हर्ष कॉन्वेंट स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान.एडीएम दीनानाथ बब्बल ने सम्मानित किया.
* करणीदानसिंह राजपूत *
सूरतगढ़, 28 मार्च 2026 (शनिवार):
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने एवं प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा के तहत एसएनएलडी हर्ष कॉन्वेंट स्कूल द्वारा सूरतगढ़ ब्लॉक के राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर की कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा ऐसे छात्र जो अपने-अपने विद्यालयों में प्रथम स्थान पर रहे, के सम्मान में एक भव्य एवं प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि श्री दीनानाथ बब्बल ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि “सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र ही उसे पूर्णता प्रदान करते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विशिष्ट अतिथियों में डॉ संजीव मदान (प्राचार्य, राजकीय सेठ रामदयाल राठी उच्च माध्यमिक विद्यालय), रामनिवास मांझू (रेलवे टीआई) एवं प्रख्यात साहित्यकार शिक्षा विद् श्री मांगीलाल शर्मा शामिल रहे।
विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधि डॉ अनिल धानूका ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों की सफलता को राष्ट्र की वास्तविक पूंजी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, अनुशासन को जीवन का आधार बनाने तथा निरंतर परिश्रम के माध्यम से अपने लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया।
डॉ संजीव मदान ने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर सतत प्रयास करने का संदेश दिया।
श्री रामनिवास मांझू ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर प्रयास के महत्व से अवगत कराया। अन्य अतिथियों ने भी अपने प्रेरणादायक विचार साझा कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन पुष्पेंद्र सिंह द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं प्रेरक शैली में किया गया।
कार्यक्रम का संकलन हर्ष कॉन्वेंट स्कूल के व्याख्याता हिमांशु शर्मा एवम सुबोध मिड्डा ने किया
विद्यालय के प्राचार्य डा.ए.पी.सिंह कार्यक्रम में अतिथियों में उपस्थित रहे एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।०0०