मंगलवार, 28 नवंबर 2017

सूरतगढ़ में क्या कह गए सचिन पायलट? गुजरात और राजस्थान के बारे में?

- करणीदानसिंह राजपूत -  

सूरतगढ़ 28 नवंबर 2017.

 राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट कांग्रेस के  इलाकाई नेताओं को महत्वपूर्ण संदेश देने के साथ ही एकता का आह्वान कर गए।

सचिन ने कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी जा रही है और वहां कांग्रेस राज में आ रही है। 

सचिन ने कहा कि राजस्थान में भी कांग्रेस आएगी। सचिन ने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि सभी एकजुट होकर कांग्रेस की मजबूती को और अधिक मजबूत बनाएं। 

सचिन पायलट के अलावा राजस्थान विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी, राजस्थान के  पूर्व शिक्षा मंत्री भंवर लाल मेघवाल, पूर्व सांसद भरत मेघवाल, पूर्व संसदीय सचिव एवं राजस्थान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी विश्नोई,पूर्व विधायक गंगाजल मील आदि ने संबोधित किया। सभी ने अपने वक्तव्यों में भारतीय जनता पार्टी की कड़े शब्दों में आलोचना की। सभी ने अपने भाषणों में कहा कि राजस्थान की जनता हर तरह से भारतीय जनता पार्टी के राज से बुरी तरह से परेशान हो चुकी है और राज बदलने को तैयार है। 

यह भी कहा गया कि राजस्थान का किसान भारतीय जनता पार्टी के राज से परेशानी और कर्जे में डूब रहा है। इलाके में किसान अपनी फसलें बचाने के लिए पानी की मांग कर रहे हैं मगर डैम में पानी होते हुए भी दिया नहीं जा रहा और इसके लिए किसानों को आंदोलन करना पड़ रहा है।

इस मंच पर अमित कड़वासरा व धर्मदास सिंधी सहित कुछ अन्य लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। 

अमित कड़वासरा ने पत्रकार वार्ता में घोषणा की थी कि वह और उसके हजारों कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष के सानिध्य में कांग्रेस में शामिल होंगे​। कार्यक्रम में घोषणा के अनुरूप हजारों कार्यकर्ता कांग्रेस सदस्यता ग्रहण करते नजर नहीं आए।

यह कार्यक्रम नए बस अड्डे के सामने आयोजित किया गया था जिसमें सूरतगढ़ व बाहर के लोग काफी संख्या में आए। 

माना जा रहा है कि करीब 5-7 हजार की यह भीड़ थी जिसमें सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के करीब डेढ़ 2000 लोग शामिल हुए।

 (इस कार्यक्रम में क्या हुआ - क्या नहीं हुआ- अलग से देंगे)








यह ब्लॉग खोजें