रविवार, 12 फ़रवरी 2023

गुलाबचंद को राज्यपाल बनाने से नया संदेश:70 पार को नहीं मिलेगा टिकट

 




* करणीदानसिंह राजपूत *


गुलाबचंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाने से यह संदेश निकला है कि भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनाव 2023 में 70 और ऊपर के उम्र के लोगों को चुनाव में खड़ा करने की इच्छुक नहीं है। 70 और ऊपर के नेताओं को टिकट ही नहीं दिए जाएंगे,यह चर्चा राजनीति में पिछले करीब 1 साल से जोरों से चल रही है और समय-समय पर इसमें गर्माहट आती रही है। गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाने के समाचार से राजस्थान की राजनीति में अचानक गर्माहट हो गई है।


 भाजपा के संगठन के बड़े नेता वसुंधरा राजे को राजस्थान की राजनीति से अलग करने की इच्छा रखते हैं।राजस्थान की जनता चाहे कितना भी कहे वसुंधरा राजे गुट के लोग कहें कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया जाए लेकिन भाजपा ने बार बार कहा है कि चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे से ही लड़ा जाएगा। वसुंधरा राजे की प्रसन्नता और खिन्नता के समाचार निरंतर आते रहे हैं।वसुंधरा विरोधी गुट भी पूरा सक्रिय है, अगर 70 और उससे ऊपर के लोगों के चुनाव नहीं पर निर्णय होता है तो वसुंधरा राजे को भी राजस्थान की राजनीति से हटाए जाने की संभावना बनती है। 

* राजनीति में किसी भी प्रकार की भविष्यवाणी तो नहीं कही जा सकती लेकिन माना जा रहा है कि गुलाबचंद कटारिया के असम राज्यपाल बनाने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। गुलाबचंद कटारिया भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे हैं लेकिन अब उन्होंने कहा है कि पार्टी ने जो कार्य उन्हें सौंपा उन्होंने पूरी ईमानदारी और लगन से पूरा किया है। राज्यपाल बनाने का पार्टी का निर्णय भी शिरोधार्य करते हुए पूरी ईमानदारी से वहां कार्य किया जाएगा। राजस्थान की राजनीति पर कब क्या कहें? कुछ कहा नहीं जा सकता। उलट-पुलट होती रही है। यदि वसुंधरा राजे को केंद्र में किसी पद पर भेजा जाता है तो राजस्थान में मुख्यमंत्री के लिए नए चेहरों में ओमप्रकाश बिड़ला और गजेंद्र सिंह शेखावत के नाम सर्वाधिक ऊंचे हैं जो सामने आ रहे हैं। लग यही रहा है कि वसुंधरा राजे को चुनाव नहीं लड़ाने के बाद गजेंद्र सिंह शेखावत ही मुख्यमंत्री के लिए प्रथम कड़ी में रहेंगे। भाजपा उनको भैरोंसिंह शेखावत के कदकाठी स्तर पर राजस्थान में सामने लाना चाहती है, ऐसी राजनीतिक चर्चाएं हैं। 

* गजेन्द्र सिंह शेखावत वर्तमान में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री, भारत सरकार हैं। वे जोधपुर लोकसभा से सांसद हैं। गजेंद्र सिंह शेखावत का जन्म 3 अक्टूबर 1967 का है जिसके अनुसार वे  अभी 55 वर्ष के हैं और लम्बी पारी खेल सकते हैं।०0०






यह ब्लॉग खोजें