गुरुवार, 2 मार्च 2023

सूरतगढ़: बावासीर चिकित्सा निशुल्क शिविर की सचित्र रिपोर्ट.

 


करणीदानसिंह राजपूत
सूरतगढ़ 2 मार्च 2023.

महावीर इंटरनेशनल सूरतगढ़ द्वारा आयुर्वेद विभाग, राजस्थान सरकार के सहयोग से स्थानीय चोपड़ा धर्मशाला में लगाए जा रहे दस दिवसीय निःशुल्क बवासीर शल्य चिकित्सा शिविर में सभी रोगियों के ऑपरेशन कर दिए गए।
शल्य चिकित्सक डॉक्टर ओम प्रकाश चेचु ने रोगियों के बवासीर, भगंदर, फिस्टुला आदि के कुल 64 ऑप्रेशन किए।
ऑपरेशन थिएटर का उद्धघाटन समाजसेवी और वरिष्ठ नेता परमजीत सिंह बेदी ने भगवान धन्वंतरि की विधिवत पूजा अर्चना करके किया। उन्होंने शिविर में सहयोग राशि रूप में ₹ 11000 संस्था को प्रदान किए। समाजसेवी श्री पृथ्वीराज स्वामी ने शिविर का अवलोकन किया और अपनी माता श्रीमती लिछमा देवी धर्मपत्नी बल्लूराम स्वामी की प्रेरणा से शिविर में सहयोग के लिए ₹ 15000 भेंट किए।
परियोजना निदेशक वीर रमेश कुमार शर्मा, ओमप्रकाश कारगवाल, विजय कुमार सावनसुखा ने बताया कि अब तक कुल 155 रोगियों का पंजीयन किया गया है।
शिविर में भर्ती रोगियों को नर्सिंग स्टाफ विजय द्वारा फल वितरित किए जा रहें हैं। शिविर में रोगियों की सेवा में संस्था सदस्यों सहित मनोज सोमानी, शेरसिंह, रमेश चंद्र माथुर, धर्मपाल,गवर्नमेंट कॉलेज के रोवर कमल कुमार, राहुल, अभिनव, जोबनप्रीत सिंह, दीपक, बंटी सिंह और हर्षित लगे हुए हैं।
इस आवासीय शिविर में भर्ती सभी रोगियों को 5 मार्च को समापन समारोह आयोजित कर छुट्टी दी जाएगी।


शिल्पी एवम् माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री डूंगर राम गेदर ने 2 मार्च को शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रोगियों की कुशलक्षेम पूछी।

इसी दिन आयुर्वेद विभाग के बीकानेर संभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉक्टर नरेंद्र कुमार शर्मा और सहायक निदेशक डॉ रामकुमार शर्मा शिविर में पहुंचे और रोगियों से मिलकर शिविर में दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी हासिल की। उन्होंने चिकित्सीय स्टाफ की भी मीटिंग लेकर आवश्यक विचार विमर्श किया।शिविर प्रभारी डॉ जितेंद्र सिंह राठौड़ ने अधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। उन्होंने बताया कि शिविर में अब तक 179 लोगों का पंजीयन कर 64 रोगियों के सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं और सभी रोगी तेजी के साथ ठीक हो रहे है।




 शिविर संयोजक चंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन रोगियों की ड्रेसिंग की जा रही है और शिविर के समापन के समय उन्हें 10 दिन की दवाइयां देकर छुट्टी कर दी जाएगी। संस्था अध्यक्ष वीर दिलीप मिश्रा ने अधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।०0०

सूरतगढ़ में वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के हवाई करतब 12 मार्च को.




सूरतगढ़/श्रीगंगानगर, 2 मार्च 2023.
वायुसेना स्टेशन सूरतगढ़ में आगामी 12 मार्च को सुबह 10 बजे एयर शो का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान भारतीय वायुसेना की जांबाज सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम द्वारा हवाई करतब का प्रदर्शन किया जाएगा।
सूर्यकिरण टीम नौ हॉक एयरक्राफ्ट का दल है, जो अपने हैरतंगेज हवाई कारनामों के लिए जाना जाता है।
फ्लाईट लेफ्टीनेंट श्री कपिल कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में वायुसेना के कुछ अन्य हवाई जहाजों एवं हथियारों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इस एयर शो का उद्देश्य युवाओं में भारतीय वायुसेना के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
कार्यक्रम में करीब 15-20 हजार लोगों के भाग लेने की संभावना है, जिसके लिए सूरतगढ़ एवं आसपास के इलाकों से आम जनता एवं छात्रों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वायुसेना स्टेशन एवं जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों एवं कॉलेजो में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति 08 मार्च से 12 मार्च की सुबह तक वायुसेना स्टेशन से फ्री एंट्री पास हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम के व्यवस्थित आयोजन के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए जा रहे हैं। एयर शो देखने के इच्छुक व्यक्तियों को 12 मार्च को सुबह 09 बजे तक एंट्री मिल सकेगी। वायुसेना स्टेशन में स्मार्टफोन और फोटोग्राफी की मनाही है।०0०
-------



सूरतगढ़ः पार्षद पति के वाटर प्लांट सीज पर अध्यक्ष कालवा व भाजपा बोलेंगे?

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

नगर पालिका प्रशासन ने आज साबिर सिद्दीकी उर्फ रिंकू सिद्दीकी पार्षद यासमीन के पति का हाई कूल वाटर संयंत्र सीज कर दिया। उनकी कमाई का एक साधन खत्म सा कर दिया।

यासमीन भारतीय जनता पार्टी की तरफ से वार्ड नं 38 से पार्षद चुनी हुई है। 

* नगरपालिका के भाजपा बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा क्या इस चुनौतीपूर्ण प्रशासनिक कार्यवाही में कुछ कर पाने में सक्षम हैं तो उन्हें कार्यवाही करनी चाहिए। कालवा को अपना बयान भी जारी करना चाहिए।

* भारतीय जनता पार्टी शक्तिशाली पार्टी होने का बखान करती है। अपने पार्षद के पति के विरुद्ध हुए इस एक्शन पर पार्टी कुछ करने में सक्षम है तो साबिर सिद्दीकी के साथ खड़े होना चाहिए। यह कार्यवाही ओमप्रकाश कालवा के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने और 27 फरवरी को नगरपालिका में गाजेबाजे के साथ कुर्सी पर बिठाए जाने के बाद हुई। भाजपा के विधायक रामप्रताप कासनिया को तो अपनी प्रतिक्रिया जनता के सामने रखनी चाहिए। यदि कासनिया प्रतिक्रिया नहीं रखते हैं तो नगर मंडल की तो राजनीतिक ड्यूटी बनती है। भाजपा के नेताओं की संपत्ति जितना विशाल तो नहीं है यह प्लांट, मगर कुछ वजूद तो है। इस पर बताना चाहिए कि कांग्रेस नेताओं ने यह कार्यवाही बदले से करवाई है या साबिर सिद्दीकी द्वारा वाटर संयंत्र अवैध चलाया जा रहा था?

2 मार्च 2023.

******






सूरतगढ़ः पार्षद पति का अवैध हाईकूल वाटर संयंत्र सीज: बंद हुआ काम.

 





* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 2 मार्च 2023.

नगरपालिका प्रशासन ने आज सुबह वार्ड नं 38 में आबादी क्षेत्र घर में अवैध चल रहे व्यावसायिक कार्य " हाई कूल वाटर "संयत्र को नियम विरुद्ध मानते हुए सीज कर दिया। वाटर संयत्र का काम बंद हो गया। इस कार्यवाही के पूर्व सुरक्षा संबंधी समस्त कार्वाई की गई। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी विजयप्रतापसिंह की उपस्थिति में अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी कालूराम सेन आदि ने संयत्र को सील मोहर कर दीवार पर नोटिस चिपकाया। नोटिस में लिखा है कि कार्यवाही को नष्ट करने की कोशिश हुई तो आपराधिक मुकदमा करवा दिया जाएगा। इस अवसर पर तहसीलदार कार्यपालक मजिस्ट्रेट अधिकार से उपस्थित रहे। पुलिस और नगरपालिका कर्मचारियों की भी उपस्थिति रही। 

सूत्रानुसार मकान का पट्टा नहीं है। जोहड़ पायतन में अतिक्रमण का नियमन नहीं हो सकता इसलिए पट्टा नहीं बना। बिजली कनेक्शन बाबत भी जांच करवाई जाएगी। इस संयंत्र के अवैध संचालन की उच्च स्तरीय शिकायत हुई थी। जांच में संयंत्र अवैध निकला।

* साबिर सिद्दीकी की पत्नी यासमीन इसी वार्ड से पार्षद है। वह भाजपा से है।

* अधिशासी अधिकारी विजयप्रतापसिंह ने कार्यवाही के बाद पूछे जाने पर बताया कि यासमीन नगरपालिका में पेयजल सप्लाई का व्यवसाय करते हुए भुगतान लेती रही है जिसकी जांच की जा रही है। पार्षद जिस नगरपालिका बोर्ड में चुना हो वहां लाभ का कोई कार्य नहीं कर सकता। यदि इस जांच में यासमीन दोषी साबित होती है तो डीएलबी नोटिस /जवाब कार्यवाही के बाद पद से हटा सकती है। यासमीन के नाम से अभी तक लाखों रूपये चैकों से लिए जा चुके हैं।०0०

*****







बीरमाना में महाविद्यालय की खुशी: गेदर का अभिनंदन.भव्य समारोह.रिपोर्ट.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 2 मार्च 2023.

राजस्थान सरकार द्वारा सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए की गई विशेष घोषणाओं के लिए कल 1 मार्च 2024 को बीरमाना ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शिल्प एवं माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष राज्य मंत्री श्री डूंगर राम गेदर का क्षेत्र वासियों ने भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।




  **बीरमाना में रामदेव मंदिर के पास हुए इस भव्य आयोजन में हजारों लोगों ने भाग लिया। 

** सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ ढोल नगाड़े बजाते हुए डीजे पर झूमते हुए लोग डुंगरराम गेदर को सभा स्थल पर लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में आए हुए लोग बेहद खुश और उत्सुक नजर आ रहे थे लोगों ने 21 किलो फूलों की भव्य माला एवं साफा पहना कर के गेदर का स्वागत किया।

👍 जनसमूह को संबोधित करते हुए गेदर ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। लोकप्रिय मुख्यमंत्री जन नायक अशोक गहलोत की दूरदृष्टि इसी से साबित हो रही है कि अब शहरों से निकल निकल कर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी कॉलेज खोले जा रहे हैं। हर जिला हेडक्वार्टर पर मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। राजकीय विद्यालयों को प्रमोट किया जा रहा है। हजारों की संख्या में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जा रहे हैं, आने वाली पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में इन सब का भरपूर लाभ मिलेगा।

*  उन्होंने कहा कि बीरमाना वह जगह जहां पर जिले में सबसे ज्यादा बच्चे इसी स्कूल में अध्ययन करते हैं और यहां के लोगों में शिक्षा के प्रति बहुत जागृति है।अध्यापकों की कमी होने पर भी अपने स्तर पर निजी अध्यापक लगा कर के यहां के लोग सरकारी स्कूल की शिक्षा को सुचारू रखते हैं।

👍 यह अच्छी बात है बीरमाना में राजकीय महाविद्यालय एक शुरुआत है आगे चलकर के राजियासर  और जैतसर में भी राजकीय महाविद्यालय खुलवाए जाने का गंभीरता से प्रयास रहेगा।

आज आवश्यकता है कि हर परिवार अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करे।  गेदर ने कहा कि राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं हर वर्ग के लिए लाभदायक है। राजस्थान देश का ऐसा पहला राज्य है जहां पर ओल्ड पेंशन योजना लागू की गई। राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य है जहां पर मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में 200 दिन का कार्य दिया जा रहा है। शहरों में नरेगा की तर्ज पर शहरी रोजगार गारंटी योजना लागू की गई है।

* इस बढ़ती हुई महंगाई में राज्य सरकार ने गैस सिलेंडर को ₹500 में देने का फैसला किया है सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी की गई है 100 यूनिट तक बिजली फ्री की गई है। चिरंजीवी योजना के तहत 25 लाख तक का इलाज निशुल्क दिया जा रहा है। दुर्घटना में मृत्यु होने पर ₹10 लाख तक का क्लेम दे कर के पीड़ित परिवार को संबल देने का काम माननीय मुख्यमंत्री ने किया है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण में किए जा रहे बेहतरीन कार्यों के दम पर राजस्थान में श्री अशोक गहलोत चौथी बार सीएम बनेंगे जनता में ऐसा माहौल नजर आ रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व प्रधान हरिराम मेघवाल, कांग्रेस के सूरतगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत रंधावा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष परसराम भाटिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी लाल थोरी ,पदमपुरा के सरपंच सुभाष गोदारा, एडवोकेट  हितेंद्र नारायण शर्मा ने अपने संबोधन में क्षेत्र के विकास कार्यों में रुचि लेने के लिए और संगठन में समर्पित होकर कार्य करने के लिए राज्यमंत्री  गेदर की जमकर प्रशंसा करते हुए हमेशा तन मन धन से साथ देने का वादा किया।

कार्यक्रम में गुडली से वीरेंद्र पूनिया, बीरमाना सरपंच  सरजीत टाक, पदमपुरा सरपंच सुभाष गोदारा, 6 डीडब्ल्यूएम के सरपंच केसरा राम टाक,हरदासवाली के सरपंच राधेश्याम  वर्मा, संगीता के सरपंच भूराराम चालिया, मालेर के सरपंच सोहनलाल, जानकीदास वाला के सरपंच धनराज चौहान, गोपालसर के सरपंच धुकलराम,  पूर्व सरपंच इब्राहिम खान, पूर्व सरपंच भागीरथ मेघवाल पंचायत समिति सदस्य विक्रम, राकेश राठी छात्र नेता सुनील सिहाग पूर्व सरपंच गंगा सिंह डाल, राजियासर से सामाजिक कार्यकर्ता देवीलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे।०0०








बुधवार, 1 मार्च 2023

होली पर डीजे बजाने पर रहेगा प्रतिबंध: सोशल मीडिया व नशेड़ियों पर नजर रहेगा.

 



* करणीदानसिंह राजपूत *

श्रीगंगानगर, 1 मार्च 2023.

कलक्ट्रेट स्थित वीसी सभागार में बुधवार को संभागीय आयुक्त श्री निरज के. पवन ने संभाग के अधिकारियों को होली त्यौहार के मध्यनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ शान्ति समिति की बैठक सामय-समय पर आयोजित करने के निर्देश दिए।  

     उन्होंने कहा कि त्योहार पर डीजे का पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। नशा, तस्करी वह अवैध खनन को रोकने के लिए विशेष टीम बनाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जाएं। जिन गांवों में चिकित्सालय की सुविधा नहीं है, ऐसे स्थानों पर संचालित मेडिकल स्टोर पर विशेष निगरानी रखी जाए।

जिला कलक्टर श्री सौरभ स्वामी ने बताया कि नशा रोकने हेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शान्ति समिति की बैठक समय-समय पर की जा रही है। सरकार द्वारा संचालित नशामुक्ति केन्द्र द्वारा भी शिक्षण संस्थानों में शिविर लगाकर बच्चों को नशे की बुराईयों से सतर्क किया जा रहा है।  

 इस अवसर पर एडीएम प्रशासन डॉ. हरीतिमा, एडीएम सतर्कता श्री उमेद सिंह रतनु, सीएमएचओ डॉ मनमोहन, श्री गिरिराज प्रसाद मीणा, श्री विजय कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। ०0०

---------









कासनिया और कालवा कब देंगे मील के आरोपों का जवाब:गेंद भाजपा पाले में है.

 



* करणी दान सिंह राजपूत *

 सूरतगढ़ 1 मार्च 2023.

नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में प्रवेश के बाद से राजनीति में तूफान मचा है। आरोप प्रत्यारोप से 

एक दूसरे के पोत सामने आ रहे हैं।


ओमप्रकाश कालवा ने  27 फरवरी को स्वागत कार्यक्रम में मील पर आरोप लगाया था कि वे गलत कामों के कराने वास्ते दबाव डालते थे,इस कारण कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में आया। इसके अलावा बड़े दलाल व बड़े ठेकेदार भी बताए। ओमप्रकाश कालवा ने आरोपों में नाम नहीं बताए।

👍 मील परिवार पर लगाए आरोपों का जवाब मील परिवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में 28 फरवरी को दिए। मील परिवार के गंगाजल मील हेतराम मील हनुमान मील और अन्य ने रामप्रताप कासनिया और ओम प्रकाश कालवा पर अनेक आरोप जड़ दिए जिनका जवाब अब कासनिया और कालवा को देना है। मील की प्रेसवार्ता में मौखिक के अलावा कम्प्यूटर प्रिंट के साढे चार पेज भी आरोपों से भरे पत्रकारों को दिए। गंगाजल मील और हनुमान मील के हस्ताक्षर इन आरोपों पर थे। सभी आरोप बहुत गंभीर हैं जिनका जवाब नहीं दिया जाता है तो भाजपा के ये नेता आरोपों से घिरे रहेंगे।

* मील ने ओमप्रकाश कालवा पर पलटवार किया। मील ने कहा कि कालवा ने गलत काम करवाने का दबाव बताया। कालवा बताता क्यों नहीं कि कौनसे गलत काम थे। मील ने यह भी जवाब में कहा कि बड़ा दलाल बड़ा ठेकेदार तो कालवा के पास है। 

मील ने जमीनों,भूखंडों, कालोनी,स्कूल संबंधित जमीन और रिश्वत के आरोप लगाए। इन ओरोपों का जवाब रामप्रताप कासनिया और ओमप्रकाश कालवा को देना है। आरोप गंभीर है। लाखों करोडों के बनते हैं। मील के आरोपों से भाजपा की राजनीति और छवि प्रभावित होती है। 

* रामप्रताप कासनिया और ओमप्रकाश कालवा इसका जवाब पत्रकार वार्ता से ही लोगों तक पहुंचा सकते हैं। मील ने तो गेंद भाजपा और भाजपा के इन नेताओं के पाले में उछाल दी। ०0०

****







 

सूरतगढ़:सूर्योदय नगरी में पुलिस चौकी प्रारंभ.

 




* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 1 मार्च 2023.

सिटी पुलिस थानाधिकारी सीआई कृष्ण कुमार ने आज सूर्योदय नगरी वार्डों के लिए पुलिस चौकी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर  गणमान्य उपस्थित थे। इस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोटाराम को बनाया गया है।



नगरपालिका के दमकल भवन परिसर में चौकी शुरू की गई है। पहले भी यहां पुलिस चौकी थी। 

अभी जिलापुलिस अधीक्षक विजिट पर आए थे,तब सीएलजी सदस्यों ने चौकी पुनः शुरू करने की मांग की थी।

* इससे रात्रि कालीन अपराधों पर अंकुश लगेगा।नशेड़ियों पर भी कार्यवाही तुरंत हो सकेगी।०0०




सूरतगढ़ःटैगोर पीजी कॉलेज छात्रा योजना स्वामी स्वर्ण पदक से सम्मानित

 





* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 1 मार्च 2023.

 टैगोर पीजी कॉलेज सूरतगढ़ की छात्रा योजना स्वामी (एम.एस.सी केमिस्ट्री)  को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के सप्तम दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में कुलाधिपति माननीय राज्यपाल कलराज मिश्र एवं कुलपति श्रीमान विनोद सिंह द्वारा छात्राओं को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया |


योजना स्वामी के स्वर्ण पदक से सम्मानित होने पर महाविद्यालय प्रबंध निदेशक डॉ.सुशील कुमार जेतली ,निदेशक डॉ.सचिन जेतली, प्राचार्य डॉ प्रीति चुघ ,पुरषोत्तम सिंह ,अति. निदेशक गगन सिंह रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष नूपुर सचदेवा ,व्याख्याता कृपा जोशी ,सुनील कुमार ने शुभकामनाए दीं।

महाविद्यालय निदेशक  डॉ सचिन जेतली के अनुसार विज्ञान, कला कंप्यूटर ,वाणिज्य प्रबंधन चारों संकाय में महाविद्यालय के 5 विद्यार्थी विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल )प्राप्त कर चुके हैं  जो नया कीर्तिमान् है।०0०





भाजपा पदाधिकारी आरोपों से घिरे कालवा के संग खिंचवाई फोटो सुरक्षित रखें काम आएंगी.

 



 * करणी दान सिंह राजपूत *


भ्रष्टाचार के आरोपों और सीवरेज मुकदमे में फंसे नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं मोर्चा के नेताओं  पदाधिकारियों ने ढोल ढमाके, फूल मालाओं के साथ 27 फरवरी 2023 को अध्यक्ष की कुर्सी पर विराजमान कराया। 

पहले ओमप्रकाश कालवा कांग्रेस पार्टी में थे। आरोपों से घिरे कालवा पर पार्टी नेताओं ने सख्ती की तब अपने बचाव का रास्ता खोजा और भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं को संपर्क कर भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया।


* भारतीय जनता पार्टी के भी कुछ नेता जो आरोपों से घिरे हुए हैं,उन्होंने भी कालवा को पार्टी में लिवाने की बहुत जल्दी की और इस जल्दी में जिला और प्रदेश के नेताओं को भ्रम में रखा। उनको संपूर्ण स्थिति नहीं बताई। सूरतगढ़ के भाजपा वाले माला पहनाएं और पूरा शहर लोग थू थू कर रहे हैं।

* नेताओं को केवल यह बताया गया कि कांग्रेस का बोर्ड टूट जाएगा और भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बन जाएगा। मीडिया में प्रदेश में यह उछलेगा और वाहवाही मिलेगी।

👍 राजनीति में ऐसे जल्दबाजी उतावलापन के कार्य बाद में बड़ा नुकसान देते हैं। ऐसा ही नुकसान सूरतगढ़ कि भारतीय जनता पार्टी को और उन नेताओं कार्यकर्ताओं को भी होगा जिन्होंने ओमप्रकाश कालवा को एक प्रकार से क्लीनचिट देते हुए बड़े नारे लगाते हुए 27 फरवरी को नगर पालिका में प्रवेश कराया व कुर्सी पर बैठाया। 

*** भारतीय जनता पार्टी और उसके पदाधिकारियों में कोई दम होता तो उनकी आवाज पर उनका साथ देने के लिए नगर पालिका कार्यालय पर दो तीन हजार आदमी पहुंचने चाहिए थे। लेकिन नेताओं का मोर्चा के कार्यकर्ताओं का ही जमघट रहा। वही नारे लगाते रहे। फूल मालाएं पहना फोटो खिंचवाते रहे और उनके वीडियो बनते रहे।

शहर के करीब 200 लोग और पहुंचे जो नगर पालिका परिसर से बाहर खड़े थे। फोटो तो नेताओं को अपनी खिंचवाने थी जैसे बहुत बड़ा गढ़ जीत लिया हो जिन लोगों ने नेताओं ने पदाधिकारियों ने फोटो खिंचवाई वीडियो बनवाई उनको यह सब अखबारों की कटिंग आदि सुरक्षित रखनी चाहिए।  क्योंकि ओमप्रकाश कालवा को जब कानून के हिसाब से न्याय अन्याय दंड घोषित होगा जांचों की रिपोर्ट आएगी तब सभी नेताओं के फोटो वीडियो काम आएंगे। यह फोटो वीडियो जब जब कोई खास काम होगा काम आएंगे। चुनाव में टिकट मांगेंगे तब काम आएंगे इसलिए जिन्होंने आगे बढ़कर ओमप्रकाश कालवा को फूल मालाएं पहनाई खुशी में गदगद हुए उनकी खुशी गदगद पना आगे काम आएगा।

👍 ओमप्रकाश कालवा को पूरा शहर जान गया मीडिया में निकम्मे पन के आरोप पिछले 2 साल से लगते रहे।  शहर का सत्यानाश कर दिया। चारों और गंदगी पड़ी है। भ्रष्टाचार के आरोप और सीवरेज घोटाले का पुलिस मुकदमा सभी को मालुम हो गया।

 👍 यह भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को दिखाई नहीं पड़ा। 

** संघ और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को मालूम है कि ओमप्रकाश कालवा के राज में केशव पार्क में शहर का टट्टी मूत गंदगी वाला पानी डाला जा रहा है। अभी भी भाजपा नेता देख आएं। फोटोशूट भी करलें और अपनी सेल्फी भी ले लें। यह केशव पार्क संघ प्रमुख के नाम से विधायक अशोक नागपाल के कार्यकाल में बनाया गया था। ओमप्रकाश कालवा के इतने घृणित कार्य को संघ और भाजपा के नेताओं ने यहां खत्म नहीं करवाया,कोई विरोध नहीं किया। यह गंदगी आज भी डाली जा रही है। यह शर्मनाक कार्य आज भी हो रहा है लेकिन इसकी किसी को परवाह नहीं। ऐसे नगर पालिका अध्यक्ष को मालाएं पहना भारतीय जनता पार्टी में शामिल करके नेता और कार्य कार्यकर्ता पदाधिकारी जो स्वार्थ सिद्ध करना चाहते हैं।

वे स्वार्थ सिद्ध नहीं हो पाएंगे। 

* विधायक रामप्रताप कासनिया,पूर्व विधायक अशोक नागपाल,जिला उपाध्यक्ष शरणपालसिंह मान,नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश मिश्रा इस गलत कार्य के जिम्मेदार हैं। इन पदाधिकारियों ने यह बड़ी गलती जिन स्वार्थों के कारण की वे सामने आ चुके हैं।

👍 भाजपा के जिन नेताओं ने पदाधिकारियों ने यह गलत कदम उठाया है यह तो भारतीय जनता पार्टी को भोगना है लेकिन समय के अनुसार भाजपा नेताओं को पदाधिकारियों को भी भोगना होगा।  भाजपा नेता चाहे सूरतगढ़ के हैं चाहे जिले के हैं चाहे सांसद हैं चाहे प्रदेशाध्यक्ष हैं, सभी को एक दिन पछताना पड़ेगा। प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, सांसद निहालचंद मेघवाल, जिलाध्यक्ष आत्माराम तरड़ भी इस जल्दीबाजी के लिए जिम्मेदार हैं। प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया को अब तो सही जानकारी ले लेनी चाहिए ताकि आगे तो गलती नहीं हो सके।

👍 इस लेख को संभाल करके रखिए क्योंकि यह लेख भी काम आएगा।

1 मार्च 2023.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार,

58 वर्ष का पत्रकारिता अनुभव.

( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ ( राजस्थान)

94143 81356.

*****

यह ब्लॉग खोजें