शुक्रवार, 10 जून 2022

सूरतगढ़ में 4:50 करोड़ रुपए की सड़कों के निर्माण में भेदभाव व पक्षपात का आरोप

 


* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 10 जून 2022.

नगरपालिका पर सूरतगढ़ में 4:50 करोड़ रुपए की सड़कों के निर्माण में भेदभाव व पक्षपात का आरोप लगाया गया है। 

इस सम्बंध मे उपखंड अधिकारी को 9 जून 2022 को एक ज्ञापन दिया गया है।

ज्ञापन देने वालों में माकपा सचिव व पार्षद वार्ड नं 30 कॉ मदन ओझा, क्रियाना विक्रेता संघ के अध्यक्ष किशोर बाबा, सत्यनारायण तावनिया पार्षद प्रतिनिधि वार्ड नंबर 29, आम आदमी पार्टी नेता ओम राजपुरोहित पार्षद प्रतिनिधि वार्ड 29 प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी को बताया कि बाजार की मुख्य सड़क सुभाष चौक से लेकर महाराणा प्रताप चौक तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है बार-बार व्यापारिक संगठनों व राजनीतिक संगठनों द्वारा मांग पत्र देने के बावजूद शहर के व्यापारियों और आम जन की मांग को नजरअंदाज किया जा रहा है इस सड़क को उक्त सड़कों में शामिल ना करके शहर के व्यापारियों को शहर की जनता को आघात पहुंचाया गया जिसका पुरजोर विरोध किया जाता है। 

इस संबंध में हमारी मांग है की आप स्वयं इस सड़क का मौका अवलोकन करे  व सड़क का निर्माण प्रक्रिया पूरी करवाते हुए आमजन व व्यापारियों को राहत प्रदान करें।०0०






बुधवार, 8 जून 2022

सूरतगढ़ की 17 सड़कें 4-50 करोड़ की स्वीकृति कब हुई? अच्छी सूचना का पूरा समाचार हो।

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 7 जून 2022.

नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा ने रात को फेसबुक पर हार्दिक धन्यवाद व आभार संदेश में बताया है कि सूरतगढ़ की 17 मुख्य सड़कों के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 4. 50 करोड़ रूपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। मुख्यमंत्री जी को बधाई दी है। पूर्व विधायक गंगाजल मील और हनुमान मील को भी बधाई दी है कि इनके प्रयास से यह कार्य हुआ।

अध्यक्ष जी को अच्छी सूचना को समाचार रूप में बताना चाहिए कि ये मुख्य 17 सड़कें कौनसी है?   इन सड़कों में सूर्योदय नगरी की सड़कें कितनी है? 

👍 इन सड़कों को नगरपालिका बनाएगी या सार्वजनिक निर्माण विभाग बनवाएगा? यह निर्माण कब शुरू हो जाएगा? 

सूरतगढ़ की टूटी सड़कों से आम जन परेशान है। लोगों को ठोकरें लगती है । धचके भी लगते हैं। 

सीवरेज के कारण टूटी सड़कों को सीवरेज कं के द्वारा बनाने का अनुबंध था या नहीं था?

सभी चाहते हैं कि सड़कें जल्दी से जल्दी बन जाएं और शहर बड़ी परेशानी से मुक्त हो जाए।



* नगरपालिका हर सूचना की विज्ञप्ति जारी करती है। यह समाचार शहर के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आज दो सूचनाएं जारी की गई और बाद में हटा दी गई।०0०


मंगलवार, 7 जून 2022

गंगाजल मील के खास धर्मदास सिंधी को ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 7 जून 2022.

कांंग्रेस के सूरतगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष पद पर धर्मदास सिंधी की ताजपोशी होने की संभावना है। यह आश्चर्यजनक लगेगा लेकिन धर्मदास सिंधी इस समय पूर्व विधायक गंगाजल मील के खासमखास हैं। गंगाजल मील के पहले खास लोगों में संजय धुआ और शिव औझा रहे जो कार्य करवाने की बड़ी क्षमता रखते थे। आज गंगाजल मील के खासमखास व्यक्ति में पालिकाध्यक्ष से भी पहले धर्मदास सिंधी है। राजनैतिक उलटफेर कर पार्षदों को साधने में धर्मदास सिंधी माहिर हैं। 

नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा से भी अधिक धर्मदास सिंधी की चलती है। गंगा जल मील के साथ छाया की तरह हर स्थान और हर कार्यक्रम में सिंधी की उपस्थिति रहती है। गंगाजल मील को हर समय साथ देने वाले भरोसेमंद में धर्मदास है। धर्म दास सिंधी के बिना मील एक कदम भी नहीं चलते। मील से भी हां कहला सकने वाला आज सिंधी है।

 गंगाजल मील के सहयोग से सिंधी ने अपनी पत्नी को जिला आयोजना समिति का सदस्य बनवाया तभी से यह माना जाने लगा था कि मील का खासमखास व्यक्ति कोई है तो वह धर्मदास सिंधी है। 

नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा पर करोडों रूपये कीमत के राष्ट्रीय उच्च मार्ग नं  62 पर स्थित भूखंड पर अतिक्रमण का आरोप लगाकर 3 जून 2022 को धरना शुरू करने वाले पार्षदों में से तीन को तोड़ने का बड़ा कार्य सिंधी ने ही किया था। तीन पार्षदों को गंगाजल मील के पास ले जाकर धरने की हवा निकाल दी। ओमप्रकाश कालवा को इस तरह से बचाने के कारण सिंधी की पावर ओमप्रकाश कालवा से अधिक बन गई। ओमप्रकाश कालवा भी धर्मदास सिंधी के कहे को टाल नहीं सकता। गंगाजल मील के लिए धर्मदास सिंधी काम का आदमी है। मील के गेम का राजदार। अगले विधानसभा चुनाव तक धर्मदास सिंधी की पावर नगरपालिका को भी संचालित करेगी। धर्मदास सिंधी की ' हां ' कहने से नगरपालिका में काम होंगे। 




कांंग्रेस के वर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष परसराम भाटिया नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा के विरोधी होने से पद पर कांटा बने चुभ रहे हैं। ओमप्रकाश कालवा भी चाहते हैं कि यह कांटा निकल जाए तो बाकी का कार्य काल आराम से बीतेगा। यह तभी संभव है जब भाटिया की सीट पर सिंधी बैठ जाएगा। कालवा को अपना पद सुरक्षित चाहिए इसलिए वह सिंधी  का हर सहयोग करेगा। धर्मदास सिंधी इस समय मील का एकदम नजदीकी है। ब्लॉक अध्यक्ष पद पर आ सकने वाला सिंधी है और यह शतरंजी चालें तेजी पर हैं। 

ओमप्रकाश कालवा के विरोध का कांटा काटे से निकल जाएगा। कालवा के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव आने की संभावना नहीं है, लेकिन बहुमत से अध्यक्ष की कई शक्तियों को छीने जाने का या हर काम को अटकाने का खतरा बना रहेगा। ऐसे खेल तो चलते रहते हैं।०0०










सोमवार, 6 जून 2022

आंगनबाड़ी केंद्रों बाबत जिला कलेक्टर श्रीमती रुक्मणि रियार सियाग ने दिए निर्देश

 

* करणीदानसिंह राजपूत *

श्रीगंगानग, 6 जून 2022.

 आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल बनाने के के संबंध में जारी कार्य प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार सुबह जिला कलक्टर श्रीमती रुक्मणि रियार सियाग की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिला कलेक्टर ने बैठक में कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 बैठक में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों को 30 जून तक मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र के संबंध में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि निर्धारित समयावधि में कार्य नहीं करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि वाश बेसिन, फर्नीचर, लाइब्रेरी रैक सहित अन्य व्यवस्थाएं चाइल्ड फ्रेंडली होनी चाहिएं। उन्होंने कहा कि सभी मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र बनने के बाद सबसे ज्यादा फायदा यहां आने वाले बच्चों को मिलेगा। उन्हें पढ़ने के लिए, खेलने के लिए और नई-नई जानकारी प्राप्त करने के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा। इसलिए सभी अधिकारी पूरे मन के साथ इस कार्य को पूर्ण करने के लिए सहयोग करें।

 जिले की सभी पंचायत समिति के विकास अधिकारियों और आईसीडीएस अधिकारियों से अब तक की प्रगति की रिपोर्ट लेते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र बनाने में आईसीडीएस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए दोनों विभाग समन्वय बनाकर काम करें। इसके अलावा उन्होंने सभी विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ ग्राम पंचायतों में स्वीकृत नए आंगनवाड़ी केंद्रों का काम जल्द से जल्द करवाएं। घड़साना में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र का काम पूर्ण होने के पश्चात उन्होंने विकास अधिकारी और सीडीपीओ को निर्देश दिए कि जल्द ही नए भवन में आंगनबाड़ी को स्थानांतरित किया जाए।

 इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ श्री मोहम्मद जुनेद, श्री रमेश मदान, श्री जितेंद्र खुराना, श्री विजय कुमार, श्री शंकर धारीवाल, श्री विनोद रेगर सहित अन्य मौजूद रहे। ०0०

---------





रेलवे टीटीई सरिता मोर ने वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में जीता स्वर्ण पदक: श्रीगंगानगर में नियुक्त हैं।

 





* करणीदानसिंह राजपूत *

श्रीगंगानगर, 6 जून 2006.
महिला कुश्ती पहलवान श्रीमती सरिता मोर ने कजाकिस्तान के अल्माटी में जारी यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग सीरीज की प्रतियोगिता बोलाट तुरलिखानोव कप के 59 किलोग्राम का खिताब अपने नाम किया है। मैच में सिर्फ दो अंक गंवाने वाली सरिता ने 2022 सत्र का पहला स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

 तीन मुकाबलों के लिए मैट पर उतरी सरिता मोर ने तीनों मुकाबले जीते।
* पहला मुकाबला सरिता ने कजाकिस्तान की डायना क्यूमोवा से 11-0  से जीता।
** सेमीफाइनल सरिता ने ऐजान इस्मागुलोवा से 12-2 से जीता।
*** फाइनल में सरिता ने  अजरबेजान की अंडर-23 झाला अलियेवा पर तकनीकी श्रेष्ठता से 10-0 से जीत दर्ज की।
👍 भारतीय पहलवान ने अपने सभी प्रतिभागियों को आसानी से पराजित किया। यह भी उल्लेखनीय है कि सभी पहलवानों को उन्होंने 10-0 के अंतर से चित्त किया।
* इससे पहले सरिता मोर विश्व और एशियाई चौंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीत चुकी है।

💐 वर्तमान में सरिता मोर श्रीगंगानगर में रेलवे की टीटीई के पद पर कार्यरत हैं। ०0०






रविवार, 5 जून 2022

पर्यावरण दिवस पर शर्मनाक दशा: नगरपालिका सूरतगढ़ ने पार्क पर कब्जा कर कबाड़घर बना रखा

 

* करणीदानसिंह राजपूत *


नगरपालिका कार्यालय के सटे हुए जेठमल मूंधड़ा पार्क और पुस्तकालय पर कब्जा कर रखा है। अनेक बार पार्क को खाली करने का लिखा जा चुका है। लेख छप चुके हैं। पार्क पर करीब 20 लाख रूपये नगरपालिका ने लगा कर सुंदर बनाया गया लेकिन नगरपालिका ने पार्क पर कब्जा कर कबाड़घर बना दिया। नगरपालिका आजकल इसमें कचरा वाहन खड़े कर रही है। 

इसी पार्क में पुस्तकालय भी था। 

पर्यावरण दिवस पर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा ने और गंगाजल मील ने पौधरोपण किया। पौधरोपण पर कालवा ने अपील की कि अधिक से अधिक पौधरोपण कर शहर को सुंदर बनाया जाए। 

पार्क पर कब्जा करना शर्मनाक है। शहर के लोगों और पर्यावरण प्रेमियों को यह असलियत भी जान लेनी चाहिए। मान सम्मान किनका किया जाना चाहिए। नागरिक संस्थाएं जागे।

नगरपालिका पार्क पर से अपना अतिक्रमण शीघ्र हटाए और शर्मनाक हालात को सुधारे।०0०

* इस समाचार को अन्य ग्रुपों में डालें ताकि पार्क मुक्त हो सके। 

*****




पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा व पूर्व विधायक गंगाजल मील ने पौधरोपण किया

 



सूरतगढ़  5 जून .2022.

 विश्व पर्यावरण दिवस  पर  पूर्व विधायक  गंगाजल मील के नेतृत्व में पालिका अध्यक्ष  ओमप्रकाश कालवा अध्यक्ष, सलीम कुरैशी उपाध्यक्ष द्वारा उपस्थित पार्षद  भारत भूषण शर्मा, धर्मदास सिंधी व कर्मचारी सोहन कुमार झा सहायक अभियंता, प्रेम प्रकाश अरोड़ा सहायक प्रशासनिक अधिकारी, कालूराम सैन सहायक राजस्व निरीक्षक,संतोष कुमार वरिष्ठ सहायक, ओमप्रकाश सोनगरा सहायक पर्चा वितरक, गोपाल बागवान, फकीर खान, रवि कुमार संदीप सिंह की उपस्थिति में पौधा रोपण कार्यक्रम किया गया।

 पालिका अध्यक्ष मा० ओमप्रकाश कालवा अध्यक्ष द्वारा पर्यावरण दिवस पर आमजन से अपील की गयी कि सूरतगढ़ शहर को हरा भरा रखने हेतु अधिक से अधिक पौधा रोपण कर संरक्षण करे ताकि स्वच्छ वातावरण का निर्माण हो सके। ०0०






अरे,चेत जाओ। हादसे में उजड़ जाऐंगे परिवार

 


* करणीदानसिंह राजपूत *

नगरपालिका बोर्ड की लापरवहियां सूरतगढ़ में कभी बड़ा हादसा करा देंगी और परिवार उजड़ जाऐंगे। 

सूरतगढ़ स्टेशन शहर का प्रवेश द्वार और उसका सुभाष चौक जहां सड़क टूटती हुई ऐसी हालत में हो गई है कि डगमगाते निकलते वाहन कभी भी पलटा मार जाऐंगे। हादसा होता है तो उसमें मौतें होती है या लोग घायल होते हैं। महीनों से अनेक बार सुभाष चौक महाराणा प्रताप चौक की टूटी  सड़कों के समाचार छपते रहे हैं। 

सुभाष चौक की सड़क की यह फोटो 4 जून 2022 की रात्रि की है। यहां से निकलने वाला हर वाहन डगमगाता है। चालक होशियार हो अनुभवी हो वह भी कभी चूक जाता है। 

हम बार बार नगरपालिका बोर्ड को चेता रहे हैं मगर 45 सदस्यों के बोर्ड की लापरवहियां अनदेखियां हद पार कर चुकी है।

ऐसा न हो जाए कि हादसा हो जाए और इन सदस्यों का ही नजदीकी उसका शिकार हो जाए। 

नगरपालिका में कांंग्रेस का बोर्ड है जिसमें अध्यक्ष ओमप्रकाश कालवा हैं। नगरपालिका अध्यक्ष की हर गलती पर पूर्व विधायक गंगाजल मील संरक्षण देकर बचाते रहे हैं। नगरपालिका क्षेत्र की टूटी सड़कों से दुर्घटना और अनहोनी हुई तो जिम्मेदारी की आफत पर जनता मील साहब को आरोपों के  कटघरे में खड़ा करेगी तब मील साहब के पास कोई जवाब नहीं होगा। ०0०

शनिवार, 4 जून 2022

सड़क रोकने वालों से श्रीगंगानगर में जुर्माना वसूला : सूरतगढ़ में कर्तव्य हीनता क्यों?




नगरपालिका बोर्ड पक्के अतिक्रमण क्यों नहीं तुड़वाता। ईओ जिला कलेक्टर और सरकार को रिपोर्ट करे।


* करणीदानसिंह राजपूत *


श्रीगंगानगर में सड़कों पर सामान रख अवरुद्ध करने वाले दुकानदारों से नगर विकास न्यास 

 ने वसूला 30 हजार 500 का जुर्माना वसूला। 

सूरतगढ़ में नगरपालिका बोर्ड की लापरवाही और अधिकारियों की कर्तव्य हीनता के कारण दुकानदार शटर से बाहर रोजाना सामान रख कर अवरोध पैदा करते हैं। यहां तक कि नालों पर पक्का निर्माण करके स्थाई अतिक्रमण कर चुके हैं वहां सामान रखते हैं। इसके समाचार अनेक बार छपने के बावजूद नगरपालिका बोर्ड कार्यवाही नहीं कर रहा। नालों पर पक्का निर्माण होने से सफाई नहीं हो रही। नालों में गंदगी पड़ी है जिससे बीमारियों का संक्रमण का खतरा भी है। 

नगरपालिका कचरा संग्रह वाहन पर लाउडस्पीकर से निवेदन करती है कि शटर से बाहर सामान रख कर अस्थायी अतिक्रमण न करें। यहां तो पक्के स्थाई अतिक्रमण हैं। यह प्रचार एकदम झूठा आखिर क्यों करवाया जा रहा है। 

 नगरपालिका गरीबों के अतिक्रमण तोड़़ने में आगे है और उनकी फोटो सहित विज्ञप्ति भी जारी करती है लेकिन पैसे वालों के आगे नतमस्तक है, उन पर कार्यवाही नहीं करती,उनके अतिक्रमण नहीं तोड़ती। नगरपालिका ने अतिक्रमण रोधी दस्ता बनाया हुआ है। वह केवल गरीबों की रिपोर्ट करता है। नगरपालिका प्रशासन को बाजारों के नालों पर अतिक्रमण तोड़ने के लिए निशान लगाए लेकिन तोडे़ नहीं। शटर से बाहर तीन फुट के बाद नाले बनाए गए। तीन फुट से आगे के अतिक्रमण तोड़ने थे। ईमानदार दुकानदारों की दुकानें पीछे दब गई और अतिक्रमण वाले 6 फुट तक आगे बढ गए। इसके आगे सड़क पर और सामान। सड़कों पर पैदल चलने वालों के लिए जगह नहीं, बीच में चलें तो वाहनों से टकराने का खतरा। आवासन मंडल कालोनी में सड़क हक की जमीन तक पक्के अतिक्रमण। घरों के आगे 15-20 फुट तक अतिक्रमण। ये अतिक्रमण क्यों नहीं तोड़े जाते?


श्रीगंगानगर की यह खबर पढें। 

नगर विकास न्यास द्वारा 3 जून को शिव सर्किल से किसान चौक तक सूरतगढ़ रोड़ पर स्थित दुकानदारों द्वारा सड़क के भाग में रखी गई सामग्री को हटाने के लिये प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक भूमि आवाप्ति अधिकारी एवं अन्य स्टाफ के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।

न्यास सचिव श्री मुकेश बारेठ ने बताया कि इस अभियान के दौरान सड़के के भाग पर लगे अवैध होर्डिंग हटाये गये। 12 दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखी निर्माण सामग्री सड़क सीमा से नहीं हटाने पर 30 हजार 500 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया तथा भविष्य में सड़क पर निर्माण सामग्री नहीं रखने के लिये पाबंद किया गया। यह अभियान आगे भी निरन्तर जारी रहेगा। इस दौरान अधिशाषी अभियंता श्री मंगत सेतिया, कनिष्ट अभियंता बलराम जांगिड़ व एसएचओ श्री कुलदीप चारण उपस्थित रहे।०0०

-------







शुक्रवार, 3 जून 2022

राम कृष्ण के अयोध्या मथुरा में शराबबंदी. राम कृष्ण के सारे भारत में कब होगी?

 

* करणीदानसिंह राजपूत *


अयोध्या और मथुरा में शराब बंदी लागू हो गई है। अयोध्या भगवान राम का औऋ मथुरा भगवान कृष्ण का है, यह बताते हुए शराबबंदी का निर्णय लिया गया जो 1 जून 2022 से लागू हो गया। संपूर्ण भारत देश ही राम और कृष्ण का है तो फिर शराबबंदी सारे देश में लागू होनी चाहिए। संपूर्ण देश में यह कब लागू होगी? राम राज्य का सपना आजादी के समय से लेते रहे हैं तो फिर शराबबंदी संपूर्ण देश में ही लागू हो। शराब सभी प्रकार के अपराधों का जन्मदाता है यह जानते हैं और मानते भी हैं। अखिल भारतीय स्तर पर आपराधिक आंकडे़ यही प्रमाणित करते हैं। लेकिन शराब से होने वाली आय को राज्य सरकारें छोड़ना नहीं चाहती। शराब बेचना और न बेचना राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में है। भारत सरकार यह निर्णय नहीं कर सकती। 

देश को स्वस्थ और निरोग रखना चाहते हैं घोषणाएं भी करते हैं। स्वास्थ्य के लिए रोगमुक्त करने की योजनाएं भी चलाते हैं मगर शराब भी बेचना चाहते हैं। नशा नहीं करने की कार्यशालाओं का आयोजन करते हैं और बताते हैं कि नशे से परिवार तबाह होते हैं। यह किस तरह की सामाजिक जागृति करने में लगे हैं? यह तो शर्मनाक नाटक है जो राज्य सरकारें कर रही है। यह कितना वीभत्स खेल है कि शराब से 1000 कमाओ और शराब से उत्पन्न अपराध और बीमारियों पर 1 लाख लगाओ। शराब के कारण कितने हत्याकांड और कितने बलात्कार होते हैं? जब ये अपराध होते हैं तब मोमबत्तियां जलाकर विरोध करते हैं। नशे के विरुद्ध एक साथ ही काम करने में समाजसेवी और सरकारें पीछे क्यों रहती है? 

भगवान राम और भगवान कृष्ण के अयोध्या और मथुरा में शराबबंदी की गई है लेकिन मेरा तो कहना है कि संपूर्ण भारत राम और कृष्ण का है.०0०

दि. 3 जून 2022.




करणीदानसिंह राजपूत,

पत्रकार,

( राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय से अधिस्वीकृत)

सूरतगढ़ ( राजस्थान )

94143 81356.

*******






यह ब्लॉग खोजें