया था। परनामी का बीकानेर आकर भेंट करना महत्वपूर्ण है और राजस्थान भाजपा की राजनीति में कुछ खास होने वाला है लेकिन वह सब अभी पर्दे के पीछे है। देवीसिंह भाटी को भाजपा में पुनः शामिल कर भाजपा की ताकत बढाने का प्रयास हो सकता है। 


यह भेंट वार्ता बीकानेर से 20-25 किलोमीटर दूर भाटी के फार्म हाउस मधुबन पर हुई। अशोक परनामी के साथ पूर्व मंत्री यूनस खान पूर्व मंत्री राजपाल सिंह पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया भी शामिल थे। ये सभी वसुंधरा राजे के नजदीकी समझे जाते हैं।


 यह बातचीत 18 अगस्त को हुई और बड़ी गोपनीय रही। अखबार वालों को भी यह 

 समाचार तीसरे चौथे दिन रविवार को मिला। 

पूर्वमंत्री देवी सिंह भाटी भारतीय जनता पार्टी में नहीं है। भाजपा में थे तब बड़ी खींचतान रही इसलिए यह भेंट वार्ता आश्चर्य जनक मानी जा रही है। देवीसिंह भाटी को भाजपा में वापस लेने की मांग भी नेता करने लगे हैं।

इससे राजनैतिक गर्माहट आई है। यह संभावना की जा रही है कि वसुंधरा राजे का बीकानेर में संभागीय स्तर का बहुत बड़ा सम्मेलन कराया जाएगा। कुछ दिनों में यह स्थिति सामने आएगी। वसुंधरा राजे का दौरा राजनीतिक तूफान खड़ा करेगा। वसुंधरा राजे को राजस्थान की राजनीति से अलग थलग करने की चालों को बीकानेर संभाग का बड़ा कार्यक्रम शतरंजी मात देने वाला होगा। जनता और राजनीति करने वाले मानते हैं कि वसुंधरा राजे की पावर का और कोई नेता राजस्थान में भाजपा के पास नहीं है। लोगों का जोरदार शब्दों में कहना है कि वसुंधरा ही  2023 में भाजपा की सरकार बना सकती है।०0०

23 अगस्त 2022.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार,

( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ ( राजस्थान)

94143 81356

*******







यह ब्लॉग खोजें