सोमवार, 5 सितंबर 2022

भाजपा सूरतगढ़ सीट:नरेंद्र घिंटाला की अपील 8 को कार्यकर्ताओं से बातचीत




* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 5 सितंबर 2022. भाजपा में कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं और नेता पदाधिकारी कुछ करते नहीं जैसे हालात के कारणों से भाजपा से नगरपालिका बोर्ड अध्यक्ष पद और पंचायत समिति प्रधान पद कांग्रेस ने छीन लिए। ये दोनों पद छिन जाने के बाद भी भाजपा नेताओं को अक्ल नहीं आई। भाजपा के कार्यकर्ताओं को और आमजन को कांग्रेसी पदाधिकारियों नेताओं की मनमानियों का शिकार होना पड़ रहा है। जहां पार्षद पर कांग्रेसी छोटे से पदाधिकारी हाथ उठा लें और मुकदमें बना दें। नगरपालिका कांग्रेस बोर्ड द्वारा अभियानों में जन प्रतिनिधि के बजाय मील से पट्टे बंटवाए जाएं और लोगों को चक्कर कटवाए जाएं। सूरतगढ़ में भाजपा इतनी कमजोर स्थिति में तो कभी नहीं आई। भाजपा के सूरतगढ़ स्तर के नेता भ्रष्टाचार और अनीति के विरुद्ध सदा संघर्षशील और लड़ाकू रहे लेकिन अब अनेक भाजपाई कांग्रेस बोर्ड के चमचे बन गए। कोई रोकने टोकने वाला नहीं हो तब पार्षद पर हाथ उठा। नगरपालिका में तो भयानक भ्रष्टाचार और उस पर ढाई साल में कहीं आवाज न उठे। 

विधानसभा में 2003 से अब तक 2022 तक में कांग्रेस का राज तो केवल 5 साल 2008 से 2013 तक ही रहा। वे फिर भी हावी। भाजपा के पास वर्तमान विधायक रामप्रताप कासनियां और दो पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह भादू और अशोक नागपाल। कांग्रेस के पास केवल एक भूतपूर्व विधायक मील जो वर्तमान में जनप्रतिनिधि नहीं, वह नगरपालिका में पट्टे बांट जाए। कितने ही दलाल सारे दिन नगरपालिका में बैठे रहते हैं। वे क्या करते हैं? किसी भाजपा नेता ने सवाल नहीं किया?

आखिर मजबूत भाजपा को खोखला किसने किया? स्पष्ट है कि नेताओं और पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर खोखला कर दिया। इन तीन नेताओं से किसी ने नहीं पूछा। पदाधिकारियों से भी नहीं पूछा। असल में जब सम्मेलन होते हैं तो नेता और बाहर से आए नेता ही भाषण देते हैं। कार्यकर्ता अपनी बात कहां किसके आगे रखे। यहां नाम लिखने की आवश्यकता नहीं सभी जानते हैं कि कुछ तो सालों से सोए हुए हैं और कुछ विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर जागे हैं। कान में फूंक कि तुम्हें टिकट मिल सकती है इसलिए जागे लेकिन यह जाग भी दिखावे की ही। 

भाजपा में पार्टी का संविधान है लेकिन उसको कहीं आलमारी में बंद कर रखा है और पदाधिकारी मनोनीत होते हैं जो खरे नहीं उतरते। कुछ की तो कांग्रेसियों से दोस्ती तब हालात नाजुक।

ऐसी अंधियारी स्थिति में लगता है कि पहली पुकार हुई है कि एकजुट होने के लिए जागो।

नरेंद्र घिंटाला ने अपील की है जो भैरोंसिंह शेखावत के मुख्यमंत्री काल से पार्टी में कुछ है।


यह अपील है कि दिनांक 8 सितंबर 2022 वार गुरुवार को दोपहर 12 बजे ब्राह्मण धर्मशाला सूरतगढ़ में सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पांचो मंडलों के कार्यकर्ताओं के मन की बात ( घर बीती हताई ) कार्यक्रम का आयोजन सूरतगढ़ में है।

भाजपा के  सूरतगढ़ नगर मंडल, ढाबा झालार मंडल , गोविंद सर मंडल, राजियासर मंडल एवं जैतसर मंडल के सभी पदाधिकारी,पूर्व पदाधिकारी ,पंचायत राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि व नगर पालिका के पार्षद व  पूर्व पार्षद सहित भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता व समर्थकों को आमंत्रित किया गया है। 

इस कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं के मन की बात सुनी जाएगी व उनके सुझाव को जिला एवं प्रदेश स्तर पर पहुंचाने का काम किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के सभी पुराने व नए कार्यकर्ताओं का पूरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का आपसी परिचय व तालमेल को बढ़ावा मिलेगा। इस कार्यक्रम से सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं के सुझाव पर अमल करते हुए विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का काम किया जाएगा। यह कार्यक्रम जो कि कार्यकर्ताओं के मन की बात का कार्यक्रम है इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी कार्यकर्ताओं के सुझाव और विचार से भारतीय जनता पार्टी को सूरतगढ़ विधानसभा में मजबूत करने वह कार्यकर्ता के महत्व व सम्मान बढ़ाने के विचार को मजबूत किया जाएगा।०0०






 

यह ब्लॉग खोजें