गुरुवार, 3 फ़रवरी 2022

सूरतगढ़ के प्राचीन तालाब को गंदगी से भरने का घिनौना कार्य.चैयरमैन और बोर्ड की जिम्मेदारी.

 



* करणीदानसिंह राजपूत *
देवी देवताओं के प्राचीन मंदिरों से घिरा प्राचीन ऐतिहासिक तालाब सूरत सागर गंदगियों कचरे और टूटफूट के मलबे से भरा जाने से यहां पवित्रता खत्म की जा रही है। इसके जीव जंतुओं की हत्या हो रही है।
नगरपालिका की कोई रोक टोक नहीं है बल्कि नगरपालिका प्रशासन और बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा सहित सभी पार्षद जिम्मेदार हैं। ऐतिहासिक तालाब को खत्म करना कराना अवैधानिक कार्य है। प्राचीन जल श्रोतों का संरक्षण करना नगरपालिका का दायित्व है और इस तरह गंदगी से भर कर नष्ट करना भारतीय दंड संहिता के हिसाब से और जन भावना आस्था के कारण आपराधिक कार्य है। नगरपालिका ने वहां बोर्ड लगा रखा है और उससे लाख गुणा अधिक गंदगी वहां डाली जा चुकी है। आज 3 फरवरी 2022 को भी गंदगी गोबर कचरा डाला हुआ था। तालाब को नगरपालिका की शह और आंखें बंद कर पाटने का घिनौना कार्य चल रहा है।
इस प्राचीन तालाब का गढ की ऐतिहासिकता से मेल है। तालाब के भीतर प्राचीन गणेश मंदिर है। पास में प्राचीन शिवालय मंदिर सूरतेश्वर महादेव मंदिर, शनि मंदिर, करणी माता व काली मां मंदिर, हनुमान गणेश मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर हैं। गढ में ठाकुर जी का मंदिर है। आसपास चिंतपूर्णी काली मंदिर है। इन सभी मंदिरों में प्रातः से रात तक श्रद्धालुओं नर नारियों का आवागमन रहता है। श्रद्धालुओं को यह गंदगी और बदबू आहत करती है। नगरपालिका चैयरमैन ओमप्रकाश कालवा अध्यापक रह चुके हैं और अच्छी तरह से समझे सोचें कि यह सारी कार्यवाही मामूली नहीं है। बहुत गलत किया जा रहा है। 
नगरपालिका चैयरमैन ओमप्रकाश कालवा ने 2 दिसंबर 2019 को आम जनता के सामने शहर को चमन बनाने और ईमानदारी से काम करने का संकल्प घोषित किया था। समारोह में पूर्व विधायक गंगाजल मील, हनुमान मील,कांग्रेस और भाजपा के पार्षद व सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
शहर को चमन बनाना तो सपना हो गया लेकिन शहर को और इस शहर की पवित्रता को गंदा तो नहीं करो। यह कार्य बिना विलंब के तुरंत रुकवाओ। यह भी ध्यान में रखो कि ऐतिहासिक तालाब को संरक्षण दिया जाए। इसका स्वरूप नहीं बदला जा सकता। यह समाचार नहीं प्राचीन जल श्रोतों को संरक्षित रखने का सर्वोच्च न्यायालय और राजस्थान उच्च न्यायालय का आदेश है।०0०





दि.3 फरवरी 2022.
करणीदानसिंह राजपूत,
पत्रकार,( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)
सूरतगढ़ ( राजस्थान)
94143 81356.
******


यह ब्लॉग खोजें