बुधवार, 23 जुलाई 2025

संस्थाओं में चुनाव नहीं हो तब ऐसा करें

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सामाजिक संस्थाओं में कार्यकाल समाप्ति से पहले संस्था के संविधान के अनुसार नये अध्यक्ष,संपूर्ण कार्यकारिणी के चुनाव करा लिए जाने चाहिए ताकि उचित समय पर नया अध्यक्ष और नयी कार्यकारिणी कार्य कर सके। 

👌 अनेक संस्थाओं में अध्यक्ष अपनी मनमानी करने लगते हैं और वे नये चुनाव नहीं कराते। अध्यक्ष पद का कार्यकाल समाप्त हो जाने के बावजूद वे पद का दुरुपयोग करते रहते हैं। कुछ धनी प्रभावशाली सदस्यों की जुंडली अध्यक्ष को  पद पर जमे रहने के लिए साथ देती रहती है। जो लोग संस्था को बड़े चंदे दिए हुए होते हैं, वे भी मनमानी कर रहे अध्यक्ष को साथ देते रहते हैं। अनेक संस्थाओं में यह परेशानी रहती है कि मनमानी करने वाला अध्यक्ष आय व्यय का विवरण नहीं देता। अपने मनमाने तरीके से खर्च करता है जिसका वह अकेला निर्णय नहीं कर सकता। अनेक संस्थाओं में अध्यक्ष और उसकी हम प्याला हम निवाला जुंडली बन जाती है जो समय पर नयी कार्यकारिणी के चुनाव नहीं कराती।

👌 नये चुनाव नहीं हो तब क्या किया जाए? क्या तरीका अपनाया जाए? यह हिम्मत एक सदस्य व्यक्ति भी कर सकता है या पांच सात या अधिक सदस्य भी मिलकर कर सकते हैं।

👌 संस्था के अध्यक्ष को रजिस्ट्री से नोटिस दें कि आपका कार्यकाल इतनी तारीख को समाप्त हो गया है। आपका कार्यकाल बढाया नहीं गया है। आप इतनी तारीख से अध्यक्ष नहीं है, इसलिए नये चुनाव के लिए तारीख तय करने के अलावा कोई भी कार्य अध्यक्ष के नाते करने,खर्च करने आदि का अधिकार नहीं रखते। यदि खर्च आदि करते हैं तो वह सभी दुरुपयोग व गबन की श्रेणी में माना जाएगा। यह नोटिस स्वयं दे सकते हैं और वकील के माध्यम से भी दे सकते हैं। इसमें सात दिन,15 दिन की अवधि भी दें। इस अवधि में नये चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाए तो ठीक नहीं तो फिर आगे की कार्यवाही करें। ( नोटिस को मीडिया में न्यूज के रूप में भी दें ताकि सभी को मालुम हो जाए।

👌संस्था जहां से रजिस्टर्ड है वहां के अधिकारी को रजिस्ट्री से शिकायत की जाए।

शिकायत में मांग की जाए कि उक्त कार्यकारिणी पर कार्य करने की रोक लगाई जाए। नये चुनाव का आदेश जारी करने का लिखा जाए। यह लिखा जाए कि वह अधिकारी अपनी देखरेख में चुनाव कराए। 

👌 मनमानी कर रहे अध्यक्ष को चुनाव कराना ही पड़ेगा और वह नहीं कराया है तो फिर अधिकारी उसके कार्य करने पर रोक लगाकर नया चुनाव अपनी उपस्थिति में करवाएगा।

* 23 जुलाई 2025.

करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार ( राजस्थान सरकार से अधि स्वीकृत लाईफटाइम)

सूरतगढ़ ( राजस्थान )

94143 81356.

* प्रकाशन प्रसारण, शेयर कर सकते हैं।

०००००


यह ब्लॉग खोजें