रविवार, 30 सितंबर 2018

सूरतगढ़ में सीवरेज सिस्टम का उद्घाटन:विधायक राजेंद्र व पालिकाध्यक्ष काजल ने उद्घाटन किया


- करणी दान सिंह राजपूत -


सूरतगढ़ 30 सितंबर 2018.

सरकारी योजना के तहत 104 करोड़ रू से  निर्मित सीवरेज सिस्टम को आज विधायक राजेंद्र सिंह भादू और नगर पालिका अध्यक्ष काजल छाबड़ा ने भव्य उद्घाटन में लोकार्पण किया। आदर्श कल्याण भूमि के पास सीवरेज पानी के ट्रीटमेंट प्लांट पर उद्घाटन किया गया। यहां से साफ पानी ऊंची टंकियों मेंं और वहां से 5  किलोमीटर दूरी तक पाईप लाइनों से किसानों को दिया जाएगा। दूसरा ट्रीटमेंट प्लांट उपकारागृह के पीछे है। यह बताया गया कि 8 हजार घरों को सीवरेज से जोड़ा जाएगा जिसमें से करीब चौथा हिस्सा जोड़ा जा चुका है। विधायक ने अपने भाषण में कहा कि सीवरेज के दोनों सिस्टम 31 अक्टूबर तक मुकम्मल हो जाएंगे। 

विधायक भादू ने सूरतगढ़ क्षेत्र में अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का और काजल छाबड़ा ने नगर पालिका क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। विधायक ने सूर्योदय नगरी के लिए तीन अंडर पास बना दिये जाने का व पेयजल समस्या का हल भी शीघ्र होने का कहा।

मंच पर उपस्थित नगर मंडल अध्यक्ष महेश कुमार सेखसरिया नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन कुमार ओझा ने भी वक्तव्य दिया। मंच का संचालन सुभाष गुप्ता नगर मंडल महामंत्री की ओर से किया गया।

इस समारोहों में राजनीति और भाजपा का प्रचार भी आगामी चुनाव के लिए हुआ। विधायक और पालिकाध्यक्ष दोनों ने कहा कि भाजपा राज में विकास हुए हैं और विकास के लिए फिर से भाजपा को लाइये। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का भाषणों में उल्लेख किया गया।भादू ने कहा कि 5 साल भाजपा 5 साल  कांग्रेस का बदलना छोड़ो और विकास के लिए भाजपा को फिर मौका दो। यह कहते भादू ने विकास के लिए अपने लिए भी फिर मौका मांग लिया।








यह ब्लॉग खोजें