शनिवार, 28 नवंबर 2026

मोदीजी का सपना कांग्रेस मुक्त भारत,राजस्थान से उलटा भाजपा मुक्त की शुरुआत.

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वाक्य कांग्रेस मुक्त भारत चर्चित रहा जो मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज में राजस्थान में उलटा पड़ गया और पंचायत राज चुनाव में भाजपा मुक्त की शुरुआत हो गई। राजस्थान में भाजपा सरकार और भाजपा संगठन दोनों ही पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस से पिछड़ गये। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रधानमंत्री की ओर से दिल्ली से थोपे हुए भाजपा में सर्वमान्य नहीं हो सके और राजस्थान में यह माना जाने लगा था कि प्रशासन पर उनकी पावर शून्य है। सरकार की नीतियों का,अभियान का असर ही नहीं हुआ। नगरनिकाय और पंचायत राज विभागों में अधिकारियों ने अपनी मनमर्जी चलाई जिसका परिणाम नगरनिकाय चुनाव में दिखाई दिया और पंचायत राज चुनाव में एकदम पकी फसल के रूप में सामने आया। नगरनिकाय चुनाव में अनेक स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि पार्टी चुनाव चिन्ह से चुनाव में लोगों के वोट नहीं मिलेंगे और हार हो जाएगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल के इलाके में यह हुआ। यह संकेत मामूली नहीं था लेकिन भाजपा सरकार और संगठन  को केंद्र और राज्य में सरकारें होने का राजनैतिक नशा था। पंचायत राज चुनाव परिणामों से सरकार और संगठन दोनों का नशा जयपुर से दिल्ली तक उतर गया। प्रधानमंत्री की ओर से थोपे हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और दिल्ली से ही घोषित भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान को जैसे चलाया वे परिणाम आए जिनको अब झुठलाया नहीं जा सकता।


प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ढीले शासन की आवाजें एक वर्ष में ही आने लगी थी कि लोगों के कामकाज नहीं हो रहे हैं, मगर ऐसी आवाजों को सुना नहीं गया। आम लोगों की नहीं सुनी और कार्यकर्ताओं की भी नहीं सुनी। कार्यकर्ता तक चिल्लाते रहे रोते रहे गिड़गिड़ाते रहे कि उनकी सुनवाई नहीं हो रही और न उनके काम हो रहे। कार्यकर्ताओं ने हर संभव तरीके से कहा कि काम नहीं होने से जनता नाराज हो रही है, लेकिन एक शक्ति मानकर चलते रहे कि मोदी है तो सबकुछ मुमकिन है।

राजस्थान में भाजपा सरकार के तीन साल पूर्ण होने जा रहे हैं और राजनैतिक नियुक्तियां तक नहीं की गई। कार्यकर्ताओं ने सरकार बनाई मंत्री बनाए और ये मंत्री कार्यकर्ताओं को साधारण से पद नहीं दे पाए। यह सोचा जाता रहा कि राजनैतिक नियुक्तियों से पार्टी में फूट पड़ जाएगी। इसका भी बहुत बड़ा नुकसान पार्टी को हुआ। जिनको पद मिलते वे निश्चित ही कार्य करते जिसका राजनैतिक लाभ भाजपा को मिलता। अब दो वर्ष शेष हैं और अभी संपूर्ण बदलाव नहीं होता है तो विधानसभा चुनाव 2026 के चुनावी फसल के लिए भजनलाल और मदन राठौड़ ही बीज हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमित शाह की सारी राजनीति और पर्ची प्रयोग राजस्थान में बुरी तरह से फेल हो गये हैं। राजस्थान के जिला प्रमुखों व पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव परिणामों के अनुसार संख्या आकलन में तो सन् 2028 के विधानसभा चुनाव में 200 सदस्यों की विधानसभा में परिणाम भाजपा 50- 55 सीटें और कांग्रेस 120-125 सीटें आना संभावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह या अदृश्य संचालक अभी भी अहंकार में किसी चमत्कार की  आशा कर रहे हैं तो सन् 2028 का विधानसभा चुनाव का पक्का परिणाम देखने के लिए प्रतीक्षा करनी चाहिए। लेकिन राजस्थान के चुनाव परिणामों का असर सन् 2027 के 5 प्रदेशों के विधानसभा चुनावों में पड़ने से रोका नहीं जा सकता। ये सभी परिणाम आगे सन् 2029 के लोकसभा आम चुनाव पर असरकारक होंगे।०0० 28 नवंबर 2026.

करणीदानसिंह राजपूत,

( उम्र 81 वर्ष

पत्रकारिता 63 वां वर्ष.)

सूरतगढ़ ( राजस्थान )

94143 81356.

( बिना किसी बदलाव के अनुवाद/ प्रकाशित कर सकते हैं.)०0०








यह ब्लॉग खोजें