सूरतगढ़:डंपिंग यार्ड में कचरा प्रबंधन को लेकर गोसेवकों ने पालिकाध्यक्ष को मांगपत्र दिया.
* करणी प्रेस इंडिया *
सूरतगढ़ 30 सितंबर 2026.
गौ सेवकों ने नगरपालिका के डंपिंग यार्ड में अव्यवस्थित रूप से कचरा फैलाने और उसे जलाने के मामले में उचित कार्वाई के लिए नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति कंवर को मांगपत्र दिया है। गोसेवकों ने मांग की कि डंपिंग यार्ड में कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था की जाए, चारों ओर तारबंदी करवाई जाए तथा कचरा जलाने पर रोक लगाई जाए।
ईओ पूजा शर्मा को डंपिंग यार्ड के चारों ओर तारबंदी करवाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया था। गोसेवकों का कहना है कि तारबंदी नहीं होने के कारण बेसहारा पशु और गोवंश डंपिंग यार्ड में पहुंच जाते हैं तथा कचरे के साथ पड़ी पॉलीथिन खाने से उनके जीवन पर संकट बना रहता है।
पार्षद मघाराम स्वामी, पार्षद प्रदीप चौहान,पार्षद छोटू पंडित, अनिल धानुका,राकेश भादू, प्रकाश कूकणा, जयकिशन, राकेश डोगरा सहित कई गोसेवकों ने मांग पत्र दिया।०0०