ट्री एंबुलेंस का उद्घाटन. सूरतगढ़.
* करणी प्रेस इंडिया *
सूरतगढ़ 5 जुलाई, 2026
* पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के क्षेत्र में वर्ष 2018 से निरंतर अनुकरणीय कार्य कर रही 'मिशन ग्रीन सिटी समिति, सूरतगढ़' द्वारा प्रकृति को बचाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। समिति द्वारा शहर में एक 'ट्री एंबुलेंस' की शुरुआत की गई है, जिसका भव्य उद्घाटन स्थानीय खेजड़ी मंदिर परिसर में किया गया।
इस एंबुलेंस का लोकार्पण मुख्य अतिथि विधायक डूंगर राम गेदर एवं समिति के संरक्षक डा. के.एल. बंसल ने किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार सोनी ने कहा,"हमारे जीवन में पेड़-पौधों की अहमियत सबसे ऊपर है। शुद्ध हवा और स्वस्थ जीवन के लिए प्रकृति का हरा-भरा रहना अनिवार्य है। यह ट्री एंबुलेंस पौधों के रोपण, खाद एवं पानी पहुंचाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।"
पौधारोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी
कार्यक्रम के दौरान समिति के सचिव विक्रम सिंह राठौड़ एवं कोषाध्यक्ष दीपक शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे एक संतान की तरह पालना और उसका संरक्षण करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। हर नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।०0०