"तेरापंथ : मेरा पंथ” कार्यशाला का सफल आयोजन. सूरतगढ़.
* करणी प्रेस इंडिया *
सूरतगढ़, 5 जुलाई 2026.
आचार्य श्री भिक्षु के जन्म त्रिशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा द्वारा निर्देशित “तेरापंथ : मेरा पंथ” कार्यशाला का सफल आयोजन श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ सभा, सूरतगढ़ द्वारा रविवार को तेरापंथ भवन में किया गया।
कार्यशाला में समाज के विभिन्न आयु वर्ग के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तेरापंथ धर्म, आचार्य भिक्षु के सिद्धांतों एवं संघ के मूल आदर्शों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। वरिष्ठ उपासक एवं युवक रत्न राजेन्द्र कुमार सेठिया ने प्रशिक्षक के रूप में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए तेरापंथ की विचारधारा, अनुशासन, संगठन एवं जीवन मूल्यों पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया। आपने आचार्य भिक्षु द्वारा दिये गये सिद्धांतो को सरल भाषा में समझते हुए बताया की सबमें सेवा भाव, समर्पण भाव, विनय भाव व हर परिस्थिति में सम-भाव होना चाहिए, तभी हम अपनी आत्मा का कल्याण कर सकेंगे।
इस अवसर पर श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, सूरतगढ़ द्वारा राजेन्द्र कुमार सेठिया का अभिनंदन पत्र व साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया। सभा के संरक्षक आनंद जैन, अध्यक्ष अनिल रांका, उपाध्यक्ष जय प्रकाश जैन व मंत्री अमृत चोपड़ा ने उनका सम्मान करते हुए उनके धार्मिक एवं संगठनात्मक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने तेरापंथ व आचार्य भिक्षु के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज और संगठन के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।०0०