गुरुवार, 11 मार्च 2021

सिगरेट पीने और तंबाकू चबाने से कैसे होता है जीवन कम-धुआं भी करता है बीमार-इसे जरूर पढें.

 



* करणीदानसिंह राजपूत*

हनुमानगढ़ 10 मार्च 2021.
धूम्रपान है बहुत खतरनाक।
शरीर के लिए खतरनाक है, क्योंकि यह शरीर को आंतरिक रूप से खोखला बना देता है। शरीर के महत्वपूर्ण अंगों जैसे फेफड़े, हार्ट, कोशिकाओं को प्रभावित करता है। कई जानलेवा बीमारी कैंसर, हार्ट फेल्योर, फेफड़ा संक्रमण को जन्म देता है। एंजाइटी के अलावा मानसिक बीमारी की चपेट में लोग आ जाते हैं। धूम्रपान करने वालों को तो नुकसान होता ही है, उनके आसपास रहने वाले (पैसिव स्मोकिंग) को भी सिगरेट का धुआं बीमार बना देता है।

जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन ने ‘धूम्रपान निषेध दिवस पर आयोजित रैली को हरी झण्डी दिखाने के दौरान कही। उनके साथ जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रीति जैन, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा भी उपस्थित थे।
जिला कलक्टर श्री जाकिर हुसैन ने बताया कि कुछ लोग यह सोच कर सिगरेट पीते हैं कि उन्हें इससे फ्रेश महसूस होता है, लेकिन एक सिगरेट पीने से जिंदगी के 11 मिनट कम हो जाते हैं। इसके अलावा एक सिगरेट में चार हजार से अधिक ऐसे केमिकल्स होते हैं, जिससे कैंसर फैलता है। दुनिया में हर छह सेकेंड में एक मौत तंबाकू सेवन के कारण होती है। तंबाकू में कई केमिकल होते हैं, जिनमें निकोटिन प्रमुख है। निकोटिन हमारे नर्वस सिस्टम को प्रभावित करता है। 70 लाख से ज्यादा लोग दुनियाभर में हर साल तंबाकू व अन्य धूम्रपान उत्पादों के कारण कैंसर व अन्य बीमारियों का शिकार होकर दम तोड़ देते हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रीति जैन ने कहा कि धूम्रपान तो खतरनाक है ही, लेकिन जो धूम्रपान करने वालों के आसपास जो रहते हैं, उनको भी बहुत खतरा होता है। इससे फेफड़ा प्रभावित होने की संभावना सबसे ज्यादा होती है। इस कारण अस्थमा व सीओपीडी की संभावना भी बढ़ जाती है। ऐसे में धूम्रपान से स्वयं भी बचें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। धूम्रपान छोड़ें और स्वस्थ जीवन जीयें।

सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि हर साल मार्च माह के दूसरे बुधवार को नो स्मोकिंग डे मनाया जाता है। वर्ष 1984 में इस दिवस को मनाने की शुरुआत हुई। इस दिन को मनाने का उद्देश्य यह है कि लोगों को घ्मोकिंग छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। लोग सिगरेट जैसी खतरनाक चीज को अपनी जिंदगी से दूर करें और स्वस्थ जीवन जीयें। 10 लाख से ज्यादा लोग हर साल भारत में धूम्रपान से होने वाली बीमारियों से मरते हैं। वहीं 2,00,000 से ज्यादा लोग तंबाकू चबाने या इसके अलग-अलग रूपों में सेवन करने से मृत्यु हो जाती है। तंबाकू व धूम्रपान करने वालों की संख्या ज्यादा होने से मुंह व फेफड़ा का कैंसर होने की संभावना सबसे ज्यादा है। उन्होंने बताया कि जिले में तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ द्वारा गाइडलाइन के अनुसार तम्बाकू विक्रय करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर चालान संबंधी कार्रवाई की जा रही है। 



जिला समन्वयक निपेन शर्मा ने बताया कि धूम्रपान से पुरुष व महिलाओं के प्रजनन क्षमता में कमी आती है। जहां पुरुष के शुक्राणुओं और कोशिकाओं की संख्या को नुकसान पहुंचता है, वहीं महिलाओं द्वारा धूम्रपान करने से गर्भस्राव या जन्म देने वाले बच्चे में स्वास्थ्य समस्याएं होने की अधिक संभावना होती है। लगातार सिगरेट पीने से फेफड़े के कैंसर की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है।  सिगरेट में निकोटीन और अन्य जहरीले रसायन हृदय रोग और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा देते हैं। इसकी वजह से स्ट्रोक पैरालिसिस, आंशिक अंधापन, बोलने की शक्ति और यहां तक कि मौत का कारण भी हो सकती है। धूम्रपान न करने वालों की तुलना में धूम्रपान करने वालों में स्ट्रोक होने की संभावना तीन गुना अधिक होती है।




आज की रैली में एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र की छात्राओं ने जिला कलक्ट्रेट परिसर से विभिन्न स्थानों से होते हुए वापिस स्वास्थ्य भवन पहुंची, जहां उन्हें जलपान दिया गया। आज कार्यक्रम में त्रिलोक शर्मा एवं सीएमएचओ कार्यालय के स्टॉफ उपस्थित थे। 00


************************************
(वैवाहिक विज्ञापन)
--------------------------------------
^ वधू चाहिए.  राजपूत.^

* बैस गोत्र राजपूत 48 वर्षीय स्मार्ट अविवाहित  के लिए वधू चाहिए। हनुमानगढ़ गंगानगर जिले के आसपास की हो तो प्राथमिकता। पिता सेवानिवृत्त। माता पिता सहित छोटा पूर्ण शाकाहारी परिवार। हनुमानगढ़ में डेकोरेशन का व्यवसाय.
संपर्क- 9414381356.
************************************
************************************
^ राजपूत मांगलिक वधु चाहिए ^

*पड़िहार राजपूत मांगलिक युवक 22 वर्षीय,12 वीं उतीर्ण आगे अध्ययनरत के लिए मांगलिक वधु चाहिए. स्वयं का मकान,पुराने यूपी बेस्ड,बीकानेर वासी।
संपर्क- 94132 32660
***********************************

मंगलवार, 9 मार्च 2021

👌 भारत सरकार का आजादी का अमृत महोत्सव और आपातकाल लोकतंत्र सेनानियों का दयनीय जीवन*


* करणीदानसिंह राजपूत *

आजादी का अमृत महोत्सव भारत सरकार पूरे
देश में मनाने जा रही है। यह महोत्सव आजादी के 75 साल पूरे होने पर मनाया जा रहा है। यह 12 मार्च 2021 से देशभर में शुरू होगा और 75 सप्ताह तक यानी 15 अगस्त  2023 तक मनाया जाएगा। इस महोत्सव पर आयोजन के लिए प्रत्येक राज्य में और प्रत्येक जिले में तैयारियां शुरू हो चुकी है। इस 75 सप्ताह तक चलने वाले महोत्सव में अनेक कार्यक्रम होंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस आयोजन का लक्ष्य लोगों को देश की आजादी और स्वतंत्रता संग्राम के महत्व को समझाना है, साथ ही, युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता आन्दोलन की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को जोड़ना है और इस आयोजन को आन्दोलन का रूप देना है।

स्वतंत्रता के 75 वर्ष का समारोह, आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय समिति की पहली बैठक 8 मार्च 2021 को आयोजित हुई। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पैनल को संबोधित किया। राज्यपालों, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, राजनेताओं, वैज्ञानिकों, अधिकारियों, मीडिया प्रमुखों,आध्यात्मिक नेताओं, कलाकारों तथा फिल्मों से जुड़े व्यक्तियों, खिलाड़ियों तथा जीवन के अन्य क्षेत्रों के विख्यात व्यक्तियों सहित राष्ट्रीय समिति के विभिन्न सदस्यों ने बैठक में भाग लिया।

राष्ट्रीय समिति के जिन सदस्यों ने बैठक में इनपुट तथा सुझाव दिये, उनमें पूर्व राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवी सिंह पाटिल, पूर्व प्रधानमंत्री श्री एच डी देवेगौड़ा, श्री नवीन पटनायक, श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, श्रीमती मीरा कुमार, श्रीमती सुमित्रा महाजन, श्री जे.पी. नड्डा, मौलाना वहीदुद्दीन खान शामिल थे।

* समिति के सदस्यों ने प्रधानमंत्री को “आजादी का अमृत महोत्सव” की योजना बनाने तथा इसके आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने महोत्सव के क्षेत्र को और विस्तारित करने के लिए अपने सुझाव तथा इनपुट दिए।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी और अधिक बैठकें होंगी तथा आज प्राप्त हुए सुझावों एवं इनपुटों पर विचार किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश धूमधाम और उत्साह के साथ आजादी के 75 वर्ष का समारोह मनाएगा, जो ऐतिहासिक प्रकृति, गौरव और इस अवसर के महत्व के अनुकूल होगा। उन्होंने समिति के सदस्यों से प्राप्त होने वाले नए विचारों तथा विविध सोचों की सराहना की। उन्होंने आजादी के 75 वर्ष के महोत्सव को भारत के लोगों को समर्पित किया।

** प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष का समारोह एक ऐसा समारोह होना चाहिए, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम की भावना, शहीदों को श्रद्धांजलि तथा भारत के निर्माण के उनके संकल्प का अनुभव किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस समारोह को सनातन भारत के गौरव की झलकियों तथा आधुनिक भारत की चमक को भी साकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समारोह को संतों की आध्यात्मिकता की रोशनी तथा हमारे वैज्ञानिकों की प्रतिभा और ताकत को भी परिलक्षित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विश्व के सामने इन 75 वर्षों की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करेगा तथा अगले 25 वर्षों के लिए हमारे लिए संकल्प करने की एक रूपरेखा भी प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई भी संकल्प बिना समारोह के सफल नहीं है। उन्होंने कहा कि जब कोई संकल्प समारोह का रूप ले लेता है तो लाखों लोगों की प्रतिज्ञा और ऊर्जा उसमें जुड़ जाती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 75 वर्षों का समारोह 130 करोड़ भारतीयों की भागीदारी के साथ किया जाना है तथा लोगों की यह भागीदारी इस समारोह के मूल में है। इस समारोह में 130 करोड़ देशवासियों की अनुभूतियां, सुझाव तथा सपने शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि 75 वर्षों के समारोह के लिए पांच स्तंभों का निर्णय किया गया है। ये हैं- स्वतंत्रता संग्राम, 75 पर विचार, 75 पर उपलब्धियां, 75 पर कदम तथा 75 पर संकल्प। इन सभी को 130 करोड़ भारतीयों के विचारों तथा भावनाओं में शामिल किया जाना चाहिए।

*** प्रधानमंत्री ने कम ज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने तथा लोगों को उनकी कहानियों के बारे में भी बताने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि देश का हर कोना देश के बेटों और बेटियों की शहादत से भरा हुआ है और उनकी कहानियां देश के लिए प्रेरणा का शाश्वत स्रोत होंगी। उन्होंने कहा कि हमें प्रत्येक वर्ग के योगदान को सामने लाना है। ऐसे बहुत से लोग हैं, जो पीढ़ियों से देश के लिए बहुत महान कार्य कर रहे हैं, उनके योगदान, विचार तथा सोच को राष्ट्रीय प्रयासों के साथ समेकित किये जाने की आवश्यकता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक समारोह स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरे करने, ऐसी ऊंचाई पर भारत को पहुंचाने, जिसकी उन्होंने कल्पना की थी, को लेकर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश ऐसी चीजें अर्जित कर रहा है, जिसके बारे में कुछ वर्ष पहले तक सोचा भी नहीं जा सकता था। उन्होंने कहा कि यह समारोह भारत के ऐतिहासिक गौरव के अनुरूप होगा।
लोकतंत्र सेनानियों, देश की आजादी के बाद लोकतंत्र इतिहास में आपातकाल लगाया तब देश की आजादी, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए अपने परिवार व्यावसाय,नौकरियों को छोड़ कर लाखों लोग निकल पड़े। दमनचक्र में पिसे। वे देश के साथ खड़े थे लेकिन उनके साथ कौन खड़ा है? न सरकार, न कोई नेता न कोई संगठन साथ दे रहा है। प्रधानमंत्री गृहमंत्री के यहां से तो 7 सालों में एक पत्र का उत्तर तक नहीं आया। उनकी और सरकार की ईच्छा क्या है? इसका संकेत तक नहीं मिला।
आपातकाल 26 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक का यह क्रांतिकारी इतिहास में और महोत्सव में शामिल होने से रह जाएगा। जब हमारी सरकार ही आपातकाल और आपातकाल के लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को दूर रखेगी तो अन्य कौन सहेजेगा? आपातकाल के लोककतंत्र रक्षकों की वृद्धावस्था है और 60 वर्ष से ऊपर 75,80,85 और अधिक उम्र में पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमितशाह व अन्य प्रमुख जन एक एक अंश से परिचित हैं और उनकी चुप्पी सभी को पीड़ित कर रही है। यह पीड़ा अपने कहे जाने वाले राज में हो तो अधिक महसूस होती है, आपातकाल के अत्याचारों से अधिक महसूस होती है।
* भारत सरकार जिन दलों के संगठन से बनी है उसमें भाजपा सबसे बड़ा दल है। इस बड़े दल के प्रमुख और अन्य नेताओं को नैतिक दायित्व भूलना नहीं चाहिए। आपातकाल में लोकतंत्र को बचाने वालों में माना जाता है कि देश के विभिन्न हिस्सों से अलग अलग विचारधारा होते हुए भी 36 या 38 संगठनों ने अपनी आहुतियां दी थी। भाजपा के अलावा भी संगठन हैं उनके नेताओं को भी इस बारे में आगे आना चाहिए। अनुनय, विनय,प्रार्थना, आग्रह पिछले 7 सालों में बहुत हो चुके हैं।
अब पढ कर चुप रहने का समय नहीं है। जो सेनानी करें वे ही आगे बढें और सत्ता के हर भागीदार को बतादें कि जो नुकसान होगा वह सभी को भोगना होगा।
भारत सरकार निर्णय लेने तक पहुंचे ऐसा कार्य सभी करें।
9 मार्च 2021.



करणीदानसिंह राजपूत,
पत्रकार, आपातकाल जेलयात्री,
(55 सालों से पत्रकारिता)
सूरतगढ़ ( राजस्थान)
94143 81356.
--------
जो शेयर कर सकें,किसी अखबार में प्रकाशित करवा सकें,अनुवाद आदि। वे तुरंत करें। जिनको लेखक का फोटो चाहिए वे वाट्सएप मैसेज करें)
करणीदानसिंह राजपूत.
****

सोमवार, 1 मार्च 2021

* सारा देश तुम्हारा फिर भी, रो रहे तुम भीतर भीतर- काव्य करणीदानसिंह राजपूत.

 


- सारा देश तुम्हारा फिर भी,
रो रहे तुम भीतर भीतर-

* गैस पेट्रोल की बढती कीमतें
और बढे रेल किराए से
रो तुम भी रहे हो और
तुम्हारे परिवार भी।

* लोग बाहर रो रहे हैं।
तुम और तुम्हारे परिवार
छुप छुप कर भीतर रो रहे हैं।

तुम बाहर निकलने से पहले
आंसू पोंछ कर मुंह धोकर
चाहे निकलने लगे हो।

* मगर मुखड़े की हालत से
असलियत छिप नहीं सकती।
* मुस्कुराते मुखड़े के बजाय
उतरा मलीन थोबड़ा
नजर आने लगा है।
* लोग आडाना अंबाना चाहे
नहीं बने।
मुंह तो पहचानना अच्छे से
आता है।
* इसमें सभी माहिर
फस्ट डिवीजन हैं।
कोई यह डिग्री छुपाता भी
नहीं है।

* गैस पेट्रोल की बढती कीमतें
और बढे रेल किराए से
रो तुम भी रहे हो और
तुम्हारे परिवार भी।

- सारा देश तुम्हारा फिर भी,
रो रहे तुम भीतर भीतर-

दि. 1 मार्च 2021.



करणीदानसिंह राजपूत,
पत्रकार,
सूरतगढ़।
94143 81356.
........................

शुक्रवार, 26 फ़रवरी 2021

सूरतगढ़ में मां की रसोई- ₹5 में चावल कढी या चावल राजमां- सुशील कुमार जेतली की सेवा.

 


* करणी दान सिंह राजपूत *


सूरतगढ़ में जरुरत मंद लोगों के लिए केवल 5 रूपये में एक प्लेट चावल कढी खाएं या फिर चावल राजमां खाएं। आपकी पसंद। यह सामग्री करीब 350 ग्राम वजन की होती है।


जायकेदार यह चावलकढी और चावल राजमां को बनाने और परोसने का कार्य अपने हाथों से करते हैं सुशील कुमार जेतली। एस.के.जेतली के नाम से अधिक पुकारे जाने वाले व्यक्ति जो शहर की प्रसिद्ध टैगोर शिक्षण संस्थाओं के विशाल ग्रुप के संचालन के स्वामित्व में हैं।





 उनका यह कार्य  वरिष्ठ नागरिक की रूचि और एक महत्वपूर्ण समाज सेवा का संचालन चर्चा में है।


जेतली की यह मां की रसोई शुरू करने का मन कई महीनों से हो रहा था। उन्होंने बताया कि मां की रसोई नाम में अपनत्व है। यही सोच कर यह नाम दिया। अपने हाथों से बनाना और परोसना बहुत आनंद देता है। 

जेतली ने बताया कि अभी शुरुआत है। व्यक्तियों की संख्या बढने पर अन्य का सहयोग भी लिया जाएगा। 


👌 अभी यह रसोई सुबह 10 बजे शुरू करदी जाती है और 2 बजे तक चलती है। 

शहर के बीच प्रमुख सड़कों गलियों से जुडे़ भग्गू वाला कुआ चौक पर यह रसोई है। राजीव वाटिका के पीछे नवीन आदर्श विद्यालय के सामने ही बड़े पोस्टर से रसोई का मालुम पड़ जाता है। *

अनेक लोग इसका लाभ उठा रहे हैं। अनेक विद्यार्थी भी इस रसोई का स्वाद ले रहे हैं। **

******













सोमवार, 22 फ़रवरी 2021

इस तरह बचा लिया गया सीमेंटकंक्रीट में उगे हुए उखडे़ पीपल के पेड़ को- प्रेरणादायक रिपोर्ट. * करणी दान सिंह राजपूत*

 






सूरतगढ़ 22 फरवरी 2021.
रेलवे स्टेशन सूरतगढ़ के प्लेटफार्म नंबर चार पर ढलान वाले ओवर ब्रिज का निर्माण शुरू हुआ और वहां पर एक पुराने सीमेंट कंक्रीट के पिलर में उगा हुआ पीपल का पेड़ उखड़ गया।
मैं उस उखड़े हुए मैं देखता क्योंकि मेरा वहां से प्रतिदिन आना जाना होता था।
पेड़ की मामूली सी जड़े बची हुई थी बाकी पिलर के अंदर थी पेड़ को नष्ट होते हुए देखता और पीड़ा होती। मानसिक संताप भी बहुत हो रहा था की इस पेड़ को किसी भी तरह से बचाया जाए। सोशल साइटों पर ग्रुपों में और मेरी फेसबुक पर पर्यावरण प्रेमियों से अपील की गई।
कुछ पर्यावरण प्रेमी पहुंचे और देखा और बताया कि इस पेड़ को बचाया नहीं जा सकता। इसमें जड़े बहुत कम बची है और इस प्रकार के पेड़ों को दूसरी जगह लगाने के पूर्व के प्रयास भी सफल नहीं हुए हैं। किसी ने आगे प्रयास की कोशिश नहीं की।
मेरे दिल की पीड़ा को अपने ही छोटे भाई प्रेम सिंह सूर्यवंशी को बताया और कहा कि तुम्हारी पर्यावरण पेड़ लगाओ टीम लेकर किसी भी तरह इस पेड़ को दूसरी जगह रोपो तो सही शायद पेड़ बच जाए।
पेड़ को बचाने का प्रयास तो किया ही जा सकता है।
प्रेम सिंह सूर्यवंशी ने अपने टीम के कुछ साथियों को लेकर इस पेड़ को देखा और दूसरी जगह रोपने का निर्णय किया।
16 अक्टूबर 2020 को सुबह यह टीम पहुंची और पेड़ को उखड़े हुए स्थान से उठाया गया और  रेलवे सीमा में ही दूसरे प्रवेश-निकास द्वार के आगे एक स्थान पर लगा दिया गया। सभी उत्साहित थे। यह कार्य करके आगे  ईश्वर की कृपा पर छोड़ा गया।
आगे आने वाले सर्दियों में यह पेड़ बचेगा नहीं बचेगा यह सोचते हुए दिन निकलते रहे। प्रेमसिंह सूर्यवंशी और टीम के सदस्य भी पेड़ को लगाने के बाद देखने संभालने जाते रहे।

मैं रोजाना पेड़ के पास से निकलता और हर सातवें आठवें दिन पेड़ के तने को थोड़ा सा कुचर कर देख लेता कि तना गीला है।
बस यही आशा थी कि तना गीला है सूख नहीं रहा, लाभदायक स्थिति रहेगी।
मैं ईश्वर की कृपा से चकित हो गया।

मैं 22 फरवरी 2021 को पेड़ के पास पहुंचा तो देख कर आश्चर्यचकित था। पेड़ पर नई कोंपलें कुछ हरे पत्ते दिखाई दिए। यह ईश्वर की बहुत बड़ी कृपा रही। बसंत ऋतु में यह चमत्कार हुआ।
पर्यावरण प्रेमियों प्रेम सिंह सूर्यवंशी की पूरी टीम की यह सफलता मानता हूं।
उन सभी कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाओं देता हूं कि उनका प्रयास सफल रहा और यह एक प्रेरणादायक कहानी बन गई। 


पेड़ को 16 अक्टूबर 2020 को जब दूसरे स्थान पर  रोपा गया तब के चित्र और रिपोर्ट मेरे ब्लॉग ' करणी प्रेस इंडिया' पर लगाए गए जो  अभी भी इंटरनेट पर देखे जा सकते हैं।
उस समय के चित्र और रिपोर्ट यहां एक बार फिर पाठकों के लिए प्रस्तुत करता हूं।











* करणीदानसिंह राजपूत *

रेलवे पुलनिर्माण में खत्म होने वाले एक पीपल वृक्ष को दूसरी जगह स्थानांतरित कर बचाने का प्रयास सफलता से पूर्ण हुआ है।
पर्यावरण युवा मंडल के प्रयास से रेलवे पुल में खत्म हो रहे पीपल वृक्ष को बचाने के लिए कुछ दूरी पर रेलवे भूमि पर लगा दिया गया है।
दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

इस वृक्ष को बचाने की  पहली अपील  फेसबुक और सोशल साइट ग्रुप्स में 14 अक्टूबर 2020 को हुई थी। पर्यावरण संस्थाओं से जुड़े वृक्ष प्रेमी मौके पर पहुंचे। सूर्योदय नगरी के पर्यावरण युवा मंडल वृक्ष प्रेमियों ने अवलोकन के बाद विचार किया कि पीपल को दूसरी जगह लगा कर बचाया जा सकता है।
पर्यावरण युवा मंडल के कार्यकर्ता 16 अक्टूबर को प्रभात बेला में पहुंचे।
अध्यक्ष प्रेमसिंह सूर्यवंशी,सचिव परमजीत सिंह पम्मी( पूर्व पार्षद) उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, उपाध्यक्ष सतनाम वर्मा, प्रवक्ता ओम अठ वाल ( वर्तमान पार्षद) डाक्टर प्रकुल खत्री,संदीप सेन,मांगी सेन,बब्बू,सुरेन्द्र वर्मा,हरीश खुरीवाल आदि ने कार्य शुरू किया।
पारस मेहरड़ा ,रावत,शकील खान,आबिद खान भी कार्य में जुटे।
रेलवे अधिकारी बाबू लाल  नाहड़िया और  सुरेन्द्र गर्ग (ठेकेदार ओवर ब्रिज निर्माण) का इसमें सहयोग रहा।

इस सहयोगी कार्य से करीब दो घंटों के परिश्रम से नीचे गिरे हुए पीपल को पुराने पिल्लर की कंक्रीट में से जड़ों सहित निकाला गया। पीपल को पास की खाली भूमि तक ले जाया गया। एक विशाल गड्ढा खोदा गया। रस्सियों के सहारे पीपल को गड्ढे में सीधा खड़ा किया गया। सही स्थिति होने पर गड्ढे को मिट्टी से भरा गया। 
सभी आश्वस्त हुए की पीपल सही लगा दिया गया तब पानी डाला गया।
सभी प्रसन्न हुए कि इस सामूहिक कार्य से पीपल पेड़ बच जाएगा।००

💐 और यह पीपल बच गया💐

*****





रविवार, 14 फ़रवरी 2021

फेस बुक पर तुम्हारा रूप -कविता-करणीदानसिंह राजपूत


फेस बुक पर रोजाना

तुम्हारा बदलता हुआ,

इतराता हुआ लुभावना रूप,

कितनों की करता है,नींद हराम,

आती है अलग अलग टिप्पणियां,

कितने कितने अर्थ लिए,

लेकिन तुम्हें भाती है,

तभी तो रूप बदल बदल आती हो,

अंग प्रत्यंग देख देख,

कैसे कैसे शब्दों में नाइस,गुड लुकिंग,

वेलकम सी टिप्पणियां,

लेकिन हर रूप में

दंत पंक्तियां वही,

सामने के दो दांतों में झिरी,

कहा जाता है,मान्यता है,

अविश्वसनीय होते हैं दंत झिरी वाले।

अब बताओ,

कैसे करूं टिप्पणी?

और क्या करूं टिप्पणी।

लेकिन

तुम चाहने वालों के लिए,

आती रहो,

नहीं तो वे बेचैन होंगे

और उनकी टिप्पणियों के बिना

तुम भी रहोगी बेचैन। 00

******
काव्य दि. 18-10- 2013.
अपडेटेड. दि.14-2-2021.


शुक्रवार, 12 फ़रवरी 2021

सृजन सम्मान ( राष्ट्रीय) वर्ष 2020 घोषित.साहित्यिक क्षेत्र श्रीगंगानगर से बड़ी खबर

 



* करणीदानसिंह राजपूत *


श्रीगंगानगर 12 फरवरी 2021.


सृजन सेवा संस्थान की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर दिए जाने वाले वार्षिक सम्मान घोषित कर दिए गए हैं। सृजन के अध्यक्ष डॉ. अरुण शहैरिया ताइर ने बताया कि वर्ष 2020 के लिए सभी सम्मान व्यंग्य विधा पर आधारित हैं।


* पंडित रामचंद्र शास्त्री स्मृति जनमंगल ट्रस्ट, जयपुर की ओर से देय डॉ. विद्यासागर शर्मा सृजन सम्मान प्रख्यात व्यंग्यकार डॉ. हरीश नवल (नई दिल्ली) को दिया जाएगा। 

गोपीराम गोयल चेरिटेबल ट्रस्ट प्रदत श्री गोपीराम गोयल सृजन कुंज सम्मान  पंकज सुबीर (सिहोर, मध्य प्रदेश) की सृजन कुंज में प्रकाशित व्यंग्य रचना ‘आइए, देश को भाड़ में भेजें’ पर दिया जाएगा। ये दोनों सम्मान 11-11 हजार रुपए के हैं।  

*समाजसेवी प्रहलादराय टाक प्रदत श्री सुरजाराम जालीवाला सृजन सम्मान (हिंदी) वरिष्ठ व्यंग्यकार पूरण सरमा (जयपुर) को तथा श्री सुरजाराम जालीवाला सृजन सम्मान (राजस्थानी) बुलाकी शर्मा (बीकानेर) को, वरिष्ठ रंगकर्मी भूपेंद्रसिंह प्रदत माता जसवंतकौर प्रोत्साहन सृजन सम्मान शशिकांत शशि (बिहार) को, अंशुल आहुजा की ओर से देय माता रामदेवी वागीश्वरी सृजन सम्मान अर्चना चतुर्वेदी (नई दिल्ली) को तथा संदीप-बॉबी अनेजा प्रदत श्री सुभाष अनेजा साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान व्यंग्य पत्रिका अट्टहास के अनूप श्रीवास्तव (लखनऊ) को दिया जाएगा। ये सभी सम्मान 5100-5100 रुपए के हैं।


 डॉ. शहैरिया ने बताया कि जुलाई में होने वाले व्यंग्य के राष्ट्रीय सेमिनार में ये सम्मान प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि निर्णायक मंडल में वरिष्ठ व्यंग्यकार डॉ. प्रेम जनमेजय, सुभाष चंदर एवं डॉ. मंगत बादल शामिल थे।00

****



गुरुवार, 11 फ़रवरी 2021

कैसा मन है प्रधानमंत्री का- काव्य करणीदानसिंह राजपूत.

 


आप भावुक हुए
रोए भी तो किसके लिए।
वह तो सदस्यता अवधि
पूरी करके गये
उनके 6 साल पूरे हुए थे।
लोकतंत्र सेनानी दस बारह
मर रहे रोजाना
दो शब्द कहते कभी।
सेनानियों की तो
उम्र पूरी होती गई।

समय अवधि पूरी होने
और उम्र पूरी होने में
बहुत बड़ा अंतर।
सच्च में आपके
रोने से यह जाना।

वह जो कभी
आपका न था
लेकिन फिर भी आप रोए
आपका बड़प्पन है यह
पराए के लिए रोए।

लोकतंत्र सेनानी तो
अपने ही हैं
उनसे कैसी भावुकता
नहीं निकलती आह
उनके मरते जाने पर।

न संघ और न संगठन
कोई भी नहीं संग।
सभी का मौन
तिरस्कार सा।

सभी मरते हैं
पहले भी मरते रहे
आगे भी मरेंगे।
कोई नयी बात नहीं
यह नियम है सृष्टि का।

सेनानियों के कर्तव्य और
मरने पर आपका मन
नहीं करता मन की बात।

आपका मन है महान
कोई मामूली मन नहीं
प्रधानमंत्री का मन है
संसार के बड़े लोकतांत्रिक
देश के प्रधानमंत्री का मन।

प्रतिमाओं में
प्राण प्रतिष्ठा कर
पूजने वाले भारत में
जीवन में से प्राण
जाते देखते रहना
कैसा मन है आपका।

परमब्रह्म
हमारे सेनानियों को
मोक्ष और आपको
अमरत्त्व प्रदान करे।
आप देखते रहें
सेनानियों का गमन।

आज सभी साधन
सभी अधिकार हैं

स्वतंत्रता की अलख
जगाने वाले
स्वतंत्रता सेनानी।
आपातकाल में
संविधान के रक्षक बने
लोकतंत्र सेनानी
आपकी नजरों से
ओझल हैं।

कृष्ण की गीता अपनाओ
वही संसार में पढी जा रही
काल का चक्र घूम रहा
पल पल हर पल।

देश पर मर मिटने का
मन रखने वालों पर
अपना मन करो
समय बीत रहा।
यह भी इतिहास बनेगा
जो कोई तो लिखेगा।
****
दि. 11 फरवरी 2021. अमावस्या.

*********




करणीदानसिंह राजपूत,
स्वतंत्र पत्रकार (राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)
सूरतगढ़ ( राजस्थान)
94143 81356.
-------
आपातकाल 1975-77 जेलयात्री,

***********


गुरुवार, 4 फ़रवरी 2021

👌 विजय भंडारी जी की आत्मकथ्य पत्रकारिता पुस्तक 'भूलूं कैसे'- करणीदानसिंह राजपूत.

 



* राजस्थान पत्रिका जयपुर से भेजी गई माननीय विजय भंडारी जी की पुस्तक 'भूलूं  कैसे'आज मुझे मेरे कार्यालय में आनंद डागा के माध्यम से प्राप्त हुई।
भंडारी जी राजस्थान पत्रिका में काफी समय तक प्रधान संपादक रहे। विजय भंडारी जी की यह है पुस्तक आत्मकथ्य है।
श्रद्धेय कर्पूर चंद कुलिश जी की जीवनी पढ़ने के बाद समझता हूं कि यह दूसरी महत्वपूर्ण पुस्तक है। अभी मिलने के बाद प्रारंभ के कुछ पृष्ठ पढ़ पाया हूं। कुछ पृष्ठों के पढने से ही लग रहा है कि भंडारी जी ने अपना बचपन छात्र जीवन जब देश आजादी की लड़ाई लड़ रहा था उस समय का भी रोचक वर्णन किया है। पत्रकारों पर भी बहुत कुछ लिखा है। अनेक पत्रकारों का उल्लेख है।
मैंने माननीय विजय भंडारी जी के कार्यकाल में बहुत कुछ सीखा और बहुत छपा भी था।
मेरा यह मानना है कि यह पुस्तक पत्रकारों के लिए भी अति महत्वपूर्ण पुस्तक है जो इसे पढ़ पाएंगे बहुत कुछ सीख देने वाली है।
पूरी पढ़ने के बाद फिर कुछ लिखूंगा।
पत्रिका की यह खूबी रही है कि माननीय गुलाब जी की पुस्तकें भी जब नई आई तब सूरतगढ़ में विशेष रूप से मुझे भिजवाई गई।
आज यह पुस्तक मिलने पर भी बहुत प्रसन्नता हुई।
विजय भंडारी बहुत सख्त संपादक रहे। समाचारों में त्रुटियां सहन नहीं करते थे। उस समय प्रत्येक संस्करण में स्थानीय संपादक ही प्रथम पृष्ठ पर पहली खबर बनाते थे। शाम को 5 से साढे पांच बजे भंडारी जी फोन पर बात करते। उनकी निगाह से समाचारों की त्रुटियां छिपी नहीं रहती। स्थानीय संपादक को जवाब देना होता था।
उनके कार्यकाल में हर पत्रकार को जो पत्रिका में किसी भी पद पर रहा उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला।
इस पुस्तक में बहुत से पत्रकारों का भी वर्णन  है। वर्तमान प्रधान संपादक गुलाब कोठारी और मिलाप कोठारी का भी वर्णन है।
अभी तो यही कह सकता हूं कि इस पुस्तक में राजस्थान पत्रिका का एवं राजस्थान का बहुत बड़ा इतिहास पत्रकारिता के साथ लिखा हुआ है।
पत्रिका के बाद विजय भंडारी जी ने स्वतंत्र पत्रकारिता भी की।
दि.4 फरवरी 2021.
करणी दान सिंह राजपूत,
स्वतंत्र पत्रकार,
सूरतगढ़।
94143 81356.
******

बुधवार, 3 फ़रवरी 2021

जेलों में आपराधिक गतिविधियां रोकने का आॅपरेशन फ्लश आउट




* करणीदानसिंह राजपूत *

जयपुर/श्रीगंगानगर, 3 फरवरी। महानिदेशक जेल राजस्थान राजीव दासोत द्वारा 21 नवम्बर 2020 से राज्य की जेलों में अवांछनीय, निषिद्ध वस्तुओं जैसे मोबाईल, मादक पदार्थ आदि की तस्करी या उपलब्धता तथा जेल से संचालित होने वाली आपराधिक गतिविधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे ‘‘आॅपरेशन फ्लश आउट‘‘ के अंतर्गत की जाने वाली कार्यवाही की अवधि आगामी 28 फरवरी 2021 तक बढ़ाई गई है। 

गत 10 सप्ताहों में अर्जित की गई सफलताओं एवं उपलब्धियों को चिरस्थाई बनाने तथा उनमें और अभिवृद्धि करने के उद्देश्य के इस अभियान की अवधि बढ़ाई गई है। इस संबंध में महानिदेशक जेल दासोत ने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि इस अभियान में वे सभी और अधिक उत्साह, लगन, परिश्रम और दृढ़ता से कार्य करें ताकि जेलों में आपराधिक गतिविधियों के संचालन पर पूर्ण अंकुश लगे तथा जेल विभाग की छवि और अधिक उज्ज्वल हो। 

महानिदेशक जेल दासोत ने बताया कि राज्य की विभिन्न कारागृहों में आॅपरेशन फ्लश आउट के अंतर्गत गत 10 सप्ताह में जेलों में 4992 बार आकस्मिक सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 77 मोबाईल, 44 सिम कार्ड, 23 चार्जर, 19 ईयर फोन, 08 डाटा केबल, अफीम तंबाकू, चरस, बीड़ी, सिगरेट इत्यादि पदार्थ बरामद किये गये है। 

दासोत ने बताया कि आंतक के पर्याय बने 53 हार्डकोर बंदियों को अन्यत्रा दुरस्थ जेलों में स्थानांतरित किया गया है। इस अभियान के कारण अधिकांश जेलों में विभिन्न अवांछनीय, अनावश्यक, अनाधिकृत एवं अवैधानिक सामग्री तथा सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रवृतियों पर रोक लगी है। 

जेल विभाग के समस्त अधिकारीगण एंव कर्मचारीगण आॅपरेशन फ्लश आउट की सफलता के लिये दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे है। इस अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 107 अधिकारियों व कर्मचारियों को पुरूस्कृत भी किया गया है, जबकि भ्रष्टाचारी, आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व मिलीभगत रखने वाले जेल अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की गई। 

----------





यह ब्लॉग खोजें