गुरुवार, 12 फ़रवरी 2026

विधानसभा में सूरतगढ़ के जर्जर न्यायालय भवन व खेजड़ी के मुद्दे डुंगरराम गेदर ने उठाए.


* करणीदानसिंह राजपूत *

सूरतगढ़ 12 फरवरी 2026.

विधायक डुंगरराम गेदर ने सूरतगढ़ के जर्जर न्यायालय भवन  और खेजड़ी के मुद्दे बहुत गंभीरता से रखे। 

राजस्थान विधानसभा में आज सूरतगढ़ से विधायक डूंगर राम गेदर ने प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर जोरदार एवं तथ्यपरक वक्तव्य देते हुए सरकार से सवाल किये।

विधायक डूंगर राम गेदर ने अपने भाषण में कहा, “आंकड़ों में उलझाकर आप कितने दिन तक चलेंगे? कागजों पर खींच दी विकास की रेखाएँ, खाली जेब में छुपे दर्द को कौन देखेगा।” उन्होंने “डबल इंजन” सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब बड़ा इंजन ही फेल हो रहा है तो विकास का दावा खोखला साबित होता है।

आर्थिक असमानता पर बोलते हुए कहा कि देश के शीर्ष 10 प्रतिशत लोगों के पास 65 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि 90 प्रतिशत जनता के हिस्से में मात्र 35 प्रतिशत संपत्ति है। उन्होंने इसे “एक पैर बर्फ पर और दूसरा अंगारों पर रखकर औसत ठीक बताने” जैसा बताया। आर्थिक समीक्षा 2024-25 और 2025-26 के आंकड़ों में विरोधाभास का उल्लेख करते हुए पारदर्शिता पर प्रश्न उठाए।

बीकानेर में बिश्नोई समाज के महापड़ाव और खेजड़ी संरक्षण कानून पर दिए गए आश्वासन को याद दिलाते हुए विधायक ने कहा कि साधु-संतों का अपमान राजस्थान नहीं सहेगा।

सूरतगढ़ न्यायालय परिसर की जर्जर स्थिति पर उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त की। वर्ष 1961 में बने भवन में चार अदालतें संचालित होने, पीडब्ल्यूडी द्वारा भवन को जर्जर घोषित किए जाने तथा उच्च न्यायालय द्वारा बार-बार स्वीकृति मांगने के बावजूद बजट जारी न होने को गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि 30 जनवरी 2026 से वकील और कार्मिक धरने पर हैं, न्यायिक कार्य बाधित है, जिससे पक्षकारों के संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। नए न्यायालय भवन के लिए तत्काल बजट स्वीकृति और दूसरा अपर जिला न्यायालय खोलने की मांग की गई।

विधायक डूंगर राम गेदर ने कृषि विश्वविद्यालयों के बजट में कटौती, लखपति दीदी योजना के आंकड़ों में विसंगति, मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना के क्रियान्वयन में शून्य प्रगति तथा सहकारी समितियों में करोड़ों रुपये के घोटालों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।

विधायक डूंगर राम गेदर ने स्पष्ट कहा कि जनहित के इन सभी मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा और यदि आवश्यक हुआ तो जनता की आवाज सड़क से सदन तक मजबूती से उठाई जाती रहेगी।

विधायक ने सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर परियोजना के अंतर्गत किसानों को पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध नहीं होने की गंभीर स्थिति को लेकर विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत किया।०0०







यह ब्लॉग खोजें